वैश्विक व्यापार अपडेट: UNCTAD | 16 May 2024

प्रिलिम्स के लिये:

व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (United Nations Conference on Trade and Development- UNCTAD), इलेक्ट्रिक कार, सकल घरेलू उत्पाद (सकल घरेलू उत्पाद), उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन योजना (Production-Linked Incentive- PLI)

मेन्स के लिये:

UNCTAD, भारतीय अर्थव्यवस्था और योजना, संसाधन संग्रहण, वृद्धि, विकास और रोज़गार से संबंधित मुद्दे।

स्रोत: इंडियन एक्सप्रेस

चर्चा में क्यों?

हाल ही में व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (United Nations Conference on Trade and Development- UNCTAD) ने अपना वैश्विक व्यापार अपडेट 2024 जारी किया है, जो इस तथ्य पर प्रकाश डालता है कि कई तिमाहियों तक गिरावट का सामना करने के बाद, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार वर्ष 2024 में पुनः वृद्धि के मार्ग पर अग्रसर है।

  • हाल ही में अपनी 60वीं वर्षगाँठ समारोह के हिस्से के रूप में  UNCTAD ने आधिकारिक तौर पर स्वयं को "संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास" के रूप में रिब्रांड किया।
  • संगठन संयुक्त राष्ट्र की छह आधिकारिक भाषाओं में संचार सामग्री सहित सभी आधिकारिक चैनलों पर अपने नये नाम और लोगो (Logo) को अपनाएगा

वैश्विक व्यापार अपडेट की मुख्य विशेषताएँ क्या हैं?

  •  2023 व्यापार के लिये एक चुनौतीपूर्ण वर्ष:
    • वर्ष 2022 में चरम पर पहुँचने के बाद, वर्ष 2023 में वैश्विक व्यापार 3% गिरकर 31 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। विकसित अर्थव्यवस्थाओं में कम मांग और पूर्वी एशिया तथा लैटिन अमेरिका में अस्थिर व्यापार के कारण यह मंदी आई।
    • वस्तुओं के व्यापार में 5% की गिरावट के कारण यह मंदी आई। इस बीच सेवाओं में व्यापार ने नकारात्मक प्रवृत्ति को कम किया और व्यापार में 8% की वृद्धि हुई।
      • पर्यटन और यात्रा-संबंधित सेवाओं में लगभग 40% की वृद्धि से इस क्षेत्र को बढ़ावा मिला।
  • विकासशील देशों के समक्ष समस्याएँ:
    • विकासशील देशों के व्यापार में तीव्र गिरावट देखी गई, उनके आयात और निर्यात में क्रमशः 5% व 7% की गिरावट दर्ज़ की गई, जबकि विकसित देशों के आयात में 4% व निर्यात में 3% की गिरावट आई।
    • वर्ष 2023 में अधिकांश क्षेत्रों में नकारात्मक व्यापार वृद्धि देखी गई। अपवाद यह था कि अफ्रीका में अंतर-क्षेत्रीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
  • इलेक्ट्रिक कारों के रूप में पर्यावरण अनुकूल व्यापार में वृद्धि:
    • समग्र गिरावट के बावज़ूद, 2023 में पर्यावरणीय अनुकूल उत्पादों के व्यापार में 2% की वृद्धि देखी गई, जो मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती बिक्री के कारण थी। उदहारण के लिये इलेक्ट्रिक वाहनों का व्यापार 60% तक बढ़ा।
  • 2023 के अंत में स्थिरता के संकेत:
    • विशेषकर 2023 की अंतिम तिमाही में विकासशील क्षेत्रों में स्थिरता के संकेत दिखे।  
    • अधिकांश क्षेत्रों में सुधार देखा गया, हालाँकि परिधान (कपड़े और कपड़े के सामान) के व्यापार में गिरावट ज़ारी रही तथा इसमें 13% की गिरावट दर्ज़ की गई।
  •  2024 के लिये पूर्वानुमान:
    • वर्ष 2024 के लिये पूर्वानुमान मुख्यतः सकारात्मक है, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि लगभग 3% तक रहने का अनुमान है।
    • हालाँकि, लाल सागर, काला सागर और पनामा नहर में जहाज़ों के मार्ग में व्यवधान जैसी चुनौतियाँ इस GDP वृद्धि के लिये संकट उत्पन्न करती हैं, जिससे लागत बढ़ने तथा आपूर्ति शृंखला के बाधित होने का खतरा होता है।
    • भू-राजनीतिक तनाव और क्षेत्रीय संघर्ष भी ऊर्जा एवं कृषि बाज़ारों की अस्थिरता में वृद्धि कर सकते हैं।
      • इसके अतिरिक्त, ऊर्जा परिवर्तन के लिये महत्त्वपूर्ण खनिजों तक पहुँच की बढ़ती आवश्यकता, कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं तथा इन वस्तुओं के लिये बाज़ार में अस्थिरता बढ़ा सकती है।
  • Global_Trade_Update
  • व्यापार एवं राजनीति:
    • पिछले दो वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की भौगोलिक निकटता अपेक्षाकृत स्थिर बनी हुई है, जिससे निकट-तटीय या अपतटीय व्यापर की प्रवृत्ति न्यूनतम दिखाई दे रही है।
    • हालाँकि, 2022 के उत्तरार्ध के बाद से व्यापार की राजनीतिक निकटता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
    • इसका अर्थ है कि द्विपक्षीय व्यापार से, समान भू-राजनीतिक स्थिति रखने वाले देशों के मध्य व्यापार करने में सुगमता है। साथ ही, प्रमुख व्यापार संबंधों के पक्ष में वैश्विक व्यापार का समर्थन बढ़ रहा है, हालाँकि यह प्रवृत्ति 2023 की अंतिम तिमाही में कम हो गई है।

UNCTAD:

  • व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (UNCTAD) संयुक्त राष्ट्र का एक स्थायी अंतरसरकारी निकाय है।
  • इसकी स्थापना 1964 में हुई थी और इसका मुख्यालय जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड में है।
  • इसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, निवेश, वित्त और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से, विशेष रूप से विकासशील देशों में सतत् विकास को बढ़ावा देना है।
  • UNCTAD का कार्य चार मुख्य क्षेत्रों पर केंद्रित है:
    • व्यापार एवं विकास 
    • निवेश एवं उद्यमिता 
    • तकनीक एवं नवाचार 
    • समष्टि अर्थशास्त्र और विकास नीतियाँ 

भारत से संबंधित रिपोर्ट की मुख्य बातें क्या हैं?

  • प्रमुख अवलोकन:
    • भारत द्वारा गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (Quality Control Orders- QCOs) और अपनी प्रमुख उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (Production-Linked Incentive (PLI) योजना लागू करके चीन पर अपनी निर्भरता कम करने का प्रयास करने के बाद भी चीन से आयात में वृद्धि हुई है।
    • UNCTAD के अनुमानों से रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण एक महत्त्वपूर्ण व्यापार पुनर्निर्धारण का पता चला। 
      • व्यापार के लिये चीन पर रूस की निर्भरता 7.1% बढ़ी, जबकि यूरोपीय संघ पर उसकी निर्भरता 5.3% कम हुई। इसका मुख्य कारण रूसी तेल शिपमेंट का यूरोपीय संघ से चीन और भारत की ओर स्थानांतरित होना था।
  • भारत सरकार का रुख:
    • वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि हालाँकि व्यापार पर भारत की बढ़ती निर्भरता प्रतिकूल लग सकती है, लेकिन विस्तृत विश्लेषण से अनुकूल व्यापार गतिशीलता का पता चला है।
    • वर्ष 2023 में यूरोपीय संघ (European Union- EU) से भारत के आयात में 9.7% की वृद्धि हुई, जिसमें पूँजीगत वस्तुओं (वर्ष 2022 में 35%) और मध्यवर्ती वस्तुओं तथा कच्चे माल (वर्ष 2022 में 50%) का महत्त्वपूर्ण हिस्सा इनपुट के रूप में उपयोग किया गया।
    • भारत का स्मार्टफोन निर्यात वर्ष 2023 में 98.42% बढ़कर 14.27 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया, जो वर्ष 2022 में 7.19 बिलियन अमेरिकी डॉलर था।
    • इसलिये, 2023 में यूरोपीय संघ और चीन के साथ भारत के व्यापार प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ। 

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, विगत वर्ष के प्रश्न  

प्रिलिम्स:

प्रश्न. निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये:

  1. कथन-I: कोविड वैश्विक महामारी के बाद के हाल के विगत काल में, पूरे विश्व में अनेक केंद्रीय बैंकों ने ब्याज दरें बढ़ा दी थीं।
  2. कथन-II: आमतौर पर केंद्रीय बैंक मानते हैं कि उनके पास बढ़ती हुई उपभोक्ता कीमतों का, मौद्रिक नीति के उपायों से, प्रतिकार करने की सामर्थ्य है।

उपर्युक्त कथनों के बारे में निम्नलिखित में से कौन-सा एक सही है?

(a) कथन-I और कथन-II दोनों सही हैं तथा कथन-II, कथन-I की सही व्याख्या करता है।
(b) कथन-I और कथन-II दोनों सही हैं किंतु कथन-II, कथन-I की सही व्याख्या नहीं करता है।
(c) कथन-I सही है किन्तु कथन-II गलत है।
(d) कथन-I गलत है किन्तु कथन-II सही है।

उत्तर: A