प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 22 Mar 2022
  • 1 min read
  • Switch Date:  
बिहार Switch to English

औद्योगिक भूमि के निबंधन व स्टांप शुल्क पूरी तरह माफ

चर्चा में क्यों?

हाल ही में बिहार सरकार ने राज्य में ज़मीन की लागत कम करने के लिये एक बड़ा फैसला लेते हुए औद्योगिक भूमि के लिये निबंधन और स्टांप शुल्क को पूरी तरह माफ करने की अधिसूचना जारी की। यह अधिसूचना 31 मार्च, 2025 तक प्रभावी रहेगी।

प्रमुख बिंदु 

  • राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में उद्योगों के लिये सस्ती ज़मीन उपलब्ध कराने की दिशा में यह फैसला लिया गया है। 
  • मद्य निषेध उत्पाद और निबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA) को सरकार द्वारा आवंटित भूमि के निबंधन पर स्टांप और निबंधन शुल्क नहीं देना होगा। 
  • इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंदर या बाहर की ऐसी कोई भी ज़मीन, जिसका इस्तेमाल निजी निवेशकों के द्वारा उद्योग स्थापित करने के लिये होगा, उसके दस्तावेज़ों के निबंधन पर स्टांप शुल्क माफ कर दिया जाएगा। 
  • सरकार के इस निर्णय का लाभ केवल नई इकाइयों को ही मिलेगा, साथ ही निजी निवेशकों को 100 फीसदी रजिस्ट्री और स्टांप फीस में छूट का फायदा तभी मिलेगा, जब उनके इन्वेस्ट प्रपोजल को राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद (SIPB) के स्टेज-1 से क्लीयरेंस मिली हो। 
  • निजी निवेशकों को छूट का फायदा केवल पहले ट्रांजेक्शन में लीज, बिक्री या ट्रांसफर के डॉक्यूमेंट्स पर ही मिलेगा। इसके अलावा अगर निवेशक प्रदेश सरकार के तय नियमों का पूरी तरह से ध्यान नहीं रखेगा तो दी गई छूट की राशि की वसूली उद्योग विभाग निवेशक से करेगा।

राजस्थान Switch to English

राजस्थान की पाँच शख्सियत पद्म पुरस्कार से सम्मानित

चर्चा में क्यों?

21 मार्च, 2022 को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म  सम्मान समारोह में राजस्थान के पैरा- एथलीट जैवलिन थ्रोअर देवेंद्र झाझरिया और पूर्व सिविल सेवक राजीव महर्षि को पद्मभूषण से तथा पैरा खिलाड़ी शूटर अवनी लखेरा, फिल्म निर्माता एवं निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी तथा संगीत और नौटंकी कला की नामचीन हस्ती राम दयाल शर्मा को पद्मश्री से सम्मानित किया।  

प्रमुख बिंदु 

  • राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I में वर्ष 2022 के लिये देश के पहले चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, गीता प्रेस के पूर्व चेयरमैन राधेश्याम खेमका व कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद समेत 54 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किये। 
  • नागरिक अलंकरण समारोह-II का आयोजन 28 मार्च को किया जाएगा, जिसमें शेष हस्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
  • पैरालंपिक खेलों में तीन मेडल जीतने वाले राजस्थान के जैवलिन थ्रोअर देवेंद्र झाझरिया खेल के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिये पद्मभूषण पुरस्कार प्राप्त करने वाले देश के पहले पैरा खिलाड़ी हैं। टोक्यो पैरालंपिक गेम्स- 2020 में देवेंद्र झाझरिया ने सिल्वर मेडल जीता था। 
  • भारतीय प्रशासनिक सेवा 1978 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी एवं भारत के 13वें कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल राजीव महर्षि को एक उत्कृष्ट सिविल सेवक के तौर पर उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिये पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। 
  • अवनी लखेरा ने टोक्यो पैरालंपिक गेम्स- 2020 में वींमेंस 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग इवेंट में देश के लिये पहला गोल्ड मेडल जीतकर रिकॉर्ड कायम किया था। टोक्यो पैरालंपिक में ही लखेरा ने दूसरे मेडल के तौर पर ब्रोंज मेडल भी जीता और दो पैरालंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं।
  • राजस्थान के सिरोही ज़िले के दोदुआ में जन्मे फिल्म निर्माता, निर्देशक, स्क्रीनप्ले राइटर चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने टेलीविजन धारावाहिक ‘चाणक्य’के निर्देशन के साथ-साथ बॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों, जैसे- पिंजर, मोहल्ला अस्सी, ज़ेड प्लस, पृथ्वीराज, उपनिषद् गंगा एवं टेलीविज़न सीरीज़ ‘मृत्युंजय’के निर्देशन सहित कला और सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है।
  • राजस्थान में ‘ब्रज कोकिला’और ‘ब्रज पपीहा’के नाम से विख्यात भरतपुर के नामचीन नौटंकी कलाकार राम दयाल शर्मा रहशधारी घराना (सामई खेड़ा) से ताल्लुक रखते हैं। शर्मा को इससे पहले संगीत नाटक अकादमी का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। रामदयाल शर्मा नौटंकी, स्वांग, भगत, रासलीला और रसिया से जुड़े कला क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण स्थान रखते हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

औबेदुल्ला खाँ हैरिटेज कप हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

21 मार्च, 2022 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में आयोजित औबेदुल्ला खाँ हैरिटेज कप हॉकी टूर्नामेंट 2022 का शुभारंभ किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने औबेदुल्ला खाँ हैरिटेज कप की ट्रॉफी का अनावरण भी किया।

प्रमुख बिंदु 

  • भोपाल में यह टूर्नामेंट 21 से 27 मार्च तक चलेगा। उल्लेखनीय है कि औबेदुल्ला खाँ कप हॉकी टूर्नामेंट 1931 में स्थापित हुआ था। बीच में यह बंद हो गया, कोरोना के कारण भी इसमें व्यवधान हुआ।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ताशकंद, उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप में ईपी इवेंट में रजत पदक विजेता प्रज्ञा सिंह तथा कांस्य पदक विजेता आर्यन सेन, जॉर्डन में आयोजित एशियन यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता अमन सिंह बिष्ट तथा रजत पदक विजेता आनंद यादव तथा आबू धाबी में आयोजित एशियन सेलिंग चैंपियनशिप के 4.7 लेज़र इवेंट में स्वर्ण पदक विजेता रितिका दांगी और कांस्य पदक विजेता नेहा ठाकुर को सम्मानित किया। 
  • मुख्यमंत्री ने डैफलंपिक, ब्राज़ील 2022 के लिये चयनित मध्य प्रदेश की बैडमिंटन खिलाड़ी गौरांशी शर्मा और टेनिस खिलाड़ी धनंजय दुबे को एक-एक लाख रुपए का प्रतीकात्मक चेक भेंट कर सम्मानित किया।

झारखंड Switch to English

अमृत 2.0 की योजनाओं की स्वीकृति में देश का पहला राज्य बना झारखंड

चर्चा में क्यों? 

हाल ही में केंद्र सरकार ने नवीकरण और शहरी परिवर्तन के लिये अटल मिशन (अमृत) 2.0 हेतु झारखंड सरकार की शत-प्रतिशत योजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही झारखंड पूरे देश में अमृत 2.0 के तहत योजनाओं की स्वीकृति में पहला राज्य बन गया है। 

प्रमुख बिंदु 

  • पहले चरण में 6 राज्यों ने प्रस्ताव भेजा था, जिनमें झारखंड पहला ऐसा राज्य है, जिसकी सभी योजनाओं को सबसे पहले स्वीकृति मिली है।
  • इससे राज्य के 16 नगर निकायों- रामगढ़, सिमडेगा, लोहरदगा, गुमला, जामताड़ा, बरहरवा, बड़कीसरइया, बचरा, छतरपुर, हरिहरगंज, वंशीधर, धनवार, महगामा, डोमचांच, कपाली और विश्रामपुर की जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त होगी। इसके अलावा अमृत सिटी में अपशिष्ट जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी कार्य तेज़ हो सकेगा।
  • झारखंड में अमृत 2.0 के तहत निर्धारित लक्ष्य हैं- शहरी क्षेत्र के हर घर को नि:शुल्क पीने का पानी पहुँचाना, राज्य के सात प्रमुख शहरों में अपशिष्ट जल प्रबंधन, सभी निकायों में जलस्रोत का जीर्णोद्धार और 2025-26 तक हरियाली विकसित करना। 
  • गौरतलब है कि राज्य में हर घर में लगने वाले मीटर कनेक्शन को पहले ही नि:शुल्क कर दिया गया है तथा नियंत्रित मात्रा में जल उपयोग करने वाले परिवार को नि:शुल्क जलापूर्ति की घोषणा की जा चुकी है, चाहे वो वाटर कनेक्शन किसी भी योजना के तहत मिला हो।
  • राज्य के 16 नगर निकायों में 190000 घरों को टैब वाटर के रूप में नि:शुल्क जल देने की योजना है। इन योजनाओं से 900000 से ज़्यादा लोग लाभान्वित होंगे। योजनाओं में नवीन तकनीक, जैसे- स्काडा, जीआईएस और सेंसर का इस्तेमाल होगा।।
  • राज्य को अमृत 2.0 के तहत 1178 करोड़ रुपए केंद्र के अंशदान राशि के रूप में प्राप्त हैं। प्रथम चरण में जिन योजनाओं के लिये स्वीकृति मिली है, उनमें कुल 1122 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिसमें केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकार का अंशदान भी है। 
  • उल्लेखनीय है कि नवीकरण और शहरी परिवर्तन के लिये अटल मिशन (अमृत), देश का पहला केंद्रित राष्ट्रीय जल मिशन है, जिसे जून 2015 में देश के 500 शहरों में नागरिकों को नल कनेक्शन और सीवर कनेक्शन प्रदान करके जीवन में सुगमता लाने के लिये शुरू किया गया था।

