प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 20 Apr 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
राजस्थान Switch to English

कृषक उपहार योजना के तहत राज्य स्तर पर निकाली गई ऑनलाइन लॉटरी

चर्चा में क्यों?

19 अप्रैल, 2023 को प्रमुख शासन सचिव कृषि व उद्यानिकी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में कृषि पंत भवन में कृषक उपहार योजना के तहत कृषि विपणन विभाग द्वारा राज्य स्तरीय ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई।

प्रमुख बिंदु 

  • योजना के तहत कोटा खंड की भवानी मंडी के कृषक प्रदीप का 2 लाख 50 हजार रुपए का प्रथम पुरस्कार, हनुमानगढ़ खंड की गोलूवाड़ा मंडी के कृषक जसवंत का 1 लाख 50 हज़ार रुपए का द्वितीय पुरस्कार और हनुमानगढ़ मंडी के कृषक मोहनलाल का 1 लाख रुपए का तृतीय पुरस्कार निकला।
  • राज्य स्तरीय लॉटरी वर्ष में एक बार निकाली जाती है, जिसमें प्रमुख शासन सचिव कृषि विभाग-अध्यक्ष, प्रशासक राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड-सदस्य और निदेशक कृषि विपणन विभाग-सदस्य सचिव होते हैं।
  • वर्ष 2022 की राज्य स्तरीय लॉटरी राष्ट्रीय सूचना केंद्र के सॉफ्टवेयर द्वारा निकाली गई।


मध्य प्रदेश Switch to English

प्रदेश में लागू किया जाएगा नया जुआ अधिनियम

चर्चा में क्यों?

19 अप्रैल, 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि राज्य शासन ने वर्तमान जुआ अधिनियम के स्थान पर ‘मध्य प्रदेश जुआ अधिनियम 2023’ बनाने का निर्णय लिया है।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन गैम्बलिंग बड़ी समस्या है। वर्तमान में प्रदेश में जुआ अधिनियम 1876 लागू है। इसमें ऑनलाइन गैम्बलिंग के विरूद्ध कोई प्रावधान नहीं है।
  • नए अधिनियम में ऑनलाइन गैम्बलिंग के विरूद्ध पर्याप्त प्रावधान शामिल किये जाएंगे, जिससे इन गतिविधियों में लिप्त अपराधियों को दंडित किया जा सके।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि चिटफंड कंपनियों पर प्रभावी कार्यवाही और प्रभावित लोगों का पैसा लौटाने के काम की निगरानी के लिये पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में विशेष सेल गठित किया जाएगा।

हरियाणा Switch to English

ज्योति सुरेखा वेनम ने तीरंदाजी विश्वकप स्टेप वन-1 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता

चर्चा में क्यों?

19 अप्रैल, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्तरी क्षेत्र केंद्र, बहालगढ़ (सोनीपत) स्थित एक्सीलेंसी सेंटर की तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेनम ने तुर्की के अंताल्या शहर में आयोजित हो रही तीरंदाजी विश्वकप स्टेज वन-1 प्रतियोगिता में एशियाई रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता है।

प्रमुख बिंदु 

  • ज्योति सुरेखा वेनम ने स्टेज वन-1 प्रतियोगिता में एशियाई रिकॉर्ड तोड़ते हुए वर्ष 2015 में सारा लोपेज के कोलंबियाई राष्ट्रीय चयन स्पर्धा के दौरान बनाए गए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की है।
  • भारतीय तीरंदाज ने पहले राउंड में 360 में से 353 और दूसरे राउंड में 360 में से 360 अंक (कुल 713 अंक) के साथ एशियाई रिकॉर्ड बनाया।
  • बहालगढ़ स्थित साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि तुर्की के अंताल्या शहर में 16 से 23 अप्रैल तक तीरंदाजी विश्वकप स्टेज वन-1 प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
  • विश्व चैंपियनशिप 2021 की रजत पदक विजेता ज्योति सुरेखा ने 72 में से 66 बार सटीक निशाना लगाकर दस अंक प्राप्त किये। इसके साथ ही उन्होंने सारा लोपेज के 2015 में कोलंबियाई राष्ट्रीय चयन स्पर्धा के दौरान बनाए गए विश्व रिकॉर्ड स्कोर की बराबरी कर ली है।
  • ललिता शर्मा ने बताया कि आंध्र प्रदेश के हैदाराबाद की रहने वाली ज्योति सुरेखा वर्ष 2019 से सोनीपत के बहालगढ़ स्थित साई में तीरंदाजी के एक्सीलेंसी सेंटर में अभ्यास कर रही हैं।
  • गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश की रहने वाली ज्योति सुरेखा हैदराबाद में डीसी हैं। वह पहली तीरंदाज हैं जिन्हें सरकार ने सीधे डीसी के रूप में तैनाती दी थी।


झारखंड Switch to English

राज्यपाल ने आरक्षण बढ़ाने की मांग वाले विधेयक को वापस लौटाया

चर्चा में क्यों?

19 अप्रैल, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राज्य में सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिये आरक्षण बढ़ाने की मांग वाले विधेयक को वापस कर दिया है।

प्रमुख बिंदु 

  • विदित है कि यह विधेयक अन्य पिछड़ा वर्ग कोटे को 14% से बढ़ाकर 27%, अनुसूचित जनजाति के कोटे को 26% से बढ़ाकर 28% और अनुसूचित जाति के कोटे को 10% से 12% करने का प्रस्ताव करता है।
  • ऐसे में अगर यह बिल पारित होता है तो राज्य में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिये 10% आरक्षण को शामिल करने के साथ सरकार की नौकरियों में कुल आरक्षण 77 प्रतिशत हो जाएगा।
  • इस मामले में जानकारी देते हुए राज्यपाल कार्यालय के अधिकारी ने कहा कि यह बिल भारत के अटॉर्नी जनरल से कानूनी राय के आधार पर लौटाया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड के पिछले राज्यपाल रमेश बैस ने इस बिल को अटॉर्नी जनरल को भेजा था, जिन्होंने कहा है कि बिल में आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को ध्यान में नहीं रखा गया है। 

छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने किया हीरापुर जरवाय में सी एंड डी प्लांट का लोकार्पण

चर्चा में क्यों?

19 अप्रैल, 2023 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान रायपुर के हीरापुर जरवाय में सी एंड डी प्लांट का लोकार्पण किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में निर्माण गतिविधियों में वृद्धि होने से तोड़फोड़ एवं अन्य प्रक्रियाओं से निकलने वाले निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट जिसे आम बोलचाल की भाषा में मलबा कहते हैं, इनके उचित प्रबंधन के लिये सी एंड डी प्लांट का निर्माण किया गया है।
  • इस सी एंड डी प्लांट पर मलबों की प्रोसेसिंग कर पेवर ब्लॉक, टाइल्स, ड्रेन कवर इत्यादि का निर्माण किया जाएगा।
  • सी एंड डी प्लांट के जरिये मलबों के उचित समायोजन से वायु की गुणवत्ता, नालों के प्रवाह में अवरोध तथा तालाबों के जल संचयन की क्षमता में कमी आने जैसी समस्याओं में कमी आएगी।


उत्तराखंड Switch to English

गढ़वाल और कुमाऊँ के छह इंजीनियरिंग कॉलेज बनेंगे तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंपस

चर्चा में क्यों?

19 अप्रैल, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल के छह इंजीनियरिंग कालेज एवं संस्थानों को वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय देहरादून के अधीन कैंपस कालेज के रूप में संचालित किये जाने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।

प्रमुख बिंदु 

  • कैबिनेट में आए प्रस्ताव के अनुसार तकनीकी संस्थान गोपेश्वर, महिला तकनीकी संस्थान देहरादून, डाँ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी संस्थान टनकपुर, नन्हीं परी सीमांत तकनीकी संस्थान पिथौरागढ़, टीएचडीसी, आईएचईटी नई टिहरी और बौन इंजीनियरिंग कालेज उत्तरकाशी को जैसे हैं, जहाँ हैं के आधार पर कुछ शर्तों के तहत तकनीकी विश्वविद्यालय का कैंपस कॉलेज बनाया जाएगा।
  • कैबिनेट बैठक में कहा गया कि कैंपस बनने से सभी स्ववित्त पोषित संस्थानों को राज्य सरकार से वित्तीय सहायता प्रदान नहीं की जाएगी। सभी स्ववित्त पोषित संस्थानों में बीओजी पहले की तरह काम करती रहेगी।
  • विदित है कि वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, देहरादून की स्थापना 27 जनवरी, 2005 को उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय अधिनियम 2005 के माध्यम से उत्तराखंड सरकार द्वारा की गई थी। यह तकनीकी संस्थानों के लिये राज्य का एकमात्र संबद्ध विश्वविद्यालय है।

उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2