मध्य प्रदेश ने हीटवेव को आपदा की श्रेणी में रखा | 03 Oct 2024

चर्चा में क्यों?

मध्य प्रदेश सरकार ने हीटवेव को प्राकृतिक आपदाओं के रूप में वर्गीकृत किया है, जिससे पीड़ितों को मुआवज़ा दिया जा सके

प्रमुख बिंदु 

  • वित्तीय सहायता:
    • हीटवेव के कारण मृत्यु का शिकार होने वाले व्यक्तियों को बाढ़ और भूकंप जैसी अन्य प्राकृतिक आपदाओं के लिये दिये जाने वाले मुआवज़े के समान मुआवजा मिलेगा।
  • विधिक ढाँचा:
    • केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद, मध्य प्रदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत हीटवेव को आधिकारिक तौर पर स्थानीय आपदा के रूप में अधिसूचित किया गया है।
    • यह विनियमन वर्ष 2025 की गर्मियों में प्रभावी होगा।
  • प्रभावितों की संख्या और स्वास्थ्य पर प्रभाव:
    • उत्तर भारत में हाल ही में हीटवेव के कारण 114 लोगों की मृत्यु हो गई तथा 1 मार्च से 19 जून, 2024 तक 40,000 से अधिक संदिग्ध हीटस्ट्रोक के मामले सामने आए।
    • हीटस्ट्रोक से सबसे अधिक मौतें उत्तर प्रदेश (37), बिहार (17), राजस्थान (16) और ओडिशा (13) में दर्ज की गईं।
  • हीटवेव की प्रकृति:
    • हीटवेव की विशेषता अत्यधिक उच्च तापमान और उच्च आर्द्रता है, जो आमतौर पर अप्रैल से जून तक होती है।
    • इनसे गंभीर स्वास्थ्य ज़ोखिम उत्पन्न होते हैं, जिनमें हीटस्ट्रोक और निर्जलीकरण शामिल हैं, तथा कृषि, जलापूर्ति और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

हीटवेव

  • परिचय:
  • हीटवेव अत्यधिक गर्म मौसम की दीर्घावधि है जो मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
    • भारत एक उष्णकटिबंधीय देश है, इसलिये यहाँ हीटवेव का विशेष रूप से खतरा रहता है, जो हाल के वर्षों में अधिक तीव्र हो गई हैं।
  • भारत में हीट वेव घोषित करने के मानदंड:
    • मैदानी और पहाड़ी क्षेत्र:
      • यदि किसी स्थान का अधिकतम तापमान मैदानी क्षेत्रों के लिये कम से कम 40°C या उससे अधिक तथा पहाड़ी क्षेत्रों के लिये कम से कम 30°C या उससे अधिक हो जाए तो उसे हीटवेव माना जाता है।
      • सामान्य हीटवेव से विचलन के आधार पर: सामान्य से विचलन 4.50°C से 6.40°C है।
        • गंभीर हीटवेव: सामान्य से विचलन > 6.40°C है।
      • वास्तविक अधिकतम तापमान के आधार पर हीटवेव: जब वास्तविक अधिकतम तापमान ≥45°C हो।
        • गंभीर हीटवेव: जब वास्तविक अधिकतम तापमान ≥47°C हो।
      • यदि किसी मौसम विज्ञान उपविभाग में कम से कम 2 स्टेशनों में उपर्युक्त मानदंड कम से कम दो लगातार दिनों तक पूरे होते हैं, तो दूसरे दिन इसकी घोषणा कर दी जाती है।
  • तटीय क्षेत्र:
    • जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.50°C या अधिक हो, तो उसे हीटवेव कहा जा सकता है, बशर्ते वास्तविक अधिकतम तापमान 37°C या अधिक हो।