यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री में भीषण आग | 25 May 2024

चर्चा में क्यों?

हाल ही में भोपाल में यूनियन कार्बाइड कारखाने में भीषण आग लग गई। इस कारखाने में वर्ष 1984 में मिथाइल आइसोसाइनेट (Methyl Isocyanate- MIC) गैस के रिसाव के कारण हज़ारों लोगों की मृत्यु हो गई थी और लाखों लोग दिव्यांग हो गए थे।

मुख्य बिंदु:

  • यहाँ लगी आग पर करीब एक घंटे बाद काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
  • आग की इस घटना के बाद एक बार फिर लोगों में इस बात को लेकर भय व्याप्त है कि इससे निकलने वाला धुआँ उनके शरीर पर क्या प्रभाव डालेगा।
  • वर्ष 1984 की गैस त्रासदी के बाद इस कारखाने को बंद कर दिया गया था।

भोपाल गैस त्रासदी

  • परिचय:
    • भोपाल गैस त्रासदी इतिहास में सबसे गंभीर औद्योगिक दुर्घटनाओं में से एक थी जो 2-3 दिसंबर, 1984 की रात भोपाल, मध्य प्रदेश में यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड (UCIL) कीटनाशक संयंत्र में घटित हुई थी।
    • इस दुर्घटना में लोगों और पशुओं के अत्यधिक ज़हरीली गैस मिथाइल आइसोसाइनेट (MIC) के संपर्क में आने के कारण तत्काल मौतें तथा दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रभाव देखे गए
  • गैस रिसाव का कारण:
    • गैस रिसाव का सटीक कारण अभी भी कॉर्पोरेट लापरवाही या कर्मचारियों की अनदेखी के बीच विवादित है। हालाँकि इस आपदा के कुछ कारक निम्नलिखित हैं:
      • UCIL संयंत्र में खराब रखरखाव वाले टैंकों में बड़ी मात्रा में MIC का भंडारण किया जा रहा था जो अत्यधिक प्रतिक्रियाशील और वाष्पशील रसायन है।
      • वित्तीय घाटे और बाज़ार प्रतिस्पर्द्धा के कारण संयंत्र का संचालन कम कर्मचारियों और सुरक्षा मानकों के साथ किया जा रहा था।
      • संयंत्र घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित था, जहाँ आस-पास के निवासियों हेतु कोई उचित आपातकालीन योजना या चेतावनी प्रणाली नहीं थी।
      • आपदा की रात जल की बड़ी मात्रा MIC भंडारण टैंकों (E610) (संभवतः दोषपूर्ण वाल्व या असंतुष्ट कार्यकर्त्ता द्वारा जान-बूझकर की गई तोड़फोड़ की वजह से) में से एक में प्रवेश कर गई।
        • इसने ऊष्माक्षेपी अभिक्रिया को उत्प्रेरित किया और टैंक के अंदर तापमान एवं दबाव को बढ़ा दिया, जिससे वह फट गया और  बड़ी मात्रा MIC गैस वातावरण में उत्सर्जित हो गई।