गवर्नमेंट डिजिटेक अवार्ड्स 2025 | राजस्थान | 21 Mar 2025
चर्चा में क्यों?
18 मार्च, 2025 को राजस्थान चिकित्सा सेवा निगम (RMSCL) को ET गवर्नमेंट डिजिटेक अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है।
मुख्य बिंदु
- पुरस्कार के बारे में:
- यह पुरस्कार राजस्थान चिकित्सा सेवा निगम (RMSCL) को डिजिटल तकनीक के माध्यम से ऑक्सीजन संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिये प्रदान किया गया है।
- इसका उद्देश्य चिकित्सा सेवाओं में नवाचार, डिजिटलीकरण और प्रभावी संसाधन प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
- राजस्थान चिकित्सा सेवा निगम (RMSCL)
- यह राज्य सरकार द्वारा संचालित सार्वजनिक उपक्रम है, जिसे राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिये स्थापित किया गया है।
- इसकी स्थापना वर्ष 2011 में राजस्थान सरकार द्वारा की गई थी।
- इसका मुख्य कार्य राज्य में आवश्यक औषधियों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
- गवर्नमेंट डिजिटेक अवार्ड्स
- ET गवर्नमेंट डिजिटेक अवार्ड्स को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का समर्थन प्राप्त है।
- ये पुरस्कार उन अग्रदूतों को प्रदान किये जाते हैं, जिन्होंने सार्वजनिक सेवाओं में डिजिटल परिवर्तन को दिशा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
- इस समारोह में पूरे भारत से 30 विजेताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न श्रेणियों में गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और हरियाणा सहित कई राज्यों को भी पुरस्कार प्रदान किये गये।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गाँव योजना | राजस्थान | 21 Mar 2025
चर्चा में क्यों?
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने “पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गाँव योजना” के तहत प्रदेश के 5000 गाँवों को गरीबी मुक्त बनाने की घोषणा की है।
मुख्य बिंदु
- योजना के बारे में:
- इस योजना के अंतर्गत चिह्नित गाँवों के सभी बीपीएल परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के उद्देश्य से 300 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है।
- इसके तहत अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को पट्टे प्रदान किये जाएंगे।
- योजना के प्रथम चरण में 5,000 गाँवों को शामिल किया जाएगा, जहाँ सरकार द्वारा विकास योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा वित्तीय सहायता की व्यवस्था की जाएगी।
- इसके अतिरिक्त, प्रमुख ज़िला सड़कों (MDR) के माध्यम से गाँवों को बेहतर परिवहन सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी, जिससे संपर्क और आजीविका के अवसरों में वृद्धि होगी।
- उद्देश्य
- यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करेगी और राज्य को गरीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम होगी।
- सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर बनाना तथा गरीबी उन्मूलन करना है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय

- परिचय: इनका जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ और यह भारतीय राजनीतिज्ञ, दार्शनिक और RSS एवं भारतीय जनसंघ (BJS) (भारतीय जनता पार्टी के पूर्ववर्ती) के विचारक अथवा सिद्धांतकार थे।
- योगदान: उन्होंने अंत्योदय अर्थात समाज में सबसे आखिरी व्यक्ति के उत्थान और सर्वाधिक सुविधावंचितों की आवश्यकताओं को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित किया।
- यह "समग्र मानवतावाद" दर्शन के प्रणेता थे जिसमें कल्याण, सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और आत्मनिर्भरता पर ज़ोर दिया गया।
- मान्यता: राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के सम्मान में वर्ष 2014 से 25 सितंबर को उनकी जयंती को अंत्योदय दिवस के रूप में मनाया जाता है।