नोएडा शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 16 जनवरी से शुरू :   अभी कॉल करें
ध्यान दें:



डेली अपडेट्स

अंतर्राष्ट्रीय संबंध

भारत-श्रीलंका संबंध

  • 09 Apr 2025
  • 15 min read

प्रिलिम्स के लिये:

दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन, वेसाक दिवस, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, स्लिनेक्स, मित्र शक्ति, बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव

मेन्स के लिये:

भारत-श्रीलंका संबंध और चुनौतियाँ, भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति

स्रोत: द हिंदू

चर्चा में क्यों? 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका यात्रा के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ 7 सहमति ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किये गए। यह यात्रा भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट नीति' के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है और क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'MAHASAGAR' दृष्टिकोण के अनुरूप है।

Sri_Lanka

भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय वार्ता संबंधी मुख्य तथ्य क्या हैं?

  • श्रीलंका मित्र विभूषण: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'श्रीलंका मित्र विभूषण' से सम्मानित किया गया।
    • पुरस्कार में एक प्रशस्ति पत्र और नवरत्न (नौ श्रीलंकाई रत्न) से सुसज्जित एक रजत पदक शामिल है। पदक में एक पुन कलश (समृद्धि का प्रतीक), सूर्य और चंद्रमा (अनंत काल) और एक धर्म चक्र शामिल है, जो साझा बौद्ध विरासत को दर्शाता है।

Sri_Lanka_Mitra_Vibhushana

  • रक्षा सहयोग: भारत और श्रीलंका ने एक ऐतिहासिक 5-वर्षीय रक्षा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये, जो संयुक्त अभ्यास, समुद्री निगरानी और रक्षा उद्योग सहयोग की संरचना के उद्देश्य से एक व्यापक समझौता है।
    • श्रीलंका ने यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि उसके भू-क्षेत्र का उपयोग भारत के हितों के विरुद्ध नहीं किया जाएगा।
  • ऊर्जा एवं अवसंरचना: दोनों पक्षों ने विद्युत व्यापार के लिये भारत-श्रीलंका ग्रिड इंटरकनेक्शन पर सहमति व्यक्त की। 
    • इसके अतिरिक्त, त्रिंकोमाली (श्रीलंका) को ऊर्जा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिये संयुक्त अरब अमीरात के साथ एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गए, जिसमें बहु-उत्पाद ऊर्जा पाइपलाइन का निर्माण भी शामिल है।
  • विकास और वित्त: भारत ने श्रीलंका के ऋण नवीनीकरण में सहायता प्रदान करने हेतु 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक के ऋणों को अनुदान में परिवर्तित कर दिया तथा अन्य ऋणों पर ब्याज़ दरें कम कर दीं।
    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका में प्रमुख परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिनमें पुनर्निर्मित माहो-ओमानथाई रेलवे लाइन (91.27 मिलियन अमेरिकी डॉलर की भारतीय सहायता से समर्थित), सामपुर सौर ऊर्जा परियोजना और श्रीलंका में 5,000 धार्मिक स्थलों के लिये सोलर पैनल पहल (भारत की 17 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता से) शामिल हैं, जिससे 25 मेगावाट हरित ऊर्जा उत्पन्न होगी।
  • सांस्कृतिक और धार्मिक कूटनीति: प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि गुजरात के अरावली में पाए गए भगवान बुद्ध के अवशेषों को मई 2025 में वेसाक दिवस समारोह के दौरान प्रदर्शनी के लिये श्रीलंका भेजा जाएगा।

भारत और श्रीलंका के बीच संबंध किस प्रकार रहे हैं?

  • व्यापार और वाणिज्य: भारत, श्रीलंका के शीर्ष व्यापार साझेदारों में से एक है और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) में भारत भी श्रीलंका के शीर्ष व्यापारिक साझेदारों में से एक है।
    • वर्ष 1998 के मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से वर्ष 2023-24 में द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 5.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया, जिसमें भारत का निर्यात 4.1 बिलियन अमेरिकी डॉलर और श्रीलंका का 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा।
    • भारत श्रीलंका में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में प्रमुख योगदानकर्त्ता है, जिसका वर्ष 2023 तक संचयी निवेश 2.25 बिलियन अमेरिकी डॉलर था।
  • पर्यटन और कनेक्टिविटी: भारत श्रीलंका में पर्यटकों का प्रमुख स्रोत है (वर्ष 2024 में लगभग 4.16 लाख (कुल 2.05 मिलियन का ~ 20%)।
    • श्रीलंका द्वारा भारत की UPI को अपनाने तथा व्यापार निपटान के लिये रूपए के उपयोग से फिनटेक कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
  • विकास सहयोग: भारत ने श्रीलंका को 7 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का ऋण और 780 मिलियन अमेरिकी डॉलर का अनुदान दिया है। 
    • श्रीलंका के वर्ष 2022 के संकट के दौरान, भारत ने लगभग 4 बिलियन अमरीकी डालर की सहायता प्रदान की, और भारत ने कोविड-19 महामारी के दौरान टीकों तथा चिकित्सा आपूर्ति के साथ श्रीलंका की सहायता भी की।
  • रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग: प्रमुख द्विपक्षीय अभ्यासों में स्लिनेक्स (नौसेना) और मित्र शक्ति (थल सेना) शामिल हैं, जो दोनों देशों में क्रमशः आयोजित किये जाते हैं।
    • भारत मानवीय सहायता और आपदा राहत के क्षेत्र में श्रीलंका के लिये 'प्रथम प्रतिक्रियाकर्त्ता' के रूप में कार्य करता है, जैसा कि एमवी एक्सप्रेस पर्ल घटना (2021) से सुस्पष्ट होता है, जिसमें एक कंटेनर जहाज़ में आग लगने की दुर्घटना के कारण पर्यावरण को काफी नुकसान हुआ था।
  • सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध: पवित्र जया श्री महा बोधि वृक्ष सहित बौद्ध और हिंदू धर्म के दृढ़ संबंध, सुदृढ़ सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करते हैं। भारत अपने सांस्कृतिक कूटनीति प्रयासों के तहत मंदिर जीर्णोद्धार और धार्मिक पर्यटन का समर्थन करता है।
  • भारतीय समुदाय:  श्रीलंका में लगभग 10,000 भारतीय मूल के लोग (PIO) और लगभग 1.6 मिलियन भारतीय मूल के तमिल (IOT) रहते हैं।

नोट: माना जाता है कि श्रीलंका में जया श्री महा बोधि वृक्ष बोधि वृक्ष (बिहार) की एक शाखा से विकसित हुआ है जिसके नीचे बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। इसे सम्राट अशोक की बेटी संघमित्रा द्वारा लाया गया था।

भारत और श्रीलंका एक दूसरे के लिये महत्त्वपूर्ण क्यों हैं?

  • श्रीलंका के लिये भारत का महत्त्व: भारत ने श्रीलंका के आर्थिक सुधार के लिये मज़बूत प्रतिबद्धता दिखाई है, उसने अभूतपूर्व 4 बिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता प्रदान की है तथा IMF बेलआउट कार्यक्रम के लिये समर्थन का आश्वासन देने वाला पहला ऋणदाता है।
    • भारत श्रीलंका का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार, प्रमुख FDI स्रोत और शीर्ष पर्यटक योगदानकर्त्ता है।
    • भारत ने प्रमुख बुनियादी ढाँचे और डिजिटल परियोजनाओं (जैसे आवास, कांकेसंथुराई बंदरगाह, डिजिटल आईडी) के लिये अनुदान और रियायती ऋण प्रदान किये।
  • भारत के लिये श्रीलंका का महत्त्व: प्रमुख हिंद महासागर व्यापार मार्ग (पाक जलडमरूमध्य) के निकट स्थित, श्रीलंका भारत की समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा जीवनरेखा के लिये आवश्यक है।

भारत-श्रीलंका संबंधों में चुनौतियाँ क्या हैं?

  • श्रीलंका में चीन की उपस्थिति: चीन की BRI परियोजनाएँ, जैसे हंबनटोटा बंदरगाह (श्रीलंका) का 99 वर्ष की लीज, सामरिक घेराबंदी को लेकर भारतीय चिंताओं को बढ़ाती हैं।
    • भारतीय जल क्षेत्र के निकट चीनी निगरानी जहाज़ों का बार-बार आना भू-राजनीतिक संवेदनशीलता को उजागर करता है।
  • कच्चातिवु द्वीप: श्रीलंकाई नौसेना द्वारा  कच्चातिवु द्वीप के निकट भारतीय मछुआरों की कथित समुद्री सीमा उल्लंघन के आरोप में बार-बार की जाने वाली गिरफ्तारियाँ एक गंभीर मुद्दा बनी हुई हैं।
    • कच्चातिवु द्वीप, वर्ष 1974 के भारत-श्रीलंका समझौते के तहत भारतीय प्रशासन द्वारा श्रीलंका को सौंप दिया गया था, जिसने एक दूसरे के विशेष आर्थिक क्षेत्रों में मत्स्यन पर रोक लगा दी थी, हालाँकि, इस समझौते ने भारतीय मछुआरों के लिये सीमित पहुँच की अनुमति दी थी, इसकी शर्तों की अलग-अलग व्याख्याओं के कारण लगातार विवाद हुए हैं।
  • नृजातीय सुलह: श्रीलंका के संविधान में 13वाँ संशोधन वर्ष 1987 में भारत-श्रीलंका समझौते के बाद लागू किया गया था। 
    • इसका उद्देश्य प्रांतीय परिषदों को, विशेषकर तमिल-बहुल क्षेत्रों में, शक्तियाँ हस्तांतरित करना था। हालाँकि, श्रीलंका द्वारा इस संशोधन को पूरी तरह से लागू करने में विफलता, विशेष रूप से तमिल बहुल उत्तरी और पूर्वी प्रांतों में, तमिल राजनीतिक अधिकारों की अवहेलना के रूप में देखी जाती है। 
    • सिंहली राष्ट्रवादी विघटन का विरोध कर रहे हैं, जबकि तमिल समूह व्यापक स्वायत्तता की मांग कर रहे हैं, जिससे भारत कूटनीतिक बंधन में पड़ गया है।
  • घरेलू राजनीतिक संवेदनशीलताएँ: घरेलू राजनीतिक आख्यान भारत और श्रीलंका दोनों की विदेश नीति को महत्त्वपूर्ण रूप से प्रभावित करते हैं। भारत में, तमिलनाडु श्रीलंका के प्रति नीति को आकार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 
    • इसके विपरीत, श्रीलंका में कुछ राजनीतिक गुटों, विशेषकर वामपंथी दलों ने ऐतिहासिक रूप से भारत विरोधी भावनाओं का शोषण किया है।

भारत-श्रीलंका संबंधों को बेहतर बनाने के लिये क्या किया जा सकता है?

  • आर्थिक विकास के लिये प्रौद्योगिकी: श्रीलंका का बढ़ता IT क्षेत्र भारत को श्रीलंका की डिजिटल अर्थव्यवस्था में निवेश करने और अपनी सेवाओं को उसके साथ एकीकृत करने का अवसर प्रदान करता है।
  • नवीकरणीय ऊर्जा में निवेश: सौर और पवन ऊर्जा में भारत की विशेषज्ञता श्रीलंका को जीवाश्म ईंधन पर अपनी निर्भरता कम करने और सतत् ऊर्जा बुनियादी ढाँचे को विकसित करने में मदद कर सकती है।
  • आर्थिक एवं व्यापार सहयोग समझौता (ETCA) कार्यान्वयन: ETCA के त्वरित कार्यान्वयन से व्यापारिक बाधाएँ कम हो सकती हैं तथा भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है।
  • समुद्री विनियमों को लागू करना: अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) पर गश्त बढ़ाने और एक समर्पित संयुक्त कार्य समूह से अवैध मत्स्यन पर अंकुश लगाने और निरंतर संवाद सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।

दृष्टि मेन्स प्रश्न:

प्रश्न: भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों में क्या चुनौतियाँ हैं? साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिये रोडमैप सुझाइए। 

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. कभी-कभी समाचारों में देखा जाने वाला एलीफेंट पास का उल्लेख निम्नलिखित में से किस मामले के संदर्भ में किया जाता है? (2009)

(a) बांग्लादेश
(b) भारत
(c) नेपाल
(d) श्रीलंका

उत्तर: (d)


मेन्स:

प्रश्न. 'भारत श्रीलंका का बरसों पुराना मित्र है।' पूर्ववर्ती कथन के आलोक में श्रीलंका के वर्तमान संकट में भारत की भूमिका की विवेचना कीजिये। (2022)

प्रश्न. भारत-श्रीलंका के संबंधों के संदर्भ में विवेचना कीजिये कि किस प्रकार आतंरिक (देशीय) कारक विदेश नीति को प्रभावित करते हैं। (2013)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2