ध्यान दें:



डेली अपडेट्स

प्रारंभिक परीक्षा

विश्व धरोहर दिवस 2025

  • 21 Apr 2025
  • 7 min read

स्रोत: पी.आई.बी.

चर्चा में क्यों?

भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (ASI) ने 18 अप्रैल 2025 को अंतर्राष्ट्रीय स्मारक एवं स्थल दिवस (विश्व धरोहर दिवस) पर अपने संरक्षित स्मारकों में निःशुल्क प्रवेश की घोषणा की है।

विश्व धरोहर दिवस क्या है?

  • यह दिन सांस्कृतिक विरासत के महत्त्व और इसे संरक्षित करने की आवश्यकता के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिये विश्व स्तर पर मनाया जाता है। इसकी घोषणा वर्ष 1982 में अंतर्राष्ट्रीय स्मारक और स्थल परिषद (ICOMOS) द्वारा की गई थी और वर्ष 1983 में UNESCO द्वारा इसका अनुमोदन किया गया।
  • वर्ष 2025 का विषय  है "आपदा एवं संघर्ष से खतरे में धरोहर: ICOMOS की 60 वर्षीय कार्रवाइयों सीख और तत्परता"।

विश्व धरोहर स्थल क्या हैं?

  • परिचय: विश्व धरोहर स्थल (WHS) वे स्थान हैं जिन्हें मानवता के लिये उनके उत्कृष्ट सार्वभौमिक मूल्य के लिये मान्यता प्राप्त है और उन्हें भावी पीढ़ियों के लिये सुरक्षा और संरक्षण हेतु विश्व धरोहर सूची में अंकित किया गया है।
    • इन स्थलों की प्रकृति सांस्कृतिक, प्राकृतिक अथवा मिश्रित हो सकती है। WHS को विश्व धरोहर सम्मेलन, 1972 के तहत संरक्षित किया जाता है, जो UNESCO के सदस्य देशों द्वारा अपनाया गया एक अंतर्राष्ट्रीय समझौता है। 
    • यह अभिसमय ऐसे स्थलों की पहचान, सुरक्षा और परिरक्षण में राष्ट्र पक्षकारों की ज़िम्मेदारियों को रेखांकित करता है।
    • विश्व धरोहर स्थलों की सूची का अनुरक्षण अंतर्राष्ट्रीय 'विश्व धरोहर कार्यक्रम' द्वारा किया जाता है, जिसका विनियमन UNESCO विश्व धरोहर समिति द्वारा किया जाता है।
    • भारत ने वर्ष 1977 में इस अभिसमय का अनुसमर्थन किया
  • विश्व भर में WHS: अक्तूबर 2024 तक, 196 देशों में लगभग 1,223 स्थल हैं जिनमें 952 सांस्कृतिक, 231 प्राकृतिक और 40 मिश्रित स्थल शामिल हैं।

World_Heritage_Sites

  • भारत में विश्व धरोहर स्थल: अप्रैल 2025 तक, भारत में 43 विश्व धरोहर स्थल (34 सांस्कृतिक, 7 प्राकृतिक और 2 मिश्रित) और 62 स्थल संभावित सूची में हैं।

World_Heritage_Sites_of_India

भारत की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिये सरकार की प्रमुख पहल क्या हैं?

  • पुरावशेषों का पुनरुद्धार: भारत ने विदेशों से सांस्कृतिक कलाकृतियों को वापस लाने के प्रयासों को तेज़ कर दिया है, तथा वर्ष 1976 से अब तक  655 पुरावशेषों को वापस प्राप्त किया हैं।
    • वर्ष 2024 में, रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयलोक-स्थान जैसी साहित्यिक कृतियों को यूनेस्को की 2024 विश्व स्मृति समिति के एशिया और प्रशांत क्षेत्रीय रजिस्टर में शामिल किया गया। 
  • विरासत योजना और गलियारा परियोजनाएँ: वर्ष 2017 में शुरू किये गए हेरिटेज एडॉप्ट कार्यक्रम के माध्यम से, सार्वजनिक और निजी निकाय CSR फंडिंग के माध्यम से हेरिटेज स्थल के रखरखाव का समर्थन कर सकते हैं। 
  • डिजिटल दस्तावेज़ीकरण: राष्ट्रीय स्मारक और पुरावशेष मिशन (NMMA) के तहत 12.3 लाख से अधिक पुरावशेषों और 11,400 विरासत स्थलों का डिजिटलीकरण किया गया है। 'डिजिटल स्पेस में भारतीय विरासत' पहल, विरासत के अनुभवों को जीवंत बनाने के लिये प्रौद्योगिकी का उपयोग करती है। 
    • ASI का 'मस्ट सी' पोर्टल विस्तृत जानकारी और मनोरम दृश्यों के साथ लगभग 100 प्रमुख स्मारकों को प्रदर्शित करता है।
  • वैश्विक सांस्कृतिक नेतृत्व: भारत ने दिल्ली में यूनेस्को विश्व धरोहर समिति के  46 वें सत्र की मेज़बानी की (जुलाई 2024)।

भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (ASI)

  • परिचय: ASI भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुरातात्त्विक अनुसंधान और संरक्षण के लिये ज़िम्मेदार प्रमुख सरकारी निकाय है।
  • स्थापना: इसकी स्थापना वर्ष 1861 में अलेक्जेंडर कनिंघम द्वारा की गई थी, जिन्हें “भारतीय पुरातत्व के जनक” के रूप में जाना जाता है और वे इसके पहले महानिदेशक थे।
  • कार्य: इसके मुख्य कार्यों में सर्वेक्षण, अन्वेषण, उत्खनन, संरक्षण और प्राचीन स्मारकों का रखरखाव शामिल हैं।
    • यह पुरातात्त्विक अवशेषों और पुरातात्विक विरासत का दस्तावेज़ीकरण और संरक्षण भी करता है ।
  • शासी ढाँचा: यह संस्कृति मंत्रालय के अधीन काम करता है और प्राचीन स्मारक तथा पुरातत्व स्थल और अवशेष (AMASR) अधिनियम, 1958 के तहत कार्य करता है।
    • यह राष्ट्रीय महत्त्व के 3,698 से अधिक स्मारकों और स्थलों का प्रबंधन करता है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा सही है? (2021)

(a) अजंता गुफाएँ, वाघोरा नदी की घाटी में स्थित हैं।
(b) साँची स्तूप, चंबल नदी की घाटी में स्थित है।
(c) पांडु-लेणा गुफा देव मंदिर, नर्मदा की घाटी में स्थित हैं।
(d) अमरावती स्तूप, गोदावरी नदी की घाटी में स्थित है।

उत्तर: (a)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2