नोएडा शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 16 जनवरी से शुरू :   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

बिहार स्टेट पी.सी.एस.

  • 25 Mar 2025
  • 0 min read
  • Switch Date:  
बिहार Switch to English

बिहार दिवस

चर्चा में क्यों?

प्रत्येक वर्ष 22 मार्च को मनाये जाने वाले बिहार दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में 22 से 24 मार्च, 2025 तक तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया।

मुख्य बिंदु

  • समारोह के बारे में:
    • इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और विकास को सम्मान देना है।
    • इस वर्ष 113वें स्थापना दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी थीम 'उन्नत बिहार, विकसित बिहार' रखी गई।
    • समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, आपदा प्रबंधन आदि शामिल थे।
    • मुख्यमंत्री ने 'डिजास्टर रिस्क रिडक्शन रोडमैप ऑफ बिहार' और 'मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम' पुस्तिकाओं का विमोचन किया।
  • बिहार दिवस का इतिहास:
    • 22 मार्च, 1912 को अंग्रेज़ों ने बंगाल से पृथक् एक नए प्रांत ‘बिहार’का गठन किया था।
      • वर्ष 1905 में लागू किये गए बंगाल विभाजन के विरुद्ध चलाए गए स्वदेशी आंदोलन के परिणामस्वरूप बंगाल विभाजन को रद्द करने के साथ ही बिहार एवं असम का गठन किया गया।
    • वर्ष 2000 में बिहार से पृथक् एक नए राज्य ‘झारखंड’की स्थापना की गई। 
    • वर्ष 2011 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे एक व्यापक उत्सव के रूप में स्थापित किया, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों को शामिल किया गया। इस दिन बिहार में सार्वजनिक अवकाश होता है। 
    • भारत के अलावा, यह दिवस संयुक्त राज्य अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन (स्कॉटलैंड), ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, बहरीन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, त्रिनिदाद और टोबैगो तथा मॉरीशस जैसे देशों में भी मनाया जाता है।

बिहार राज्य के बारे में:

  • परिचय: 
    • बिहार नाम की उत्पत्ति बौद्ध मठों (विहारों) की अधिकता के कारण हुई मानी जाती है, क्योंकि यह क्षेत्र प्राचीन समय में बौद्ध धर्म का प्रमुख केंद्र रहा है। 
    • राज्य की राजधानी पटना है, जिसे प्राचीन समय में पाटलिपुत्र, पुष्पपुर और कुसुमपुर के नाम से भी जाना जाता था।
  • भौगोलिक स्थिति
    • बिहार 24°20'10" से 27°31'15" उत्तरी अक्षांश तथा 83°19'50" से 88°17'40" पूर्वी देशांतर के मध्य स्थित है। 
    • राज्य का कुल क्षेत्रफल 94,163 वर्ग किमी. है, जो इसे देश के 13वें सबसे बड़े राज्य के रूप में स्थापित करता है।
    • राज्य का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल भारत के 2.86% हिस्से को कवर करता है
    • राज्य की उत्तर से दक्षिण लंबाई 345 किमी. तथा पूर्व से पश्चिम लंबाई 483 किमी. है।
    • क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा ज़िला पश्चिमी चंपारण और सबसे छोटा ज़िला शिवहर है। 
  • सीमाएँ
    • बिहार की सीमा 3 राज्यों (पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड) तथा नेपाल से लगी हुई है।
    • बिहार के नेपाल से 7 ज़िले (पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज) लगते हैं। 
    • उत्तर प्रदेश से लगे 8 ज़िले (रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण) लगते हैं। 
    • पश्चिम बंगाल से 3 ज़िले (किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार), जबकि झारखंड से 8 ज़िले (भागलपुर, बाँका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास और कटिहार) जुड़े हुए हैं।
    • सबसे उत्तरी ज़िला पश्चिमी चंपारण, सबसे दक्षिणी ज़िला गया, सबसे पश्चिमी ज़िला कैमूर और सबसे पूर्वी ज़िला किशनगंज है।


close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2