प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 18 Apr 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

मथुरा में प्रत्येक तीर्थस्थल पर बनेंगे पर्यटक सुविधा केंद्र

चर्चा में क्यों?

हाल ही में उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद द्वारा श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर (पर्यटक सुविधा केंद्र) बनाने का निर्णय लिया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • योजना के तहत सभी सेंटर एक-एक हेक्टेयर भूमि पर बनाए जाएंगे।
  • गौरतलब है कि मथुरा में अब तक श्रीकृष्ण जन्म-स्थान क्षेत्र के 10 वर्ग किमी. के दायरे में आठ तीर्थस्थल घोषित किये जा चुके हैं।
  • वृंदावन में पर्यटक सुविधा केंद्र पहले से ही उपलब्ध है, जिसके अंतर्गत निम्नलिखित सुविधाएँ उपलब्ध हैं-
    • 55 बसों की पार्किंग सुविधा
    • चार हॉल में 100-100 बेड की व्यवस्था
    • श्रद्धालुओं के लिये खुद की रसोई की सुविधा, कैंटीन आदि।

बिहार Switch to English

मिथिला की ‘रोहू’ को जीआई टैग दिलाने की कवायद

चर्चा में क्यों?

हाल ही में बिहार सरकार द्वारा मिथिला की ‘रोहू’ को जीआई टैग दिलाने के प्रयासों के तहत मछली विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई है।

प्रमुख बिंदु

  • यह ‘रोहू’ बिहार में मिथिलांचल के दरभंगा और मधुबनी ज़िले के पुराने तालाबों में पाई जाती है।
  • इस मछली का स्वाद अन्य की तुलना में काफी भिन्न होता है, जिसका कारण यहाँ का वातावरण, पुराने पोखरों की गाद और किनारों के फलदार वृक्ष है।
  • बिहार में मत्स्य उत्पादन की वार्षिक वृद्धि दर 7% है, हालाँकि बिहार के भूगोल को देखते हुए यहाँ मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में अपार संभावनाएँ विद्यमान हैं।
  • गौरतलब है कि इस टीम का गठन उपमुख्यमंत्री सह-पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री तारकिशोर प्रसाद के निर्देश पर किया गया है।

राजस्थान Switch to English

राजस्थान में स्थापित हुआ एल-रूट सर्वर

चर्चा में क्यों?

हाल ही में राज्य सरकार द्वारा ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने की पहल के रूप में भामाशाह स्टेट डाटा सेंटर में एल-रूट सर्वर स्थापित किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • इस सर्वर को राज्य सरकार द्वारा इंटरनेट कॉर्पोरेशन फॉर असाइंड नेम्स एंड नंबर्स (आईसीएएनएन) के साथ मिलकर स्थापित किया गया है। 
  • आईसीएएनएन के इस रूट सर्वर से अब राजस्थान डोमेन नेम सिस्टम के लिये किसी रूट सर्वर पर निर्भर नहीं है। 
  • इस व्यवस्था के बाद अब यदि पूरे एशिया या भारत में किसी तकनीकी गड़बड़ी या प्राकृतिक विपदा के कारण इंटरनेट कनेक्टिविटी में दिक्कत आती है, तो भी यह राजस्थान में बिना किसी रुकावट के चलती रहेगी। साथ ही इससे हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित होगी। 
  • गौरतलब है कि राजस्थान एल-रूट सर्वर स्थापित करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

मध्य प्रदेश Switch to English

राष्ट्रीय वनमाली कथा पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

17 अप्रैल, 2022 को तीन दिवसीय राष्ट्रीय वनमाली कथा पुरस्कार समारोह भोपाल स्थित रवींद्र भवन में संपन्न हुआ।

प्रमुख बिंदु

  • इस साहित्य पुरस्कार की स्थापना वनमाली सृजन पीठ और रवींद्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) द्वारा हिन्दी लेखक जगन्नाथ प्रसाद चौबे वनमाली की स्मृति में की गई है। 
  • गौरतलब है कि इन पुरस्कारों की घोषणा 14 अप्रैल, 2022 को हुई थी, जिसके तहत वनमाली कथा शीर्ष सम्मान प्रो. धनंजय वर्मा को तथा वनमाली राष्ट्रीय कथा सम्मान गीतांजलिश्री को दिया गया। इन दोनों पुरस्कारों में प्रत्येक को एक-एक लाख रुपए की नकद राशि, शॉल और एक प्रशस्ति-पत्र दिया गया। 
  • इसके अतिरिक्त वनमाली कथा मध्य प्रदेश सम्मान भोपाल के प्रसिद्ध लेखक हरि भटनागर को, वनमाली युवा कथा सम्मान बेंगलुरु के युवा लेखक चंदन पांडे को, वनमाली कथा आलोचना सम्मान दिल्ली के वैभव सिंह एवं वनमाली साहित्य पत्रिका सम्मान दिल्ली से प्रकाशित मासिक पत्रिका कथादेश को दिया गया। 
  • इस वर्ष शामिल दो नई श्रेणियों में पहला, वनमाली प्रवासी भारतीय कथा सम्मान लंदन की दिव्या माथुर को और दूसरा, वनमाली विज्ञान कथा सम्मान दिल्ली के विज्ञान लेखक देवेंद्र मेवाड़ी को दिया गया। इन पुरस्कारों में 51,000 रुपए का नकद पुरस्कार, शॉल और एक प्रशस्ति-पत्र दिया गया।

मध्य प्रदेश Switch to English

राजा भोज एयरपोर्ट पर महिला एसएचजी के आउटलेट का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

17 अप्रैल, 2022 को केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल में महिला स्व-सहायता समूहों को प्रमोट करने के उद्देश्य से एयरपोर्ट पर आवंटित आउटलेट का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस महिला स्व-सहायता समूह आउटलेट का शुभारंभ भारत सरकार के अवसर कार्यक्रम के तहत किया गया है।
  • गौरतलब है कि सभी एयरपोर्ट पर स्थानीय उत्पादों को बिक्री के लिये उपलब्ध कराने और स्थानीय लोगों को रोज़गार के नये अवसर उपलब्ध कराने के लिये यह योजना शुरू की गई है।
  • इसका उद्देश्य महिलाओं व शिल्पकारों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें उपयुक्त अवसर प्रदान करना है। 
  • इस योजना के तहत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) संचालित हवाई अड्डों में 100-200 वर्ग फीट के निर्धारित क्षेत्र में स्वयं-सहायता समूहों को एक-एक कर 15 दिनों की अवधि के लिये स्थान का आवंटन किया जा रहा है।

हरियाणा Switch to English

महाभारतकालीन रेत और क्रिस्टल की प्राप्ति

चर्चा में क्यों?

हाल ही में कुरुक्षेत्र के गाँव बिहोली में सरस्वती सरोवर की खुदाई के दौरान हिमालय में पाई जाने वाली महाभारतकालीन रेत और क्रिस्टल मिले हैं।

प्रमुख बिंदु

  • ओएनजीसी और केंद्रीय जल आयोग के शोध के अनुसार यह रेत सरस्वती नदी के बहने वाले मार्ग पर मिलती है।
  • उल्लेखनीय है कि ऐसी रेत व क्रिस्टल सरस्वती नदी के प्रवाह मार्ग में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान व गुजरात में भी मिले हैं।
  • वेदों और महाभारत में यह कहा गया है कि सरस्वती नदी रेगिस्तान (संभवत: थार के मरूस्थल) में सूख गई थी। यद्यपि हिंदू मत यह है कि सरस्वती नदी का प्रवाह आज भी भूमि के नीचे होता है और यह प्रयागराज में गंगा और यमुना से मिलती है। कुछ इतिहासकारों का मानना है कि दक्षिणी अफगानिस्तान की हेलमंड नदी सरस्वती नदी के समान है। 
  • सिंधु सभ्यता के दौरान सरस्वती एक बड़ी नदी थी, जिसे सतलज और यमुना से जल की प्राप्ति होती थी। परंतु इस क्षेत्र में हुई भूगर्भीय हलचलों के कारण सिंधु तंत्र से यमुना पृथक् हो गई। इसके पश्चात् सरस्वती में जल का प्रवाह कम हो गया तथा इसके अपवाह क्षेत्र में कमी आ गई और यह सूख गई।

झारखंड Switch to English

नौवीं राष्ट्रीय रेस वॉक चैंपियनशिप

चर्चा में क्यों?

17 अप्रैल, 2022 को झारखंड के राँची शहर में नौवीं राष्ट्रीय रेस वॉक चैंपियनशिप संपन्न हुई।

प्रमुख बिंदु

  • इस चैंपियनशिप के तहत 35 और 10 किमी. की वॉक का आयोजन किया गया। 
  • 35 किमी. स्पर्धा में पाँच एथलीटों ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए पदक जीता। इसके पुरुष वर्ग में हरियाणा के जुनैद, यूपी के रामबाबू और उत्तराखंड के चंदन सिंह ने, जबकि महिला वर्ग में पंजाब की रमणदीप और मंजू ने पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। 
  • पुरुष वर्ग में जुनैद ने 2.40.16 सेकंड का समय निकाला, जबकि महिला वर्ग में रमणदीप ने 3.00.04 सेकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

छत्तीसगढ़ Switch to English

राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव, 2022

चर्चा में क्यों?

17 अप्रैल, 2022 को आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बताया कि 19 अप्रैल को रायपुर के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव के साथ-साथ राज्य स्तरीय कला एवं चित्रकला तथा आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के तत्त्वावधान में किया जाएगा। 
  • लोक संस्कृति के संरक्षण एवं विकास से संबंधित पद्मश्री दमयंती बेसरा, पद्मश्री हलधर नाग, पद्मश्री साकी नेती रामचंद्रा (कोया जनजाति) इसके उद्घाटन समारोह में विशेष रूप से शामिल होंगे।
  • इस महोत्सव के प्रथम दिवस 19 अप्रैल को प्रथम सत्र में जनजातीय साहित्य भाषा विज्ञान एवं अनुवाद, जनजातीय साहित्य में जनजातीय अस्मिता एवं जनजातीय साहित्य में जनजातीय जीवन के चित्रण तथा जनजातीय समाजों की वाचिक परंपरा की प्रासंगिकता एवं जनजातीय साहित्य में अनेकता एवं चुनौतियों विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किये जाएंगे। 
  • द्वितीय दिवस 20 अप्रैल को जनजातीय साहित्य में लिंग संबंधी मुद्दे, जनजातीय कला साहित्य, जनजातीय साहित्य में सामाजिक-सांस्कृतिक संघर्ष, जनजातीय साहित्य के मुद्दे, चुनौतियाँ एवं संभावना तथा जनजातीय विकास के मुद्दे एवं चुनौतियों पर शोध-पत्र प्रस्तुत किये जाएंगे। 
  • तृतीय दिवस 21 अप्रैल को पंचम सत्र में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी (भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इनका संघर्ष, भूमिका एवं योगदान) पर शोध-पत्र प्रस्तुत किये जाएंगे। 
  • महोत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न नृत्य विधाओं, जैसे- शैला, सरहुल, करमा, सोंदो, कुडुक, दशहरा करमा, विवाह नृत्य, मड़ई नृत्य, गरवसिंह गेड़ी, करसाड़, मांदरी, डंडार आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के तहत प्रख्यात कलाकारों द्वारा जनजातीय संस्कृति एवं जनजातीय महापुरुषों एवं क्रांतिवीर, गुंडाधूर, शहीद वीर नारायण सिंह पर आधारित नाट्य मंचन किया जाएगा।

उत्तराखंड Switch to English

पंतनगर को अंतर्राष्ट्रीय ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा बनाने की पैरवी

चर्चा में क्यों?

हाल ही में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने ऊधमसिंह नगर ज़िले के पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण कर नया ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा बनाने के साथ एयरपोर्ट को आईएफआर (इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स) के तहत आधुनिक उपकरण लगाने के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है।

प्रमुख बिंदु

  • केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि सरकार द्वारा ऊधमसिंह नगर के पंतनगर में नया ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा विकसित करने के लिये सारी औपचारिकताएँ पूरी करने के साथ ही नियमानुसार भूमि का हस्तांतरण भी किया जा चुका है। 
  • गौरतलब है कि पंतनगर के पास सिडकुल क्षेत्र में Integrated Industrial Estate के साथ-साथ कई बड़े उद्योग स्थापित हैं।  
  • इसके अतिरिक्त यहाँ नानक सागर डैम, कौसानी, माँ पूर्णागिरि सिद्धपीठ, चितई गोलू देवता मंदिर, पानडूखोली, महावतार बाबा की गुफा, मुनस्यारी, चौकड़ी, द्वाराहाट, दूनागिरी का सिद्धपीठ सहित कई धार्मिक व पर्यटन स्थल भी मौज़ूद हैं।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow