प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 25 Mar 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
राजस्थान Switch to English

राज्य में खुलेंगे 179 नए महात्मा गांधी अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बजट भाषण 2022-23 की अनुपालना में राजस्थान के शिक्षा विभाग द्वारा 179 राजकीय विद्यालयों को महात्मा गांधी अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालयों में रूपांतरित करने हेतु स्वीकृति जारी की गई।

प्रमुख बिंदु

  • शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि विभाग द्वारा लिये गए इस निर्णय से पूरे प्रदेश के विद्यार्थी तथा विशेषकर वंचित तबके से आने वाले विद्यार्थी अंग्रेज़ी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नि:शुल्क पा सकेंगे।
  • डॉ. कल्ला ने बताया कि सभी स्वीकृत महात्मा गांधी अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2022-23 से प्रारंभ होंगे।
  • शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पवन कुमार गोयल ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से निजी विद्यालयों की भारी फीस वहन करने में अक्षम अभिभावक अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा सुलभ करवा सकेंगे।

मध्य प्रदेश Switch to English

प्रदेश की 2 महिलाओं का दिल्ली में सम्मान

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में मज़दूरी से स्व-रोज़गार तक का सफर तय करने वाली ज़िला नर्मदापुरम की मीरा यादव और कुंता बाई यादव को सम्मानित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • ये दोनों महिलाएँ महात्मा गांधी नरेगा में पहले मज़दूरी का काम करती थीं। स्व-सहायता समूह से जुड़ने एवं मनरेगा के प्रोजेक्ट उन्नति के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दोनों ने डेयरी उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया, जिससे अब दोनों को 10 हज़ार से 15 हज़ार रुपए तक मासिक आय हो रही है।
  • गौरतलब है कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आज़ादी के अमृत महोत्सव में समस्त राज्यों से प्रोजेक्ट उन्नति में प्रशिक्षित 75 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश की ये दोनों महिलाएँ शामिल हैं।
  • प्रोजेक्ट उन्नति केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के मनरेगा डिवीज़न का एक कार्यक्रम है। इसे मनरेगा में काम कर रहे ग्रामीण परिवारों के सदस्यों को उनकी रुचि के आधार पर प्रशिक्षण देकर उन्हें रोज़गार एवं स्व-रोज़गार के काबिल बनाने के लिये शुरू किया गया है।

झारखंड Switch to English

‘स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ बच्चे’ अभियान 2022 का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने विधानसभा परिसर से ‘स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ बच्चे’अभियान 2022 का शुभारंभ किया तथा स्वच्छता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रमुख बिंदु

  • कोरोना काल में लंबी अवधि तक बंद रहे विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं को पुन: क्रियाशील करने तथा शिक्षकों एवं बच्चों को स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त प्रयास से ‘स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ बच्चे’अभियान 2022 का शुभारंभ किया गया है।
  • यह अभियान 24 से 30 मार्च, 2022 तक प्रदेश के सभी विद्यालयों में चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत विद्यालयों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित करने का प्रयास किया जाएगा।
  • अभियान के तहत प्रदेश के सभी 263 प्रखंडों में एक स्वच्छता प्रचार वाहन चलाया जाएगा, जो प्रचार-प्रसार करते हुए 35000 विद्यालयों को सुव्यवस्थित करने में सहयोग प्रदान करेगा।
  • इस कार्य में यूनिसेफ एवं उनकी सहयोगी संस्थाएँ ज़िला/प्रखंड संकुल एवं विद्यालय स्तर पर तकनीकी सहयोग तथा प्रशिक्षण में सहयोग दे रही हैं।
  • इस अभियान से विद्यालयों को बल तथा स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार प्रतियोगिता में अपनी ग्रेडिंग सुधारने का पर्याप्त मौका भी मिलेगा।

छत्तीसगढ़ Switch to English

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने प्रदेश के 6 मनरेगा श्रमिकों को किया सम्मानित

