प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 31 Jul 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

‘हरियाणा प्राण वायु देवता पेंशन’ योजना की शुरुआत

चर्चा में क्यों?

  • 29 जुलाई, 2023 को हरियाणा सरकार के एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 75 साल से अधिक उम्र वाले पेड़ों के लिये ‘हरियाणा प्राण वायु देवता पेंशन’ नामक योजना की शुरुआत की गई है, जिसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।

प्रमुख बिंदु

  • इस स्कीम के तहत प्रदेश सरकार द्वारा 75 साल से अधिक उम्र के पेड़ों की देखभाल व परवरिश करने वालों को पेंशन दी जाएगी।
  • इस योजना के तहत 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पेड़ों को 2500 रुपए वार्षिक पेंशन दी जाएगी और वृद्धावस्था सम्मान पेंशन की भाँति यह पेंशन राशि प्रतिवर्ष समानुपात में बढ़ाई जाएगी।
  • यह राशि सीधा लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाएगी।
  • इस प्रकार की स्कीम लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।
  • उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की ओर से यह स्कीम पुराने पेड़ों की रक्षा और संरक्षण के लिये लागू की गई है।
  • सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के प्रति शुरू से ही सुधारात्मक योजनाएँ लागू कर रही है, पेड़-पौधों से ही हमें सुरक्षित ऑक्सीजन गैस नि:शुल्क प्राप्त होती है।
  • 75 साल से उम्र में बड़े हुए पेड़ अपने फैलाव के कारण वातावरण में ऑक्सीजन ज़्यादा पैदा करते हैं। इन पेड़ों पर कई प्रकार के पंछी भी अपना घोंसला बनाते हैं।
  • यदि किसी व्यक्ति के घर या स्वयं की जमीन पर 75 साल या उससे ज्यादा की उम्र का पेड़ है तो वो अपने संबंधित ज़िले के वन विभाग कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकते हैं इसके बाद एक समिति द्वारा उस आवेदन का आकलन किया जाएगा।
  • सत्यापन उपरांत सभी शर्तें पूरी पाई जाती हैं तो लाभार्थी व्यक्ति को पेड़ों से मिलने वाली पेंशन दी जाएगी।

हरियाणा Switch to English

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने गुरुग्राम में भारत अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र का किया शिलान्यास

चर्चा में क्यों?

  • 29 जुलाई, 2023 को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने गुरुग्राम में इंटरनेशनल दिव्य परिवार सोसाइटी एवं चाणक्य वार्ता परिवार द्वारा स्थापित होने वाले भारत अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास व त्रिदिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में साहित्य, कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिये अनेकों कारगर कदम उठाए हैं।
  • हरियाणा सरकार साहित्य, कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिये नगर निगम गुरुग्राम के माध्यम से सेक्टर-53 में 209 करोड़ रुपए की लागत से पाँच एकड़ ज़मीन पर कला एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण करवाने जा रही है, जो कि राज्य की महान एवं प्राचीन संस्कृति को संजोए रखने की दिशा में एक सफल प्रयास है।
  • राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में इस सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास करना एक ऐतिहासिक कदम है। इस योजना में हरियाणा प्रदेश भी अपनी भूमिका निभा रहा है।
  • इस योजना में हरियाणा का सहभागी राज्य तेलंगाना है। इसलिये हरियाणा व तेलंगाना प्रदेश के कलाकार अपनी-अपनी महान संस्कृति एवं लोक कलाएँ एक-दूसरे को सिखा रहे हैं।
  • इस अवसर पर राज्यपाल ने कार्यक्रम में हरियाणा की साहित्य, लोक कला तथा सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी विभूतियों के साक्षात्कार पर आधारित ओपी पाल की पुस्तक ‘प्रतिबिंब’ का विमोचन करने के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साहित्यकारों को सम्मानित भी किया।

हरियाणा Switch to English

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के बाजरा अनुभाग को दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर मिला सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान केंद्र अवॉर्ड

चर्चा में क्यों?


29 जुलाई, 2023 को हरियाणा के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, (सीसीएचएयू) हिसार के बाजरा अनुभाग को बाजरा में उत्कृष्ट अनुसंधानों के लिये लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2022-23 का सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान केंद्र अवॉर्ड प्रदान किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली की हैदराबाद में आयोजित हुई अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की 58वीं वार्षिक समूह बैठक में परिषद के सहायक की ओर से यह अवॉर्ड प्रदान किया गया।
  • उल्लेखनीय है कि विभाग को अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की गत वर्ष हुई 57वीं वार्षिक समूह बैठक में भी यह अवॉर्ड मिला था।
  • चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के बाजरा अनुभाग ने हाल ही के वर्षों में बाजरा की उन्नत किस्मों के विकास, बाजरा में नए रोग कारकों की पहचान, बाजरा के संकर बीज उत्पादन व व्यवसायीकरण में बहुत सराहनीय कार्य किए हैं।
  • विभाग द्वारा बाजरा की उच्च लौह तत्त्व युक्त दो बायोफोर्टिफाइड (दोनों में लौह तत्त्व 73, 83 पीपीएम) संकर किस्में, एचएचबी 299 व एचएचबी 311 के विकास के साथ हाल ही में यहाँ विकसित की गई।
  • इस विभाग के पौध रोग वैज्ञानिक ने बाजरा में तना गलन रोग और ज्वार में क्लेबसिएला लीफ स्ट्रीफ रोग व उनके कारक जीवाणुओं की विश्व में पहली बार पहचान की थी, जिसको अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल चुकी है।
  • इस उपलब्धि का भी विभाग को यह अवॉर्ड मिलने में अहम योगदान रहा है। उनके अनुसार बाजरा की सस्य क्रियाओं के अंतर्गत पोटाश व अन्य सूक्ष्म तत्त्वों के प्रबंधन के कार्य को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

हरियाणा Switch to English

अंबाला कैंट थाने के एसएचओ को ‘होम मिनिस्टर मेडल’ से अलंकृत किये जाने की घोषणा

चर्चा में क्यों?

  • 28 जुलाई, 2023 को हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में गत दिनों पाँच करोड़ रुपए की हेरोइन को पकड़ने वाले अंबाला कैंट थाने के एसएचओ नरेश कुमार को ‘होम मिनिस्टर मेडल’ (गृह मंत्री उत्कृष्ट अन्वेषण पदक) से अलंकृत करने की घोषणा की गई है।

प्रमुख बिंदु

  • होम मिनिस्टर मेडल के साथ-साथ इंस्पेक्टर नरेश कुमार को एक लाख रुपए पुरस्कार स्वरूप एवं छह माह सेवा में विस्तार भी प्रदान किया जाएगा।
    उल्लेखनीय है कि इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने गत दिनों ही अंबाला छावनी में एक किलोग्राम हेरोइन सहित नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में पाँच करोड़ रुपए है।
    गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्य को सम्मान प्रदान करने के लिये 30 पुरस्कारों की घोषणा की गई थी, जिनमें 10 पुरस्कार मुख्यमंत्री, 10 पुरस्कार गृह मंत्री तथा 10 पुरस्कार पुलिस महानिदेशक द्वारा दिये जाने हैं। गत दिवस मंत्रिमंडल की बैठक में इन पुरस्कारों के प्रस्ताव को पारित भी किया गया था।
    मुख्यमंत्री वीरता पदक और गृहमंत्री उत्कृष्ट अन्वेषण पदक के विजेताओं को क्रमश: 2 लाख रुपए और 1 लाख रुपए का नकद पुरस्कार, मुख्यमंत्री व गृह मंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र व स्क्रॉल मिलेगा। पदक विजेता पुलिसकर्मियों को सेवा में छह महीने का विस्तार मिलेगा।
    इसके अलावा, पुलिस महानिदेशक उत्तम सेवा पदक से सम्मानित होने वाले कर्मियों को डीजीपी का हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र व स्क्रॉल सहित पदक और 50 हज़ार रुपए मिलेंगे।
    प्रत्येक श्रेणी में पदकों की संख्या अधिकतम 10 होगी, यानी अधिकतम 30 पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जा सकेगा।
    भ्रष्टाचार व अन्य मामले में फँसने पर पदक वापस लेने की स्थिति में सेवा विस्तार का लाभ नहीं मिलेगा, लेकिन नकद पुरस्कार वापस नहीं लिया जाएगा।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow