प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 26 Mar 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार बने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री

चर्चा में क्यों

25 मार्च, 2022 को योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के ‘प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम’में दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 

प्रमुख बिंदु 

  • कुल 52 लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें 16 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), 20 राज्यमंत्री तथा 2 उपमुख्यमंत्री शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री के रूप में ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने शपथ ली।
  • योगी की नई कैबिनेट में 38 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। वहीं, 9 MLC भी मंत्री बनाए गए हैं। जबकि 5 नाम ऐसे हैं, जो न तो विधायक हैं, न ही MLC हैं। इन्हें अगले 6 महीने में सदन की सदस्यता लेनी होगी।
  • उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ पिछले 37 वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्तारूढ़ होने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं।
  • ध्यातव्य है कि 10 मार्च, 2022 को घोषित चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी ने अपने सहयोगियों के साथ 273 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया था।

राजस्थान Switch to English

पर्यटन एवं हॉस्पिटिलिटी क्षेत्र को औद्योगिक दर पर मिलेगी बिजली

चर्चा में क्यों

25 मार्च, 2022 को राजस्थान के ऊर्जा विभाग ने पर्यटन एवं हॉस्पिटिलिटी क्षेत्र को वाणिज्यिक श्रेणी के स्थान पर औद्योगिक दर पर बिजली उपलब्ध कराने के आदेश जारी किये।  

प्रमुख बिंदु 

  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पर्यटन एवं हॉस्पिटिलिटी क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए इस वर्ष बजट में इस क्षेत्र को उद्योग का दर्जा देने की घोषणा की थी। इस घोषणा की अनुपालना में ये आदेश जारी किये गए हैं।
  • इससे प्रदेश में इस सेक्टर से जुड़े लाखों उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा राज्य में पर्यटन गतिविधियों का और विस्तार संभव हो सकेगा।
  • गौरतलब है कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने की वर्ष 1989 से लेकर अब तक कई बार घोषणा हुई, लेकिन इसका समुचित रूप से क्रियान्वयन नहीं हो सका था। 
  • पर्यटन की दृष्टि से राजस्थान का विश्व में महत्त्वपूर्ण स्थान है और यहाँ पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की अपार संभावनाएँ मौज़ूद हैं। साथ ही, इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार के बड़े अवसर सृजित हो सकते हैं। 

मध्य प्रदेश Switch to English

जल जीवन मिशन में इंदौर संभाग अव्वल

चर्चा में क्यों?

25 मार्च, 2022 तक जल जीवन मिशन में प्रदेश की समग्र ग्रामीण आबादी को घरेलू नल कनेक्शन से पेयजल की आपूर्ति करवाकर इंदौर संभाग प्रदेश में अव्वल है।

प्रमुख बिंदु 

  • इंदौर संभाग में मिशन के ज़रिये अब तक 9 लाख 67 हज़ार ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन से जल उपलब्ध कराया जा चुका है।
  • मिशन में इंदौर ज़िले की 387, धार ज़िले की 412, झाबुआ ज़िले की 425, बड़वानी ज़िले की 265, अलीराजपुर ज़िले की 114, खरगौन ज़िले की 380, खंडवा ज़िले की 313 तथा बुरहानपुर ज़िले की 83 जल संरचनाएँ शामिल हैं। 
  • लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा इंदौर संभाग के आठों ज़िलों में अब तक 2671 करोड़ 69 लाख 32 हज़ार रुपए लागत की 2379 जल-प्रदाय योजनाओं की स्वीकृति दी जा चुकी है। 
  • विभाग द्वारा मिशन के मापदंडों के अनुसार इन ज़िलों के लिये नवीन और रेट्रोफिटिंग के रूप में स्वीकृत सभी जल-प्रदाय योजनाओं के कार्य सतत् रूप से जारी हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय संचालन समिति गठित

चर्चा में क्यों?

25 मार्च, 2022 को राज्य शासन ने प्रदेश में अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन योजना के संचालन के लिये मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय उच्च शक्ति प्राप्त संचालन समिति का गठन किया।

प्रमुख बिंदु 

  • समिति में प्रमुख सचिव वित्त, नगरीय विकास एवं आवास, वन एवं पर्यावरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, भारत सरकार शहरी विकास मंत्रालय से मनोनीत प्रतिनिधि सदस्य होंगे। 
  • समिति में आयुक्त सह सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास सदस्य सचिव एवं मिशन संचालक होंगे।
  • राज्यस्तरीय उच्च शक्ति प्राप्त संचालन समिति मिशन के समग्र कार्यान्वयन के लिये उत्तरदायी होगी। समिति सिटी वाटर बैलेंस प्लान, सिटी वाटर एक्शन प्लान के आधार पर स्टेट वाटर एक्शन प्लान को मंज़ूरी देने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का प्रशासनिक अनुमोदन करेगी। 

हरियाणा Switch to English

पूर्व मुख्य सचिव विजय वर्धन बने हरियाणा के मुख्य सूचना आयुक्त

चर्चा में क्यों?

25 मार्च, 2022 को हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव व सेवानिवृत्त आईएएस विजय वर्धन राज्य के नए मुख्य सूचना आयुक्त बन गए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।  

प्रमुख बिंदु 

  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त आईएएस सत्यवीर सिंह फुलिया को राज्य सूचना आयुक्त के रूप में पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। दोनों सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों ने हिन्दी में शपथ ली।
  • राज्यपाल ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15 की उपधारा 3 के अधीन गठित सर्च और वैधानिक समिति की सिफारिश पर ये नियुक्तियाँ की हैं।
  • गौरतलब है कि राज्य सरकार ने मुख्य सूचना आयुक्त व राज्य सूचना आयुक्त के खाली पदों को भरने के लिये इसी माह इस समिति का गठन किया था। समिति ने दोनों पदों के लिये आए आवेदनों की छँटनी के बाद वर्धन व फुलिया के नाम पर मुहर लगाई थी।
    • मुख्य सूचना आयुक्त का पद सेवानिवृत्त डीजीपी यशपाल सिंघल का कार्यकाल 23 मार्च को पूरा होने पर खाली हुआ था। 27 अप्रैल, 2017 को इस पद पर उनकी नियुक्ति हुई थी।

हरियाणा Switch to English

गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में हॉकी का नया एस्ट्रोटर्फ

चर्चा में क्यों

24 मार्च, 2022 को हरियाणा के खेल एवं युवा मामले के राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में हॉकी का नया एस्ट्रोटर्फ लगाया जाएगा। 

प्रमुख बिंदु 

  • गुरुग्राम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ के लिये प्रदेश सरकार ने 9.40 करोड़ रुपए अनुमानित लागत तय की है। वित्त वर्ष 2022-23 में इस कार्य को शुरू किया जाएगा। 
  • गुरुग्राम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ के अलावा ज़िला मेवात में पंचायतों या संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराई गई ज़मीन पर मल्टी गेम्स के लिये आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए मैदान तैयार किये जाएंगे, ताकि इन पर खिलाड़ी प्रैक्टिस कर सकें। 
  • सरदार संदीप सिंह ने बताया कि होडल तथा पलवल में भी ज़मीन की उपलब्धता होने पर सरकार नए मल्टी गेम्स ट्रैक बनाने पर विचार कर रही है। जींद ज़िले के सफीदों में महाराजा जन्मेजय स्टेडियम के रखरखाव के लिये भी प्लान तैयार किया जा रहा है।  
  • खेल मंत्री ने बताया कि जिस क्षेत्र में जिस खेल के प्रति युवाओं की रुचि होगी, वहाँ उसी तरह की सुविधाएँ सरकार उपलब्ध कराएगी। 
  • गौरतलब है कि देश में हरियाणा पहला ऐसा राज्य है, जिसका खेल बजट सबसे अधिक है। 

झारखंड Switch to English

भारतीय महिला टीम ने सैफ अंडर-18 फुटबॉल चैंपियनशिप जीती

चर्चा में क्यों

25 मार्च, 2022 को जमशेदपुर में आयोजित सैफ अंडर-18 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में बेहतर गोल औसत के आधार पर मेज़बान भारतीय महिला टीम ने खिताब अपने नाम किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए चैंपियनशिप के आखिरी मैच में बांग्लादेश ने भारत को 1-0 से हराया, लेकिन अंक तालिका में सबसे अधिक पॉइंट के आधार पर भारतीय टीम को विजयी घोषित किया गया।
  • भारत और बांग्लादेश के बीच इस कड़े मुकाबले में मैच का पहला हाफ 0-0 रहा।  मैच के दूसरे हॉफ में बांग्लादेश ने 1-0 की बढ़त ली, जो अंत तक कायम रही। हालाँकि इस चैंपियनशिप को जीतने के लिये बांग्लादेश को 2-0 से जीत की ज़रूरत थी। 
  • भारत की लिंडा काम स्टर्टो को सर्वाधिक गोल करने का सम्मान मिला। टूर्नामेंट के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार भी लिंडा काम को ही मिला।
  • उल्लेखनीय है कि झारखंड गठन के 22 साल बाद यह पहला मौका था, जब झारखंड में किसी अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।  

छत्तीसगढ़ Switch to English

शैक्षिक छात्रवृत्ति अभियान

चर्चा में क्यों?

25 मार्च, 2022 को छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड की शैक्षिक छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षिक छात्रवृत्ति अभियान का शुभारंभ किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • मंत्री डहरिया ने वर्ष 2021-22 के लिये प्रदेश के विभिन्न ज़िलों के 1,682 मज़दूरों के बच्चों को 42,33,500 रुपए की छात्रवृत्ति चेक और आरटीजीएस के माध्यम से वितरित की।
  • मंत्री ने कहा कि शैक्षिक छात्रवृत्ति योजना के तहत श्रम 9 विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि पंजीकृत श्रमिकों के प्रत्येक स्कूल और कॉलेज जाने वाले बच्चे तक इसका लाभ पहुँचे।
  • श्रम कल्याण बोर्ड ने कहा कि कक्षा एक से आठ तक पढ़ने वाले मज़दूरों के बच्चों को सालाना 1,500 रुपए मिलेंगे, जबकि नौवीं से बारहवीं कक्षा के छात्रों को 3,000 रुपए प्रति वर्ष दिये जाएंगे।
  • स्नातक स्तर पर छात्रों को प्रतिवर्ष 5,000 रुपए और दिये जाएंगे, जबकि स्नातक स्तर पर इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य छात्रों को प्रति वर्ष 8,000 रुपए और स्नातकोत्तर छात्रों को 10,000 रुपए दिये जाएंगे।

छत्तीसगढ़ Switch to English

आईसीएच वायरस

चर्चा में क्यों?

हाल ही में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले के कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क में तीन भालुओं की इनफेक्शियस कैनाइन हेपेटाइटिस (आईसीएच) वायरस से मौत हो गई, जिससे जू के 632 अन्य वन्य जीवों पर आईसीएच का खतरा मँडरा रहा है।

प्रमुख बिंदु 

  • जू प्रबंधन ने बताया कि आईसीएच संक्रमण के कारण बीते 26 दिनों में दो नर भालुओं तथा एक मादा भालू कविता की मौत हो गई है। कविता उन दो मृत भालुओं के संपर्क में थी, जिनकी पहले मौत हो चुकी थी। 
  • कानन पेंडारी के डीएफओ विष्णु नायर ने बताया कि भालुओं में आईसीएच का संक्रमण कहाँ से फैला, यह नहीं कहा जा सकता। ये केवल कैनाइन प्रजाति के जीवों में ही फैलता है। अन्य जीवों में वायरस का संक्रमण नहीं दिखा है। 
  • उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित वन्य जीव विशेषज्ञ व भालू रेस्क्यू सेंटर के डॉ. ईलाईराजा ने बताया कि ये इनफेक्शियस कैनाइन हेपेटाइटिस के लक्षण हो सकते हैं। यह एक विषाणु जनित बीमारी है। एक बार यह संक्रमण होने पर उसका इलाज नहीं है। भालुओं को केवल कोरोना की तरह आइसोलेशन में रखकर ही बचाव कर सकते हैं।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2