प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 27 Oct 2023
  • 1 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

15 ज़िलों के लिये 1300 करोड़ रुपए से अधिक की 30 जल आपूर्ति और 9 सीवरेज परियोजनाओं को मिली मंज़ूरी

चर्चा में क्यों?

23 अक्तूबर, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जलापूर्ति व सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत 15 ज़िलों के लिये 1300 करोड़ रुपए से अधिक की 30 जल आपूर्ति और 9 सीवरेज परियोजनाओं को प्रशासनिक मंज़ूरी प्रदान की है। 

प्रमुख बिंदु  

  • इन 15 ज़िलों में 1018 करोड़ रुपए की लागत की 30 जल आपूर्ति परियोजनाएँ और 283 करोड़ रुपए की लागत से 9 सीवरेज परियोजनाएँ ‘अमृत 2.0’ के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा क्रियान्वित की जाएंगी।  
  • इन ज़िलों में अंबाला, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, पंचकूला, रोहतक, फतेहाबाद, सिरसा, चरखी दादरी, यमुनानगर, करनाल, भिवानी, महेंद्रगढ़ और पलवल शामिल हैं।  
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी की 425 करोड़ रुपए से अधिक की 18 जल आपूर्ति परियोजनाएँ पाइपलाइन में हैं, जिन्हें जल्द ही मंज़ूरी प्रदान कर दी जाएगी।  
  • मुख्यमंत्री ने ज़िला सिरसा के रानिया शहर के लिये, नहर आधारित वाटर वर्क्स के निर्माण के लिये ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से भूमि की खरीद के लिये 14.15 करोड़ रुपए प्रशासनिक मंज़ूरी प्रदान की। 

हरियाणा Switch to English

महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा-112 में नई पहल है ‘सेफ जर्नी’

चर्चा में क्यों?

25 अक्तूबर, 2023 को हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि पुलिस विभाग अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जल्द ही महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा-112 पर नई पहल ‘सेफ जर्नी’अर्थात्‘सुरक्षित यात्रा’ शुरू करने जा रहा है। 

प्रमुख बिंदु  

  • पुलिस विभाग द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर शुरू की जा रही नई पहल ‘सेफ जर्नी’से महिलाओं में सुरक्षा भावना को और अधिक बल मिलेगा और वे सफर करते समय अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकेंगी। 
  • पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि प्रदेश में महिलाएँ घरों से बाहर भी अपने आप को सुरक्षित महसूस करें, इसी उद्देश्य के साथ हरियाणा-112 अब महिला यात्रियों के लिये ‘सेफ जर्नी’ अर्थात् ‘सुरक्षित यात्रा’का कॉन्सेप्ट लेकर आ रहा है।  
  • इसके तहत अब महिलाएँ 112 डायल करके अपने आप को रजिस्टर करते हुए एडवांस में अपनी यात्रा संबंधी जानकारी हरियाणा-112 की टीम के साथ शेयर कर सकेंगी। इसके लिये महिलाएँ अपनी डिटेल, जैसे- नाम, मोबाइल नंबर, प्लेस ऑफ डिपार्चर, प्लेस ऑफ अराइवल, एक्सपेक्टेड टाइम ऑफ डिपार्चर व अराइवल आदि जानकारी साझा करेंगी। इसके बाद, हरियाणा-112 की टीम महिला के संपर्क में रहेगी। इस दौरान टीम के सदस्यों द्वारा लोकेशन ट्रैक की जाती रहेगी। 
  • बैठक में एडीजीपी टेलीकॉम-आईटी ने बताया कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिये व्हाट्सएप नंबर पर भी काम किया जा रहा है और इसके माध्यम से प्रदेशवासियों को समय-समय पर हरियाणा-112 के बारे में अपडेट किया जाता रहेगा।  
  • इस नंबर के माध्यम से भी हरियाणा पुलिस की सुविधाओं व सेवाओं संबंधी जानकारी आम जनता तक पहुँचाई जाएगी, ताकि लोग आवश्यकता अनुरूप इनका लाभ उठा सकें।  
  • इसके साथ ही प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिये पब्लिक ट्रांसपोर्ट, जैसे - ओला, उबर तथा ऑटो आदि पर भी हरियाणा पुलिस द्वारा स्टिकर लगाए जा रहे हैं, जिसमें ऑटो चालक का नाम, मोबाइल नंबर, वाहन का नंबर आदि सहित अन्य जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। 
  • एडीजीपी टेलीकॉम-आईटी ने बताया कि 31 अक्तूबर तक प्रदेश में अधिकांश ज़िलों के ऑटो चालकों तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का डाटाबेस तैयार हो जाएगा।  
  • बैठक में बताया गया कि सितंबर 2023 में हरियाणा-112 के माध्यम से 5 लाख 22 हज़ार से अधिक कॉल प्राप्त हुई हैं। एमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) को शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 8 मिनट से लेकर 15 मिनट तक निर्धारित किया गया है। 


हरियाणा Switch to English

प्रदेश के 124 पीएम श्री स्कूलों का हुआ लोकार्पण

चर्चा में क्यों?

25 अक्तूबर, 2023 को रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ प्रथम चरण में प्रदेश के 124 पीएम श्री विद्यालयों का लोकार्पण किया।  

प्रमुख बिंदु  

  • इस दौरान उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार से शिक्षा विभाग के स्कूल ऐप और निपुण कार्यक्रम के मोबाइल एप्लीकेशन को भी लॉन्च किया, जिसका विद्यार्थियों को खासा लाभ मिलेगा। 
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में शुरू किये गए 4000 प्ले वे स्कूल को अब ‘बाल वाटिका स्कूल’के नाम से जाना जाएगा। सरकार द्वारा इतने ही और स्कूल भी भविष्य में शुरू किये जाएंगे। बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने के लिये आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इन स्कूलों में परिवर्तित किया गया है।  
  • उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर में और सुधार के लिये प्रथम चरण में 124 पीएम श्री स्कूलों का नए सत्र से शुभारंभ होगा तथा दूसरे चरण में 128 स्कूलों के शुभारंभ के साथ ही इन स्कूलों की संख्या 252 हो जाएगी। 
  • हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मॉडल संस्कृति स्कूलों की संख्या को 22 से बढ़ाकर 147 किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा प्रथम चरण में पीएम श्री के 124 स्कूलों के लिये 85 करोड़ रूपए की राशि प्रदान की गई है। दूसरे चरण के 128 पीएम श्री स्कूलों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है।  
  • उन्होंने प्रदेश में शुरू की गई सुपर 100 योजना के सार्थक परिणामों की चर्चा करते हुए कहा कि अब तक 252 गरीब बच्चों का नीट, 127 बच्चों का आईआईटी तथा 26 बच्चों का एमबीबीएस पाठ्यक्रमों में चयन हुआ है। सरकार द्वारा शीघ्र ही एनडीए की कोचिंग भी शुरू की जा रही है।   


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow