प्रिलिम्स फैक्ट्स (29 Mar, 2022)



आर्टिकुलेटेड ऑल-टेरेन वाहन

भारतीय सेना ने लद्दाख और कच्छ में तैनात किये जाने वाले आर्टिकुलेटेड ऑल-टेरेन वाहनों (Articulated All-Terrain Vehicles) की आपूर्ति हेतु RFI (Request For Information) यानी ‘सूचना के लिये अनुरोध’ जारी किया है।

  • RFI किसी वस्तु या सेवा के संभावित आपूर्तिकर्त्ताओं से जानकारी एकत्र करने की एक औपचारिक प्रक्रिया है।

ariculated-all-terrain-vehicles

आर्टिकुलेटेड ऑल-टेरेन वाहन क्या हैं?

  • यह दोहरे केबिन वाला, ट्रैक्ड (पूरी तरह से कैटरपिलर ट्रेड द्वारा समर्थित और संचालित), द्विधा गति वाला (जल तथा स्थल दोनों में चलने वाला) वाहन है। इसका उपयोग ऑफ रोड मोबिलिटी अर्थात् सड़क रहित क्षेत्रों में आवागमन के लिये किया जाता है।
  • इस उपकरण का विशेष डिज़ाइन मिट्टी पर कम दबाव डालता है और दोनों केबिन्स के बीच पुल एंड पुश मोड में बर्फ, रेगिस्तान एवं कीचड़ वाले विभिन्न इलाकों में गतिशीलता की सुविधा प्रदान करता है।
  • केबिन बॉडी में लगा बैलिस्टिक प्रोटेक्शन इसमें बैठे सैनिकों को छोटे हथियारों से की जाने वाली गोलीबारी से सुरक्षा प्रदान करता है।
  • ये वाहन उन स्थानों पर पहुँच सकते हैं जहाँ पहियेदार वाहन अत्यधिक बर्फ, कीचड़ अथवा दलदल के कारण नहीं पहुँच सकते। इस प्रकार ये सामरिक स्थितियों में गश्ती और त्वरित तैनाती के लिये बहुत प्रभावी हो सकते हैं।

उपयोगिता:

  • ये वाहन बर्फीले इलाकों और दलदल युक्त अथवा रेतीले क्षेत्रों में सैनिकों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने या रसद आपूर्ति हेतु बहुत उपयोगी हैं।
  • भारतीय सेना लद्दाख के बर्फीले क्षेत्र और कच्छ के रण के दलदली इलाके में इन वाहनों का इस्तेमाल करना चाहती है।

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस


Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 29 मार्च, 2022

पी.वी. सिंधु 

बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु ने स्विट्ज़रलैंड के बेसल में आयोजित स्विस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में थाईलैंड की खिलाड़ी को हराकर स्विस ओपन 2022 का खिताब जीता है। सिंधु ने इस वर्ष जनवरी माह में लखनऊ में ‘सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर-300’ जीता था। सुपर-300 टूर्नामेंट विश्व बैडमिंटन महासंघ (BWF) टूर इवेंट्स का दूसरा सबसे निचला स्तर है। पी.वी. सिंधु प्रसिद्ध भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिनका जन्म 5 जुलाई, 1995 को हैदराबाद (भारत) में हुआ था। उल्लेखनीय है कि पी.वी. सिंधु ओलंपिक में रजत पदक और BWF विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) में महिला एकल में कांस्य पदक जीता था। विश्व बैडमिंटन महासंघ (Badminton World Federation- BWF) बैडमिंटन खेल का एक अंतर्राष्ट्रीय शासकीय निकाय है, जिसकी स्थापना वर्ष 1934 में हुई थी।

‘प्रस्थान’ एक अपतटीय सुरक्षा अभ्यास 

पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय के तत्त्वावधान में 16 नवंबर, 2021 को मुंबई से दूर अपतटीय विकास क्षेत्र (ODA) में ‘प्रस्थान’ एक अपतटीय सुरक्षा अभ्यास का आयोजन किया गया। हर छह महीने में आयोजित होने वाला यह अभ्यास अपतटीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये  महत्त्वपूर्ण है और इसका उद्देश्य अपतटीय विकास क्षेत्रों (ODA) में विभिन्न प्रकार की आकस्मिक घटनाओं पर एसओपी एवं बेहतर कार्रवाई करने हेतु भारतीय नौसेना, भारतीय वायु सेना, तटरक्षक बल, ओएनजीसी, पोर्ट ट्रस्ट, सीमा शुल्क, राज्य मत्स्यपालन विभाग तथा समुद्री पुलिस सहित सभी समुद्री हितधारकों के प्रयासों को एकीकृत करना है। यह अभ्यास मुंबई के पश्चिम में लगभग 94 एनएम पर स्थित ओएनजीसी के एमएचएन प्लेटफॉर्म पर आयोजित किया गया। इस अभ्यास में सभी हितधारकों को वास्तविक परिदृश्य प्रदान किया गया ताकि पश्चिमी ओडीए में आकस्मिक घटनाओं पर सटीक प्रतिक्रिया और उनका मुकाबला करने में तत्परता तथा एक साथ आपसी तालमेल द्वारा कार्रवाई करने की उनकी क्षमता का आकलन किया जा सके। 

आईएनएस वलसुरा

राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने 25 मार्च, 2022 को आईएनएस वलसुरा को प्रतिष्ठित 'प्रेसिडेंटस कलर' यानी 'राष्ट्रपति निशान' प्रदान किया। ‘राष्ट्रपति निशान’ को शांति और युद्ध, दोनों स्थितियों में किसी सैन्य इकाई द्वारा राष्ट्र के लिये की गई असाधारण सेवा के सम्मान में प्रदान किया जाता है। भारतीय नौसेना पहली भारतीय सशस्त्र सेना है. जिसे 27 मई, 1951 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा राष्ट्रपति निशान से सम्मानित किया गया था। आईएनएस वलसुरा वर्ष 1942 से सेवा में है। यह नौसेना का प्रमुख प्रशिक्षण पोत है जहाँ नौसेना, तटरक्षक एवं अन्य मित्र राष्ट्रों के अधिकारियों व नाविकों को आईएनएस वलसुरा पर ही इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, हथियार प्रणाली एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाता है। यह यूनिट भारतीय नौसेना के अधिकारियों और नाविकों को आवश्यक कौशल से लैस करने में हमेशा आगे रही है ताकि सूचना प्रौद्योगिकी में उन्नति के साथ अपनी गति बनाए रखने के अलावा तेज़ी से जटिल हो रही हथियारों और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों की युद्ध क्षमता को बरकरार रखा जा सके।


‘तेजस’ कौशल प्रशिक्षण परियोजना

हाल ही में दुबई एक्सपो, 2020 में विदेशों में रह रहे भारतीयों को प्रशिक्षित करने के लिये कौशल भारत अंतर्राष्ट्रीय परियोजना ‘तेजस’ (अमीरात में नौकरियों और कौशल के लिये प्रशिक्षण) की शुरुआत की गई।

परियोजना का उद्देश्य:

  • भारतीयों का कौशल, प्रमाणन और विदेशों में रोज़गार।
  • यूएई में बाज़ार की आवश्यकताओं के अनुसार भारतीय कामगारों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना।
  • प्रारंभिक चरण के दौरान संयुक्त अरब अमीरात में 10,000 भारतीयों का मज़बूत कार्यबल तैयार करना।

इस तरह की पहल की आवश्यकता क्यों?

  • युवाओं की क्षमता के दोहन हेतु:
    • राष्ट्र निर्माण और देश की छवि निखारने, दोनों में ही युवा सबसे बड़े हितधारक हैं।
    • भारत का उद्देश्य युवा आबादी को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर दुनिया को एक बड़े कुशल कार्यबल उपलब्ध कराना है।
  • बढ़ती बेरोज़गारी से निपटने के लिये:
  • अर्थव्यवस्था में योगदान के लिये:
    • जनवरी 2021 में विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, अपस्किलिंग (एक कर्मचारी का अतरिक्त कौशल उन्नयन) में निवेश संभावित रूप से वर्ष 2030 तक वैश्विक अर्थव्यवस्था को 6.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर और भारत की अर्थव्यवस्था को 570 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक बढ़ा सकता है।
    • भारत में अपस्किलिंग के माध्यम से दूसरी सबसे बड़ी अतिरिक्त रोज़गार क्षमता विद्यमान है क्योंकि यह वर्ष 2030 तक 2.3 मिलियन नौकरियों को जोड़ सकती है, जो अमेरिका की 2.7 मिलियन नौकरियों के बाद दूसरा स्थान होगा।
  • अकुशल श्रमबल:
    • UNDP की मानव विकास रिपोर्ट-2020 के अनुसार, भारत में वर्ष 2010-2019 की अवधि में केवल 21.1% कुशल श्रमबल था।
    • इस निराशाजनक परिणाम का कारण नीतिगत कार्रवाइयों में सामंजस्य की कमी और एकीकृत दृष्टिकोण की अनुपस्थिति है।

विगत वर्षों के प्रश्न

प्रश्न. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये: (2018)

  1. यह श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय की फ्लैगशिप स्कीम है।
  2. यह अन्य चीज़ों के साथ-साथ, सॉफ्ट स्किल, उद्यमवृत्ति, वित्तीय और डिजिटल साक्षरता में भी प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी।
  3. यह देश के अविनियमित कार्यबल की कार्यकुशलता को राष्ट्रीय योग्यता ढाँचे (नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क) के साथ जोड़ेगी।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 2
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3

उत्तर: (c)

  • व्याख्या: कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE), भारत सरकार ने वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) शुरू की थी।
    • इस कौशल प्रमाणन योजना का उद्देश्य बड़ी संख्या में भारतीय युवाओं को उद्योग से संबंधित कौशल प्रशिक्षण लेने में सक्षम बनाना था, जो उन्हें बेहतर आजीविका हासिल करने में मदद करेगी।

स्रोत: पी.आई.बी.


टिक संक्रमण के लिये हर्बल फॉर्मूलेशन

हाल ही में नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (National Innovation Foundation- NIF) द्वारा एक हर्बल फॉर्मूलेशन विकसित किया गया है जो डेयरी पशुओं (Dairy Animals) अर्थात् दूध देने वाले पशुओं के बीच टिक के संक्रमण का मुकाबला करने में प्रभावी पाया गया है।

  • एनआईएफ ने पॉली हर्बल दवा के क्षेत्रीय परीक्षण हेतु एक शोध कार्यक्रम के रूप में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल, हरियाणा के साथ सहयोग किया है।

प्रमुख बिंदु

टिक संक्रमण:

  • टिक्स हानिकारक होते हैं क्योंकि ये रक्त चूसने वाले परजीवी हैं जो दुधारू या डेयरी पशुओं की उत्पादकता में कमी तथा एक प्रमुख आर्थिक बाधा के रूप में डेयरी फार्मिंग के विकास संबंधी चिंता को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं।
  • टिक-जनित रोगजनक (Tick-Borne Pathogens- TBP) उत्पादकता की हानि का एक प्रमुख कारण है तथा यह वैश्विक स्तर पर पशुधन कल्याण संबंधी चिंता का विषय है।
  • इस संक्रमण के हानिकारक लक्षणों में पशुओं को भूख न लगना तथा दूध उत्पादन में कमी है जिसके चलते किसानों की आय में कमी आती है।
    • ये परजीवी सिस्टेमिक प्रोटोजोआ इन्फेक्शन (Systemic Protozoan Infection) के वाहक हैं जो डेयरी पशु स्वास्थ्य और उत्पादकता हेतु खतरा हैं।
  • वर्तमान में किसान रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भर हैं जो कि महंँगे हैं तथा जन्हें परजीवी की प्रकृति के आधार पर बार-बार उपयोग करना पड़ता है।

नया फॉर्मूलेशन क्या है?

  • NIF ने नीम (Azadirachta indica) और नगोड़ (Vitex negundo) जैसे सामान्य हर्बल अवयवों से युक्त एक फॉर्मूलेशन विकसित एवं मानकीकृत किया है।
    • ये औषधीय पेड़ व्यापक रूप से स्वदेशी समुदायों के बीच प्रसिद्ध हैं और इनका प्रयोग विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिये किया जाता है।
  • NIF की पॉलीहर्बल दवा खेत की प्रभावोत्पादकता बढ़ाने और कृषि क्षेत्रों के पास उपलब्ध संसाधनों पर आधारित प्रौद्योगिकी के विकास में मददगार पाई गई।
  • दवाओं का सफल प्रदर्शन किफायती स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करेगा।

नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन क्या है?

  • यह एक स्वायत्त निकाय है, जिसे वर्ष 2000 में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सहायता से स्थापित किया गया था।
  • यह ज़मीनी स्तर पर तकनीकी नवाचारों और उत्कृष्ट पारंपरिक ज्ञान को मज़बूत करने के लिये भारत की राष्ट्रीय पहल है।
  • यह मिशन ज़मीनी स्तर पर तकनीकी नवोन्मेषकों के लिये नीति एवं संस्थागत क्षेत्र का विस्तार कर भारत को एक रचनात्मक एवं ज्ञान-आधारित समाज बनने में मदद करना है।
  • यह ज़मीनी स्तर पर नवोन्मेषकों और उत्कृष्ट पारंपरिक ज्ञान धारकों को उनके नवाचारों के लिये उचित मान्यता, सम्मान और पुरस्कार प्राप्त करने में मदद करता है।

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा विगत वर्षों के प्रश्न (PYQs):

प्रश्न. राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत (नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन-इंडिया) (NIF) के बारे में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. NIF केंद्रीय सरकार के अधीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की एक स्वायत्त संस्था है।
  2. NIF अत्यन्त उन्नत विदेशी वैज्ञानिक संस्थाओं के सहयोग से भारत की प्रमुख (प्रीमियर) वैज्ञानिक संस्थाओं में अत्यन्त उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान को मज़बूत करने की एक पहल है।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1
(b) केवल 2
(c) 1 और 2 दोनों
(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर: (a)

स्रोत: पी.आई.बी.