झारखंड
जमशेदपुर में मुफ्त जल कनेक्शन
- 26 Mar 2025
- 2 min read
चर्चा में क्यों?
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने जमशेदपुर में गरीबी रेखा से नीचे (BPL) रहने वाले परिवारों को मुफ्त जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिये एक महत्त्वपूर्ण पहल की घोषणा की है।
- इसके अतिरिक्त, इन परिवारों को पानी के शुल्क पर 50% की छूट मिलेगी, जिससे आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों के लिये पानी अधिक सुलभ हो जाएगा।
मुख्य बिंदु
- उद्देश्य :
- यह पहल सरकार के 'हर घर स्वच्छ जल' अभियान के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य शहर में जीवन स्तर में सुधार लाना और जल प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।
- विशेष टीम का गठन :
- प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिये, JNAC ने विशेष अधिकारी, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, राजस्व अधिकारी और नगर प्रबंधक जैसे अधिकारियों वाली पाँच सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम को पात्र BPL परिवारों की पहचान करने और योजना में उनके नामांकन की सुविधा प्रदान करने का काम सौंपा गया है।
- घर-घर जाकर पहचान :
- विशेष टीम पात्र BPL परिवारों की पहचान करने और उनकी सहायता करने के लिये घर-घर जाएगी तथा यह सुनिश्चित करेगी कि लाभ इच्छित प्राप्तकर्ताओं तक पहुँचे।
- वित्तीय बोझ कम करना:
- इस विकास से कम आय वाले परिवारों को कम लागत पर आवश्यक जल सेवाएँ प्रदान करके उन पर वित्तीय बोझ कम होने की उम्मीद है।
नोट: जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) की स्थापना बिहार सरकार की अधिसूचना संख्या 6068 द्वारा 25 जून, 1924 को की गई थी। यह जमशेदपुर शहर के लिये नागरिक निकाय के रूप में कार्य करता है और स्वच्छता बनाए रखने के लिये झारखंड में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है।