प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 22 Dec 2021
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

प्रधानमंत्री ने 1.60 लाख महिला स्वयं सहायता समूहों के खातों में 1,000 करोड़ रुपए ट्रांसफर किये

चर्चा में क्यों? 

22 दिसंबर, 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में संगम के पास परेड ग्राउंड में स्वयं सहायता समूहों की दो लाख से अधिक महिला प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए 1.60 लाख महिला स्वयं सहायता समूहों के खातों में 1,000 करोड़ रुपए हस्तांतरित किये। 

प्रमुख बिंदु 

  • इस मौके पर प्रधानमंत्री ने प्रयागराज में इस ‘मातृ शक्ति महाकुंभ’में 43 जिलों के 202 ‘टेक होम राशन प्लांट’की नींव भी रखी। साथ ही उन्होंने ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’के 1.01 लाख नए लाभार्थियों के खातों में 20 करोड़ रुपए ट्रांसफर किये।
  • नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीसी सिऽयों के माध्यम से अब तक 75,000 करोड़ रुपए से अधिक का लेनदेन किया जा चुका है।
  • विभिन्न ब्लॉकों में ‘पुश्तहार संयंत्र परियोजना’पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इससे महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ-साथ स्थानीय किसानों को भी लाभ होगा, जो उन्हें कच्चे माल की आपूर्ति करेंगे। उन्होंने कहा कि इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना से 16 लाख से अधिक महिलाएँ सीधे लाभान्वित होंगी और जरूरतमंदों को पौटिष्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

मध्य प्रदेश Switch to English

खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग के पहले चरण का समापन

चर्चा में क्यों?

15 से 21 दिसंबर, 2021 तक नई दिल्ली के मेज़र ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेले गए खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग (अंडर-21) का पहला चरण समाप्त हो गया। इसमें मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने 6 मैच खेले।

 प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि महिला हॉकी लीग तीन चरणों में खेली जा रही है, जिसका पहला चरण 21 दिसंबर को समाप्त हुआ। 
  • पहले चरण का अंतिम मैच मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी और हरियाणा हॉकी अकादमी के बीच 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने अब तक खेले गए छह मैचों में 22 गोल किये हैं। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के तीन मैच ड्रॉ रहे और अकादमी ने तीन मैच जीते।
  • मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ग्रुप-बी में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, वहीं हरियाणा हॉकी अकादमी 16 अंकों के साथ पहले स्थान पर है।
  • गौरतलब है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स (KIYG), पूर्व में खेलो इंडिया स्कूल गेम्स (KISG), भारत में जनवरी या फरवरी में दो श्रेणियों, अर्थात् अंडर-17 वर्ष के स्कूली छात्र और अंडर-21 वर्ष के कॉलेज के छात्र के लिये आयोजित होने वाले वार्षिक राष्ट्रीय स्तर के खेल हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

राज्यपाल ने अरबिंदो विश्वविद्यालय में केंद्रीय नैदानिक प्रयोगशाला का उद्घाटन किया

चर्चा में क्यों? 

20 दिसंबर, 2021 को मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने श्री अरबिंदो विश्वविद्यालय, इंदौर में सिकल सेल एनीमिया परियोजना का शुभारंभ किया। साथ ही सिकल सेल क्लिनिक, अल्ट्रासाउंड सिम्युलेटर लैब और केंद्रीय नैदानिक प्रयोगशाला का भी उद्घाटन किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि यह अभियान मध्य प्रदेश को सिकल सेल एनीमिया से मुक्त बनाने में एक नई दिशा देगा।
  • श्री अरबिंदो विश्वविद्यालय  के संस्थापक विनोद भंडारी ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया परियोजना के माध्यम से प्रदेश के एनीमिया रोग से पीड़ित आदिवासी बेल्ट के लोगों को नि:शुल्क इलाज कराने का प्रयास किया जाएगा। 
  • उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और समाज की भागीदारी से सिकल सेल एनीमिया मुक्त राज्य बनाने की अवधारणा को सार्थक रूप दिया जा सकता है।

झारखंड Switch to English

टाटा स्टील को मिला ‘सुरक्षा और स्वास्थ्य मान्यता 2021’

चर्चा में क्यों? 

हाल ही में टाटा स्टील को वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन (वर्ल्डस्टील) द्वारा ‘व्यावसायिक स्वास्थ्य प्रबंधन’श्रेणी के तहत उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य उत्कृष्टता पहल के लिये मान्यता दी गई है। 

प्रमुख बिंदु 

  • टाटा स्टील की ओर से नीरज सिन्हा, चीफ सेफ्टी, टाटा स्टील ने बेल्जियम के ब्रूसेल्स में सेफ्टी एंड हेल्थ कमेटी की बैठक के दौरान पुरस्कार प्राप्त किया। 
  • टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी हेल्थ एंड सस्टेनेबिलिटी) संजीव पॉल ने कहा कि टाटा स्टील में कई तकनीकी नवाचारों को लागू किया गया है और कार्यबल सुरक्षा एवं व्यावसायिक स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिये अपनी डिजिटल परिवर्तन यात्रा का लाभ उठाया गया है। यह सम्मान टाटा स्टील को उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने और भविष्य के लिये तैयार करने हेतु प्रेरित करेगा।
  • पहल में कंपनी की निर्माण इकाइयों में तैनात दो प्रौद्योगिकी संचालित नवीन अवधारणाएँ ‘पीओडी अवधारणा’और ‘डिजिटल कोविड सुरक्षा ट्रैक’शामिल हैं। इन अनुप्रयोगों ने कोविड-19 जोखिमों को कम करके कार्यबल की सुरक्षा और व्यापार निरंतरता सुनिश्चित की तथा इन्हें कोविड इम्पैक्ट सेंटर के माध्यम से तेज़ी से लागू किया गया।
  • पीओडी (एक कार्यबल मॉडर्नाइजेशन अवधारणा) ने विशिष्ट कार्य करने के लिये स्व-निहित कौशल सेट के साथ ठेकेदारों सहित संचालन और रखरखाव कर्मियों वाले आत्मनिर्भर समूहों की शुरुआत की है।

झारखंड Switch to English

विधानसभा में 2926.12 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पारित

चर्चा में क्यों? 

हाल ही में झारखंड विधानसभा में भाजपा के बहिर्गमन के बावजूद 2926.12 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट ध्वनिमत से पारित किया गया। विपक्षी भाजपा ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के प्रारंभिक परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी के विरोध में सदन से वाकआउट किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • बजटीय आवंटन के अनुसार पेंशन मद में सर्वाधिक 620 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके बाद ऊर्जा विभाग के लिये 588 करोड़ रुपए, स्वास्थ्य विभाग के लिये 518 करोड़ रुपए तथा जल संसाधन विभाग के लिये 231 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। 
  • इसी प्रकार गृह कारागार और आपदा प्रबंधन विभाग के लिये 208 करोड़ रुपए, उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के लिये 172 करोड़ रुपए तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के लिये 188 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

छत्तीसगढ़ Switch to English

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बना मलेशियाई विश्वविद्यालय का भागीदार

चर्चा में क्यों?

हाल ही में छत्तीसगढ़ स्थित गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर, ‘सतत् खाद्य प्रणाली की दिशा में अनुसंधान और नवाचार’विषय पर मलेशिया के केलानटन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित स्नातकोत्तर संगोष्ठी में एक अंतर्राष्ट्रीय भागीदार बना।

प्रमुख बिंदु 

  • केलानटन विश्वविद्यालय के कृषि आधारित उद्योग के संकाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय भागीदार बनने के लिये गुरु घासीदास विश्वविद्यालय को प्रशंसा-पत्र जारी किया गया है।
  • यह सम्मेलन गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज और केलानटन विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन मोड में आयोजित किया गया था।
  • योग्यकार्ता विश्वविद्यालय (इंडोनेशिया), योगी वेमना विश्वविद्यालय, (आंध्र प्रदेश), प्रिंसेस ऑफ नरधिवास विश्वविद्यालय, (थाईलैंड) और विक्रम सिंहपुरी विश्वविद्यालय, (आंध्र प्रदेश) भी सहयोगी के रूप में शामिल हुए।

उत्तराखंड Switch to English

स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत बने उत्तराखंड के ब्रांड एंबेस्डर

चर्चा में क्यों? 

20 दिसंबर, 2021 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को राज्य में खेल को बढ़ावा देने और राज्य के युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से ‘राज्य ब्रांड एंबेस्डर’नियुक्त किया है। 

प्रमुख बिंदु 

  • धामी ने ट्विटर पर राज्य के युवाओं को खेल और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंत को ‘राज्य ब्रांड एंबेस्डर’नियुक्त करने की खबर साझा की। धामी ने युवा क्रिकेटर को एक वीडियो कॉल किया और उन्हें एक बैठक के लिये आमंत्रित किया। 
  • ऋषभ राजेंद्र पंत एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो इंडियन प्रीमियर लीग में भारत, दिल्ली और दिल्ली कैपिटल्स के लिये मध्य क्रम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ के रूप में खेलते हैं। दिसंबर 2015 में उन्हें 2016 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के लिये भारत की टीम में नामित किया गया था।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow