प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 28 Apr 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश के कस्तूरबा विद्यालयों से हटाए जाएंगे सभी पुरुष स्टाफ

चर्चा में क्यों?

27 अप्रैल, 2023 को मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में प्रदेशभर में संचालित 746 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कार्यरत सभी पुरुष स्टाफ को हटाया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • उत्तर प्रदेश स्कूली शिक्षा महानिदेशक और समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर शैक्षणिक/शिक्षणेत्तर पुरुष कार्मिक का नवीनीकरण न करने का आदेश दिया है।
  • उत्तर प्रदेश स्कूली शिक्षा का यह कदम कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में आवासीय सुविधा के साथ कक्षा छह से आठ तक की शिक्षा ग्रहण कर रहीं छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत लिया गया है।
  • ज्ञातव्य है कि शिक्षा मंत्रालय में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के संयुक्त सचिव ने 12 अक्टूबर, 2022 को पत्र लिखकर कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सभी पदों पर महिला कार्मिकों की ही नियुक्ति किए जाने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में 2023-24 शैक्षणिक सत्र में पुरुष स्टाफ का नवीनीकरण न करने और रिक्त हो रहे पदों पर सिर्फ महिलाओं को नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में वार्डेन से लेकर चौकीदार तक सभी कार्मिकों को संविदा पर रखा जाता है। राज्य में कानपुर नगर और औरैया ज़िलों को छोड़कर सभी जिलों के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक कस्तूरबा विद्यालय संचालित है।
  • कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में केवल महिला कार्मिकों के नवीनीकरण के आदेश से एक हज़ार से अधिक पुरुष स्टाफ के प्रभावित होने का अंदेशा है।
  • प्रदेशभर के 746 विद्यालयों में अधिकांश लेखाकार और चौकीदार पुरुष हैं। कुछ जगहों पर शिक्षक भी पुरुष हैं। ऐसे में प्रत्येक स्कूल पर दो पुरुष कार्मिक का भी अनुमान लगा लें तो डेढ़ हज़ार के आसपास स्टाफ प्रभावित होगा।

राजस्थान Switch to English

राजस्थान हाउसिंग बोर्ड को मिला रियल एस्टेट का राष्ट्रीय अवार्ड

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को केंद्र सरकार की एजेंसी नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (NAREDCO) ने राजस्थान आवासन मंडल को रियल एस्टेट का राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान किया।

प्रमुख बिंदु

  • नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन बंदेलकर और रेरा दिल्ली के चेयरमैन और वरिष्ठ आईएएस आनंद कुमार ने एक राष्ट्रीय स्तर के समारोह में राजस्थान आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा को इस सम्मान से नवाज़ा।
  • राजस्थान आवासन मंडल को देश में सर्वाधिक हाउसिंग प्रोजेक्टस रेरा में रजिस्टर्ड करने, सर्वाधिक आवास विक्रय करने और रियल एस्टेट के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिये इस महत्त्वपूर्ण सम्मान से नवाजा गया।
  • विदित है कि मंडल को यह पुरस्कार केंद्रीय आवासन मंत्री हरदीप पुरी द्वारा दिया जाना था, लेकिन प्रधानमंत्री की समीक्षा बैठक के चलते वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
  • इससे पहले समारोह में ‘रियल एस्टेट इन द एरा ऑफ रेरा’ विषय के पैनल डिस्कशन के लिये राजस्थान आवासन आयुक्त को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। इसी मंच पर आवासन आयुक्त को सम्मानित भी किया गया।
  • आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने इस मौके पर कहा कि आवासों में रेरा रजिस्ट्रेशन आईएसआई मार्का की तरह काम करता है। उन्होंने कहा कि रेरा आमजन और खरीददार में डेवलपर और बिल्डर के प्रति भरोसा बढ़ाता है और तय समयावधि में बेहतरीन गुणवत्ता के साथ आवास उपलब्ध कराने की सुनिश्चितता लाता है।
  • आवासन आयुक्त ने कहा कि 101 प्रोजेक्ट रेरा नंबर रजिस्टर्ड करवाने वाली सबसे बड़ी संस्था राजस्थान आवासन मंडल बन गया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर सरकारी एजेंसियाँ रेरा रजिस्ट्रेशन से बचती हैं, लेकिन मंडल ने ग्राहकों के विश्वास की खातिर सभी प्रोजेक्ट को रेरा में रजिस्टर्ड करवाया है।
  • गौरतलब है कि आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा की अगुवाई में पिछले चार वर्षों में मंडल को कुल 15 अवार्ड मिल चुके हैं। इनमें मकान विक्रय में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्डस, स्कॉच अवार्ड-2021, अवार्ड ऑफ एक्सीलेंसी, नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल द्वारा सम्मान, नेशनल हाउसिंग अवार्ड, आई.बी.सी. और ‘स्टार ऑफ गवर्नेंस-गोल्ड अवार्ड’ जैसे प्रतिष्ठित अवार्ड शामिल हैं।


मध्य प्रदेश Switch to English

कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में तीन दिवसीय इंटरनेशनल वाईल्ड लाईफ कॉन्फ्रेंस

