राजस्थान Switch to English
प्रदेश के 716 विद्यालय पीएम श्री योजना में बनेंगे मॉडल स्कूल
चर्चा में क्यों?
27 सितंबर, 2022 को राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के आयुक्त एवं राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मोहन लाल यादव ने बताया कि ‘पीएम श्री योजना’अर्थात् ‘प्राइम मिनिस्टर स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना’के तहत राजस्थान में 716 स्कूलों का विकास और उन्नयन किया जाएगा।
प्रमुख बिंदु
- डॉ. मोहन लाल यादव ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत प्रत्येक ब्लॉक से दो विद्यालय चयनित किये जाएंगे। एक विद्यालय प्रारंभिक शिक्षा व एक विद्यालय माध्यमिक शिक्षा का होगा। यह सभी स्कूल मॉडल स्कूल बनेंगे और इनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की पूरी भावना समाहित होगी।
- गौरतलब है कि प्रधानमंत्री द्वारा 5 सितंबर, 2022 को पीएम श्री योजना शुरू करने की घोषणा की गई थी। इस योजना के माध्यम से अपग्रेड किये गए स्कूलों में शिक्षा प्रदान करने का एक आधुनिक, परिवर्तनकारी और समग्र तरीका लाया जाएगा। इसमें नवीनतम तकनीक, स्मार्ट क्लास, खेल और आधुनिक अवसंरचना पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- पीएम श्री योजना के तहत अपग्रेड किये गए स्कूलों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सभी घटकों की झलक दिखाई देगी और ये अनुकरणीय स्कूलों की तरह कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य स्कूलों का मार्गदर्शन भी करेंगे।
- चयन प्रक्रिया त्रिस्तरीय होगी। यू-डाईस प्लस डाटा के आधार पर विद्यालयों का चयन होगा। निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले विद्यालय चयनित होंगे। विद्यालयों द्वारा ऑनलाईन चैलेंज पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जाएगा, पोर्टल 1 अक्टूबर, 2022 से प्रारंभ होगा। राज्य द्वारा इनका भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
- उक्त योजना 2022-23 से 2026-27 तक के लिये मंजूर हुई है तथा 5 वर्ष के लिये 27360 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान है। राजस्थान के लिये लगभग 1500 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान है।

