प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 24 Nov 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
मध्य प्रदेश Switch to English

प्रदेश में ईवी से होगा घर-घर कचरा संग्रहण, बंद होंगे डीजल व सीएनजी वाहन

चर्चा में क्यों?

23 नवंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में ई-व्हीकल से घरों से कचरा एकत्रित किया जाएगा। डीजल और सीएनजी से चलने वाले वाहनों को बंद किया जाएगा। इसको लेकर नगरीय संचालनालय ने प्रस्ताव तैयार किया है। 

प्रमुख बिंदु  

  • विदित हो कि मध्य प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में अभी डीजल और सीएनजी से चलने वाले वाहनों से घर घर से कचरा एकत्रित किया जा रहा है। अब इन वाहनों को ई-व्हीकल में बदला जाएगा।  
  • प्रस्ताव के तहत अब नगरीय निकायों में कचरा एकत्रित करने के लिये ई-व्हीकल ही खरीदे जाएंगे। ये ना सिर्फ वायु प्रदूषण को कम करेंगे, बल्कि ईधन के ऊपर होने वाले अत्यधिक खर्च को भी कम करेंगे। साथ ही ग्रीनहाउस गैस के उत्सर्जन में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।  
  • नगरीय निकाय विभाग केंद्र सरकार की मदद से ई-व्हीकल को लेकर पायलट प्रोजेक्ट चलाएगा। इसके लिये शुरुआत में 250 ई-व्हीकल खरीदे जाएंगे। इन वाहनों को किसी शहर को चिन्हित कर पायलट प्रोजेक्ट के तहत वहां संचालित किया जाएगा। इसके लिये उन शहरों में चार्जिंग स्टेशन समेत अन्य सुविधाएँ भी स्थापित की जाएंगी।  
  • प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में कचरा एकत्रित करने के लिये 6 हज़ार से ज्यादा वाहनों का उपयोग किया जाता है। प्रत्येक वाहन के ईंधन पर अभी पूरे प्रदेश में 30 लाख रुपए का खर्च आता है। यह राशि एक माह में करीब 9 करोड़ रुपए होती है। ई-व्हीकल के उपयोग से ईंधन पर खर्च होने वाली बड़ी राशि की बचत होगी।  
  • विभाग नगरीय निकायों में पुराने और कंडम वाहनों को रेट्रोफिटिंग के जरिए ई-व्हीकल में बदलने पर भी विचार कर रहा है। अभी कई नगरीय निकायों में छोटे वाहन खराब पड़े हैं। इन वाहनों को ई-व्हीकल में बदला जाएगा। जिनका इस्तेमाल घर-घर कचरा संग्रहण में किया जाएगा।

हरियाणा Switch to English

आइडियाथॉन हरियाणा 2023 का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

21 नवंबर, 2023 को हरियाणा कौशल विकास मिशन के एमडी डॉ. विवेक अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा कौशल विकास मिशन द्वारा हरियाणा के आईटीआई, एचएसडीएम प्रशिक्षण केंद्रों, पॉलिटेक्निक कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों के साथ-साथ आम जनता के बीच उद्यमशीलता और स्टार्टअप विचारों को बढ़ावा देने के लिये आइडियाथॉन हरियाणा 2023 का शुभारंभ किया गया है। 

प्रमुख बिंदु 

  • डॉ. विवेक अग्रवाल ने बताया कि इसके लिये इच्छुक प्रार्थी 1 दिसंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं तथा विचारों को जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर, 2023 निर्धारित की गई है। इसके बाद विजेताओं के लिये पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। 
  • इस प्रतियोगिता में वैध परिवार पहचान पत्र आईडी वाले ही भाग ले सकते है। यह एक विशेष ऑनलाइन टेक इवेंट है जिसमें 4 लाख से रुपए अधिक की पुरस्कार राशि हरियाणा के 21 विजेताओं को प्रदान की जाएगी।
  • लगातार एक महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत हरियाणा के युवाओं को एक साथ लाने के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। इससे प्रार्थी अपनी रचनात्मकता और कौशल का उपयोग नवीन समाधान खोजने, वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और वास्तविक दुनिया की समस्याओं के लिये प्रोटोटाइप या समाधान विकसित करने के लिये अपने विचार दे सकते है। 
  • उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की 12 श्रेणियों में प्रतिभागी अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। इनमें कृषि, किफायती और स्वच्छ ऊर्जा, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उभरती तकनीक, हेल्थटेक, क्लीनटेक, गतिशीलता, शिल्प और स्थिरता, स्वच्छ जल और स्वच्छता, उपभोक्ता और उद्यम प्रौद्योगिकी और अच्छा स्वास्थ्य और कल्याण शामिल हैं।
  • प्रतिभागी एकल या टीम के रूप में कार्यक्रम के लिये पंजीकरण करवा सकते है और उन्हें अपने विचारों को 5 से अधिक स्लाइडों के पिच डेक और 2 मिनट के वीडियो पिच के साथ जमा करना होगा। 

राजस्थान Switch to English

मतदान उपरांत सेल्फी अपलोड करने पर मिलेगा डिजिटल सर्टिफिकेट

चर्चा में क्यों?

22 नवंबर, 2023 को राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदान दिवस पर सीईओ राजस्थान की वेबसाइट पर मतदान के उपरांत सेल्फी अपलोड करने वाले मतदाता को डिजिटल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु  

  • विदित हो कि राजस्थान विधानसभा आम चुनाव- 2023 में मतदाताओं को शत प्रतिशत मतदान के लिये प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं को डिजिटल सर्टिफिकेट जारी करने की पहल की गई है।  
  • मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा आम चुनाव 2023 के दृष्टिगत मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिये मतदान केंद्रों पर सेल्फी पॉइंट बनाये गये है। 
  • उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर स्थापित सेल्फी पॉइंट से मतदाताओं द्वारा सेल्फी लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://ceorajasthan.nic.in/ पर प्रदर्शित लिंक "Upload your Selfie and Download Digital Certificate" पर क्लिक कर पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।  
  • सीईओ राजस्थान की वेबसाइट पर अन्य लिंक "Link to Download e-Pledge Certificate" पर क्लिक करने पर राज्य के समस्त ज़िलों के ज़िलेवार लिंक प्रदर्शित किये गये है। संबंधित ज़िले के नाम पर क्लिक करने पर उस ज़िले के पोर्टल से ई-प्लेज सर्टिफिकेट डाउनलोड किया जा सकता है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2