राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार 2024 | 08 Aug 2024

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

चर्चा में क्यों? 

भारत सरकार ने वर्ष 2024 में पहली बार राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार (RVP) विजेताओं की घोषणा की, जो वैज्ञानिक उपलब्धियों को मान्यता देने के लिये देश के दृष्टिकोण में एक महत्त्वपूर्ण बदलाव का संकेत है।

  • ये पुरस्कार 23 अगस्त को प्रदान किये जाएंगे, जो कि पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस है, जिसमें चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने की उपलब्धि का जश्न मनाया जाएगा।

राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार के विषय में मुख्य तथ्य क्या हैं?

  • परिचय: RVP पुरस्कारों का एक प्रतिष्ठित समूह है जो भारतीय मूल के वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकीविदों और नवप्रवर्तकों की महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों को मान्यता देता है तथा उन्हें प्रोत्साहित करता है, जिसमें भारतीय मूल के व्यक्ति (PIO) भी शामिल हैं, चाहे वे भारत में या विदेश में कार्यरत हों।
    • ये पुरस्कार उन व्यक्तियों को सम्मानित करते हैं जिन्होंने प्रभावशाली अनुसंधान, नवाचार या खोज के माध्यम से विशिष्ट योगदान दिया है जिससे भारतीय समुदाय या समाज को लाभ हुआ है।
    • RVP पुरस्कार पहली बार वर्ष 2024 में प्रदान किया जा रहा है। इसे अधिक समावेशी और अद्यतन मान्यता प्रणाली प्रदान करने हेतु शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार सहित मौजूदा विज्ञान पुरस्कारों को प्रतिस्थापित करने के लिये स्थापित किया गया था।
      • नये पुरस्कारों से उपलब्धियों को अधिक व्यापक रूप से मान्यता देने की सुविधा मिलेगी।
    • इन पुरस्कारों की घोषणा प्रत्येक वर्ष 11 मई (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस) को की जाएगी। सभी श्रेणियों के पुरस्कारों के लिये पुरस्कार समारोह राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित किया जाएगा।
    • RVP विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किया जाता है, जैसे भौतिक विज्ञान, रासायनिक विज्ञान, जैविक विज्ञान, गणितीय विज्ञान, पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान तथा इंजीनियरिंग विज्ञान।
  • पुरस्कार की श्रेणियाँ:
    • विज्ञान रत्न (VR): विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जीवनकाल की उपलब्धियों तथा  योगदान को मान्यता देने के लिये प्रत्येक वर्ष अधिकतम तीन पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
      • योग्यता: उल्लेखनीय उपलब्धियों वाले प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकीविद्।
    • विज्ञान श्री (VS): विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान को मान्यता देने के लिये प्रत्येक वर्ष अधिकतम 25 पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
      • पात्रता: अपने-अपने वैज्ञानिक या तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाले व्यक्ति।
    • विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर (VY-SSB): यह विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले 45 वर्ष से कम आयु के युवा वैज्ञानिकों की प्रतिभा को पहचान दिलाने तथा उन्‍हें प्रोत्साहित करने के लिये प्रत्येक वर्ष अधिकतम 25 पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
      • योग्यता: युवा वैज्ञानिक जिन्होंने असाधारण अनुसंधान या नवाचार का प्रदर्शन किया हो।
    • विज्ञान टीम (VT) पुरस्कार: तीन या अधिक वैज्ञानिकों/शोधकर्त्ताओं/नवप्रवर्तकों की एक टीम को अधिकतम तीन पुरस्कार प्रदान किये जा सकते हैं, जिन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक टीम में कार्य करते हुए असाधारण योगदान दिया हो।
      • योग्यता: विज्ञान और प्रौद्योगिकी के किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करने वाली टीमें।
  • पुरस्कार के लाभ: प्रत्येक पुरस्कार विजेता को भारत के राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित एक सनद (प्रमाणपत्र) दिया जाता है।
    • पुरस्कार विजेताओं के प्रशस्ति पत्र और फोटोग्राफ सहित एक ब्रोशर समारोह के दिन जारी किया जाता है। मरणोपरांत पुरस्कार दिये जाने पर उनके निकटतम रिश्तेदारों को अलंकरण प्रदान किये जाते हैं।

राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार, 2024 के प्रमुख पुरस्कार विजेता कौन हैं?

  • विज्ञान रत्न: जी. पद्मनाभन को दिया गया जिन्हें जैविक विज्ञान में उनकी आजीवन उपलब्धियों के लिये जाना जाता है, विशेष रूप से मलेरिया परजीवियों पर उनके कार्य के लिये। वे भारतीय विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक हैं और उन्हें पहले पद्म श्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है।
  • विज्ञान टीम: चंद्रयान-3 टीम को वर्ष 2023 में चंद्रमा पर भारत के पहले अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक लैंडिंग कराने के लिये विज्ञान टीम से सम्मानित किया गया, जो भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण इतिहास में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है।
  • विज्ञान श्री: अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम (तारा समूहों और आकाशगंगाओं का निर्माण एवं  विकास), जयंत भालचंद्र उदगांवकर (जीव विज्ञान), नबा कुमार मंडल (कण भौतिकी)।
  • विज्ञान युवा: विवेक पोलशेट्टीवार (कार्बन कैप्चर टेक्नोलॉजीज), उर्वशी सिन्हा (क्वांटम रिसर्च), रॉक्सी मैथ्यू कोल (जलवायु विज्ञान)।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न (PYQ)  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित में से किस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिये शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार दिया जाता है? (2009)

(a) साहित्य
(b) प्रदर्शन 
(c) विज्ञान
(d) समाज सेवा

उत्तर: (c)