प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 31 Mar 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

लोक निर्मला सम्मान-2022

चर्चा में क्यों?

30 मार्च, 2022 को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने लोक गायिका शारदा सिन्हा को लोक निर्मला सम्मान प्रदान किया।

प्रमुख बिंदु

  • उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में सोन चिरैया संस्था की ओर से आयोजित उत्सवी शाम में शारदा सिन्हा को सम्मान के साथ 1 लाख रुपए प्रदान किये गए।
  • उल्लेखनीय है कि लोक निर्मला सम्मान की शुरुआत सोन चिरैया संस्था की सचिव मालिनी अवस्थी ने अपनी माँ निर्मला अवस्थी की स्मृति में वर्ष 2020 में की थी।
  • शारदा सिन्हा भारतीय मैथिली लोक गायिका हैं। इन्हें वर्ष 2018 में पद्भूषण एवं 1991 में पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया था।

बिहार Switch to English

बिहार शराबबंदी कानून में संशोधन

चर्चा में क्यों?

30 मार्च, 2022 को ‘बिहार मद्य निषेध और उत्पाद संशोधन विधेयक’ विधानमंडल के दोनों सदनों से पारित हो गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस संशोधन के तहत 2016 के मूल कानून में परिवर्तन करते हुए अब शराब पीते हुए पकड़े जाने पर जुर्माना देकर छोड़ने का प्रावधान किया गया है। हालाँकि, जुर्माने की रकम अदा कर छूट जाना अभियुक्त का अधिकार नहीं होगा।
  • साथ ही, अगर कोई व्यक्ति शराब या मादक द्रव्य के प्रभाव में पाया जाता है तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर नज़दीकी कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
  • विधेयक के प्रावधानों के अनुसार यदि शराब की थोक बरामदगी किसी ऐसे अस्थायी परिसर से होती है, जिसे सीलबंद नहीं किया जा सकता है तो कलेक्टर के आदेश से ऐसे परिसर को ध्वस्त किया जा सकता है।

राजस्थान Switch to English

थार महोत्सव

चर्चा में क्यों?

28 से 30 मार्च, 2022 तक पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में लोक कला, संस्कृति, इतिहास, पर्यटन एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘थार महोत्सव’ का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर ज़िले की कला और लोक संस्कृति का परिचायक ‘थार महोत्सव’ का आयोजन 10 साल के बाद पुन: शुरू किया गया।
  • बाड़मेर में इससे पहले वर्ष 2012 में थार महोत्सव का आयोजन किया गया था। वर्ष 1986 से 2012 तक लगातार इसका आयोजन किया गया था।
  • पश्चिमी राजस्थान की लोक कला, संस्कृति, परंपरा, लोक संगीत, लोक जीवन, थार की जीवन- शैली, इतिहास से दुनिया को रू-ब-रू कराने के उद्देश्य से वर्ष 1986 में ज़िला प्रशासन ने थार महोत्सव की शुरुआत की थी।
  • बाड़मेर ज़िले में तिलवाड़ा पशु मेला, महाबार के मखमली धोरे, नाकोड़ा का धार्मिक पर्यटन, मुनाबाव का बॉर्डर, किराडू के मंदिर, बीसू के मंदिर, पचपरदा के नमक के पिरामिड, सिवाना का किला, हल्देश्वर की पहाड़ियाँ, गेर नृत्य और यहाँ की पशु समृद्धि के साथ ही मरु उद्यान भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश पावर जेनरेटिंग कंपनी और नेशनल पावर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के मध्य अनुबंध

चर्चा में क्यों?

30 मार्च, 2022 को मध्य प्रदेश पावर जेनरेटिंग कंपनी लिमिटेड एवं राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (नेशनल पावर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट-एनपीटीआई) के मध्य पावर जेनरेटिंग कंपनी के कार्मिकों के प्रशिक्षण हेतु एक दीर्घकालीन प्रशिक्षण अनुबंध हस्ताक्षरित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अनुबंध के तहत नेशनल पावर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट द्वारा मध्य प्रदेश पावर जेनरेटिंग कंपनी के कार्मिकों को विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधकीय विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • मध्य प्रदेश पावर जेनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि कंपनी के इस प्रयास से कार्मिक कम व्यय पर अधिक गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
  • अनुबंध के अनुसार ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के देश में स्थित दस संस्थानों द्वारा ऑफलाइन एवं ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ Switch to English

वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर महिला सशक्तीकरण पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

30 मार्च, 2022 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तीकरण पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने बेमेतरा ज़िले के विकासखंड नवागढ़ के ग्राम संबलपुर में लोधी समाज द्वारा आयोजित वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी बलिदान दिवस समारोह में यह घोषणा की।
  • यह पुरस्कार राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को प्रदान किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संबलपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा भी की।
  • उल्लेखनीय है कि भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम सन् 1857 की लड़ाई में वीरांगना अवंती बाई लोधी ने अंग्रेज़ों के खिलाफ युद्ध करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।

उत्तराखंड Switch to English

वृद्धावस्था पेंशन योजना में परिवर्तन

चर्चा में क्यों?

29 मार्च, 2022 को राज्य सरकार द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार वृद्धावस्था पेंशन की राशि 1200 रुपए से बढ़ाकर 1400 रुपए कर दी गई है।

प्रमुख बिंदु

  • नए परिवर्तनों के अनुसार, वृद्धावस्था पेंशन योजना में पात्र परिवार के वृद्ध दंपति को वर्ष में 14400 रुपए के स्थान पर 33600 रुपए की राशि प्राप्त होगी।
  • गौरतलब है कि पहले वृद्धावस्था पेंशन वृद्ध दंपति में से किसी एक को ही मिलती थी, किंतु अब यह पेंशन पति-पत्नी दोनों को प्राप्त हो सकेगी।
  • पेंशन योजना में परिवर्तनों को पिछले वर्ष दिसंबर में घोषित करने के साथ-साथ कैबिनेट की मंज़ूरी भी प्रदान कर दी गई थी।
  • इस योजना का क्रियान्वयन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसका प्रभार वर्तमान में कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास के पास है।

राजस्थान Switch to English

राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष ने किया ‘द इकोनॉमिक बुलेटिन’ का विमोचन

चर्चा में क्यों?

29 मार्च, 2022 को राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह ने राजस्थान विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका ‘द इकोनॉमिक बुलेटिन’ का विमोचन किया।

प्रमुख बिंदु

  • बुलेटिन का प्रथम संस्करण ‘स्टेट फाइनेंसेज ऑफ राजस्थान’ राज्य की राजस्व एवं पूंजीगत प्राप्तियाँ, व्यय बजट आवंटन, ऋण एवं घाटे की स्थिति का विश्लेषण प्रस्तुत करता है।
  • इसमें राज्य की वित्तीय स्थिति पर Covid-19 के प्रभाव तथा राज्य को मिलने वाले GST Compensation पर प्रकाश डाला गया है।
  • ‘द इकोनॉमिक बुलेटिन’ पत्रिका शोधार्थियों, शिक्षाविदों एवं नीति-निर्माताओं के लिये उपयोगी साबित होगी।

राजस्थान Switch to English

सरिस्का टाइगर रिज़र्व

चर्चा में क्यों?

हाल ही में राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिज़र्व के जंगलों में लगी आग से लगभग 10 वर्ग किमी. का वन क्षेत्र गंभीर रुप से नष्ट हो गया है।

प्रमुख बिंदु

  • सरिस्का के जंगलों 27 मार्च को आग लगी थी जिसे बुझाया जा चुका था। 28 मार्च को पुन: आग भड़क गई और लगभग 10 वर्ग किमी. क्षेत्र में फैल गई।
  • यद्यपि आग के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, किंतु यह चिंता का विषय है कि ‘फायर अलर्ट’ के बावजूद आग के गंभीर रूप लेने से लगभग 10 वर्ग किमी. का वन क्षेत्र नष्ट हो गया है।
  • उल्लेखनीय है कि भारतीय वन सर्वेक्षण FSI द्वारा आग के संबंध में अलर्ट भेजा गया था, जिसका श्रेय नासा-इसरो- FSI के उपग्रह आँकड़ों पर सहयोग को जाता है।
  • सरिस्का टाइगर रिज़र्व राजस्थान के अलवर ज़िले में अवस्थित है, जहाँ बाघ, भारतीय तेंदुआ, चीतल, सांभर आदि वन्यजीव पए जाते हैं।
  • यह उत्तरी अरावली तेंदुआ एवं वन्यजीव गलियारे से संबंधित महत्त्वपूर्ण जैव विविधता क्षेत्र है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow