प्रिलिम्स फैक्ट्स (27 May, 2023)



पेटाफ्लॉप सुपरकंप्यूटर

भारतीय मौसम की भविष्यवाणी की सटीकता और रेज़ोल्यूशन को बढ़ाने के उद्देश्य से मौसम की भविष्यवाणी हेतु समर्पित 18 नए पेटाफ्लॉप सुपरकंप्यूटर (petaFLOP Supercomputers) तैयार किये गए हैं।

  • ये अत्याधुनिक मशीनें ब्लॉक स्तर पर पूर्वानुमान क्षमताओं में काफी सुधार करेंगी, अधिक सटीकता और लीड टाइम (प्रक्रिया की शुरुआत से उसके समापन तक का समय) के साथ चक्रवातों की भविष्यवाणी करेंगी, साथ ही विस्तृत महासागर स्थिति पूर्वानुमान प्रदान करेंगी।

कंप्यूटिंग में FLOPS: 

  • परिचय: 
    • FLOPS या फ्लोटिंग-पॉइंट ऑपरेशंस पर सेकंड एक मीट्रिक प्रणाली है जिसका उपयोग कंप्यूटेशनल प्रदर्शन और उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग (High-Performance Computing- HPC) एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता में दक्षता को मापने हेतु किया जाता है।
    • फ्लोटिंग-पॉइंट ऑपरेशंस में वास्तविक संख्याओं के साथ गणितीय गणनाएँ शामिल होती हैं जिनमें भिन्नात्मक भाग होते हैं।
    • फ्लोटिंग-पॉइंट एन्कोडिंग का उपयोग करके अत्यधिक लंबी संख्याओं को अपेक्षाकृत आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।
  • महत्त्व: 
    • कंप्यूटर के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिये FLOPS एकमात्र मीट्रिक इकाई नहीं हैं। इसमें मेमोरी बैंडविड्थ, लेटेंसी और आर्किटेक्चरल फीचर्स जैसे कारक भी योगदान करते हैं।
      • हालाँकि FLOPS अभिकलनात्‍मक (कंप्यूटेशनल) क्षमताओं की तुलना करने के लिये आधार रेखा प्रदान करते हैं, विशेष रूप से फ्लोटिंग-पॉइंट गणनाओं के प्रभुत्व वाले कार्यों में।
  • कंप्यूटिंग गति की इकाई: 
    • टेराफ्लॉप्स (Teraflops):  
      • यह एक मिलियन मिलियन (1 ट्रिलियन) (10^12) FLOPS के समान कंप्यूटिंग गति की एक इकाई है।
    • पेटाफ्लॉप्स (Petaflops): 
      • यह 1000 TFLOPS (10^15) के समान कंप्यूटिंग गति की एक इकाई है।
    • एक्साफ्लॉप्स (Exaflops):  
      • यह एक बिलियन बिलियन (10^18) FLOPS के समान कंप्यूटिंग गति की इकाई है।
  • भारत में पेटाफ्लॉप का वर्तमान उपयोग:
    • राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र (National Centre for Medium Range Weather Forecasting- NCMRWF) में 2.8 पेटाफ्लॉप सुपर कंप्यूटर 'मिहिर' सेवारत  है, जबकि भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (Indian Institute of Tropical Meteorology- IITM) में 4.0 पेटाफ्लॉप सुपरकंप्यूटर 'प्रत्यूष' सेवारत है। 
    • वर्ष 2018 में लॉन्च किये गए इन वर्तमान सुपरकंप्यूटरों को नए पेटाफ्लॉप सुपरकंप्यूटरों को पेश किये जाने के बाद सेवामुक्त कर दिया जाएगा। 
    • समझौते के अनुसार, NCMRWF को 8 PFLOPs कंप्यूटिंग क्षमता प्राप्त होगी, जबकि शेष 10 PFLOPs IITM को आवंटित किया जाएगा, जो उसकी विशिष्ट मौसम पूर्वानुमान आवश्यकताओं को पूरा करेगा। 
    • परम 8000 नामक भारत का पहला सुपरकंप्यूटर वर्ष 1991 में लॉन्च किया गया था।

नोट: 

  • PFLOPs के मामले में विश्व का सबसे तेज़ कंप्यूटर हेवलेट पैकयार्ड इंटरप्राइज़ फ्रंटियर (Hewlett Packard Enterprise Frontier) या OLCF-5 है, जिसमें 1,685.65 के चरम प्रदर्शन को छूने की क्षमता है।
  • ऐरावत PSAI 13,170 टेराफ्लॉप की उल्लेखनीय गति के साथ भारत का सबसे बड़ा और सबसे तेज़ AI सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम है।

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस


Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 27 मई, 2023

INS विक्रांत पर रात के समय मिग-29K द्वारा लैंडिंग 

INS विक्रांत, भारत का पहला स्वदेशी विमान वाहक युद्धपोत है इसे मैसर्स कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित किया गया। इस युद्धपोत को वर्ष 2022 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था, जो भारत सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करता है। वर्तमान में यह विमान वाहक युद्धपोत एयर सर्टिफिकेशन और फ्लाइट इंटीग्रेशन परीक्षण से गुज़र रहा है, जिसमें रोटरी विंग और फिक्स्ड विंग दोनों तरह के विमान शामिल हैं, ताकि यह शीघ्र संचालन की स्थिति में आ सके। चल रहे परीक्षणों के दौरान ही मिग-29K और स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) विमान की पहली सफल लैंडिंग हुई है। मिग-29K की रात में पहली लैंडिंग के साथ नौसेना ने एक ऐतिहासिक प्रगति हासिल की है, जो कि एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है।

बुल्गारिया के लेखक ने अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार 2023 जीता 

बुल्गारिया के लेखक जॉर्जी गोस्पोडिनोव और अनुवादक एंजेला रोडेल ने टाइम शेल्टर के लिये अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार 2023 जीता। यह एक डार्क कॉमिक उपन्यास है जिसमें अतीत को एक प्रकार से पुनर्जीवित होते हुए प्रदर्शित किया गया है। 50,000 पाउंड की पुरस्कार राशि को लेखक और अनुवादक के बीच बाँटा गया है। यह पहली बार है जब मूल रूप से बुल्गारिया से प्रकाशित एक उपन्यास ने वार्षिक पुरस्कार जीता है, जो उपन्यास के अंग्रेज़ी में अनुवादित कार्य के लिये दिया गया है और पिछले वर्ष यूनाइटेड किंगडम में प्रकाशित हुआ था। टाइम शेल्टर ने इतालवी अनुवाद में साहित्य के लिये इटली का स्ट्रेगा यूरोपीय पुरस्कार भी जीता है। अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार प्रत्येक वर्ष यूनाइटेड किंगडम या आयरलैंड में प्रकाशित उपन्यास के अनुवादित कार्य के लिये दिया जाता है। यह अंग्रेज़ी भाषा के कथा साहित्य के लिये बुकर पुरस्कार के साथ संचालित किया जाता है, जिसे शरद ऋतु में दिया जाएगा। वर्ष 2022 में भारतीय लेखिका गीतांजलि श्री को "रेत के मकबरे" के लिये तथा अमेरिकी अनुवादक डेज़ी रॉकवेल को उसके अंग्रेज़ी अनुवाद (Tomb of Sand) के लिये अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

PCIM&H 'ई-ऑफिस' और ऑनलाइन पोर्टल 

केंद्रीय आयुष मंत्री ने फार्माकोपिया कमीशन फॉर इंडियन मेडिसिन एंड होम्योपैथी (PCIM&H) का दौरा किया और "PCIM&H के ई-ऑफिस पोर्टल" एवं "ऑनलाइन पोर्टल" का उद्घाटन किया। ऑनलाइन पोर्टल फार्माकोपियल मोनोग्राफ की सॉफ्टकॉपी बेचने हेतु है। आयुष मंत्रालय के तहत भारतीय चिकित्सा तथा होम्योपैथी (Pharmacopoeia Commission for Indian Medicine & Homoeopathy- PCIM&H) हेतु फार्माकोपिया आयोग सक्रिय रूप से आयुर्वेद, सिद्ध, यूनानी और होम्योपैथी (Ayurveda, Siddha, Unani and Homeopathy- ASU&H) दवाओं के मानकीकरण एवं गुणवत्ता नियंत्रण में शामिल है, साथ ही फार्माकोपिया के रूप में मानकों को प्रकाशित कर रहा है। "PCIM&H का ई-ऑफिस पोर्टल" तथा "ऑनलाइन पोर्टल" फार्माकोपिया मोनोग्राफ की सॉफ्टकॉपी बेचने हेतु पोर्टल है। ऑनलाइन पोर्टल विश्व भर के हितधारकों के बीच फार्माकोपिया मोनोग्राफ की परेशानी मुक्त पहुँच को बढ़ावा देगा।

विशेष रूप से हेलीकाप्टर मार्गों के लिये डिज़ाइन किया गया उड़ान (UDAN) 5.1 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देश के दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बढ़ाने और हेलीकाप्टरों के माध्यम से अंतिम मील कनेक्टिविटी प्राप्त करने के लिये उड़ान (UDAN) 5.1 शुरू किया है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना-उड़ान (UDAN) के तहत पहली बार इसे विशेष तौर पर हेलिकॉप्टर मार्ग के लिये डिज़ाइन किया गया है। योजना अब उन मार्गों की अनुमति देगी जहाँ स्रोत या गंतव्य स्थानों में से एक प्राथमिकता क्षेत्र में है। पहले दोनों प्राथमिकता क्षेत्र थे। यात्रियों के लिये हेलीकॉप्टरों में उड़ान को और अधिक किफायती बनाने हेतु विमान किराया सीमा में 25% की कमी की गई है।  मुख्य मार्गों के संचालन के लिये वित्तीय व्यवहार्यता बढ़ाने हेतु सिंगल और ट्विन-इंजन हेलीकॉप्टर दोनों के लिये ऑपरेटरों हेतु वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) सीमा में काफी वृद्धि की गई है। UDAN योजना का हालिया दौर भारतीय नागरिक उड्डयन में दो नए रुझानों का प्रमाण है: पहला अंतिम-मील कनेक्टिविटी पर ज़ोर देने के साथ हवाई यात्रा का व्यापक लोकतंत्रीकरण और दूसरा पर्यटन सहायता के लिये हेलीकाप्टरों की बढ़ती मांग। जबकि योजना के पहले दौर के हिस्से के रूप में 46 हेलीकॉप्टर मार्गों का संचालन पूर्व में ही किया जा चुका है, जिससे कई पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों को लाभ हुआ है। हालाँकि इस दौर का लक्ष्य काफी अधिक संख्या में मार्गों को कवर करना है।