नोएडा शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 16 जनवरी से शुरू :   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

प्रिलिम्स फैक्ट्स

  • 15 Sep, 2023
  • 15 min read
प्रारंभिक परीक्षा

तेंदुओं का स्टरलाइज़ेशन

स्रोत : डाउन टू अर्थ 

हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में तेंदुओं की आबादी के स्थायी प्रबंधन के लिये तेंदुओं का स्टरलाइज़ेशन/नसबंदी करने का निर्णय लिया है।

तेंदुओं का स्टरलाइज़ेशन:

  • आवश्यकता:
    • केवल वर्ष 2019-20 में ही महाराष्ट्र में तेंदुओं के हमले के कारण 58 लोगों की मौत हुई, यह वर्ष 2010-18 में 97 मौतों में से आधे से अधिक है।
    • महाराष्ट्र ने बढ़ते तेंदुए-मानव संघर्ष, बढ़ती तेंदुए की आबादी और तेंदुए और मानव समुदायों दोनों की रक्षा करने के लिये तेंदुओं की नसबंदी करने का निर्णय लिया है।
    • प्रस्तावित नसबंदी कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण कानूनों और विनियमों का अनुपालन करते हुए इन चुनौतियों का समाधान करना है।
  • चिंताएँ:
    • तेंदुओं की नसबंदी के बारे में चिंताओं में इसकी प्रभावशीलता के बारे में संदेह, व्यापक वैज्ञानिक अनुसंधान की आवश्यकता, पशु चिकित्सा कौशल विकास, तेंदुओं पर संभावित तनाव, पारंपरिक तरीकों के साथ चुनौतियाँ और वैकल्पिक गर्भनिरोधक विकल्प शामिल हैं।
    • संघर्षों को संबोधित करने और संरक्षण प्रयासों के लिये सामुदायिक समर्थन प्राप्त करने पर भी ज़ोर दिया गया है।

हिम तेंदुए से संबंधित महत्त्वपूर्ण तथ्य:

  • वैज्ञानिक नाम: पैंथेरा अनकिया (Panthera pardus)
  • परिचय:
    • तेंदुआ बड़ी बिल्लियों की प्रजातियों (पैंथेरा वर्ग के बाघशेरजगुआर, तेंदुआ और हिम तेंदुए) में सबसे छोटा है तथा इसे विभिन्न प्रकार के आवासों में अनुकूलन करने की क्षमता के लिये जाना जाता है।
    • तेंदुआ एक रात्रिचर जानवर है, जो रात में शिकार करता है।
    • यह अपने क्षेत्र में पाए जाने वाले शाकाहारी जीवों की छोटी प्रजातियों, जैसे- चीतल, हॉग हिरण और जंगली सुअर का भक्षण करता है।
    • मेलेनिज़्म (Melanism) तेंदुओं में एक सामान्य घटना है, जिसमें जानवर की पूरी त्वचा काले रंग की होती है, जिसमें उसके धब्बे भी शामिल हैं।
      • मेलानिस्टिक तेंदुए को अक्सर ब्लैक पैंथर कहा जाता है और भ्रमवश इसे एक अलग प्रजाति मान लिया जाता है।

  • आवास:
    • यह उप-सहारा अफ्रीका, पश्चिमी और मध्य एशिया के छोटे हिस्सों, भारतीय उपमहाद्वीप से लेकर दक्षिण-पूर्व एवं पूर्वी एशिया तक विस्तृत क्षेत्र में पाया जाता है।
      • भारतीय तेंदुआ (Panthera pardus fusca) भारतीय उपमहाद्वीप में व्यापक रूप से पाया जाने वाला तेंदुआ है।
  • भारत में आबादी:
    • पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (Ministry of Environment, Forest and Climate Change) द्वारा जारी रिपोर्ट ‘भारत में तेंदुओं की स्थिति 2018’ (Status of leopards in India 2018) के अनुसार, भारत में तेंदुओं की आबादी में वर्ष 2014 के आकलन के बाद 60% की वृद्धि हुई है। 
      • वर्ष 2014 में तेंदुओं की अनुमानित आबादी लगभग 8,000 थी जो वर्ष 2018 में बढ़कर 12,852 हो गई थी।
    • तेंदुओं की सर्वाधिक आबादी मध्य प्रदेश (3,421) में है, इसके बाद कर्नाटक (1,783) और महाराष्ट्र (1,9090) इस संदर्भ में क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर हैं।
  • जोखिम:
    • खाल और शरीर के अंगों के व्यापार के लिये अवैध शिकार।
    • पर्यावास क्षति और विखंडन
    • मानव-तेंदुआ संघर्ष
  • संरक्षण स्थिति:

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्षों के प्रश्न  

प्रश्न. निम्नलिखित पर विचार कीजिये: (2012)

  1. ब्लैक नेक क्रेन
  2.  चीता
  3.  उड़न गिलहरी
  4.  हिम तेंदुआ

उपर्युक्त में से कौन-से स्वाभाविक रूप से भारत में पाए जाते हैं?  

(a) केवल 1, 2 और 3
(b) केवल 1, 3 और 4
(c) केवल 2 और 4
(d) 1, 2, 3 और 4

उत्तर: (b) 


प्रारंभिक परीक्षा

इतिहास का सबसे शक्तिशाली भूकंप

स्रोत: द हिंदू

हाल ही में मोरक्को में आए 6.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण 2,900 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।

  • सिग्निफिकेंट अर्थक्वेक इवेंट्स (SEE) डेटाबेस की मानें तो यह मोरक्को में आया अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप है।
  • विशिष्ट मानदंडों को पूरा करने वाले कुछ शुरुआती भूकंप रिकॉर्ड SEE डेटाबेस में रखे गए हैं।

नोट: 

  • सिग्निफिकेंट अर्थक्वेक इवेंट्स (SEE) भूकंप डेटाबेस के रख-रखाव का कार्य राष्ट्रीय पर्यावरण सूचना केंद्र (National Centers for Environmental Information- NCEI) नामक अमेरिकी सरकारी एजेंसी द्वारा किया जाता है।
  • इसमें निम्नलिखित मानदंडों में से कम-से-कम एक को पूरा करने वाले 2150 ईसा पूर्व से लेकर वर्तमान तक के भूकंपों की जानकारी शामिल है जो हैं:
    • मध्यम क्षति (लगभग 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर या इससे अधिक)
    • 10 या इससे अधिक मौतें
    • 7.5 या इससे अधिक तीव्रता
    • सुनामी को जन्म देने वाला भूकंप

भूकंप पर NCEI का आँकड़ा:

  • वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक भूकंप: NCEI के अनुसार, पिछले 200 वर्षों में चीन में भूकंप की सबसे अधिक (428) घटनाएँ हुई हैं।
    • इसके बाद इंडोनेशिया (366 भूकंप), ईरान (272), जापान (256), और तुर्किये (209) का स्थान है।
  • सर्वाधिक भीषण भूकंप: पिछले 200 वर्षों में 9+ तीव्रता वाले चार भूकंप आए हैं।
    • वर्ष 1960 में चिली के प्यूर्टो मॉन्ट शहर में 9.5 तीव्रता का सबसे भीषण भूकंप आया था।
      • इसके बाद वर्ष 1964 में अलास्का में 9.2, वर्ष 2011 में जापान के होंशू शहर में 9.1, और वर्ष 2004 में इंडोनेशिया के सुमात्रा में 9.1 तीव्रता का भूकंप आया।
    • 2150 ईसा पूर्व के बाद से आए 10 सबसे भीषण भूकंपों में से सात भूकंप पिछले 200 वर्षों में आए हैं।
  • मोरक्को: हाल ही में मोरक्को में आया भूकंप सबसे सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है। इससे पूर्व यहाँ अब तक का सबसे विनाशकारी भूकंप (तीव्रता-5.9) वर्ष 1960 में आया था जिसमें लगभग 13,100 लोग मारे गए थे ।
  • भारत: NCEI के अनुसार, पिछले 200 वर्षों की अवधि में भारत में भूकंप की 85 घटनाएँ हुईं और सबसे अधिक भूकंप वाले देशों की सूची में भारत 16वें स्थान पर है।
    • भारत में सबसे विनाशकारी भूकंप (पिछले 200 वर्षों में अथवा 2150 ईसा पूर्व के बाद से) वर्ष 2001 में गुजरात में आया था।
      • भुज में आए भूकंप (तीव्रता- 7.6) में 20,000 से अधिक लोग मारे गए थे।
    • हालाँकि भुज में आया भूकंप सबसे शक्तिशाली नहीं था; अंडमान में वर्ष 1941 में आया भूकंप (द्वितीय विश्व युद्ध के कारण इसकी ठीक-ठीक जानकारी नहीं है) और असम में वर्ष 1897 का भूकंप, इन दोनों की तीव्रता 8 के करीब थी तथा उन्हें सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जाता था।

  UPSC सिसिल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स: 

प्रश्न. निम्न पर विचार कीजिये: (2013)

  1. विद्युत चुंबकीय विकिरण
  2. भू-तापीय ऊर्जा
  3. गुरुत्वाकर्षण बल
  4. प्लेट संचालन
  5. पृथ्वी का घूर्णन
  6. पृथ्वी का परिक्रमण

उपर्युक्त में से कौन-से पृथ्वी के पृष्ठ पर गतिक परिवर्तन लाने के लिये उत्तरदायी हैं?

(a) केवल 1, 2, 3 और 4 
(b) केवल 1, 3, 5 और 6 
(c) केवल 2, 4, 5 और 6 
(d) 1, 2, 3, 4, 5 और 6

उत्तर: (d)


विविध

Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 15 सितंबर, 2023

भोज वेटलैंड

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने हाल ही में मध्य प्रदेश राज्य सरकार को जल निकायों को होने वाले भारी नुकसान के कारण भोज वेटलैंड में क्रूज़ जहाज़ों के साथ-साथ अन्य मोटर-चालित नौकाओं के संचालन को रोकने का आदेश दिया था।

  • भोज वेटलैंड, जिसे भोपाल झील के नाम से भी जाना जाता है, एक निर्दिष्ट रामसर साइट है और इसलिये अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व (रामसर कन्वेंशन 1971) की वेटलैंड है।
  • इसमें दो सन्निहित मानव निर्मित जलाशय शामिल हैं-
    • "अपर लेक"- 11वीं शताब्दी में कोलांस नदी पर मिट्टी के बाँध के निर्माण से बनाई गई थी।
    • "लोवर लेक"- इसका निर्माण लगभग 200 साल पहले हुआ था, जिसका मुख्य कारण ऊपरी झील से रिसाव था। यह भोपाल शहर से घिरी हुई है।

और पढ़ें… राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT)

विदेशी अधिकरण

हाल ही में असम राज्य सरकार ने खुलासा किया कि वर्ष 2001 के बाद से असम में अधिकरणों द्वारा कुल 3,100 व्यक्तियों को विदेशी घोषित और दोषी ठहराया गया है तथा निर्वासित किया गया है। इन व्यक्तियों को विदेशी अधिकरण (FT) द्वारा गैर-नागरिक घोषित किया गया था।

  • संदिग्ध नागरिकता वाले व्यक्तियों के खिलाफ विदेशी अधिनियम 1946, विदेशी (Tribunal) आदेश 1964 और केंद्र द्वारा समय-समय पर जारी अधिसूचनाओं के अनुसार कदम उठाए जाते हैं।
  • FT अर्द्ध-न्यायिक निकाय हैं जिनके समक्ष कोई व्यक्ति जिसका नाम अंतिम राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) में नहीं है, अपना मामला प्रस्तुत कर सकता है। केवल FT को ही किसी व्यक्ति को विदेशी घोषित करने का अधिकार है।
    •  FT उनकी नागरिकता का आकलन उपलब्ध कराए गए दस्तावेज़ों या उनकी कमी के आधार पर करती है।

और पढ़ें… विदेशी अधिकरण, भारत की नागरिकता

दक्षिण कोरिया और क्वाड 

दक्षिण कोरिया ने क्वाड समूह में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है और अब विस्तार का निर्णय उसी पर निर्भर है।

  • वर्तमान में क्वाड भारत, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और जापान का एक समूह है जो देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों की समान अवधारणा पर आधारित है। इसका उद्देश्य "स्वतंत्र, खुला और समृद्ध" इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सुनिश्चित करना तथा इसका समर्थन करना है।
  • द्विपक्षीय मोर्चे पर भारत और दक्षिण कोरिया व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) (वर्ष 2010 से लागू) के विस्तार पर वार्ता कर रहे हैं। 

और पढ़ें… क्वाड , भारत-दक्षिण कोरिया मैत्री 

PM उज्ज्वला योजना का विस्तार

हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 23-24 से वित्त वर्ष 25-26 तक 3 वर्षों में 75 लाख LPG  कनेक्शन जारी करने के लिये प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना (PMUY) के विस्तार को स्वीकृति दी है, जिससे लाभार्थियों की कुल संख्या 10.35 करोड़ हो गई है।

LPG कवरेज़ के विस्तार की पहल:

  • PAHAL (प्रत्यक्ष हस्तांतरित लाभ): वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिये घरेलू सिलेंडरों के "घोस्ट" खातों और अवैध उपयोग को कम करने के लिये LPG सिलेंडरों को सब्सिडी वाली कीमत पर नहीं बल्कि बाज़ार मूल्य पर बेचा गया था।
    • लागू सब्सिडी सीधे व्यक्ति के बैंक खाते में इलेक्ट्रॉनिक रूप से स्थानांतरित की गई थी।
  • गिव इट अप : ज़बरदस्ती सब्सिडी हटाने के बजाय व्यक्तियों को स्वेच्छा से अपनी सब्सिडी छोड़ने के लिये प्रोत्साहित किया गया, जिससे उन व्यक्तियों को धन पुनर्निर्देशित करने में सहायता मिली, जिन्हें वास्तव में LPG सिलेंडर प्राप्त करने में सहायता की आवश्यकता थी।

और पढ़ें… प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
PrevNext
April 2025
SuMoTuWeThFrSa
  12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930