प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

मध्य प्रदेश स्टेट पी.सी.एस.

  • 31 Jan 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश में बनेगा भारत का पहला जियो पार्क

चर्चा में क्यों?

29 जनवरी, 2022 को जबलपुर से लोकसभा सांसद राकेश सिंह ने बताया कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) ने मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी के तट पर लम्हेटा गाँव में देश के पहले जियो पार्क की स्थापना को मंजूरी दे दी है।

प्रमुख बिंदु

  • इस पार्क की स्थापना मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 35 करोड़ रुपए की लागत से की जाएगी। GSI ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिये 1.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। 
  • गौरतलब है कि यह स्थल प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के लिये यूनेस्को की भू-विरासत की अस्थायी सूची में पहले से मौजूद है।
  • नर्मदा घाटी में, विशेषरूप से जबलपुर के भेड़ाघाट-लम्हेटा घाट क्षेत्र में कई डायनासोर के जीवाश्म पाए गए थे। 1828 ई. में भारतीय सिविल सेवा अधिकारी विलियम स्लीमैन द्वारा लम्हेटा बेड से पहला डायनासोर जीवाश्म एकत्र किया गया था।
  • भेड़ाघाट जो सफेद संगमरमर की चटेानी संरचना के लिए जाना जाता है, में 15.20 करोड़ रुपये की लागत से एक विज्ञान केंद्र भी बनाया जाएगा, जिसकी लागत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा साझा की जाएगी।

मध्य प्रदेश Switch to English

‘बीटिंग द रिट्रीट’ के साथ संपन्न हुआ गणतंत्र दिवस समारोह

चर्चा में क्यों?

29 जनवरी, 2022 को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ‘बीटिंग द रिट्रीट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी के साथ इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ।

प्रमुख बिंदु

  • ‘बीटिंग द रिट्रीट’ कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल मंगूभाई पटेल को सम्मान प्रकट करने के साथ हुई। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस के ब्रास बैंड, मास्ड बैंड, पाइप बैंड और आर्मी बैंड ने सामूहिक वादन की मनोहारी प्रस्तुति दी। 
  • पुलिस ब्रास बैंड द्वारा देशभक्ति, फिल्मी, भारतीय शास्त्रीय संगीत, भारतीय राग और पाश्चात्य क्लासिकल संगीत की मनोहारी धुनें निकाली गईं। इसी कड़ी में हिन्दी फिल्मों के गीतों की सुमधुर संगीतमय प्रस्तुति दी गईं। इसके बाद सभी बैंड द्वारा मार्चपास्ट करते हुए बैंडवार सामूहिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
  • उल्लेखनीय है कि देश में ‘बीटिंग द रिट्रीट’ कार्यक्रम आयोजित करने वाला मध्य प्रदेश एकमात्र राज्य है, जहाँ प्रतिवर्ष 29 जनवरी को पुलिस द्वारा राजधानी भोपाल में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में रायसीना हिल्स के विजय चौक पर भारतीय थल सेना, वायु सेना और जल सेना के बैंड दलों द्वारा वादन एवं मार्चपास्ट की आकर्षक सामूहिक प्रस्तुति राष्ट्रपति के समक्ष की जाती है।
  • विदित हो कि ‘बीटिंग द रिट्रीट’ का आयोजन अर्ध सैन्य बलों की एक सुदीर्घ प्राचीन परंपरा है, जब युद्ध के बाद सैन्य टुकड़ियाँ वापस अपने कैंपों में आती थीं, तब युद्ध के तनाव को कम करने के लिये मनोरंजक बैंड वादन का कार्यक्रम रखा जाता था। भारत में इस कार्यक्रम के साथ ही गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का औपचारिक समापन होता है।

मध्य प्रदेश Switch to English

फरवरी को ‘स्वच्छता संकल्प माह’ के रूप में मनाया जाएगा

चर्चा में क्यों?

29 जनवरी, 2022 को मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार फरवरी-2022 को ‘स्वच्छता संकल्प माह’ के रूप में मनाया जाएगा। ‘स्वच्छता संकल्प माह’ एक से 28 फरवरी तक आयोजित होगा।

प्रमुख बिंदु

  • ‘स्वच्छता संकल्प माह’ का उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 की तैयारी पूरी कर प्रदेश को देश में सर्वोच्च स्थान पर लाना है।
  • मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में प्रत्येक निकाय को ओडीएफ प्रमाणीकरण प्राप्त करने, गार्बेज-फ्री सिटी की स्टार रेटिंग में नगर निगमों को 5-स्टार तथा अन्य नगरीय निकायों को न्यूनतम 3-स्टार प्राप्त करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रेरक दौड़ श्रेणी में सभी निकायों को कम-से-कम गोल्ड/सिल्वर प्राप्त करने के निर्देश भी दिये हैं।
  • स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में जिला कलेक्टरों को भी पुरस्कृत किया जाना है। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिये सभी नगरीय निकायों में 26 जनवरी से ‘स्वच्छ प्रतिष्ठान’ सर्वेक्षण भी शुरू किया गया है।
  • ‘स्वच्छता संकल्प माह-2022’ के लिये जारी कैलेंडर में एक से 5 फरवरी तक थीम स्टार रेटिंग, 6 से 10 फरवरी तक ओडीएफ, 11 से 15 फरवरी तक सिटीजन फीडबैक और एंगेजमेंट, 16 से 20 फरवरी तक समस्त अधो-संरचना निर्माण गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इस दौरान 16 से 20 फरवरी तक एफएसटीपी का मटेरियल रिकवरी केंद्रों, कंपोस्टिंग इकाइयों और सामुदायिक तथा सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री द्वारा 21 से 25 फरवरी तक संवाद, समीक्षा एवं अधो-संरचनाओं का लोकार्पण, 25 से 27 फरवरी तक स्वच्छ सर्वेक्षण और 28 फरवरी को समापन गतिविधि की जाएगी। समापन दिवस पर नगरीय निकायों की टीम कचरा संग्रहण वाहनों के साथ नगर में भ्रमण करेगी। यह दिन पृथक्कीकृत कचरा संग्रहण दिवस के रूप में आयोजित किया जाएगा। साथ ही वार्डों में कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों और सहयोगियों को शॉल, श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow