नवादा में 142 योजनाओं का उद्घाटन | 11 Feb 2025

चर्चा में क्यों?

मुख्यमंत्री ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान नवादा में करोड़ों रुपए की लागत वाली 142 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

मुख्य बिंदु 

  • मुख्यमंत्री ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान नवादा ज़िले  को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 211.96 करोड़ रुपए की 202 योजनाओं में से 138.06 करोड़ रुपए की 142 योजनाओं का उद्घाटन किया और 73,89 करोड़ रुपए की 60 योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही ज़िले  में अन्य विकास योजनाओं का अवलोकन किया।
  • प्रमुख विकास योजनाएँ: कुछ प्रमुख योजनाएँ निम्नलिखित हैं-
    • नवादा में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।
    • रजौली अनुमंडल में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी।
    • नवादा ज़िले  में बहुद्देशीय प्रेक्षागृह का निर्माण किया जाएगा।
    • नवादा नगर परिषद में छूटे 27 वार्ड में गंगाजल आपूर्ति की जाएगी।
    • नवादा के रजौली में औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जायेगा।
  • महत्त्व: इन विकास योजनाओं से नवादा ज़िले  में सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी, जो शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के क्षेत्र में सुधार लाएंगी।

नवादा ज़िला 

  • नवादा ज़िले  का इतिहास मगध साम्राज्य से जुड़ा है और इस क्षेत्र के लोग मगही बोलते हैं। 
  • प्राचीन काल में वनाच्छादित होने के कारण इसका प्रसंग पाडंवों के अज्ञातवास में भी हुआ है
    • आज भी नवादा के कई प्रखंड वन से घिरे हैं, जैसे रजौली, कौआकोल, गोविंदपुर इत्यादि। 
  • नवादा शब्द "नव" और "आबाद" दो शब्द से बना है, अर्थात खुरी नदी के उत्तर में जो मानव बस्तियाँ बसी वह नव आबाद था। 
  • वर्तमान में नवादा ज़िला की सीमा दक्षिण में झारखंड के कोडरमा ज़िले  से लगी हुई है। 
  • 26 जनवरी 1973 को अस्तित्व में आया यह ज़िला पहले गया ज़िले  के अधीन एक अनुमंडल था।
  • नवादा ज़िला  कई प्रमुख पर्यटन स्थल हैं जैसे, ककोलत झरना, प्रजातंत्र द्वार, सीतामढ़ी, नारद संग्रहालय, सेखोदेवरा और गुनियाजी तीर्थ आदि।