प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 21 Dec 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
हरियाणा Switch to English

श्रमिकों एवं फैक्ट्री मालिकों के लिए एक नई वेबसाइट और जीपीएस आधारित स्थान संकेतक किया गया लांच

चर्चा में क्यों?

19 दिसंबर 2023 को हरियाणा सरकार द्वारा श्रमिकों एवं फैक्ट्री मालिकों के लिए एक नई वेबसाइट (https://hrylabour.gov.in/) और जीपीएस आधारित स्थान संकेतक लांच किया है|

प्रमुख बिंदु

  • श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने बताया कि श्रमिक अपने आसपास के सहायता केंद्रों, विभागीय कार्यालयों, श्रम कल्याण कार्यालयों और स्वास्थ्य सेवाओं का न केवल स्थान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, बल्कि उन तक पहुंचने के लिए सर्वोत्तम मार्ग और आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
  • श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने बताया कि इसके माध्यम से श्रम विभाग के कार्यालयों, सहायता केंद्रों, ईएसआई औषधालयों और अस्पतालों जैसी विभिन्न सुविधाओं की लोकेशन को शामिल किया गया है। इससे श्रमिकों को विभाग से सम्बंधित सभी क्षेत्रों की जानकारी एक ही पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
  • इस प्रणाली को विशेष रूप से उन श्रमिकों की सुविधा के लिए डिजाइन किया गया है जिन्हें अपने क्षेत्र की सटीक जानकारी नहीं होती थी। इससे उन्हें उनकी आवश्यकतानुसार सहायता मिल सकेगी और लाभ प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी जिनके वे पात्र हैं।
  • श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने बताया कि श्रम विभाग के वेबसाइट के जरिए श्रमिकों को विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी, सम्पर्क विवरण, सेवा घंटे और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं भी उपलब्ध होंगी।


बिहार Switch to English

बिहार के सारण में डेढ़ करोड़ घरों को मिलेगा निशुल्क इंटरनेट कनेक्शन

चर्चा में क्यों?

20 दिसंबर 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार भारत नेट उद्यमी योजना के तहत आप्टिकल फाइबर गेटवे से बिहार के सारण ज़िले का हर गांव और हर घर में ब्राडबैंड कनेक्शन लगेगा।

प्रमुख बिंदु

  • सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि सारण ज़िले के गांवों को इंटरनेट से जोड़ने के लिए जिले में 105 किलोमीटर आप्टिकल फाइबर दोबारा बिछाया जा रहा है, जिसे मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
  • सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि ब्राडबैंड कनेक्शन से ग्रामीण क्षेत्र सशक्त बनेंगे, लोग वैश्विक डाक्टरों की मदद से इलाज करा पाएंगे तथा परिवार बच्चों की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी पर पैसे बचा पाएंगे और गांव के बच्चे गांव में ही रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर पाएंगे।
  • सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि द्रुत गति इंटरनेट में टेलीविजन, टेलीफोन, आइपैड, कंप्यूटर, डेस्कटाप सभी का एक साथ उपयोग किया जा सकेगा। इसके साथ ही घरों में अलग से फोन लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि निःशुल्क कनेक्शन के साथ ही एक लैंड लाइन फोन भी लगाया जाएगा।
  • विदित हो कि सांसद राजीव प्रताप रूडी ने सारण ज़िले में इंटरनेट कनेक्शन के लिए पहले ही अभियान चलाये थे। इस अभियान में गुलाबी रंग के फार्म के माध्यम से लोगों को इंटरनेट का निःशुल्क कनेक्शन दिया जा रहा है। इसमें 999 रुपये का छह माह का प्लान दिया जा रहा है।

 


उत्तराखंड Switch to English

उत्तराखंड में सड़कों से जुड़ेंगे 100 से अधिक जनसंख्या वाले जनजातीय क्षेत्र

चर्चा में क्यों?

20 दिसंबर 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत उत्तराखंड के जनजातीय वाले ऐसे क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिनकी आबादी 100 से अधिक है।

प्रमुख बिंदु

  • इस अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड को अभी तक चार सड़कें और आठ पुल मिले हैं।
  • पीएम ग्राम सड़क योजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत उत्तराखंड में प्रथम चरण में देहरादून जिले की हसनपुर, हरिद्वार की जसपुर चमरिया, चंपावत की खिर्दवाड़ी और पिथौरागढ़ की छिपलतरा बसावटों को सड़क मार्गों से जोड़ने के लिए चयन किया गया है।
  • उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की नोडल एजेंसी यूआरआरडीए (उत्तराखंड रूरल रोड डेवलपमेंट एजेंसी) को सड़क और पुलों के निर्माण की जिम्मेदारी दिया गया है।
  • कर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत 2 किमी से लेकर 13 किमी तक की सड़क बनाई जाएगी।
  • विदित हो कि उत्तराखंड में पांच जनजातियां भोटिया, थारू, जौनसारी, बोक्सा और राजी निवास करती हैं। इन्हें वर्ष 1967 में अनुसूचित जनजाति घोषित किया गया था। इनमें से बोक्सा और राजी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) में शामिल हैं।
  • गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर 2023 को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर खूंटी, झारखंड से इस अभियान की घोषणा की थी।


छत्तीसगढ़ Switch to English

डॉ. रमन सिंह बने छत्तीसगढ़ विधानसभा का अध्यक्ष

चर्चा में क्यों?

19 दिसंबर 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को छत्तीसगढ़ विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है।

प्रमुख बिंदु

  • प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम द्वारा सदन में डॉ. रमन सिंह को निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा किया गया।
  • डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ के तीन बार मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और केंद्रीय मंत्री रहे हैं।
  • नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन को 45,084 वोटों के अंतर से हराया था।
  • सात बार के विधायक रहे डॉ. रमन सिंह वर्ष 2008 से राजनांदगांव विधानसभा सीट से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
  • डॉ. रमन सिंह वर्ष 1999 में लोकसभा सांसद के रूप में भी चुने गए थे।
  • विदित हो कि डॉ. रमन सिंह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री के रूप में दायित्वों का निर्वहन कर चुके है।

  


उत्तर प्रदेश Switch to English

स्विट्जरलैंड की तर्ज पर लखनऊ में बनेगी आधुनिक गौशाला

चर्चा में क्यों

20 दिसंबर, 2023 को लखनऊ के महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उत्तरधौना गांव में स्विट्जरलैंड की तर्ज पर एक नई गोशाला बनाई जाएगी।

प्रमुख बिंदु

  • विदित हो कि लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इसका प्रस्ताव पास किया गया। वहीं नगर निगम की शूटिंग रेंज को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने समेत 13 प्रस्ताव पास हुए।
  • उत्तर प्रदेश सरकार की गो पर्यटन नीति के तहत 10 हेक्टेयर जमीन पर इसका विकास किया जाएगा। इसपर 32.63 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस गोशाला का नाम ‘मनोरथा’ गोशाला होगा। यहां पर करीब दो हज़ार गायें रखी जा सकेंगी।
  • इस गोशाला में गायों को बांधकर नहीं रखा जाएगा। ज्यादा से ज्यादा खुला क्षेत्र रहेगा, जिसमें वे टहल-टहलकर चर सकेंगी। गोशाला में दुधारू गायें ही रखी जाएंगी। गोशाला में भारतीय संस्कृति की झलक दिखेगी।
  • गायों को गोशाला में प्राकृतिक माहौल दिया जाएगा। पूरा मैदान कच्चा रहेगा। वहीं उनके चरने के लिए खेत होगा। इससे गायें जो गोबर करेंगी, उसको उठाने की भी जरूरत नहीं होगी। गोबर उसी मैदान में सूखकर खाद बन जाएगा।
  • गोशाला को इस तरह से विकसित किया जाएगा ताकि यह पर्यटन का भी केंद्र बने। इसके लिए गाय संग्रहालय एवं गोदान स्थल बनाया जाएगा। अन्नपूर्णा भोजनालय, पाथवे, पार्किंग, लैंडस्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी। कर्मचारी आवास, पशु चिकित्सालय और सीवरेज-ड्रेनेज का भी काम कराया जाएगा।


उत्तर प्रदेश Switch to English

देश के शीर्ष विश्वविद्यालय में शामिल हुआ प्रदेश का पूर्वांचल विश्वविद्यालय, नैक में मिला ए प्लस रैंक

चर्चा में क्यों

20 दिसंबर, 2023 को जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रत्यायन परिषद (नैक) ग्रेडिंग में ए प्लस ग्रेड प्राप्त कर देश के शीर्ष विश्वविद्यालय में शामिल हो गया है।

प्रमुख बिंदु

  • विदित हो कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने लंबी कवायद के बाद राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रत्यायन परिषद (नैक) में ए प्लस ग्रेडिंग प्राप्त की है। विश्वविद्यालय में नैक की टीम ने तीन से पांच दिसंबर तक स्थलीय निरीक्षण किया था। इसके बाद परिणाम जारी किया गया है।
  • विश्वविद्यालय ने वर्ष 2016 में नैक में बी प्लस ग्रेड प्राप्त किया था, जो 2020 में समाप्त हुआ था। इसके बाद कोविड और अन्य कारणों से विश्वविद्यालय दो साल इसके लिए आवेदन नहीं कर सका।
  • वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में जारी हुए नैक मूल्यांकन की रिपोर्ट के बाद विश्वविद्यालय को देश, प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में प्रतिभाग करने का अच्छा अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय अब पूर्वांचल में शिक्षा का केंद्र बनेगा। नए स्टार्टअप शुरू होंगे, कैंपस चयन के लिए मल्टीनेशनल कंपनियों को बुलाया जाएगा। 
  • कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि अब विदेश और देश के दूसरे राज्यों के विद्यार्थी भी पढ़ने के लिए आकर्षित होंगे। ए प्लस ग्रेड मिलने के बाद केंद्र सरकार खेल संसाधन और कौशल विकास एवं इंटरप्रेन्योरशिप के लिए करोड़ों रुपए देगी।
  • उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अब राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की रैंकिंग के लिए आवेदन करेगा।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2