प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

हरियाणा स्टेट पी.सी.एस.

  • 27 Feb 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

हरियाणा में होंगी 26वीं अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिताएँ

चर्चा में क्यों?

25 फरवरी, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि राज्य में जल्द ही 26वीं अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होने वाला है। तथा प्रतियोगिता का लोगो व शुभंकर भी जारी कर दिया गया है।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि खेलों का पॉवर हाऊस कहा जाने वाला हरियाणा में इससे पहले भी दो बार क्रमश: वर्ष 2003 में 10वीं एवं वर्ष 2013 में 13वीं अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है।
  • इस बार 10 से 14 मार्च तक इन खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त राज्यों, पर्यावरण एवं वन मंत्रालय, भारत सरकार, केंद्रशासित प्रदेशों एवं वन अनुसंधानों के लगभग 2500 प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। वन विभाग में ग्रुप सी में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर खिलाड़ियों को नियुक्त कर अलग-अलग खेल टीमें बनाई जाएंगी।
  • मुख्यमंत्री ने खेलों के मस्कट का ‘कृष’ नामकरण किया।
  • गौरतलब है कि पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार प्रतिवर्ष अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता करवाता है, जिसका जिम्मा प्रति वर्ष किसी राज्य को सौंपा जाता है। इस बार 26वीं वन खेल-कूद प्रतियोगिता के आयोजन का जिम्मा हरियाणा वन विभाग को दिया गया है।
  • वन एवं पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 1993 में वन विभाग में खेलों के समुचित प्रोत्साहन के लिये वार्षिक अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का आरंभ किया गया था, जिसका प्रथम आयोजन हैदराबाद में किया गया। तब से अब तक कुल 25 बार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा चुका है।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के लोगो हेतु ब्लैक बक यानि काला हिरन को चुना गया है, जो कि राज्य की संस्कृति में रचा-बसा शानदार तेजस्वी वन्य जीव है एवं हरियाणा का राज्य पशु है। लोगो में राज्य का नक्शा यह इंगित करता है कि हरियाणा राज्य इस वर्ष खेलों का आयोजन कर रहा है जो कि सभी क्षेत्रों में तीव्र प्रगति के साथ खेलों में भी सबसे आगे है।
  • वृत्ताकार घेरे में चिन्हित खेल हरियाणा में प्रमुख रूप से आयोजित खेलों के बारे में है जिन्हें प्रतियोगिता के दौरान खेला जाएगा। ऊपर लोगों में दिखायी गई पत्तियाँ वन भाईचारे को दर्शाती हैं।
  • विदित है कि भारतीय पौराणिक ग्रंथों में काले हिरन को श्रीकृष्ण जी का सारथी माना जाता है। इसे कहीं-कहीं वायु देवता व चंद्र देवता का वाहन भी बताया गया है।
  • 26वीं अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिताओं का मुख्य केंद्र पंचकूला के सेक्टर-3 में स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम होगा। इस स्टेडियम में सभी प्रकार की दौड़ें पैदल चाल, बाधादौड़, चक्का फेंक, भाला फेंक, हैमर थ्रो लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक, ट्रिपल जंप, इनडोर गेम्स जैसे कि बैडमिंटन, कैरम, टेबल टेनिस और चेस बास्केटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, वालीबॉल एवं रस्साकसी आयोजित होंगी।
  • इसके आलावा, गोल्फ क्लब, सेक्टर-3 पंचकूला में गोल्फ तथा जिमखाना क्लब, सेक्टर -6 में लॉन टेनिस ब्रिज, स्नूकर, बिलियर्ड और स्क्वैश प्रतियोगिताएँ भी होंगी। तीरंदाजी पंजाब विश्वविद्यालय के खेलकूद मैदान में तथा शूटिंग प्रतियोगिता शूटिंग रेंज चंडीगढ़ में होगी। भारोतोलन प्रतियोगिता राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-1 पंचकूला में आयोजित होगी।
  • उपरोक्त सभी प्रतियोगिताओं में 285 तरह के खेल कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें महिलाओं व पुरूषों के लिये ओपेन वेटेरन एवं सीनियर वेटेरन श्रेणी के लगभग 2500 प्रतियोगी हिस्सा लेंगे। ओपन श्रेणी में सभी भाग ले सकते हैं। वेटेरन व सीनियर वेटेरन श्रेणी 45 वर्ष से 52 वर्ष तक तथा सीनियर वेटेरन 52 वर्ष से ऊपर के प्रतियोगियों के लिये हैं जो 43 टीमों के रूप में 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 7 प्रतिशत संस्थाओं से आ रही हैं।
  • आयोजन के लिये यातायात की व्यवस्था, खानपान, स्वागत, आवास एवं सफाई आदि के लिये अलग-अलग कमेटी का गठन किया जा चुका है। सभी खेल स्थलों को प्लास्टिक मुक्त रखा गया है और सभी जगह G-20 तथा लाइफ (लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) का लोगो भी अंकित किया जाएगा।

हरियाणा Switch to English

गुरुग्राम मेट्रो ने वर्ष 2022-23 में जनवरी तक कुल 34.24 करोड़ रुपए का राजस्व किया अर्जित

चर्चा में क्यों?

24 फरवरी, 2023 को हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल, जो एचएमआरटीसी के अध्यक्ष भी हैं, ने हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएमआरटीसी) के निदेशक मंडल की 51वीं बैठक के दौरान बताया कि गुरुग्राम मेट्रो ने पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले वर्ष 2022-23 में जनवरी तक कुल 34.24 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया है।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बताया कि वर्ष 2021-22 की जनवरी की अवधि तक 6.78 करोड़ का लाभ हुआ था, जो 405 प्रतिशत सुधार दर्शाता है।
  • उन्होंने बताया कि सवारियों के साथ-साथ अन्य वाणिज्यिक और विपणन गतिविधियों में वृद्धि के कारण राजस्व में वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष 8500 यात्री प्रतिदिन की तुलना में इस वित्तीय वर्ष में दैनिक यात्रियों की संख्या भी 42000 प्रतिदिन हो गई है।
  • मुख्य सचिव ने एचएमआरटीसी के पिछले दस महीनों के राजस्व प्रदर्शन को देखते हुए और यात्रियों को अंतिम मील कनेक्टिविटी प्रदान करके यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी करने तथा पार्किंग स्थल विकसित करके, विज्ञापन साइट की नीलामी/निविदा व किराया आदि के माध्यम से अतिरिक्त राजस्व जुटाने के लिये नए तरीके और साधन खोजने के लिये एक समिति गठित करने के भी निर्देश दिये।
  • उन्होंने बताया कि बोर्ड ने एचएमआरटीसी द्वारा राजीव चौक से पंचगाँव तक मेट्रो कनेक्टिविटी की परियोजना को भी मंजूरी दी गई। 20 स्टेशनों के साथ एमआरटीएस की कुल लंबाई लगभग 35 किलोमीटर होगी।
  • बैठक में बताया गया कि हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी, गुरुग्राम तक 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजना को भी पीएम गति शक्ति परियोजनाओं में शामिल किया गया है। यह परियोजना पहले से ही पीआईबी द्वारा अनुमोदित है और अब अंतिम अनुमोदन के लिये आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के पास है।
  • संजीव कौशल ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को डबल डेकर वाया-डक्ट के लिये भी विचार किया जाएगा तथा एनसीटी दिल्ली सरकार से सराय-काले-खाँ (एसकेके)-शाहजहाँपुर-नीमराना-बहरोड़ (एसएनबी) और सराय-काले-खाँ (एसकेके)-पानीपत आरआरटीएस कॉरिडोर की डीपीआर की मंजूरी देने का अनुरोध किया जाएगा।
  • ये परियोजनाएँ दैनिक यात्रियों के साथ-साथ आम जनता को कुशल और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन प्रणाली प्रदान करेंगी। इससे गुरुग्राम और इसके आस-पास के क्षेत्र में व्यावसायिक विकास को भी गति मिलेगी। 

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow