प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 24 Mar 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति

चर्चा में क्यों

23 मार्च, 2022 को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में रमापति शास्त्री की नियुक्ति की।

प्रमुख बिंदु 

  • हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में गोंडा की मनकापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित होने वाले रमापति शास्त्री सदन के  वरिष्ठतम सदस्यों में से एक हैं।
  • रमापति शास्त्री उत्तर प्रदेश की सरकार में जून 1991 से दिसंबर 1992, सितंबर 1997 से नवंबर 1999 तथा मार्च 2017 से वर्तमान तक तीन बार मंत्री रह चुके हैं।
  • उल्लेखनीय है कि जब पिछली विधानसभा का अध्यक्ष नवनिर्वाचित विधानसभा की पहली बैठक से ठीक पहले अपना पद खाली कर देता है, तो राज्यपाल विधानसभा के एक सदस्य को प्रोटेम स्पीकर के रूप में नियुक्त करता है, जो कि सामान्यत: सदन का सबसे वरिष्ठ सदस्य होता है।
  • इसका प्रमुख कार्य नए सदस्यों को शपथ दिलाना और सदन को नए अध्यक्ष का चुनाव करने में सक्षम बनाना है।
  • जब सदन द्वारा नए अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाता है, तब प्रोटेम स्पीकर का कार्यकाल समाप्त हो जाता है।

राजस्थान Switch to English

राजस्थान नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2022

चर्चा में क्यों

23 मार्च, 2022 को राजस्थान विधानसभा ने राजस्थान नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2022 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। 

प्रमुख बिंदु 

  • संसदीय कार्य मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने इस विधेयक को चर्चा के लिये सदन में प्रस्तुत किया। विधेयक पर सदन में हुई चर्चा के दौरान विधेयक के उद्देश्यों एवं कारणों के बारे में बताया गया। 
  • संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि नगरपालिका (प्रशासनिक एवं तकनीकी) सेवा की सीधी भर्ती के पदों पर नियुक्तियाँ करने के लिये अब राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। 
  • उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगरपालिका (प्रशासनिक एवं तकनीकी) सेवा की सीधी भर्ती के पदों के लिये अभ्यर्थियों का चयन संबंधित सेवा नियमों के उपबंधों के अधीन गठित राज्यस्तरीय आयोग द्वारा किया जाता हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

प्रदेश के लिये एक लाख 15 हज़ार 564 प्रधानमंत्री आवास (शहरी) स्वीकृत

चर्चा में क्यों?

हाल ही में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मध्य प्रदेश के लिये प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के बीएलसी घटक में एक लाख 15 हज़ार 564 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किये गए हैं।

प्रमुख बिंदु 

  • नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इन आवासों के लिये केंद्र और राज्य के अंश के रूप में आवास बनाने हेतु हितग्राहियों के खाते में 2889 करोड़ रुपए अंतरित किये जाएंगे। 
  • प्रधानमंत्री आवास (बीएलसी) बनाने के लिये हितग्राहियों को ढाई लाख रुपए की अनुदान राशि दी जाती है। 197 नगरीय निकायों के हितग्राहियों के लिये यह आवास स्वीकृत किये गए हैं। 
  • उल्लेखनीय है कि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने 17 मार्च को नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप पुरी से भेंट कर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लंबित प्रस्तावों को स्वीकृत करने का आग्रह किया था।

झारखंड Switch to English

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो द्वारा लिखित पुस्तक ‘विचारों के ग्यारह अध्याय’ का विमोचन

चर्चा में क्यों

23 मार्च, 2022 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो द्वारा लिखित पुस्तक ‘विचारों के ग्यारह अध्याय’ का विमोचन किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • इस पुस्तक में लेखक द्वारा कई आयामों पर प्रकाश डाला गया है। इस पुस्तक में झारखंड में हुए ऐतिहासिक आंदोलनों और आदिवासियों की समृद्ध परंपरा और संस्कृति को सहेजा गया है। यह पुस्तक झारखंड अलग राज्य आंदोलन के शहीदों को समर्पित है। 
  • इसके माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया है कि छोटे राज्यों का गठन भारतीय लोकतंत्र में कितना मायने रखता है। 
  • इस पुस्तक में झारखंड के खेल और खेल प्रतिभाओं से अवगत कराने का प्रयास भी किया गया है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक में संविधान और संसदीय परंपराओं पर भी विशेष फोकस है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच किस तरह बेहतर समन्वय एवं संबंध बनाकर संसदीय व्यवस्था को मज़बूत किया जा सकता है, उसे भी बताने का प्रयास किया गया है। 
  • पर्यावरण में हो रहे बदलाव और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उपायों को विधानसभा अध्यक्ष ने अपने विचारों के माध्यम से इस पुस्तक में बताने का प्रयास किया है।

उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड में नई सरकार का गठन

चर्चा में क्यों?

23 मार्च, 2022 को पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। 

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री के साथ 8 कैबिनेट मंत्रियों को उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
  • शपथ लेने वाले आठ कैबिनेट मंत्रियों में सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, चंदन रामदस, रेखा आर्य और प्रेमचंद अग्रवाल शामिल हैं।
  • उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर, 2000 को उत्तराखंड के गठन के बाद से राज्य में यह पहली बार है, जब किसी राजनीतिक पार्टी ने उत्तराखंड में दोबारा सरकार बनाई है। 
  • गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने 70 विधानसभा सीटों में से 47 सीटें जीती हैं।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow