PMI ने उत्तर प्रदेश को 50 ई-बसें सौंपीं | 15 Jan 2024

चर्चा में क्यों?

प्रमुख इलेक्ट्रिक बस निर्माता कंपनी PMI इलेक्ट्रो मोबिलिटी ने उत्तर प्रदेश में 50 ई-बसों की डिलीवरी की है, जो अयोध्या में उपयोग की जाएँगी।

मुख्य बिंदु:

  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शून्य-कार्बन सार्वजनिक गतिशीलता पहल के तहत अयोध्या धाम बस स्टैंड से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
  • इससे गणमान्य व्यक्तियों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों को वायु प्रदूषण को कम करने के लिये अयोध्या में हरित परिवहन मिशन के पूरक सार्वजनिक परिवहन की टिकाऊ तथा आरामदायक सुविधा मिलेगी।

नेट-शून्य लक्ष्य

  • नवंबर, 2021 में जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क अभिसमय (COP 26) के 26वें सत्र में भारत ने वर्ष 2070 तक नेट शून्य हासिल करने के अपने लक्ष्य की घोषणा की।
  • भारत की दीर्घकालिक निम्न-कार्बन विकास रणनीति समानता और जलवायु न्याय के सिद्धांतों एवं सामान्य लेकिन विभेदित ज़िम्मेदारियों व संबंधित क्षमताओं के सिद्धांत पर आधारित है।
  • सरकार ने देश में तेज़ी से बढ़ती पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिये कई कदम उठाए हैं:
  • NCR और आसपास के क्षेत्र में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने औद्योगिक एवं अन्य अनुप्रयोगों हेतु NCR के लिये अनुमोदित ईंधन की एक मानक सूची के साथ-साथ NCR में वायु प्रदूषण को रोकने के लिये एक नीति बनाई है।