प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 29 Aug 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश की गीतिका श्रीवास्तव पाकिस्तान में चार्जे डी’अफेयर्स के तौर पर नियुक्त

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार ने उत्तर प्रदेश की रहने वाली गीतिका श्रीवास्तव को पाकिस्तान में चार्जे डी'अफेयर्स के तौर पर नियुक्त किया है।

प्रमुख बिंदु

  • जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश की रहने वाली गीतिका श्रीवास्तव को पाकिस्तान में भारतीय दूतावास का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने डॉ. सुरेश कुमार की जगह ली है।
  • वह पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्हें भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से इस प्रति‍ष्ठित भूमिका के लिये चुना गया है।
  • गीतिका की नियुक्ति तब हुई है, जब पाकिस्तान ने भारत में नए प्रभारी के तौर पर साद वारियाच को ज़िम्मेदारी दी है। साद, पाकिस्तान उच्चायोग में एजाज खान की जगह लेंगे।
  • विशेषज्ञों के मुताबिक भारत और पाकिस्तान, दोनों ही देशों के इतिहास में महिलाओं ने कूटनीति में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समय के साथ, राजनयिक प्रयासों और वार्ताओं में महिलाओं को शामिल करने के महत्त्व की मान्यता बढ़ रही है। साथ ही कई टीमों के बीच एक प्रतिष्ठित भूमिका के लिये गीतिका की नियुक्ति दोनों पक्षों के बीच जटिल संबंधों को संबोधित करने में अधिक प्रभावी हो सकती है।
  • गीतिका ऐसे समय में पाकिस्तान जाएंगी, जब दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। गीतिका, भारत के शीर्ष महिला राजनयिक क्लब में एक और सदस्य हैं। उनकी नियुक्ति से पहले पाकिस्तान में ब्रिटेन की पहली महिला उच्चायुक्त ने भी कार्यभार संभाला है।
  • गीतिका ने बतौर राजनयिक अपना करियर करीब 20 साल पहले शुरू किया था। साल 2005 में वह फर्स्ट सेक्रेटरी (मीडिया, संस्‍कृति और वीज़ा) के तौर पर चीन में तैनात हुई थीं। चीनी भाषा मंदारिन पर उनकी अच्छी कमांड है। वह विदेश कार्यालय में इंडो-पैसिफिक डिवीज़न की प्रभारी संयुक्त सचिव भी रह चुकी हैं। विदेश मंत्रालय का इंडो-पैसिफिक डिवीज़न आसियान, आईओआरए, एफआईपीआईसी और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अन्य संस्थाओं के साथ भारत की बहुपक्षीय कूटनीति की देखभाल करता है।
  • मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली गीतिका, कोलकाता में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी और विदेश मंत्रालय के आईओआर डिवीज़न में निदेशक के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
  • साल 2019 से ही भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। पाकिस्तान में कोई भी पूर्णकालिक उच्चायुक्त नहीं है। 5 अगस्त, 2019 को जब भारत ने ज़म्मू-कश्मीर को मिला विशेष दर्जा रद्द किया था तो पाकिस्तान ने इसे भारत सरकार का अवैध कदम करार दिया था। साथ ही राजनयिक संबंधों को कम करने का फैसला किया था।


बिहार Switch to English

बिहार के 3 अध्यापकों को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

27 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के तहत देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों की घोषणा कर दी है। इसके तहत बिहार के तीन शिक्षक देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों की सूची में शामिल किये गए हैं।

प्रमुख बिंदु

  • देश भर के सभी राज्यों से 2023 के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिये 100 से अधिक शिक्षकों ने प्रेजेंटेशन में भाग लिया था।
  • स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देश के 50 शिक्षकों को इस पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है।
  • जानकारी के अनुसार बिहार से 6 शिक्षकों की सूची केंद्र सरकार को भेजी गई थी, जिसमें तीन शिक्षकों को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में चयनित किया गया।
  • इन शिक्षकों में आदर्श गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामगढ़ के शिक्षक अनिल कुमार सिंह, सीतामढ़ी के मिडिल स्कूल मधुबन के शिक्षक द्विजेंद्र कुमार सुमन और किशनगंज में उच्च विद्यालय सिंघिया की शिक्षका कुमारी गुड्डी को चयनित किया गया है।
  • चयनित अध्यापकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।

राजस्थान Switch to English

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के विभिन्न प्रस्तावों का किया अनुमोदन

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिये जाने की बजट घोषणा की क्रियान्विति में पर्यटन विभाग से प्राप्त विभिन्न प्रस्तावों का प्रशासनिक अनुमोदन किया। इस अनुमोदन से पर्यटन इकाइयों का कार्य सुगम होगा।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री द्वारा दी गई स्वीकृति से पूर्व में स्वीकृत दस्तावेज़ों के साथ-साथ अन्य दस्तावेज़ों के आधार पर भी पर्यटन इकाइयों के पक्ष में एंटाइटलमेंट सर्टिफिकेट जारी किया जा सकेगा।
  • इसके तहत आरटीडीसी तथा आरएसएचसी की इकाइयों के कार्यकारी निदेशक की स्वघोषणा, राज्य सरकार के अधीन राजकीय संग्रहालय के लिये निदेशक पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग की स्वघोषणा किया जाना प्रस्तावित है।
  • इनके अलावा केंद्र सरकार के अधीन राजकीय संग्रहालय से संबंधित मंत्रालय के राज्य में पदस्थापित वरिष्ठतम अधिकारी की स्वघोषणा, रीको औद्योगिक क्षेत्रों में होटल प्रयोजनार्थ आवंटित भूखंडों के संबंध में भू-आवंटन आदेश एवं ग्रामीण क्षेत्र में राजस्व विभाग/ज़िला कलक्टर द्वारा भू-संपरिवर्तन आदेश के आधार पर भी एंटाइटलमेंट सर्टिफिकेट जारी किया जाना प्रस्तावित है।
  • मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार सभी इकाइयों से बिज़नेस रजिस्ट्रेशन नंबर (BRN) लिया जाना अनिवार्य किया जाएगा। वहीं, 10 या अधिक कमरों के होटल, बजट होटल एवं मोटल को भी पर्यटन इकाई के रूप में सम्मिलित किया जाएगा।
  • साथ ही, वित्त विभाग द्वारा फरवरी, 2022 में जारी अधिसूचना, जिसमें पर्यटन प्रयोजनार्थ संपरिवर्तित या उपयोग में ली जा रही भूमियों की बाज़ार दरों के संबंध में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय या पर्यटन विभाग से अनुमोदन का प्रावधान किया गया है।
  • इसके अलावा, नया स्पष्टीकरण प्रतिस्थापित कर RIPS-2022 के तहत ईसी का प्रावधान किया जाएगा।

राजस्थान Switch to English

मुख्यमंत्री का महत्त्वपूर्ण निर्णय - न्यूनतम मज़दूरी में 26 रुपए प्रतिदिन की होगी बढ़ोतरी

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने श्रमिकों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल देने का अहम निर्णय लेते हुए प्रत्येक श्रेणी के लिये न्यूनतम मज़दूरी की दरों में 26 रुपए प्रतिदिन की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी है।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री की मंज़ूरी के बाद अब अकुशल श्रमिक को 259 रुपए के स्थान पर 285 रुपए प्रतिदिन या 7410 रुपए प्रतिमाह, अर्द्धकुशल श्रमिक को 271 रुपए के स्थान पर 297 रुपए प्रतिदिन या 7722 रुपए प्रतिमाह मज़दूरी प्राप्त होगी।
  • इसके अलावा, कुशल श्रमिक को 283 रुपए के स्थान पर 309 रुपए प्रतिदिन या 8034 रुपए प्रतिमाह तथा उच्च कुशल श्रमिक को 333 रुपए के स्थान पर 359 रुपए प्रतिदिन या 9334 रुपए प्रतिमाह मज़दूरी प्राप्त होगी।
  • मज़दूरों एवं कामगारों के आर्थिक हित को देखते हुए पुनरीक्षित दरों को एक जनवरी, 2023 से प्रभावी किया गया है।
  • विदित है कि श्रम विभाग द्वारा न्यूनतम मज़दूरी अधिनियम, 1948 के तहत 56 नियोजनों में न्यूनतम मज़दूरी की वर्तमान में प्रभावी दरों में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक जुलाई, 2021 से दिसंबर, 2022 तक हुई 687 अंकों की वृद्धि के अनुसार न्यूनतम मज़दूरी दरों में प्रतिदिन 26 रुपए की वृद्धि करने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया था।  
  • उल्लेखनीय है कि न्यूनतम मज़दूरी की दरों में पिछली वृद्धि 7 रुपए प्रतिदिन की दर से एक जुलाई, 2021 से लागू की गई थी।

मध्य प्रदेश Switch to English

मुख्यमंत्री ने वित्त सेवा अधिकारी संघ की पुस्तक ‘वित्त व्यवस्था’ का किया विमोचन

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में वित्त सेवा अधिकारी संघ द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘वित्त व्यवस्था’ का विमोचन किया।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री को संघ के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि ‘वित्त व्यवस्था’ पुस्तक में जुलाई 2023 तक के सामान्य प्रशासन, वित्त, स्वास्थ्य, उद्योग आदि विभागों के नियम, निर्देशों का संकलन कर उनकी सरल भाषा में व्याख्या की गई है।
  • पुस्तक प्रदेश के समस्त शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिये पर्याप्त संदर्भ सामग्री उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
  • पुस्तक से वित्त विभाग के नियम निर्देशों को समझना भी अधिकारियों-कर्मचारियों के लिये सरल होगा। नियमों की सरल व्याख्या, राज्य के अधिकारियों के प्रतिदिन के कार्यों में उपयोगी साबित होगी तथा उनकी कार्य कुशलता और कार्यों में शुद्धता को बढ़ाएगी।

मध्य प्रदेश Switch to English

साँची सोलर सिटी कम करेगी लगभग 14000 टन कार्बन उत्सर्जन

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश की पहली सोलर सिटी साँची में ग्रिड कनेक्टेड संयंत्र, रूफटॉप, सोलर घरेलू उपकरण, सौर संचालित सार्वजनिक सुविधाओं के संयंत्रों और ई-मोबिलिटी से सालाना 13 हज़ार 747 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।

प्रमुख बिंदु

  • सम्राट अशोक द्वारा बनवाए गए प्रथम स्तूप से देश-विदेश में विख्यात भोपाल से 46 किलोमीटर दूर स्थित साँची शहर ने अब सौर ऊर्जा निर्माण में भी अपनी नई पहचान बनानी शुरू कर दी है।
  • साँची में 8 मेगावाट के ग्रिड कनेक्टेड संयंत्र स्थापित किये गए हैं। इनसे अनुमानित ऊर्जा उत्पादन 147.2 लाख यूनिट है। साल में इससे 6 करोड़ 3 लाख रुपए की बचत के साथ 12 हज़ार 656 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
  • शहर के भवनों पर 235 किलोवाट के रूफटॉप सिस्टम स्थापित किये गए हैं, जिनसे 5 लाख यूनिट से अधिक ऊर्जा उत्पादन होगा और सालाना 22 लाख 65 हज़ार रुपए तथा 438 टन कार्बन उत्सर्जन की बचत होगी।
  • घरेलू उपकरण- सोलर स्टडी लैंप, लालटेन, स्टेंड-लैंप से 11 टन, ऊर्जा दक्ष उपकरण, जैसे- एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट और बीएलडीसी सीलिंग फैन से 452 टन, सार्वजनिक सुविधाओं के लिये स्थापित किये गए 54.45 किलोवाट के सौर संयंत्रों से 171 टन और ई-मोबिलिटी से 19 टन कार्बन की कमी होगी।
  • यह कमी पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिये भी हितकर होगी। इन सबसे लगभग 160 लाख यूनिट ऊर्जा के साथ 7 करोड़ 18 लाख रुपए की बचत होगी।

हरियाणा Switch to English

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023: हरियाणा के नीरज चोपड़ा बने पहले भारतीय वर्ल्ड चैंपियन

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में हरियाणा के पानीपत ज़िले के नीरज चोपड़ा 88.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ, सीनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।

प्रमुख बिंदु

  • विदित है कि नीरज चोपड़ा पहले ही ओलंपिक (टोक्यो 2020), डायमंड लीग खिताब (2022) और जूनियर विश्व चैंपियनशिप (2016) में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड एथलीट थे।
  • पुरुषों के भाला फेंक में 89.94 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड रखने वाले नीरज चोपड़ा ने पिछले साल ओरेगॉन में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। यह वैश्विक ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिता में भारत का पहला रजत पदक था और अंजू बॉबी जॉर्ज द्वारा पेरिस 2003 में महिलाओं की लंबी कूद में कांस्य जीतने के बाद देश का दूसरा पदक था।
  • मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम ने सीज़न के अपने सर्वश्रेष्ठ 87.82 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज्च ने 86.67 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
  • बुडापेस्ट में 12 सदस्यीय भाला फेंक फाइनल में अन्य दो भारतीय एथलीटों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। किशोर जेना 84.77 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ पाँचवें स्थान पर रहे, जबकि डीपी मनु 84.14 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे।

झारखंड Switch to English

झारखंड के सभी प्रखंडों में लगेगा स्वास्थ्य मेला

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य के सभी 263 प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। इसका आयोजन 14 से 18 सितंबर तक उस क्षेत्र की सामाजिक-सांस्कृतिक व्यवस्था, रोग प्रसार को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य नोडल पदाधिकारी ने बताया कि मेले में खासकर जनजातीय क्षेत्रों के लिये बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जाएंगी।
  • यह कार्यक्रम आयुष्मान भारत, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। इसके लिये हर प्रखंड के लिये एक लाख की राशि मंज़ूर की गई है।
  • इस दौरान डॉक्टर्स के साथ ही प्रशिक्षित मेडिकल स्टॉफ लोगों का हेल्थ चेकअप कर उनका इलाज करेंगे। मेले में आयुष के तहत आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होमियोपैथी से जुड़े उपचार की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
  • स्वास्थ्य मेले में सामान्य चिकित्सा, बाल स्वास्थ्य, कंगारू मदर केयर, टीकाकरण, परिवार नियोजन, ईएनटी जाँच, धूम्रपान के सेवन का बुरा प्रभाव, कैंसर नियंत्रण, टीबी, मलेरिया की जाँच व जानकारी दी जाएगी। साथ ही, कई बीमारियों की जाँच व मौखिक स्वास्थ्य जाँच की जाएगी।
  • मेले में स्टॉल लगाकर लोगों को आयुष्मान कार्ड सहित डिजिटल स्वास्थ्य आईडी का निर्माण किया जाएगा। इसमें सभी प्रकार की स्वास्थ्य गतिविधियों की जाँच, उपचार और मुफ्त दवा का वितरण शामिल है।
  • इसमें मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अलावा कम्युनिकेबल और नॉन कम्युनिकेबल डीजीजेज़ (बीमारियों) की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर जानकारी दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ Switch to English

स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेज़ी माध्यम स्कूल के प्राचार्य डॉ. बृजेश पांडेय राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिये चयनित

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम स्कूल ब्रम्हपारा, अंबिकापुर के प्राचार्य डॉ. बृजेश पांडेय का चयन राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2023 के लिये हुआ है।

प्रमुख बिंदु

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्राचार्य डॉ. पांडेय को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित करेंगी।
  • राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिये चयनित डॉ. बृजेश पांडेय ने विज्ञान के प्रति अभिरुचि जगाने के साथ बाल वैज्ञानिकों को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया। उनके दिशा-निर्देशन में कई बाल वैज्ञानिकों का मॉडल राष्ट्रीय स्तर में प्रदर्शित हो चुका है।
  • डॉ. बृजेश पांडेय वर्ष 2018 में राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। प्राथमिक शिक्षा के बच्चों के लिये एक्टिविटी बुक के निर्धारण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे ने डॉ. बृजेश पांडेय को बधाई देते हुए कहा है कि प्रदेश में बच्चों को अंग्रेज़ी माध्यम की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिये स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम स्कूलों की स्थापना की गई है। डॉ. बृजेश पांडेय का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये होने से अन्य स्कूलों के शिक्षकों एवं प्राचार्यों को प्रेरणा मिलेगी।


छत्तीसगढ़ Switch to English

कौही लिफ्ट इरीगेशन योजना का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, 2500 हेक्टेयर में सिंचाई होगी

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग ज़िले के पाटन के कौही में 7 करोड़ रुपए की लागत से बनी कौही लिफ्ट इरीगेशन योजना का लोकार्पण किया। इससे 2500 हेक्टेयर में सिंचाई हो सकेगी।

प्रमुख बिंदु

  • कौही उद्वहन सिंचाई योजना से ग्राम कौही, बोरेंदा, जरवाय, केसरा, खम्हरिया, डंगनिया, तर्रीघाट, सोनपुर और सिपकोना के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने अपने कौही के पहले दौरे के अवसर पर ही यहाँ की पुरानी उद्वहन सिंचाई योजना को अपडेट करने की घोषणा की थी।
  • योजनांतर्गत इंटक वेल का रेडियस, जो पहले 6 मीटर था, इसको 12 मीटर किया गया है। वहीं 150 एच.पी. के पाँच वीटी पंप स्टॉल किये गए हैं, जिससे लिफ्ट इरीगेशन की क्षमता में कई गुणा वृद्धि हुई है।
  • संपूर्ण नहर प्रणाली का लाइनिंग कार्य भी किया गया है। कौही उद्वहन सिंचाई योजना की क्षमता बढ़ने से इस क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को राहत पहुँची है।

उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड में इसी साल से एमबीबीएस छात्रों को मिलेगा हिन्दी में पढ़ने का विकल्प

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को उत्तराखंड के देहरादून स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) हेम चंद्र ने दीक्षांत समारोह के दौरान मीडिया को बताया कि इस साल से एमबीबीएस दाखिले लेने वाले छात्रों को हिन्दी में पढ़ने का विकल्प भी दिया जाएगा। इसके लिये एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है।

प्रमुख बिंदु

  • राज्य में पहली बार इसी सत्र से हिन्दी में एमबीबीएस की पढ़ाई का विकल्प छात्रों को देने के लिये एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमचंद्र के संरक्षण में एक समिति का गठन किया गया है।
  • विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि छात्रों को आम बोलचाल की भाषा हिन्दी के साथ हिन्दी में पढ़ाई का विकल्प दिया जाएगा, जैसे- यकृत को लीवर ही लिखा गया है।
  • इस कोर्स को हिन्दी में पढ़ाने के लिये शिक्षकों को भी अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा अब हिन्दी व अंग्रेज़ी माध्यम के छात्र साथ बैठकर ही क्लास करेंगे।
  • विदित है कि कभी हरिद्वार रोड पर दो कक्षों में चलने वाला एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय आज सेलाकुई के ईस्ट होपटाउन में 92 बीघा ज़मीन पर संचालित हो रहा है।

उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल छात्रों के लिये कीं कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएँ

चर्चा में क्यों?

28 अगस्त, 2023 को उत्तराखंड के देहरादून स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घोषणा की कि राज्य के गरीब मेधावियों को अब एमबीबीएस, एमडी, एमएस की पढ़ाई करने के लिये राज्य सरकार आधी फीस देगी।

प्रमुख बिंदु

  • विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वास्थ्य मंत्री ने कई अन्य घोषणाएँ भी की हैं-
    • मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिये राज्य सरकार जल्द ही बीमा योजना लॉन्च करेगी। शोध को बढ़ावा देने के लिये उच्च शिक्षा की भाँति प्रोत्साहन योजना लागू होगी।
    • हरिद्वार मेडिकल कॉलेज अगले साल से शुरू होगा। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज वर्ष 2026 में और पिथौरागढ़ का मेडिकल कॉलेज 2027 में शुरू करेंगे।
    • राज्य के 5000 नर्सिंग पास छात्रों के लिये तीन देशों में रोज़गार के लिये सरकार ने एमओयू साइन किया है।
    • तीन हज़ार पदों पर नर्सिंग की भर्ती जल्द पूरी होने जा रही है। अब सरकार स्पेशलिस्ट डॉक्टरों का अलग कैडर भी बना रही है।
    • हिन्दी में एमबीबीएस की शुरुआत करने जा रहे उत्तराखंड में अब एमबीबीएस कोर्स में 16 संस्कार (गर्भाधान, पुंसवन, सीमन्तोन्नयन, जातकर्म, नामकरण, निष्क्रमण, अन्नप्राशन, चूड़ाकर्म, विद्यारंभ, कर्णवेध, यज्ञोपवीत, वेदारंभ, केशांत, समावर्तन, विवाह और अंत्येष्टि संस्कार) को भी में शामिल किया जाएगा। इसके लिये जल्द ही समिति गठित की जाएगी।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow