जयपुर में रेड अलर्ट | 24 May 2024

चर्चा में क्यों?

जयपुर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है क्योंकि राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में तापमान 49 डिग्री से अधिक होने का पूर्वानुमान है, जिसमें "स्वास्थ्य को लेकर कमज़ोर व्यक्तियों के लिये अत्यधिक देखभाल" पर ज़ोर दिया गया है

मुख्य बिंदु:

  • भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक हीट वेव का प्रकोप जारी रहेगा। जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में भीषण हीट वेव दर्ज की जाएगी।
  • चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाने के लिये बीकानेर ज़िला प्रशासन ने शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर जल का छिड़काव शुरू कर दिया है।
  • इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये जल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)

  • परिचय:
    • यह देश की राष्ट्रीय मौसम विज्ञान सेवा है और मौसम विज्ञान एवं संबद्ध विषयों से संबंधित सभी मामलों में प्रमुख सरकारी एजेंसी है।
    • यह भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की एक एजेंसी के रूप में कार्य करती है।
  • उद्देश्य:
    • कृषि, सिंचाई, नौवहन, विमानन, अपतटीय तेल अन्वेषण आदि जैसी मौसम-संवेदनशील गतिविधियों के इष्टतम संचालन के लिये मौसम संबंधी अवलोकन करना और वर्तमान एवं पूर्वानुमानित मौसम संबंधी जानकारी प्रदान करना।
    • उष्णकटिबंधीय चक्रवात, नॉर्थवेस्टर, धूल भरी आँधी, भारी बारिश और बर्फ, ठंड तथा ग्रीष्म लहरें आदि जैसी गंभीर मौसम की घटनाओं, जो जीवन एवं संपत्ति के विनाश का कारण बनती हैं, के प्रति चेतावनी देना।
    • कृषि, जल संसाधन प्रबंधन, उद्योगों, तेल की खोज और अन्य राष्ट्र-निर्माण गतिविधियों के लिये आवश्यक मौसम संबंधी आँकड़े प्रदान करना।
    • मौसम विज्ञान और संबद्ध विषयों में अनुसंधान का संचालन एवं प्रचार करना।