छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में माओवादी मारा गया | 06 Feb 2025
चर्चा में क्यों?
हाल ही में छत्तीसगढ़ के कांकेर ज़िले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक माओवादी को मार गिराया। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान वन में गोलीबारी की एक घटना घटित हुई।
मुख्य बिंदु
- नक्सल विरोधी अभियान:
- ज़िला रिज़र्व गार्ड (DRG) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की एक संयुक्त टीम ने क्षेत्र में उत्तर बस्तर और माड़ डिवीज़नों के माओवादी कैडरों की उपस्थिति के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान शुरू किया।
- जनवरी 2025 से अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 50 माओवादी मारे जा चुके हैं।
- बस्तर संभाग में सबसे अधिक 34 माओवादी मारे गये।
- वार्षिक माओवादी हताहत:
- वर्ष 2024 में, सुरक्षा बलों ने राज्य भर में विभिन्न मुठभेड़ों में 219 माओवादियों को ढेर कर दिया था।
- वर्ष 2024 में, सुरक्षा बलों ने राज्य भर में विभिन्न मुठभेड़ों में 219 माओवादियों को ढेर कर दिया था।
ज़िला रिज़र्व गार्ड (DRG)
- ज़िला रिज़र्व गार्ड (DRG) छत्तीसगढ़ में एक विशेष पुलिस इकाई है, जिसे वर्ष 2008 में माओवादी हिंसा से निपटने के लिये स्थापित किया गया था।
- इसमें विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मचारी शामिल होते हैं, जो प्रभावित ज़िलों में माओवाद-विरोधी अभियानों का संचालन करते हैं, तलाशी एवं ज़ब्ती करते हैं और खुफिया जानकारी एकत्रित करते हैं।
- माओवादी विद्रोह का सामना करने के लिये DRG केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) जैसे अन्य सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करता है।
सीमा सुरक्षा बल (BSF)
- BSF की स्थापना वर्ष 1965 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद की गई थी।
- यह गृह मंत्रालय (MHA) के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत भारत संघ के सात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में से एक है।
- अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल हैं: असम राइफल्स (AR), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और सशस्त्र सीमा बल (SSB)।
- 2.65 लाख जवानों वाला यह बल पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमाओं पर तैनात है।
- इसे भारतीय सेना के साथ भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा, भारत-बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) पर और नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात किया गया है।
- BSF अपने अत्याधुनिक जलयान बेड़े के साथ अरब सागर में सरक्रीक और बंगाल की खाड़ी में सुंदरवन डेल्टा की रक्षा कर रहा है।
- यह प्रतिवर्ष अपने प्रशिक्षित जनशक्ति का एक बड़ा दल भेजकर संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में समर्पित सेवाएँ प्रदान करता है।