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रोजेक्ट ‘उन्नति’के ज़रिये कौशल विकास का प्रशिक्षण हासिल कर अपनी ज़िंदगी बदलने वाले छत्तीसगढ़ के छह मनरेगा श्रमिकों को सम्मानित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश भर से प्रोजेक्ट ‘उन्नति’के 75 हितग्राहियों को सम्मानित किया गया है।
  • प्रोजेक्ट ‘उन्नति’ के अंतर्गत मनरेगा श्रमिकों के कौशल विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कृषि विज्ञान केंद्रों, ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थानों (R-SETI) एवं दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के अधिकारियों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
  • केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह ने नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में इन श्रमिकों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
  • प्रदेश के बालोद कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के.आर. साहू और धमतरी में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थान (R-SETI) की प्रभारी अनिता तुडू को भी प्रोजेक्ट ‘उन्नति’में उनके योगदान के लिये सम्मानित किया गया।
  • वित्तीय वर्ष 2018-19 में मनरेगा के अंतर्गत 100 दिनों का रोज़गार प्राप्त करने वाले परिवारों के इन सदस्यों को प्रोजेक्ट ‘उन्नति’के माध्यम से कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर स्वरोज़गार के लिये तैयार किया गया है। इन सभी को अपने-अपने ज़िले में स्थित ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थान (R-SETI) में प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।
  • वित्तीय वर्ष 2018-19 में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम) के अंतर्गत 100 दिनों का रोज़गार हासिल करने वाले परिवारों के ये श्रमिक कौशल उन्नयन के बाद अब खुद का व्यवसाय कर रहे हैं।
  • सम्मानित होने वाले मनरेगा श्रमिकों में धमतरी ज़िले के भनपुरी ग्राम पंचायत की नीतू बाई साहू (मशरूम उत्पादन), सारंगपुरी पंचायत की पूलवंती कंवर (मोमबत्ती बनाने का काम), गरियाबंद ज़िले के फिंगेश्वर विकासखंड की लोहरसी की गीतांजली ध्रुव और पतोरा पंचायत की ओमेश्वरी कंवर (सिलाई कार्य), कोरिया ज़िले के सोनहत विकासखंड के पोड़ी ग्राम पंचायत के कृष्ण कुमार (बकरी पालन) एवं महासमुंद ज़िले के बसना विकासखंड के दुर्गापाली के बिमल साव (मोबाइल रिपेयरिंग) शामिल हैं।

राजस्थान Switch to English

नई दिल्ली में राजस्थान उत्सव का हुआ उद्घाटन

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को राजस्थान स्थापना दिवस (30 मार्च) के उपलक्ष्य में आयोजित राजस्थान उत्सव का नई दिल्ली के बीकानेर हाउस परिसर में विधिवत् शुभारंभ हुआ। यह उत्सव 31 मार्च, 2022 तक चलेगा।

प्रमुख बिंदु

  • नई दिल्ली में राजस्थान सरकार की प्रमुख आवासीय आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह, राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव और बीकानेर हाउस प्रबंधन समिति की एक्जीक्यूटिव काउंसिल की सदस्य ममता सिंघानिया ने दीप प्रज्वलन एवं रिबन काटकर राजस्थान उत्सव का उद्घाटन किया।
  • इसके साथ ही राजस्थान पर्यटन, राजस्थान फाउंडेशन, बीकानेर हाउस प्रबंधन समिति और रुडा द्वारा राजस्थान उत्सव के दौरान आयोजित हस्तशिल्प मेला, राजस्थानी सांस्कृतिक कलाओं से जुड़े संपूर्ण कार्यक्रमों का कैलेंडर भी जारी किया गया।
  • इस उत्सव में राजस्थानी कला, संस्कृति और राजस्थानी हस्तशिल्प का सामान एक ही परिसर में उपलब्ध होगा।
  • इस मेले में रूरल नॉनफार्म डेवलपमेंट एजेंसी (रुडा) द्वारा राजस्थानी आर्टिजंस के 50 से ज़्यादा स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें राजस्थानी कला और संस्कृति के प्रतिनिधि आर्टिजंस का कला और हस्तशिल्प का सामान बिक्री के लिये उपलब्ध होगा।
  • सप्ताह भर चलने वाले इस उत्सव में 27 मार्च को हेरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया और राजस्थान फाउंडेशन के संयोजन से विंटेज कार रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें तत्कालीन बीकानेर महाराज की कार सबसे आगे चलेगी, जिसे बाद में उत्सव के दौरान बीकानेर हाउस परिसर में दर्शकों और आगंतुकों के लिये देखने हेतु प्रदर्शित किया जाएगा।
  • इस उत्सव में राजस्थान के चुनिंदा दस्तकारों द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट उत्पादों, जैसे- ब्लू पॉटरी, राजस्थानी ऊनी शॉल, राजस्थानी ज्वेलरी, मार्बल, ब्रास मेटल वर्क, क्ले फेस, राजस्थानी जूतियाँ, बाड़मेरी एंब्रायडरी, सांगानेरी प्रिंट, राजस्थानी साड़ियां-सूट, टेराकोटा, गोटा पत्ती, तारकशी का कार्य, राजस्थानी पेंटिंग, कोटा डोरिया, अजरक प्रिंट, पोकरण पोटरी, कावड़ कास्ट कला, राजस्थानी बैंगल्स सहित विभिन्न प्रकार के राजस्थानी हैंडीक्रॉफ्ट बिक्री के लिये उपलब्ध होंगे।

मध्य प्रदेश Switch to English

इंडो-इज़राइल प्रोजेक्ट के तहत हरदा में खुलेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को मध्य प्रदेश किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल और इज़राइल दूतावास के कृषि प्रतिनिधियों के बीच हुई वर्चुअल मीटिंग में निर्णय लिया गया कि प्रदेश में माइक्रो इरीगेशन और हाईटेक एग्रीकल्चर के लिये तीसरा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हरदा में खोला जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • मंत्री कमल पटेल ने इज़राइली दूतावास के कृषि संबंधी प्रतिनिधियों से चर्चा कर उन्हें निमाड़-मालवा क्षेत्र में मसाला, औषधीय और फूलों की खेती के लिये उपयुक्त वातावरण से अवगत कराया।
  • मीटिंग में इज़राइली तकनीक हस्तांतरण के लिये अधिकृत कंपनी ‘माशव’के प्रतिनिधियों ने कहा कि शीघ्र ही हरदा एवं आसपास के क्षेत्रों का सर्वे किया जाएगा। जिसके बाद हरदा में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोला जाएगा।
  • उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में इज़राइली सहयोग से उन्नत कृषि को बढ़ावा देने के लिये छिंदवाड़ा और मुरैना में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का क्रियान्वयन प्रक्रियाधीन है।
  • तीसरा सेंटर हरदा में खुल जाने से निमाड़-मालवा एवं नर्मदा घाटी क्षेत्रों में उद्यानिकी फसलों, औषधीय फसलों और फूलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा। कृषकों को नवीन तकनीक की जानकारी मिलेगी, जिससे कि फसल विविधता के साथ उत्पादकता और गुणवत्ता को भी बढ़ाया जा सकेगा।

झारखंड Switch to English

झारखंड विधानसभा दल परिवर्तन पर सदस्यता से निरहर्ता के नियम 2006 में संशोधन

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को झारखंड विधानसभा में संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत झारखंड विधानसभा दल परिवर्तन पर सदस्यता से निरहर्ता के नियम 2006 में संशोधन विधानसभा से पारित हुआ।

प्रमुख बिंदु

  • इसके अनुसार अब कोई भी व्यक्ति संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत स्पीकर के न्यायाधिकरण में दल-बदल की याचिका दायर कर सकता है। पहले यह अधिकार सिर्फ स्पीकर के पास था कि वह दल-बदल मामले में स्वत: संज्ञान ले सकता था। नए संशोधन में इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
  • यह संशोधन सर्वोच्च न्यायालय के दिये गए निर्णय के आलोक में किया गया है। सर्वोच्च न्यायालय ने वर्ष 2013 में फैसला दिया था कि दल-बदल अधिनियम के अधीन कोई बाहरी व्यक्ति इस विषय को उठा सकता है।
  • इस संबंध में विधानसभा की विशेष समिति ने दल-बदल मामले में विधानसभा अध्यक्ष के स्वत: संज्ञान की शक्ति को हटाने की सिफारिश की थी, जिसे अब विलोपित कर दिया गया है।
  • इसके अलावा शून्यकाल और प्रश्नकाल के नियमों में भी संशोधन किया गया है। मुख्यमंत्री प्रश्नकाल को हटा दिया गया है तथा नियमावली में शून्यकाल की संख्या 15 से बढ़ाकर 25 कर दी गई है। साथ ही अब 14 दिन पहले प्रश्न डालने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ Switch to English

छत्तीसगढ़ की ईश्वरी ने दुबई में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में जीता रजत पदक

चर्चा में क्यों?

23 मार्च, 2022 को छत्तीसगढ़ के महासमुंद की दृष्टिबाधित धावक ईश्वरी निषाद ने दुबई में आयोजित 13वें फैजा इंटरनेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतर्गत वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2022 में दौड़ प्रतियोगिता में भारत के लिये रजत पदक जीता।

प्रमुख बिंदु

  • ईश्वरी निषाद ने 400 मीटर की दौड़ एक मिनट 25 सेकेंड में पूरी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही ईश्वरी इस साल अक्टूबर में चीन के हांगझोऊ में होने वाले एशियाई पैरा खेलों के लिये न्यूनतम मानक योग्यता हासिल करने में सफल हो गई हैं।
  • उल्लेखनीय है कि 13वें फैजा इंटरनेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन दुबई में 17 से 25 मार्च, 2022 तक किया गया।
  • मूलत: महासमुंद ज़िले की बागबाहरा तहसील के ग्राम सम्हर की रहने वाली ईश्वरी निषाद फॉर्चून फाउंडेशन नेत्रहीन विशेष विद्यालय, बागबाहरा में अध्ययनरत् हैं।
  • ईश्वरी ने 2016 में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना शुरू किया और पांच साल से लगातार स्वर्ण पदक जीत रही हैं। उन्होंने अब तक राष्ट्रीय स्पर्धाओं में 11 पदक हासिल किये हैं, जिनमें 5 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं।
  • उन्होंने वर्ष 2021-22 में बंगलूरु सांई प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इंडिया नेशनल ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता था।
  • गौरतलब है कि समाज कल्याण मंत्री अनिला भेड़िया ने विगत पाँच मार्च को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में ईश्वरी निषाद को राष्ट्रीय स्तर पर पैराएथलेटिक्स में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया था।
  • ईश्वरी दुबई से लौटने के बाद भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले 20वें नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेंगी।

मध्य प्रदेश Switch to English

मुख्यमंत्री ने किया चतुर्थ चित्रभारती फिल्मोत्सव प्रदर्शनी का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिशनखेड़ी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित चतुर्थ चित्रभारती फिल्मोत्सव प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • प्रदर्शनी में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार विजेताओं सहित फिल्मोत्सव से संबंधित अनेक चित्र लगाए गए हैं।
  • इस प्रदर्शनी की थीम ‘कल, आज और कल’ पर आधारित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार का लोकार्पण भी किया।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का चित्रभारती फिल्मोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका मीडिया मीमान्सा और चित्रभारती फिल्मोत्सव की बुकलेट का विमोचन किया।
  • इस फिल्मोत्सव का आयोजन 27 मार्च तक होगा, जिसमें चयनित 120 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।

मध्य प्रदेश Switch to English

मावे के तीनदिवसीय अधिवेशन स्वीप-2022 का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मध्य प्रदेश महिला उद्यमी संगठन की कॉन्फ्रेंस ‘स्वीप 2022’ का शुभारंभ किया। इसका आयोजन एमपी एसोसिएशन ऑफ वूमेन इंटरप्रेन्योर (मावे) ने किया है।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिये नए लाभकारी प्रावधान किये जाएंगे। इसके लिये प्रचलित योजनाओं में ज़रुरी संशोधन किये जाएंगे।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना’ प्रारंभ की जाएगी। भोपाल और इंदौर में महिला उद्यमियों के लिये अलग इंडस्ट्रियल क्लस्टर बनाया जाएगा। ज़िलों में एमएसएमई सेक्टर में प्रत्येक ज़िले में महिलाओं के लिये क्लस्टर आरक्षित करने की व्यवस्था की जाएगी।
  • ई स्टार्टअप नीति में भी महिला उद्यमियों के लिये सुविधाएँ बढ़ाने के प्रावधान रहेंगे। ‘स्टार्ट योर बिज़नेस इन थर्टी डेज’ में महिला उद्यमियों को विशेष सुविधा दी जाएगी।
  • जबलपुर और अन्य स्थान पर मल्टी स्टोरीज फैक्टरी कॉम्प्लेक्स के निर्माण सहित ‘मुख्यमंत्री नारी सम्मान कोष’ की स्थापना भी की जाएगी।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow