हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएँ | 26 Sep 2024

चर्चा में क्यों?

हरियाणा में 5 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुड़गाँव में हाल ही में आयोजित एक रैली में केंद्रीय मंत्री ने प्रमुख बुनियादी ढाँचागत परियोजनाओं पर प्रकाश डाला और वर्ष 2024 तक हरियाणा में बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की तुलना अमेरिका से की।

मुख्य बिंदु

  • वर्तमान एवं आगामी परियोजनाएँ :
    • सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने हरियाणा में 2 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएँ पूरी की हैं या शुरू की हैं , जिनमें शामिल हैं:
    • गुड़गाँव और रेवाड़ी के लिये 9 फुट-ओवरब्रिजों के लिये निविदाएँ अक्तूबर में जारी की जाएंगी और 4 नए फ्लाईओवरों पर काम दो महीने के भीतर शुरू हो जाएगा।
  • सोनीपत से जींद 352A राष्ट्रीय राजमार्ग:
    • यह राजमार्ग सोनीपत और जींद के बीच यात्रा को आसान बनाएगा। इसकी कुल लंबाई 80 किलोमीटर है, जिसे दो खंडों में विभाजित किया गया है: सोनीपत-गोहाना और गोहाना-जींद
  • जींद-पानीपत राज्य राजमार्ग:
    • हरियाणा सरकार केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत इस राजमार्ग पर 170 करोड़ रुपए व्यय कर रही है। इससे जींद और पानीपत के बीच यात्रा करने वाले यात्री लाभान्वित होंगे।
  • 152D राष्ट्रीय राजमार्ग:
    • जब राजमार्ग का निर्माण पूरा हो जाएगा तो जींद से अंबाला और चंडीगढ़ तक पहुँचने में तीन या चार घंटे की बजाय दो घंटे लगेंगे तथा इससे दिल्ली एवं राजस्थान से भी संपर्क बेहतर होगा।
  • रोहतक-जींद और नरवाना राष्ट्रीय राजमार्ग 352:
    • यह राजमार्ग, जो अब पूरा हो चुका है, जींद से रोहतक, दिल्ली और पंजाब तक की यात्रा को सरल बनाता है।
  • पानीपत-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग:
    • यह आगामी परियोजना करनाल, जींद, पानीपत, फतेहाबाद और सिरसा को जोड़ेगी, जिससे जींद से सिरसा तक यात्रा सरल हो जाएगी।
  • जम्मू-कटरा और दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग:
    • वर्तमान में NHAI द्वारा निर्माणाधीन यह राजमार्ग जींद के पिलूखरा से होकर गुज़रेगा, जिससे जम्मू, दिल्ली और जींद के बीच संपर्क बढ़ेगा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात कम होगा।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (National Highways Authority of India- NHAI)

  • इसकी स्थापना NHAI अधिनियम, 1988 के तहत की गई थी। यह सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में है।
  • इसे राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना के साथ-साथ विकास, रखरखाव और प्रबंधन के लिये अन्य छोटी परियोजनाओं का कार्य भी सौंपा गया है।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना (National Highways Development Project- NHDP) भारत में प्रमुख राजमार्गों को उच्च स्तर तक उन्नत, पुनर्वासित और चौड़ा करने की एक परियोजना है। यह परियोजना वर्ष 1998 में शुरू की गई थी।
  • NHAI राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को वैश्विक मानकों और लागत प्रभावी तरीके से बनाए रखता है तथा लोगों की आर्थिक भलाई तथा जीवन की गुणवत्ता को बढ़ावा देता है।