प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 25 Feb 2022
  • 1 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

लखनऊ में देश का पहला ग्रीन बूथ

चर्चा में क्यों?

23 फरवरी, 2022 को संपन्न हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा के चौथे चरण के मतदान में लखनऊ के एपी सेन पीजी कॉलेज में ग्रीन बूथ बनाया गया।

प्रमुख बिंदु 

  • लोगों को पर्यावरण के प्रति बेहतर संदेश देने के लिये इस ग्रीन बूथ को बनाया गया है।
  • इस बूथ की विशेषता शून्य कार्बन उत्सर्जन है। यहाँ पूरी व्यवस्था का संचालन वैकल्पिक ऊर्जा (सौर ऊर्जा) से किया गया। 
  • इस बूथ में मतदाताओं को लोकतंत्र के उत्सव की बेहतर अनुभूति के लिये सुंदर, हैंडमेड सजावट, जैसे- रंगोली तथा पानी के लिये मटकों की व्यवस्था की गई है।
  • गौरतलब है कि मतदान के प्रति जागरूकता के लिये पिंक बूथ तथा आदर्श बूथ का भी निर्माण किया जाता है।

बिहार Switch to English

बिहार डिजिपेक्स, 2022

चर्चा में क्यों?

24 फरवरी, 2022 को बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने पहली राज्यस्तरीय वर्चुअल डाक टिकट प्रदर्शनी ‘बिहार डिजिपेक्स’का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस प्रदर्शनी का आयोजन 24 से 27 फरवरी तक बिहार डाक परिमंडल द्वारा किया जा रहा है जिसका विषय ‘भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत’है।
  • इस डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्देश्य डाक टिकट संग्रहण के शौक को बढ़ावा देने के साथ-साथ डाक टिकट संग्रहकर्ताओं, विशेषकर नवोदित और युवा डाक टिकट संग्रहकर्ताओं और छात्रों को अपने संग्रह के प्रदर्शन का अवसर प्रदान करना है।
  • उल्लेखनीय है कि डाक टिकट संग्रह (philately) को प्रोत्साहन देने के लिये केंद्र सरकार के संचार मंत्रालय के अधीन डाक विभाग ने ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’की शुरुआत की थी।
  • यह पूरे भारत के स्कूली बच्चों के लिये छात्रवृत्ति योजना है। इस योजना के तहत कक्षा VI से IX तक उन बच्चों को वार्षिक तौर पर छात्रवृत्ति दी जाती है, जिनका शैक्षणिक परिणाम अच्छा है और जिन्होंने डाक टिकट संग्रह को एक रुचि के रूप में चुना है।

राजस्थान Switch to English

राज्य बजट 2022-23 में पर्यटन को मिला उद्योग का दर्जा

चर्चा में क्यों?

23 फरवरी, 2022 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पेश किये गए राज्य बजट 2022-23 में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा और संबल प्रदान करने के लिये पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने की घोषणा की गई है।

प्रमुख बिंदु 

  • राज्य बजट 2022-23 में प्रदेश वासियों की जरूरतों को पूरा करने और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिये कई घोषणाएँ की गई हैं। सभी घोषणाओं को क्रियान्वित करने के लिये आवश्यक प्रावधान भी किये गए हैं। 
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा देश और प्रदेश के इतिहास में पहली बार कृषि बजट पेश किया गया है। 
  • राज्य के पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला करते हुए 1 जनवरी, 2004 एवं इसके पश्चात् नियुक्त कार्मिकों के लिये पहले की तरह पुरानी पेंशन की घोषणा की गई है।
  • पर्यटन संबधी कार्यों को गति देने के लिये पर्यटन विकास कोष की राशि को 500 करोड़ रुपए से 1000 करोड़ रुपए किया गया है। इससे पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। 
  • बजट में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये ‘साहसिक पर्यटन प्रोत्साहन योजना’, पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिये 10 करोड़ रुपए की लागत से एकीकृत आनलाइन बुकिंग पोर्टल और मोबाइल एप सहित पर्यटकों की सहायता व सुरक्षा के लिये 500 पर्यटक मित्रों की भर्ती करने का प्रावधान किया गया है।
  • पर्यटन मंत्री ने कहा कि डूँगरपुर व बाँसवाड़ा क्षेत्र और वहाँ के आस-पास के धार्मिक स्थलों में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘वागड़ टूरिस्ट सर्किट’को विकसित किया जाएगा, साथ ही गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बाँसवाड़ा में 10 करोड़ रुपए की लागत से वैदिक गुरुकुल बनाया जाएगा। 
  • उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों को दिये जाने वाले मानदेय व अन्य भत्तों में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी। इससे कलाकारों की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ ही उन्हें आर्थिक संबल भी मिलेगा।

मध्य प्रदेश Switch to English

शिवपुरी में खुलेगी देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी

चर्चा में क्यों?

24 फरवरी, 2022 को मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि प्रदेश की युवा क्रिकेट प्रेमी बेटियों के लिये देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में खोली जाएगी।

प्रमुख बिंदु 

  • यह प्रदेश की 11वीं अकादमी होगी। अब तक मध्य प्रदेश में एथलेटिक्स, शूटिंग, घुडसवारी, वाटर स्पोर्ट्स, मार्शल आर्ट, पुरुष हॉकी, महिला हॉकी, बैडमिंटन, तीरंदाज़ी और पुरुष क्रिकेट अकादमी संचालित हैं।
  • मध्य प्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी के लिये 28 फरवरी से टैलेंट सर्च प्रारंभ होगा। इसमें 14 से 21 साल की खिलाड़ी शामिल हो सकती हैं। अकादमी के लिये पहला टैलेंट सर्च 28 फरवरी और 1 मार्च को इंदौर में होगा। इसमें इंदौर और उज्जैन संभाग के सभी ज़िलों के खिलाड़ी शामिल होंगे।
  • भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग के ज़िलों के लिये भोपाल में 2 एवं 3 मार्च को टैलेंट सर्च होगा, जबलपुर संभाग के ज़िलों के लिये जबलपुर में 4 एवं 5 मार्च को तथा ग्वालियर एवं चंबल संभाग के ज़िलों के लिये घ्शिवपुरी में 7 एवं 8 मार्च को टैलेंट सर्च होगा।
  • खेल विभाग द्वारा सभी अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को शिक्षा, आवास, भोजन, प्रशिक्षण किट की सुविधाएँ नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

हिन्दी में एमबीबीएस पाठ्यक्रम का पायलेट प्रोजेक्ट जीएमसी से होगा शुरू

चर्चा में क्यों?

24 फरवरी, 2022 को मध्य प्रदेश में हिन्दी में पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के संबंध में गठित हिन्दी पाठ्यक्रम उच्च समिति की बैठक में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि हिन्दी में एमबीबीएस की पढ़ाई की पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरुआत गांधी मेडिकल कॉलेज से होगी।

प्रमुख बिंदु 

  • मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि हिन्दी प्रकोष्ठ का विधिवत् गठन कर सुव्यवस्थित पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हैं।
  • समानांतर रूप से हिन्दी माध्यम से पढ़े छात्रों को सहायता के तौर पर यह व्यवस्था की जा रही है। अंग्रेज़ी के साथ हिन्दी की पुस्तकें भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।
  • नवाचार के रूप में प्रथम वर्ष के 3 विषयों की पुस्तकों का रूपांतरण व्यावहारिक पक्ष को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। देवनागरी का उपयोग कर विद्यार्थियों को टूल और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा है।
  • मंत्री सारंग ने कहा कि पुस्तकों का वॉल्यूम क्रमबद्ध होगा। सब वॉल्यूम बनाकर अप्रैल-मई में पाठ्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। कॉपीराइट का भी पालन सुनिश्चित किया जाएगा। 
  • मेडिकल कॉलेज की फैकल्टी को भी हिन्दी में विद्यार्थियों को समझाते हुए क्लासेज़ लेने के निर्देश दिये गए हैं। तीन विषयों के लिये तीन वार-रूम बनाए जा रहे हैं।
  • भोपाल में एनाटॉमी और बायो-केमेस्ट्री तथा इंदौर में फिजियोलॉजी का वार-रूम तैयार किया जाएगा। इसमें विषय के रूपांतरण के सत्यापन की जाँच होगी।
  • विद्यार्थियों की सुविधा के लिये हिन्दी लेक्चर के ऑडियो-वीडियो बनाकर यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। 
  • उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जिसने इस नवाचार की शुरुआत की और आगे भी लागू करने में मध्य प्रदेश अग्रणी रहेगा।

हरियाणा Switch to English

राखीगढ़ी

चर्चा में क्यों?

23 फरवरी, 2022 को प्रख्यात पुरातत्त्वविद् वसंद् शिंदे ने बताया कि हरियाणा के हिसार स्थित राखीगढ़ी में हुए शोध को ‘इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ जीनोमिक’जर्नल ने ‘नाइन ब्रेक थ्रू रिसर्च’की सूची में तथा प्रतिष्ठित जर्नल ‘साइंस’ने ‘शीर्ष 10’ में शामिल किया है।

प्रमुख बिंदु 

  • राखीगढ़ी भारतीय उपमहाद्वीप का सबसे बड़ा हड़प्पा स्थल है। यह स्थल सरस्वती नदी के मैदानी क्षेत्र में स्थित है, जो मौसमी घग्गर नदी से लगभग 27 किमी. दूर है।
  • 6000 ईसा पूर्व (पूर्व-हड़प्पा चरण) से 2500 ईसा पूर्व तक इसके क्रमिक विकास का अध्ययन करने के लिये एएसआई के पुरातत्त्वविद् अमरेंद्र नाथ के नेतृत्व में राखीगढ़ी में खुदाई की गई।
  • उल्लेखनीय है कि प्रो. शिंदे ने राखीगढ़ी से संबंधित शोधों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। प्रो. शिंदे भारतीय इतिहास से संबंधित इन शोधों पर एक पुस्तक ‘हिस्ट्री ऑफ इंडिया’का लेखन भी कर रहे हैं।
  • प्रो. शिंदे ने बताया कि- 
    • राखीगढ़ी, लोथल गिलुंड, नुजात आदि स्थलों पर हुई खुदाई में मिले अवशेषों, साक्ष्यों और कंकालों की डीएनए रिपोर्ट से यह साबित हो चुका है कि हड़प्पा सभ्यता विश्व की सबसे प्राचीन और सर्वाधिक विकसित सभ्यता थी।
    • आर्यों के आक्रमण और बाहर से आने का सिद्धांत मनगढ़ंत और झूठा है जिसकी पुष्टि पुरातत्त्व और डीएनए की वैज्ञानिक जाँच के आधार पर की जा चुकी है।

झारखंड Switch to English

दलमा वन्यप्राणी आश्रयणी

चर्चा में क्यों?

24 फरवरी, 2022 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुईं मंत्रिपरिषद की बैठक में दलमा वन्यप्राणी आश्रयणी से संबद्ध पारिस्थितिकी संवेदी ज़ोन के आंचलिक महायोजना का निर्माण M/s XLRI, Jamshedpur से मनोनयन के आधार पर कराए जाने हेतु वित्त नियमावली के नियम 245 एवं नियम 235 को शिथिल करने की स्वीकृति दी गई।

प्रमुख बिंदु 

  • जमशेदपुर स्थित दलमा वन्यजीव अभयारण्य (आश्रयणी) हाथियों के लिये प्रसिद्ध है। इसके अतिरिक्त यहाँ पाए जाने वाले अन्य जीवों में भौंकने वाले हिरण, सुस्त भालू और विभिन्न सरीसृप प्रजातियाँ उल्लेखनीय हैं।
  • 193.22 वर्ग किमी. क्षेत्रफल वाला यह वन्यजीव अभयारण्य सुवर्णरेखा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में स्थित है।
  • यहाँ मुख्यत: शुष्क मिश्रित पर्णपाती वन पाए जाते हैं जिनमें कुछ शुष्क प्रायद्वीपीय साल हैं। यहाँ की मुख्य वृक्ष प्रजातियों में टर्मिनलिया, जामुन, धौरा, केंदु, करम आदि शामिल हैं।
  • उल्लेखनीय है कि पारिस्थितिक संवेदनशील क्षेत्र संरक्षित क्षेत्रों, राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों के आसपास के 10 किमी. के भीतर के क्षेत्र हैं जिन्हें पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत अधिसूचित किया जाता है।

छत्तीसगढ़ Switch to English

छत्तीसगढ़ के अमनज्योति को मिलेगा राष्ट्रीय बाल वीरता पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

24 फरवरी, 2022 को भारतीय बाल कल्याण परिषद, नई दिल्ली ने छत्तीसगढ़ के कोरबा ज़िला निवासी अमनज्योति जाहिरे का चयन राष्ट्रीय बाल वीरता पुरस्कार 2021 के लिये किया।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि साहसिक कार्यों और बहादुरी के लिये बच्चों को नगद राशि सहित प्रमाण-पत्र के साथ भारतीय बाल कल्याण परिषद द्वारा हर साल यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। 
  • कोविड परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
  • अमनज्योति को उनके द्वारा किये गए साहसिक कार्यों के लिये हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा राज्य वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 
  • कोरबा के रहने वाले 15 वर्षीय अमनज्योति ने एक अगस्त 2021 को फ्रेंडशिप डे के दिन अपने से उम्र में बड़े एक छात्र की जान बचाई थी।

छत्तीसगढ़ Switch to English

डी.एन.बी. कोर्स के लिये मान्यता हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला संस्थान बना दुर्ग ज़िला अस्पताल

चर्चा में क्यों?

हाल ही में डॉक्टरेट ऑफ नेशनल बोर्ड (DNB) द्वारा छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िला अस्पताल को ई.एन.टी. (नाक, कान, गला) और पिडियाट्रिक (शिशु रोग) के लिये डी.एन.बी. कोर्स की मान्यता प्रदान की गई है।

प्रमुख बिंदु

  • इसके साथ ही दुर्ग ज़िला अस्पताल डी.एन.बी. कोर्स के लिये मान्यता हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला संस्थान बन गया है। 
  • डी.एन.बी. कोर्स की मान्यता प्राप्त होने के बाद अब हर साल ई.एन.टी. और पिडियाट्रिक की दो-दो सीटों पर पात्र चिकित्सक कोर्स पूर्ण कर सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। 
  • दुर्ग ज़िला अस्पताल में डी.एन.बी. कोर्स की अनुमति जनवरी 2022 से दिसंबर 2026 तक के लिये दी गई है। इसके लिये अस्पताल में कार्यरत ई.एन.टी. एवं पिडियाट्रिक विभाग के चिकित्सकों को फैकल्टी निर्धारित किया गया है। डी.एन.बी. दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2