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को मध्य प्रदेश जन संपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में 27 से 29 अप्रैल तक ‘इंटरनेशनल वाईल्ड लाईफ कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन प्रदेश में वानिकी अनुसंधान का एक शतक पूरे होने और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नर्मदापुरम में 27 मार्च, 2022 को की गई घोषणा के अनुरूप किया जाएगा।
  • अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में वन्य-जीव विशेषज्ञ-पँभूषण डॉ. एच.एस. पवार सहित दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के ख्यातिलब्ध वन्यजीव विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।
  • आज़ादी के अमृतकाल में प्रधानमंत्री के उद्देश्यों के अनुरूप इकोनॉमी और इकोलॉजी की नीति को अपनाते हुए देश के सर्वांगीण विकास के लिये निष्कर्ष निकालना कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य है।
  • वन विभाग और राज्य वन अनुसंधान ‘वन्य-जीव संरक्षण उभरता परिदृश्य एवं इस भावी रणनीति’ विषय पर वन्य-प्राणी प्रबंधन-संरक्षण, पुनर्वास और मध्य प्रदेश सहित भारत में एक आदर्श पारिस्थितिक संतुलन बनाने के लिये इस क्षेत्र के विशेषज्ञ, शोधकर्त्ता और पेशेवर 4 तकनीकी विषय पर शोध पत्र एवं वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।
  • इसके साथ ही वन्य-प्राणी प्रबंधन, संरक्षण और पुनर्वास जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर वर्तमान परिदृश्यों पर गहन मंथन कर भविष्य की रणनीति और नीतियाँ तय की जाएंगी।
  • कॉन्फ्रेंस, वन्य-जीव जनसंख्या प्रबंधन, वन्य-जीव आवास पारिस्थितिकी, वन्य-जीव नीति के मुद्दे चुनौतियाँ और मानव वन्य-जीव संघर्ष और शमन उपाय जैसे तकनीकी विषयों पर होगी।

झारखंड Switch to English

राँची में 28 अप्रैल से शुरू होगा इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को झारखंड चेंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने चेंबर भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि झारखंड चेंबर और जीएस मार्केटिंग एसोसिएट्स के संयुक्त तत्त्वावधान में मोरहाबादी मैदान में 11 दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर 28 अप्रैल से शुरू होगा।

प्रमुख बिंदु

  • 11 दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का उद्घाटन राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे। इस मेगा ट्रेड फेयर का समापन 8 मई को होगा।
  • विदित है कि झारखंड चेंबर और वर्ल्ड डिजाइनिंग फोरम के संयुक्त तत्त्वावधान में पाँच दिवसीय ऑनलाइन सर्टिफिकेट स्किल अपग्रेडिंग प्रोग्राम की शुरुआत चेंबर भवन में हुई।
  • चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि झारखंड चेंबर की ओर से सभी प्रतिभागियों को मोरहाबादी मैदान में लगाए जा रहे मेगा ट्रेड फेयर में एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट 30 अप्रैल को प्रदान किया जाएगा।
  • यह वर्कशॉप फैशन डिजाइनर, लघु एवं मध्यम वस्त्र उद्योग एवं बुटिक उद्योग से जुड़े उद्यमियों के लिये उपयोगी है। यह वर्कशॉप पूरे देश में चलाया जा रहा है।
  • झारखंड चेंबर के पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में ज़रूरत के हर सामान मिलेंगे। प्रत्येक 3,000 रुपए की खरीदारी पर निश्चित उपहार मिलेगा।

झारखंड Switch to English

दुमका में मयूराक्षी नदी पर झारखंड का सबसे लंबा पुल बनकर तैयार

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार दुमका में मयूराक्षी नदी पर झारखंड का सबसे लंबा पुल बनकर तैयार हो गया है। 2340 मीटर लंबी इस पुल के निर्माण में 198 करोड़ से अधिक की राशि लगी है।

प्रमुख बिंदु

  • यह पुल दुमका सदर प्रखंड के कुमड़ाबाद को मसलिया के मकरमपुर को जोड़ते हुए सिंगरी-हरको पथ से जोड़ती है।
  • इस उच्चस्तरीय पुल के बन जाने से ज़िले की एक बड़ी आबादी दुमका शहर के 14-15 किलोमीटर नजदीक आ गई है। पुल बनने से पहले मकरमपुर से दुमका ज़िला मुख्यालय की दूरी 30 किलोमीटर से भी अधिक थी।
  • पहुँच पथ सहित 2.800 किलोमीटर लंबे इस पुल की चौड़ाई 16 मीटर हैं। हालाँकि बीच में सात स्पैन के बीच पुल को 30 मीटर चौड़ा किया गया है, जो सेल्फी प्वाइंट से लेकर पार्क़िग जोन भी साबित होगा।
  • विदित है कि मकरमपुर सहित कई गाँव ऐसे हैं, जो पहले दुमका शहर से सटे थे। मसानजोर डैम बनने के बाद बीच का इलाका डूब गया, तो मकरमपुर की आधी आबादी डैम के डूबक्षेत्र के उस पार रह गई थी। अब पुल बन जाने से ऐसे मसानजोर विस्थापित को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। कॉलेज आने-जाने में युवाओं को सहुलियत होगी, तो व्यापार-रोजी-रोज़गार भी समृद्ध होगा।

छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन संघ द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल पुस्तक का किया विमोचन

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन संघ द्वारा तैयार की गई कॉफी टेबल पुस्तक का विमोचन किया।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने पुस्तक के प्रकाशन पर ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला और हथकरघा संघ की प्रबंध संचालक रेखा शुक्ला को बधाई दी और कहा कि यह कॉफी टेबल पुस्तक छत्तीसगढ़ के हथकरघा वस्त्रों के प्रचार-प्रसार में बहुत उपयोगी साबित होगी।
  • प्रबंध संचालक रेखा शुक्ला ने बताया कि इस पुस्तक का नाम ‘मंगठा’ रखा गया है। छत्तीसगढ़ी भाषा में हथकरघा को ‘मंगठा’ भी कहते हैं।
  • इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ में बुने जाने वाले कोसा, खादी और कॉटन की साड़ियों की निर्माण प्रक्रिया की पूरी जानकारी और विभिन्न प्रकार की साड़ियों को सुंदर चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।
  • यह पुस्तक छत्तीसगढ़ के हैंडलूम बुनकरों को समर्पित है, पूरे देश में छत्तीसगढ़ हैंडलूम के प्रचार-प्रसार में इसका बहुत अच्छा उपयोग होगा।


उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड के परिवहन मंत्री चंदन रामदास का निधन

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को उत्तराखंड के परिवहन मंत्री चंदन रामदास का निधन हो गया है। उन्होंने बागेश्वर के एक अस्पताल में अंतिम साँस ली।

प्रमुख बिंदु

  • परिवहन मंत्री चंदन रामदास बागेश्वर धाम गए हुए थे, जहाँ उनकी तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बागेश्वर के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका निधन हो गया।
  • उत्तराखंड की अब तक की सरकारों में वह तीसरे कैबिनेट मंत्री हैं, जिनके निधन की वजह कोई न कोई बीमारी बनी है। उनसे पहले कुमाऊँ के दिग्गज राजनेता प्रकाश पंत और हरिद्वार ज़िले के नेता सुरेंद्र राकेश की मृत्यु कैंसर से हुई थी। सुरेंद्र राकेश कॉन्ग्रेस सरकार में मंत्री थे, जबकि प्रकाश पंत भाजपा सरकार में मंत्री थे।
  • प्रदेश के परिवहन कल्याण मंत्री बागेश्वर के विधायक चंदन रामदास का राजनीतिक करियर 1980 में शुरू हुआ। वह 1997 में नगरपालिका बागेश्वर के निर्दलीय अध्यक्ष बने। इससे पूर्व एम.बी. डिग्री कॉलेज हल्द्वानी में बी.ए. प्रथम वर्ष में निर्विरोध संयुक्त सचिव बने।
  • 2006 में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी की प्ररेणा पर चंदन रामदास भाजपा में शामिल हुए थे। 2007, 2012, 2017 और 2022 में वह लगातार चौथी बार विधायक चुने गए। उनके निधन पर 26 से 28 अप्रैल तक प्रदेश में राजकीय शोक घोषित किया गया है।


उत्तराखंड Switch to English

राज्यपाल ने ‘चारधाम साथी’ मोबाइल एप किया लॉन्च

चर्चा में क्यों?

27 अप्रैल, 2023 को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने राजभवन में स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के ‘चारधाम साथी’ मोबाइल एप को लॉन्च किया।

प्रमुख बिंदु

  • राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि इस मोबाइल एप का उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है।
  • चारधाम में आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधा के लिये यह मोबाइल एप उपयोगी साबित होगा। मोबाइल एप से यात्री नजदीकी विवेकानंद हेल्थ मिशन चिकित्सालय की जानकारी, वहाँ उपलब्ध सेवाएँ, आपातकालीन नंबर की जानकारी आदि प्राप्त कर सकेंगे।
  • विदित है कि विवेकानंद हेल्थ मिशन चारधाम यात्रा स्थलों पर इलाज की मुफ्त सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है। सोसाइटी ने उत्तराखंड में 11 स्थानों पर अपने चिकित्सालय स्थापित किये हैं। हेल्थ मिशन सोसाइटी ने अब तक लाखों मरीज़ों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएँ दी हैं।
  • सोसाइटी के सचिव डॉ. अनुज सिंघल ने बताया कि सोसाइटी की ओर से श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम व गंगोत्री धाम में आईसीयू युक्त चिकित्सालय का संचालन किया जा रहा है। इनमें लैब की सुविधा, डिजिटल एक्स-रे सुविधाएँ एवं फार्मेसी इत्यादि की मुफ्त सुविधाएँ हैं।
  • गौरतलब है कि देशभर से 60 से अधिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों ने चारधाम यात्रा चिकित्सालयों में स्वैच्छिक रूप से अपनी सेवाएँ देने की सहमति दी है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow