प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 20 Oct 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

प्रदेश में 550 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा कम्प्रेस्ड बायोगैस और बायोडीज़ल प्लांट, 12 प्रस्तावों पर लगी मुहर

चर्चा में क्यों?

19 अक्तूबर, 2023 को उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की राज्यस्तरीय समिति ने कम्प्रेस्ड बायोगैस तथा बायो डीज़ल के उत्पादन संयंत्रों की स्थापना के लिये 550 करोड़ रुपए के 12 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की।

प्रमुख बिंदु

  • यूपीनेडा मुख्यालय में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत महेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई राज्यस्तरीय समिति की बैठक में भूमि बैंक लोन सहित अन्य ज़रूरी औपचारिकताएँ पूर्ण करने वाले प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
  • स्वीकृत 12 परियोजनाओं से प्रदेश में 93 टन सीबीजी और 44 किलो लीटर बायो डीज़ल का उत्पादन रोज़ाना होगा।
  • उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व में 13 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जिन पर आवश्यक निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस प्रकार अभी तक स्वीकृत कुल 25 प्रस्तावों से 1271 करोड़ रुपए का निवेश होगा।
  • यूपीनेडा के निदेशक अनुपम शुक्ला ने बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अब तक लगभग सात लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव यूपीनेडा को प्राप्त हुए हैं। इसमें से लगभग 57 हज़ार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश राज्य जैव ऊर्जा नीति-2022 के तहत बायो ऊर्जा क्षेत्र के हैं।
  • कम्प्रेस्ड बायोगैस, बायो डीज़ल तथा बायोकोल के प्लांटों की स्थापना हेतु 354 निवेशकों ने अपनी परियोजनाओं की स्वीकृति के लिये यूपीनेडा के समक्ष अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया है, जिसमें से 80 परियोजनाओं को यूपीनेडा स्तर से सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
  • निवेशकों की जिन 12 परियोजनाओं को समिति द्वारा मंज़ूरी दी गई है, वे हैं-
    • कम्प्रेस्ड बायो गैस के लिये बरेली में कार्बन सर्कल प्राइवेट लिमिटेड को।
    • मेरठ में आनंद मंगल इन्फ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को।
    • सीतापुर में ईकोतारस सस्टेनेबल सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को।
    • मुज़फ्फरनगर में बायोस्पार्क एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को।
    • रायबरेली में पंचवटी फूड को।
    • मथुरा में अडानी टोटल एनर्जी बायोमास प्राइवेट लिमिटेड को।
    • मुज़फ्फरनगर में मेसर्स रिजूलेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को।
    • मुरादाबाद में जैविक विकल्प ऊर्जा लिमिटेड को।
    • सहारनपुर में बी. के. इन्वेस्टमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड को।
    • शामली में श्री शताक्छी बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड को।
    • बायोडीज़ल के लिये लखनऊ में सिसोदिया रिसर्च लेबोरेटरीज़ प्राइवेट लिमिटेड को।
    • लखनऊ मैटफ्यूजन वेल्ड प्राइवेट लिमिटेड को।


बिहार Switch to English

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं राष्ट्रपति

चर्चा में क्यों?

19 अक्तूबर, 2023 को महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं।

प्रमुख बिंदु

  • राष्ट्रपति ने सबसे पहले दीक्षांत समारोह में प्रसिद्ध उद्योगपति, लेखक एवं सामाजिक विचारक आर.के. सिन्हा एवं भारतीय अभिनेता, फिल्म निर्देशक एवं पटकथा लेखक चंद्रप्रकाश द्विवेदी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया।
  • राष्ट्रपति ने महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के विभिन्न संकायों स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के पासआउट विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र भेंटकर कुलाधिपति स्वर्ण पदक की उपाधि से सम्मानित किया।
  • दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने बेतिया और शिवहर में विश्वविद्यालय का सैटेलाइट कैंपस खोले जाने की घोषणा की। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।


झारखंड Switch to English

15 नवंबर को राँची स्मार्ट सिटी परिसर में अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का होगा भूमि पूजन

चर्चा में क्यों?

19 अक्तूबर, 2023 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राँची स्मार्ट सिटी परिसर में 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का भूमि पूजन करने का निर्देश दिया है।

प्रमुख बिंदु

  • राँची स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में अपोलो अस्पताल के निर्माण के लिये राँची नगर निगम और अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई के बीच सब लीज डीड पर हस्ताक्षर हुआ है।
  • अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ यह समझौता विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
  • अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जल्द ही 250 बेड के अस्पताल निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में यहाँ ओपीडी की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्थानीय लोगों को रोज़गार उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।
  • अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज के द्वारा राँची स्मार्ट सिटी परिसर में लगभग 2.75 एकड़ ज़मीन में 250 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेलिटी हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा। यहाँ विशेषरूप से कॉर्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक, गायनेकोलॉजी, जनरल सर्जरी, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, ईएनटी सेवा प्रदान की जाएगी।
  • इसके अलावा इमरजेंसी सेवा, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, डाइटरी सर्विसेस की भी व्यवस्था यहाँ होगी। अपोलो हॉस्पिटल के द्वारा 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। हॉस्पिटल के अंदर पार्किंग, फार्मेसी, एटीएम, कैंटीन इत्यादि की व्यवस्था भी रहेगी।
  • राँची स्मार्ट सिटी परिसर में कई इंस्टीट्यूशंस, स्कूल, कॉलेज, पाँच सितारा समेत कई होटल, मॉल, ऑफिस तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा यहाँ लगभग 16 हज़ार आवासीय इकाई होंगी और अनुमानित है कि लगभग डेढ़ लाख की जनसंख्या इस विकसित क्षेत्र में निवास करेगी, जो इस परियोजना से सीधे रूप से लाभान्वित होगी।


उत्तराखंड Switch to English

दुबई में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में 5450 करोड़ रुपए के इनवेस्टमेंट एमओयू साइन

चर्चा में क्यों?

17 अक्तूबर, 2023 को दुबई में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में पर्यटन, शिक्षा, इन्फ्रा, रियल एस्टेट से जुड़े समूहों के साथ 5450 करोड़ रुपए के इनवेस्टमेंट एमओयू साइन किये गए। प्रदेश सरकार की ओर से उद्योग सचिव विनय शंकर पांडेय ने एमओयू पर साइन किये।

प्रमुख बिंदु

  • उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 हेतु दुबई में आयोजित रोड शो में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
  • मुख्यमंत्री की उपस्थिति में दुबई में विभिन्न उद्योग समूहों के साथ 5450 करोड़ रुपए के इनवेस्टमेंट एमओयू साइन किये जा चुके हैं, जबकि कई अन्य उद्योग समूहों के साथ बैठक जारी है। मुख्यमंत्री ने सभी उद्योग घरानों को आगामी 8 एवं 9 दिसंबर में देहरादून में आयोजित होने वाली समिट हेतु निमंत्रण भी दिया।
  • दुबई में अब तक सर बायोटेक एवं हयात इंडिया के साथ 2 हज़ार करोड़, कार्मिला न्यूट्रीशन टेक्नोलॉजी ग्रुप के साथ फार्मा प्रोडक्शन हेतु 950 करोड़, जीटीसी ग्रुप के साथ 800 करोड़, फ्लो कॉग्लोमिरेट समूह के साथ रियल एस्टेट, इन्फ्रा एवं पर्यटन के क्षेत्र में निवेश हेतु 500 करोड़, एक्सले ग्रुप के साथ मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर हेतु 700 करोड़ रुपए एवं शरफ लॉजिस्टिक के साथ 500 करोड़ रुपए के इन्वेस्टमेंट एमओयू साइन किये जा चुके हैं।
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में निवेश अनुकूल सिस्टम विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच द्विपक्षीय संबंध पहले से और अधिक मज़बूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 20 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
  • विदित हो कि उत्तराखंड में वैश्विक निवेश आकर्षित करने हेतु दिसंबर, 2023 में ‘उत्तराखंड ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट 2023 (डेस्टिनेशन उत्तराखंड)’ आयोजित की जा रही है।
  • वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिये अब तक 40 हज़ार करोड़ रुपए के निवेश पर एमओयू किया जा चुका है। लंदन, बर्मिंघम और दिल्ली में हुए रोड शो में निवेशकों के साथ निवेश पर करार किया गया है। राज्य सरकार ने इस सम्मेलन के लिये 2.50 लाख करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा है।
  • राज्य में औद्योगिक विद्युत दरें भारत के अन्य राज्यों की तुलना में कम है, राज्य में औद्योगिक सद्भाव एवं उत्कृष्ट कानून व्यवस्था इसे और विशेष बनाते हैं। राज्य में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को बेहतर वातावरण प्रदान किये जाने हेतु राज्य सरकार द्वारा विभिन्न नीतियाँ, योजनाएँ एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में उत्तराखंड में दो मेगा फूड पार्क एवं चार फूड क्लस्टर बनाए गए हैं, जो अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं।
  • ईज आफ डूईंग बिज़नेस की दिशा में राज्य सरकार सतत् प्रयत्नशील है। उत्तराखंड अचीवर्स श्रेणी में है। श्रम कानूनों में सुधार की दिशा में राज्य ने विशिष्ट पहल की है। इसी प्रकार निवेशकों को भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार सुधार एवं सरलीकरण किया गया है।

 


उत्तराखंड Switch to English

वीपीकेएएस में 47वाँ कृषि विज्ञान मेले का आयोजन

चर्चा में क्यों?

19 अक्तूबर, 2023 को अल्मोड़ा के विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) में 47वाँ कृषि विज्ञान मेले का आयोजन हुआ। कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन सांसद अजय टम्टा ने किया।

प्रमुख बिंदु

  • ‘श्री अन्न अपनाएँ पोषण सुरक्षा बढ़ाएँ’थीम पर इस मेले का आयोजन किया गया।
  • सांसद अजय टम्टा ने कहा कि संस्थान ने शोध कार्यों विशेषरूप से मृदा परीक्षण, रोग-कीट नियंत्रण, फसल उत्पादन, सफेद मंडुवा उत्पादन के साथ ही प्रसंस्करण, तकनीकी विकास के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। उन्होंने उत्पादित बीज व तकनीकी भारत के 24 राज्यों में पहुँचाने की प्रशंसा की।
  • जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के निदेशक डॉ. जय प्रकाश जायसवाल ने संस्थान की प्रजाति एवं लघु यंत्रों के विकास के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसके महत्त्व को बताया।
  • इस अवसर पर वीएल पालीटनल के निर्माण हेतु संस्थान तथा परासर एग्रोटेक बायो प्राईवेट लिमिटेड, वाराणसी के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गए।
  • कृषि विज्ञान मेले में संस्थान में विकसित गेहूँ की वीएल कुकीज, सब्जी मटर की वीएल उपहार तथा मसूर की वीएल मसूर 150 का लोकार्पण किया गया। सीआईएई वीएल मल्टीक्रॉप थ्रेशर का भी लोकार्पण किया गया।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow