माधव राष्ट्रीय उद्यान देश का 58वाँ टाइगर रिज़र्व | 11 Mar 2025
चर्चा में क्यों?
9 मार्च, 2025 को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने मध्य प्रदेश के माधव राष्ट्रीय उद्यान को देश का 58वाँ बाघ अभयारण्य घोषित किया। यह नया राष्ट्रीय उद्यान मान्यता पाने वाला राज्य का 9वाँ राष्ट्रीय उद्यान भी है।
मुख्य बिंदु
- माधव राष्ट्रीय उद्यान
- शिवपुरी ज़िले में स्थित यह राष्ट्रीय उद्यान ऊपरी विंध्य पहाड़ियों का हिस्सा है और ऐतिहासिक रूप से मुगल सम्राटों व ग्वालियर के महाराजाओं का शिकार क्षेत्र रहा है।
- इसे वर्ष 1959 में राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था।
- इस उद्यान में झीलें, शुष्क पर्णपाती व काँटेदार वन सहित समृद्ध पारिस्थितिकी तंत्र है, जहाँ बाघ, तेंदुआ, नीलगाय, चिंकारा, चौसिंगा और विभिन्न प्रकार के हिरण पाए जाते हैं।
- यह भारत के 32 प्रमुख बाघ कॉरिडोर में शामिल है, इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत बाघ संरक्षण योजना के माध्यम से संचालित किया जाता है।
- महत्त्व:
- यह निर्णय "प्रोजेक्ट टाइगर" के तहत बाघ संरक्षण प्रयासों को और अधिक मज़बूती देगा और भारत को जैवविविधता संरक्षण के प्रयासों में एक अग्रणी भूमिका निभाने में सहायता करेगा।
- इससे बाघों की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करने और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित करने में सहायता मिलेगी।
- विगत वर्ष दिसंबर में, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद मध्य प्रदेश के रतापानी वन्यजीव अभयारण्य को देश का 57वाँ बाघ अभयारण्य घोषित किया गया था।
प्रोजेक्ट टाइगर:
- परिचय:
- प्रोजेक्ट टाइगर भारत में एक वन्यजीव संरक्षण पहल है जिसे वर्ष 1973 में शुरू किया गया था।
- प्रोजेक्ट टाइगर का प्राथमिक उद्देश्य समर्पित टाइगर रिज़र्व बनाकर बाघों की आबादी के प्राकृतिक आवासों में अस्तित्त्व और रखरखाव सुनिश्चित करना है।
- बाघों की संख्या में वृद्धि:
- वर्ष 1972 में पहली बाघ जनगणना में 1,827 बाघों की गिनती के लिये अविश्वसनीय पग-चिह्न पद्धति का उपयोग किया गया था।
- 2022 तक, बाघों की आबादी 3,167-3,925 होने का अनुमान है, जो प्रतिवर्ष 6.1% की वृद्धि दर को दर्शाता है।
- अब भारत विश्व के तीन-चौथाई बाघों का घर है।