छत्तीसगढ़ Switch to English

फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिये छत्तीसगढ़ की आदिवासी महिलाएँ सम्मानित

चर्चा में क्यों?

हाल ही में छत्तीसगढ़ के कोंडागाँव ज़िले की आदिवासी महिलाओं को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर नई दिल्ली में सम्मानित किया गया। 

प्रमुख बिंदु 

  • कृषि खाद्य उत्पादों के निर्माण और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिये एमएसएमई के राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने यह अवार्ड प्रदान किया।
  • एमएसएमई मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में 5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी- इनवेस्टमेंट एंड बिज़नेस समिट कम अवार्ड कार्यक्रम में यह सम्मान महिला समूह की ओर से कंसल्टेंट सिद्धार्थ पांडेय ने ग्रहण किया।
  • आदिवासी बहुल कोंडगांव ज़िले की महिलाओं ने उड़ान महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी बनाई है। ये कंपनी कोंडानार ब्रांड के नाम से कृषि खाद्य उत्पादों का निर्माण करती है और बेचती है। 
  • इस कंपनी में 10 बोर्ड ऑफ डायरेक्टर हैं। इसमें 30 से ज़्यादा महिला स्वयं सहायता समूह जुड़े हुए हैं, जो अचार, चटनी, मिल्क शेक, कुकीज, तीखुर, नारियल तेल सहित 30 से ज़्यादा खाद्य सामग्री बनाने का काम करते हैं। 
  • इस कंपनी से 200 से ज़्यादा आदिवासी महिलाओं को नियमित रोज़गार सुनिश्चित हुआ  है। यहाँ काम कर रहीं महिलाओं को हर महीने कम-से-कम 7500 रुपए वेतन मिलता है। 
  • कोंडानार देश के साथ ही दुनिया में भी ब्रांड बन रहा है। दुबई एक्सपो में भी कोंडगांव उड़ान के प्रोडक्ट्स को वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर रखा गया था। अनेक देशों के लोगों ने प्रोडक्ट्स की जानकारी ली।

उत्तराखंड Switch to English

स्व. बिपिन रावत पद्म विभूषण से सम्मानित, बेटियों ने ग्रहण किया अवार्ड

चर्चा में क्यों?

21 मार्च, 2022 को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत को मरणोपरांत पद्मविभूषण प्रदान किया। जनरल रावत की बेटियों कीर्तिका व तारिणी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I में वर्ष 2022 के लिये पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने देश के पहले चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, गीता प्रेस के पूर्व चेयरमैन राधेश्याम खेमका व कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद समेत 54 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किये। 
  • नागरिक अलंकरण समारोह-II का आयोजन 28 मार्च को किया जाएगा, जिसमें शेष हस्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा। 
  • उल्लेखनीय है कि जनरल रावत की पिछले साल दिसंबर में हेलीकॉप्टर हादसे के दौरान मौत हो गई थी।  
  • इस वर्ष कुल 128 पद्म पुरस्कार दिये जा रहे हैं, जिनमें दो युग्म पुरस्कार (युग्म पुरस्कारों को एकल पुरस्कार गिना जाता है) शामिल हैं। पुरस्कृतों की सूची में चार पद्मविभूषण, 17 पद्मभूषण और 107 पद्मश्री पुरस्कार हैं। पुरस्कृतों में 34 महिलाएँ हैं। सूची में विदेशी/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई वर्ग के 10 लोग शामिल हैं। 
  • ये पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री में प्रदान किये जाते हैं। विभिन्न विषयों/क्षेत्रों, जैसे- कला, सामाजिक कार्य, जन कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, व्यापार एवं उद्योग, औषधि, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, नागरिक सेवा आदि के लिये पुरस्कारों को प्रदान किया जाता है।
  • ‘पद्मविभूषण’उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिये; ‘पद्मभूषण’उच्चस्तरीय विशिष्ट सेवा के लिये और ‘पद्मश्री’किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिये दिये जाते हैं। पुरस्कारों की घोषणा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2