नोएडा शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 16 जनवरी से शुरू :   अभी कॉल करें
ध्यान दें:



डेली अपडेट्स

प्रारंभिक परीक्षा

अफगानिस्तान और नेपाल के साथ भारत का व्यापार

  • 18 Feb 2025
  • 5 min read

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

चर्चा में क्यों?

वर्ष 2023-24 में भारत का अफगानिस्तान के साथ असामान्य व्यापार घाटा दर्ज किया गया। 

  • एक अन्य घटनाक्रम में नेपाल से सोयाबीन तेल का आयात 14 गुना बढ़ गया (अप्रैल-नवंबर 2024), इसका कारण संभवतः उत्पत्ति के नियम (RoO) का उल्लंघन था।

अफगानिस्तान और नेपाल के साथ भारत के व्यापार की मुख्य विशेषताएँ क्या हैं? 

  • अफगानिस्तान: 
    • द्विपक्षीय व्यापार प्रवृत्ति: अफगानिस्तान को भारत का निर्यात वर्ष 2020-21 के 825.78 मिलियन अमेरिकी डॉलर से घटकर वर्ष 2023-24 में 355.45 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि आयात वर्ष 2020-21 के 509.49 मिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर वर्ष 2023-24 में रिकॉर्ड 642.29 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया।
      • इससे पहले, भारत का अफगानिस्तान के साथ वर्ष 2000-01 में व्यापार घाटा (0.73 मिलियन अमेरिकी डॉलर) था।
    • आयात: अंजीर, हींग, किशमिश, सेब, लहसुन, केसर, बादाम, प्याज, अनार और अखरोट जैसे कृषि उत्पादों का प्रभुत्व है।
    • निर्यात: मुख्यतः दवाइयाँ, टीके, सोयाबीन भोजन और वस्त्र
    • प्रमुख उत्पाद: वर्ष 2023-24 में, अफगानिस्तान हींग, किशमिश और लहसुन का प्राथमिक आपूर्तिकर्त्ता था।
      • वर्ष 2023-24 में, ईरान और तुर्की के बाद अफगानिस्तान भारत का तीसरा सबसे बड़ा सेब आपूर्तिकर्त्ता बन गया (इटली और अमेरिका को पीछे छोड़ दिया) है।

India_Afghanistan_Trade

  • नेपाल: भारत का कुल सोयाबीन तेल आयात वर्ष 2023 में 2.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर से 19% बढ़कर लगभग 3 बिलियन अमेरिकी डॉलर (अप्रैल-नवंबर 2024) हो गया है।
    • उत्पत्ति के नियम का उल्लंघन: नेपाल 98% कच्चा खाद्य तेल आयात करता है, उसे परिष्कृत करता है, तथा भारत को निर्यात करता है, जो शुल्क संरचना शोषण का संकेत है।
      • नेपाल-भारत व्यापार संधि (2009) के कारण नेपाल को अन्य निर्यातकों की तुलना में 30% टैरिफ लाभ प्राप्त है, जो भारत को शुल्क मुक्त निर्यात की अनुमति प्रदान करता है।

नोट: उत्पत्ति के नियम (RoO) वे मानदंड हैं जिनका उपयोग अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में किसी उत्पाद के  मूल देश को निर्धारित करने के लिये किया जाता है।

  • RoO "व्यापार विचलन" को रोकने में सहायक है, जहाँ एक देश में उत्पादित वस्तुओं को कम टैरिफ का लाभ उठाने के लिये दूसरे देश के माध्यम से प्रेषित किया जाता है।
  • RoO को विश्व व्यापार संगठन (WTO) द्वारा उत्पत्ति के नियमों पर समझौते के माध्यम से नियंत्रित किया जाता है।

नेपाल-भारत व्यापार संधि 2009

  • शुल्क-मुक्त पहुँच: यह नकारात्मक सूची (जैसे, सिगरेट, शराब, सौंदर्य प्रसाधन) को छोड़कर सभी नेपाल निर्मित वस्तुओं के लिये गैर-पारस्परिक शुल्क-मुक्त पहुँच प्रदान करता है।
  • वार्षिक कोटा: इसे केवल चार संवेदनशील वस्तुओं अर्थात वनस्पति वसा, ऐक्रेलिक यार्न, ताँबा उत्पाद और जिंक ऑक्साइड के लिये भारत को शुल्क मुक्त निर्यात हेतु निर्धारित किया गया था
  • व्यापार तंत्र: भारत-नेपाल द्विपक्षीय व्यापार भारतीय रुपए में किया जाता है, जिसकी विनिमय दर 1.6 नेपाली रुपए प्रति भारतीय रुपया निर्धारित है।

और पढ़ें... भारत और नेपाल के बीच सहयोग के क्षेत्र

  यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा विगत वर्ष के प्रश्न (PYQs)  

प्रिलिम्स 

प्रश्न. निम्नलिखित देशों पर विचार कीजिये: (2022)

  1. आज़रबैजान 
  2. किर्गिज़्स्तान 
  3. ताज़िकिस्तान 
  4. तुर्कमेनिस्तान 
  5. उज़्बेकिस्तान 

उपर्युक्त में से किसकी सीमा अफगानिस्तान से लगती है? 

(a) केवल 1, 2 और 5 
(b) केवल 1, 2, 3 और 4 
(c) केवल 3, 4 और 5 
(d) 1, 2, 3, 4 और 5 

उत्तर: (c)

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2