प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 21 Aug 2021
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

‘मिशन शक्ति’ के तृतीय चरण का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

21 अगस्त, 2021 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘मिशन शक्ति’ के तृतीय चरण का शुभारंभ हुआ। ‘मिशन शक्ति’ का यह चरण 31 दिसंबर, 2021 तक आयोजित किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • इस कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा वित्त मंत्री, भारत सरकार श्रीमती निर्मला सीतारमण सम्मिलित हुईं।
  • इस कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगल योजना’ के अंतर्गत पात्र लाभार्थी बालिकाओं के खाते में अनुदान की धनराशि का ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया।
  • इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति के प्रथम व द्वितीय चरण में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
  • इस अवसर पर 59 हज़ार ग्राम पंचायतों में ‘मिशन शक्ति कक्ष’ का शुभारंभ, बदायूँ में वीरांगना अवंतीबाई बटालियन के प्रांगण के शिलान्यास सहित विभिन्न कार्यक्रम संपन्न हुए।
  • ज्ञातव्य है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिये राज्य सरकार द्वारा ‘मिशन शक्ति’ संचालित किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश Switch to English

राष्ट्रीय लोक अदालत में वादों का निस्तारण

चर्चा में क्यों?

20 अगस्त, 2021 को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मुनीश्वर नाथ भंडारी ने राजभवन के गांधी सभागार में राष्ट्रीय लोक अदालत में सर्वाधिक वादों के निस्तारण में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जनपद न्यायाधीशगण एवं सचिवगण, ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण को उनके उत्कृष्ट कार्यों हेतु सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • ज्ञातव्य है कि 10 जुलाई, 2021 को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित लोक अदालत में सर्वाधिक वादों के निस्तारण में उत्तर प्रदेश राज्य को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके उपलक्ष्य में इन जनपद न्यायाधीशगण व सचिवगण को सम्मानित किया गया है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से राज्य में 12 लाख से अधिक मुकदमों का निस्तारण किया गया, जो देश में सर्वाधिक है।
  • जनपद न्यायाधीशगण (सामान्य निस्तारण) के अंतर्गत ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश गोरखपुर दुर्ग नारायण सिंह, ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थनगर प्रमोद कुमार शर्मा तथा ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश रायबरेली अब्दुल शाहिद को सम्मानित किया गया।
  • जनपद न्यायाधीशगण/पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना प्रतितोष अधिकरण के तहत जनपद आगरा के राजेंद्र प्रताप सिंह, जनपद अलीगढ़ के संजय सिंह तथा जनपद बरेली के मयंक चौहान को सम्मानित किया गया।
  • जनपद न्यायाधीशगण/प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय के अंतर्गत जनपद सिद्धार्थनगर के राजकुमार बंसल, जनपद मेरठ के इरफान कमर तथा जनपद गाजियाबाद की श्रीमती अनीता राज को सम्मानित किया गया।
  • सचिव, ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज (सी.डी.) के तहत अलीगढ़, बरेली, आगरा, गोरखपुर, रायबरेली, गाजियाबाद, मेरठ, सिद्धार्थनगर तथा लखनऊ के सचिव क्रमश: महेंद्र कुमार, सत्येंद्र सिंह वर्मा, सुश्री मुक्ता त्यागी, देवेंद्र कुमार, सुमित कुमार, श्रीमती नेहा रूंगटा, श्रीमती अंजू कंबोज, चंद्रमणि तथा डॉ. सत्यवान सिंह को सम्मानित किया गया।
  • सचिव, उच्च न्यायालय विधिक सहायता समिति के तहत अशोक कुमार श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

राजस्थान Switch to English

कोटा ज़िले में नवीन कार्यों का लोकार्पण

चर्चा में क्यों?

20 अगस्त, 2021 को राजस्थान के चिकित्सा एवं जनसंपर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा और स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा ज़िले को चिकित्सा के क्षेत्र में नई सौगात देते हुए 16.53 करोड़ रुपए के नवीन कार्यों का लोकार्पण किया।

प्रमुख बिंदु

  • उन्होंने निम्नलिखित कार्यों का लोकार्पण किया-
    • मेडिकल कॉलेज में 525 लाख रुपए की लागत की नवनिर्मित एमडीआरयू लैब का लोकार्पण किया, इस पर 47.44 लाख रुपए एक वर्ष के संचालन पर व्यय होंगे। 
    • 99.75 लाख रुपए लागत की 3 जीवन रक्षक उपकरण युक्त एम्बुलेंस विथ नेगेटिव प्रेशर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 
    • मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही 800 लाख की लागत से मुख्यमंत्री की बजट घोषणा में नवनिर्मित किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण किया। 
    • सुपर स्पेश्यलिटी चिकित्सालय में 115.94 लाख की लागत से निर्मित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का लोकार्पण कर पौधारोपण भी किया।
    • जेके लोन अस्पताल में 65 लाख रुपए की लागत से नवस्थापित 4-डी कलर डॉप्लर सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण किया। इससे गर्भ में पल रहे शिशु की विशेष रूप से जन्मजात अंगों की कुरुपता की जाँच की जा सकेगी, महिलाओं एवं शिशु से संबंधित रोगों के निदान में सुविधा होगी तथा इससे माँसपेशियों एवं जोड़ों की सोनोग्राफी भी कराई जा सकेगी।
  • शांति धारीवाल ने कहा कि कोटा में अब एसएमएस अस्पताल जयपुर के समान चिकित्सा सुविधाएँ मिलने लगेंगी। इससे संपूर्ण हाड़ौती सहित मध्य प्रदेश राज्य से आने वाले रोगियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। 
  • डॉ. शर्मा ने कहा कि कोटा में शिशु मृत्यु दर के मामलों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के कारण कमी आई है। 2014 में मृत्यु दर 7.62 प्रतिशत थी, जो 2020 में 6.84 प्रतिशत रही तथा नवजात शिशु मृत्यु दर 19 प्रतिशत से घटकर 17.63 प्रतिशत रह गई है।

मध्य प्रदेश Switch to English

नई उड़ानों का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

20 अगस्त, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर से दिल्ली, इंदौर और मुंबई के लिये इंडिगो की नई उड़ानों का केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • 20 अगस्त से जबलपुर से मुंबई और दिल्ली की विमान सेवा आरंभ हुई तथा जबलपुर से हैदराबाद और इंदौर के लिये 28 अगस्त से विमान सुविधा उपलब्ध होगी। इसी प्रकार इंदौर से मुंबई और जबलपुर के लिये भी 28 अगस्त से विमान सेवा आरंभ होगी।
  • इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर एयरपोर्ट का नाम ‘रानी दुर्गावती’ के नाम पर रखने का अनुरोध केंद्रीय मंत्री सिंधिया से किया।
  • कुछ समय पहले मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों से प्रति सप्ताह 424 उड़ानें संचालित हो रही थीं, जो अब बढ़कर प्रति सप्ताह 588 हो गई हो गई हैं।
  • जबलपुर में एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से क्षेत्र का औद्योगिक व आर्थिक विकास होगा और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। जबलपुर के हवाई अड्डे के विस्तार के लिये राज्य शासन ने 730 एकड़ से अधिक भूमि हस्तांतरित की है।
  • केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जबलपुर में हवाई अड्डे के विस्तार के लिये 421 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई है। टर्मिनल बिल्डिंग निर्माण एटीसी टावर और रनवे की लंबाई बढ़ाने का कार्य दिसंबर 2022 तक पूर्ण हो जाएगा। 
  • उल्लेखनीय है कि उड़ान योजना में वर्ष 2025 तक 1000 एयर रूट प्रचलित करने और 100 हवाई अड्डे स्थापित करने की योजना है, जिनमें से 363 रूट और 59 हवाई अड्डे स्थापित किये जा चुके हैं।

मध्य प्रदेश Switch to English

सर्वश्रेष्ठ वन्यजीव और पारिस्थितिकी पर्यटन तथा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन विपणन अभियान के लिये पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

20 अगस्त, 2021 को मध्य प्रदेश पर्यटन को नई दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में आयोजित आईटीसीटीए बी2बी इंटरनेशनल टूरिज्म एक्सपो एंड कॉन्क्लेव, 2021 के 7वें संस्करण में सर्वश्रेष्ठ वन्यजीव और पारिस्थितिकी पर्यटन राज्य और पर्यटन विपणन अभियान के लिये सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में सम्मानित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव पर्यटन एवं जनसंपर्क शिव शेखर शुक्ला ने पुरस्कार प्रदान किये और दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
  • बेस्ट वाइल्ड लाइफ एंड इको टूरिज्म का अवॉर्ड डिप्टी डायरेक्टर, मध्य प्रदेश टूरिज्म युवराज पडोले ने और बेस्ट टूरिज्म मार्केटिंग कैंपेन का अवॉर्ड डिप्टी डायरेक्टर, मध्य प्रदेश टूरिज्म दीपिका रॉय चौधरी ने प्राप्त किया।
  • उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश समृद्ध वन्य जीवन से परिपूर्ण है। यहाँ 77 हज़ार 700 वर्ग किलोमीटर के वन क्षेत्र में, 11 राष्ट्रीय उद्यानों और 24 वन्यजीव अभयारण्यों के साथ कई वन्यजीव हॉट स्पॉट हैं। 
  • मध्य प्रदेश को ‘टाइगर स्टेट’ के साथ हाल ही में ‘द लेपर्ड स्टेट’ और ‘घड़ियाल स्टेट’ का भी दर्जा मिला है, जो वन्य जीव संरक्षण के प्रयासों को दर्शाता है।
  • राज्य पर्यटन को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने के लिये, पर्यटन विभाग ने ओरछा सांस्कृतिक उत्सव, मांडू उत्सव, जल महोत्सव, गो हेरिटेज रन, साइकिल सफारी और एलीफेंट सफारी जैसे विभिन्न प्रचार कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इसने बफर में सफर, इंतजार आपका, इंतजार खत्म हुआ, मानसून मैजिक, सब कुछ जो दिल चाहे आदि जैसे सोशल मीडिया कैंपेन का भी आयोजन किया है।
  • इस कार्यक्रम में युवराज पडोले ने मध्य प्रदेश के पर्यटन आकर्षणों और वन्य जीव सफारी, साहसिक गतिविधियों, वाटर स्पोर्ट्स, रिस्पांसिबल टूरिज्म, वेलनेस और माइंडफुल टूरिज्म आदि पहलों पर एक संक्षिप्त प्रस्तुति भी दी।

छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री बघेल ने शहीद स्मारक अंग्रेज़ी मीडियम स्कूल का लोकार्पण किया

चर्चा में क्यों?

20 अगस्त, 2021 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में नवीनीकृत शहीद स्मारक इंग्लिश मीडियम स्कूल का लोकार्पण किया।

प्रमुख बिंदु

  • पहले यह नगर निगम द्वारा संचालित हिंदी माध्यम का स्कूल था, जिसे अब स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत लाया गया है।
  • इस स्कूल का नवीनीकरण किया गया है और गुणात्मक रूप से व सौंदर्य की दृष्टि से इसे बदला गया है।
  • स्कूल में अब एक आधुनिक पुस्तकालय, प्रयोगशालाएँ और एक बड़ा खेल का मैदान उपलब्ध है।

छत्तीसगढ़ Switch to English

‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ की दूसरी किस्त का भुगतान

चर्चा में क्यों?

20 अगस्त, 2021 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ के तहत राज्य के 21 लाख किसानों को दूसरी किश्त के रूप में 1,522 करोड़ रुपए हस्तांतरण किये।

प्रमुख बिंदु

  • राजीव गांधी की जयंती ‘सद्भावना दिवस’ पर आयोजित एक समारोह में बघेल ने राज्य के 21 लाख धान एवं गन्ना उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 1,522 करोड़ रुपए ई-ट्रांसफर किये।
  • किसानों को जारी राशि में से धान उत्पादक किसानों के खाते में 1500 करोड़ रुपए और गन्ना उत्पादक किसानों के खाते में 22 करोड़ तीन लाख रुपए की राशि अंतरित की गई।
  • इसके अलावा उन्होंने ‘राजीव गांधी गोधन न्याय योजना’ के तहत पशुपालकों एवं संग्राहकों से क्रय किये गए गोबर तथा गोठान समितियों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को कुल 9.03 करोड़ रुपए राशि का ऑनलाइन ट्रांसफर किया।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow