महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 के लिये लोगो और शुभंकर | 07 Oct 2024

चर्चा में क्यों? 

हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 के लिये लोगो और शुभंकर (Logo and Mascot) का अनावरण किया, जो 11 नवंबर से 20 नवंबर, 2024 तक बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा।

मुख्य बिंदु

  • शुभंकर अनावरण - 'गुड़िया':
    • महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2024 का शुभंकर “गुड़िया” है, जो बिहार में युवा लड़कियों के लिये एक स्नेहपूर्ण शब्द है।
    • लुप्तप्राय प्रजाति, घरेलू गौरैया से प्रेरित होकर, यह शुभंकर लचीलापन, शक्ति और प्राकृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है
    • गुड़िया का साहसिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास से भरी अभिव्यक्ति खिलाड़ियों की दृढ़ता और खेल कौशल को प्रदर्शित करती है, जो लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण के लिये सशक्तीकरण और जागरूकता का प्रतीक है।
  • लोगो डिज़ाइन:
    • लोगो में बोधि वृक्ष को दर्शाया गया है, जो विकास और लचीलेपन का प्रतीक है तथा बिहार की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा है।
    • एक-दूसरे से संबंधित शाखाएँ एक एथलीट की यात्रा का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो अतीत और भविष्य के बीच का संबंध स्थापित करती हैं और अंतर्राष्ट्रीय खेलों में बिहार की बढ़ती भूमिका को उजागर करती हैं।
  • महिला सशक्तीकरण और खेल अवसंरचना को बढ़ावा देना:
    • यह टूर्नामेंट और इसके प्रतीकात्मक तत्त्व महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और राज्य के खेल बुनियादी ढाँचे को विकसित करने के बिहार के मिशन के अनुरूप हैं।
    • ऐसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों की मेज़बानी से बिहार की ओर वैश्विक ध्यान आकर्षित होता है तथा स्थानीय प्रतिभा और खेल विकास के लिये नए अवसर उत्पन्न होते हैं।

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 

  • महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी एक द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय फील्ड हॉकी प्रतियोगिता है जिसमें एशियाई हॉकी महासंघ के सदस्य संघों की शीर्ष छह महिला राष्ट्रीय टीमें भाग लेती हैं।
  • मुख्य बातें:
    • इस टूर्नामेंट में एशिया की सर्वश्रेष्ठ छह महिला राष्ट्रीय टीमें शामिल हैं।
    • दक्षिण कोरिया ने सबसे अधिक खिताब जीते हैं, उसने तीन बार यह टूर्नामेंट जीता है
    • भारत और जापान ने यह टूर्नामेंट दो-दो बार जीता है।