अनंत नगर आवास योजना | 08 Apr 2025

चर्चा में क्यों?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की अनंत नगर आवासीय योजना का शुभारंभ किया। 

मुख्य बिंदु

  • योजना के बारे में:
    • इस योजना की लागत 6500 करोड़ रुपए है जो कि 785 एकड़ में प्रस्तावित है।

    • इसके तहत डेढ़ लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी।
    • 60 प्लॉट्स पर 10 हज़ार फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा।
    • EWS (आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग) और LIG (निम्न आय वर्ग) श्रेणी के 5 हज़ार भवनों में 25 हज़ार से अधिक लोगों के लिये आवास का प्रावधान किया गया है।
    • प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 हज़ार आवासों का निर्माण भी यहाँ किया जाएगा।
    • इसके अलावा 102 एकड़ के क्षेत्रफल में एजुकेशन सिटी विकसित की जाएगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी (PMAY-U): 

  • लॉन्च: 
    • 25 जून, 2015 को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी (PMAY-U) का शुभारंभ किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के लोगों को वर्ष 2022 तक आवास उपलब्ध कराना है। 
  • कार्यान्वयन: 
    • आवास और शहरी मामलों का मंत्रालय। 
  • विशेषताएँ: 
    • यह शहरी गरीबों (झुग्गीवासी सहित) के बीच शहरी आवास की कमी को संबोधित करते हुए पात्र शहरी गरीबों के लिये पक्के घर सुनिश्चित करता है। 
    • PMAY(U) के अंतर्गत सभी घरों में शौचालय, पानी की आपूर्ति, बिजली और रसोईघर जैसी बुनियादी सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं। 
    • यह योजना महिला सदस्य के नाम पर या संयुक्त नाम से घरों का स्वामित्व प्रदान कर महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देती है। 
    • विकलांग व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, एकल महिलाओं, ट्रांसजेंडर और समाज के कमज़ोर वर्गों को इसमें प्राथमिकता दी जाती है।