चाड झील
स्रोत: द हिंदू
चाड ने बोको हराम के खिलाफ एक सैन्य अभियान, ऑपरेशन हस्कानाइट, का समापन किया है।
- इस अभियान का लक्ष्य लेक चाड क्षेत्र में बोको हराम के गढ़ों को बनाया गया, जो आतंकवादी गतिविधियों का रणनीतिक केंद्र है।
- बोको हराम: यह नाइजीरिया स्थित एक आतंकवादी समूह है, जिसका लक्ष्य देश में इस्लामी कानून लागू करना है। इसके नाम का अर्थ है "पश्चिमी शिक्षा वर्जित है।"
- लेक चाड: उत्तर-पश्चिम अफ्रीका में स्थित, लेक चाड क्षेत्र नाइजीरिया, कैमरून, नाइजर और चाड तक विस्तृत है। यह एक गतिशील मीठे पानी का निकाय है, जिसमें मानव का निवास पुरापाषाण युग (2.6 मिलियन वर्ष पूर्व से 10,000 वर्ष पूर्व) से है।
- साओ सभ्यता (5वीं शताब्दी) के समृद्ध पुरातात्विक अवशेष कृषि, शिकार और मत्स्य संग्रहण में उनकी दक्षता को प्रदर्शित करते हैं।
- लेक चाड मानवीय संकट का सामना कर रहा है, जहाँ गरीबी, जलवायु परिवर्तन और संघर्ष के कारण 10 मिलियन से अधिक लोग ज़रूरतमंद हैं। बोको हराम अस्थिरता का फायदा उठाता है, जिससे क्षेत्र की चुनौतियाँ और भी बदतर हो जाती हैं।
और पढ़ें: पश्चिमी अफ्रीकी राज्यों का आर्थिक समुदाय
प्लियोसौर स्कल
स्रोत: आईडीआर
इंग्लैंड के डोरसेट में जुरासिक तट की चट्टानों से एक विशाल प्लियोसौर स्कल (145 मिलियन वर्ष पूर्व) प्राप्त हुई।
- यह स्कल (Skull) जुरासिक तट पर, जो कि यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, किमरिज खाड़ी के निकट एक चट्टान से प्राप्त हुई।
- इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर स्थित जुरासिक तट, विश्व के सबसे प्रसिद्ध जीवाश्म स्थलों में से एक है।
- खोपड़ी में एक प्रमुख कपाल शिखा, एक लंबी जबड़ा रेखा, तथा काटने की शक्ति टायरानोसॉरस रेक्स की तुलना में अधिक शक्तिशाली होती है।
- टायरानोसॉरस रेक्स उत्तर क्रेटेशियस काल (68-66 मिलियन वर्ष पूर्व) का एक बड़ा माँसाहारी डायनासोर था।
- प्लियोसौर जुरासिक महासागरों के शीर्ष शिकारी थे जो प्रागैतिहासिक काल के सबसे घातक समुद्री सरीसृपों में से एक थे।
- जुरासिक महासागर, जुरासिक काल (199.6 मिलियन से 145.5 मिलियन वर्ष पूर्व) के दौरान मौजूद विशाल समुद्री वातावरण को संदर्भित करते हैं।
- पार्श्विका नेत्र (parietal eye) और सेंसरी पिट्स, समकालीन मगरमच्छों के समान उन्नत शिकार अनुकूलन की ओर संकेत करते हैं।
साउथ अमेरिकन टैपिर
स्रोत: NYP
साउथ अमेरिकन टैपिर को 100 वर्षों में पहली बार कुन्हाम्बेबे स्टेट पार्क (ब्राज़ील के कोस्टा वर्डे क्षेत्र) में देखा गया है।
- अंतिम बार इसकी पुष्टि वर्ष 1914 में ब्राज़ील के रियो डी जेनेरियो स्थित सेरा डोस ओर्गाओस नेशनल पार्क में हुई थी।
- टैपिर: यह दक्षिण अमेरिका का सबसे बड़ा स्थलीय स्तनपायी है और इसके पैर छोटे एवं शरीर गोल होने के साथ इसकी सूँड लचीली होती है।
- ये शाकाहारी हैं।
- "वन माली" के रूप में जाना जाने वाला टैपिर, बीज प्रसार में सहायक है। इसके द्वारा निर्मित नेचुरल ट्रेल्स से सूर्य का प्रकाश वन की सतह तक पहुँचता है जिससे जैवविविधता को बढ़ावा मिलता है।
- IUCN स्थिति: संकटग्रस्त
- बेयर्ड टैपिर, माउंटेन टैपिर और मलायन टैपिर के साथ साउथ अमेरिकन टैपिर, टैपिर की चार प्रजातियों में से एक है, जो मध्य और दक्षिण अमेरिका के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व एशिया के जंगलों में मिलता है।
अरावली सफारी पार्क परियोजना
स्रोत: TH
हरियाणा में प्रस्तावित अरावली सफारी पार्क, जिसमें होटल, रेस्तरां और वन्यजीव बाड़ा शामिल होंगे, भूजल, पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण पर इसके संभावित प्रभावों के कारण विवादास्पद है।
- अरावली सफारी पार्क परियोजना: यह विश्व का सबसे बड़ा सफारी पार्क (लगभग 10,000 एकड़) है जिसका उद्देश्य पारिस्थितिकी पर्यटन और प्रतिपूरक वनीकरण को बढ़ावा देना है।
- संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह पार्क से प्रेरित होकर, ग्रेट निकोबार द्वीप में 26,000 एकड़ उष्णकटिबंधीय वनों की छति की पूर्ति हेतु प्रतिपूरक वनरोपण की योजना बनाई गई है।
- इसका विकास केवल उन क्षेत्रों में किया जाएगा जहाँ वन घनत्व 40% से कम है।
- वन (संरक्षण) अधिनियम, 1980 को 2023 में संशोधित कर 'वन' गतिविधि के अंतर्गत लाया गया तथा वन क्षेत्रों में चिड़ियाघर बनाने की अनुमति प्रदान की गई।
- अरावली: यह विश्व की सबसे पुरानी वलित पर्वत शृंखला है तथा यह गुजरात, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में लगभग 690 किलोमीटर उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिशा में फैली हुई है।
- यह पूर्व की ओर मरुस्थलीकरण को रोकने और भूजल को पुनः भरने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
- दिल्ली से हरिद्वार तक फैली अरावली की गुप्त शाखा, गंगा और सिंधु नदियों के जल निकासी को अलग करती है।
- इसकी सबसे ऊँची चोटी गुरु शिखर है जो माउंट आबू (राजस्थान) पर 1,722 मीटर ऊँची है।
और पढ़ें: अरावली के समक्ष गंभीर खतरे
मिज़ोरम और अरुणाचल प्रदेश का राज्य दिवस
स्रोत: डी.डी.न्यूज़
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अरुणाचल प्रदेश और मिज़ोरम को राज्य दिवस (20 फरवरी) पर बधाई दी।
- मिज़ोरम: यह मूल रूप से असम के लुशाई हिल्स ज़िले के रूप में जाना जाता था, जिसका वर्ष 1954 में नाम बदलकर मिज़ो हिल्स कर दिया गया। वर्ष 1959 के मौतम अकाल के कारण मिज़ो नेशनल फ्रंट (MNF) का उदय हुआ, जिसने मिज़ो लोगों के लिये एक संप्रभु राष्ट्र की स्थापना की मांग की।
- विशेषकर वर्ष 1963 में नगालैंड के राज्य बनने के बाद, यह आंदोलन वर्ष 1966 में सशस्त्र विद्रोह के रूप में परिणत हुआ।
- मिज़ोरम वर्ष 1972 में MNF के उदारवादियों के साथ समझौते के बाद केंद्रशासित प्रदेश बना तथा केंद्र सरकार के साथ मिज़ोरम शांति समझौते (1986) के बाद 20 फरवरी, 1987 को इसे राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ।
- अरुणाचल प्रदेश: पूर्व में उत्तर-पूर्व सीमांत एजेंसी (NEFA) के नाम से जाना जाने वाला अरुणाचल प्रदेश वर्ष 1972 में केंद्रशासित प्रदेश बना तथा 20 फरवरी, 1987 को अरुणाचल प्रदेश अधिनियम, 1986 के तहत इसे राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ। इसकी राजधानी ईटानगर का नाम 14वीं शताब्दी के ईटा किले के नाम पर रखा गया है।
और पढ़ें: मिज़ोरम और अरुणाचल प्रदेश का राज्य दिवस
शनि ग्रह के वलय
पूर्ववर्ती मतों के अनुसार शनि के वलय 100 मिलियन वर्ष प्राचीन हैं जबकि एक अध्ययन किया गया जिसके अनुसार इनकी कालावधि सौरमंडल जितनी प्राचीन हो सकती है।
- कैसिनी अंतरिक्ष यान के आँकड़ों पर आधारित प्रारंभिक धारणाओं के अनुसार शनि के वलय नवोदित हैं चूँकि ये स्वच्छ हैं, जिससे वैज्ञानिक आश्चर्यचकित हुए थे क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि अंतरिक्ष मलबे से काली धूल निकलेगी।
- लेकिन अध्ययन में पाया गया कि धूल के वाष्पीकरण के कारण इनकी स्वच्छता बनी रहती है, जिससे यह सिद्ध होता है कि वे प्राचीन हो सकते हैं।
- कैसिनी: शनि और उसके चंद्रमाओं का अध्ययन करने के लिये यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के ह्यूजेंस यान के साथ राष्ट्रीय वैमानिकी एवं अंतरिक्ष प्रशासन द्वारा प्रक्षेपित किया गया।
- शनि: यह बृहस्पति के बाद दूसरा सबसे बड़ा ग्रह है, और हाइड्रोजन और हीलियम से बना है। यह सूर्य से 9.5 खगोल इकाई (AU) (AU सूर्य से पृथ्वी की दूरी है) पर स्थित है।
-
शनि के 146 चंद्र हैं और यह हाइड्रोजन और हीलियम से बना एक गैसीय ग्रह है।
- शनि के वलय: इसमें सात मुख्य वलय हैं, जिन्हें उनकी खोज के क्रम में नाम दिया गया है (D, C, B, A, F, G, E), जो बाहर की ओर बढ़ने पर धुँधले होते जाते हैं और मुख्य रूप से बर्फीले हिमकंदुक अथवा स्नोबॉल से बने होते हैं।
- इनमें मुख्य वलय A, B और C हैं, जिनमें A वलय पृथ्वी-आधारित दूरबीनों के माध्यम से सरलता से प्रेक्षणीय है। कैसिनी डिवीज़न B और A वलय को पृथक करता है।
- F वलय, A वलय के बाहर स्थित है तथा G और E वलय की दृश्यता सबसे कम है, जिसमें E वलय विशालतम है।
डीपसीक AI
स्रोत: द हिंदू
चीन के AI स्टार्टअप डीपसीक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के ऐसे मॉडल प्रस्तुत किये हैं जो लागत की तुलना में OpenAI, गूगल एवं मेटा जैसे इस क्षेत्र के वैश्विक AI नेतृत्वकर्त्ताओं के साथ प्रतिस्पर्द्धी हैं।
डीपसीक:
- डीपसीक चैटजीपीटी के समान एक मुफ्त AI-संचालित चैटबॉट है जो वेब, मोबाइल और API के माध्यम से टेक्स्ट-आधारित सहायता प्रदान करता है।
- डीपसीक (AI फर्म) की स्थापना मई 2023 में लियांग वेनफेंग द्वारा की गई थी जिनकी ओपन-सोर्स लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLMs) में विशेषज्ञता है।
- नवीनतम उन्नत मॉडल: कोडिंग, अनुवाद और लेखन में डीपसीक-V3 उत्कृष्ट है जबकि डीपसीक-R1 OpenAI के o1 से रीज़निंग, गणित और लॉजिक में बेहतर प्रदर्शन करता है।
- अन्य AI मॉडल से भिन्नता:
- ओपन-सोर्स एडवांटेज: प्रॉपराइटरी मॉडल (OpenAI, गूगल) के विपरीत, डीपसीक लाइसेंस शुल्क के बिना लागत प्रभावी AI अपनाने की सुविधा देता है।
- उन्नत संरचना: इसमें विशिष्ट कार्यों के लिये मिक्सचर-ऑफ-एक्सपर्ट्स (MoE) का तथा दक्षता के लिये मल्टी-हेड लेटेंट अटेंशन (MLA) का उपयोग किया जाता है जिससे इसको अपनाने की लागत कम हो जाती है।
- रिइनफोर्समेंट लर्निंग: परीक्षण और त्रुटि के माध्यम से यह रीज़निंग क्षमता में वृद्धि पर केंद्रित है।
- रियल टाइम कम्प्यूटेशन: डीपसीक-R से रियल टाइम रीज़निंग मिलती है और यह गणित, कोडिंग और सामान्य ज्ञान में OpenAI के o1 से बेहतर प्रदर्शन करता है।
और पढ़ें: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)