प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 16 Dec 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
बिहार Switch to English

बिहार नगर पालिका विधेयक, 2022 पारित

चर्चा में क्यों?

15 दिसंबर, 2022 को पटना विधानसभा में हंगामे के बीच बिहार नगर पालिका विधेयक, 2022 पारित हो गया। इसके तहत सार्वजनिक भूमि को गिराने से पहले स्थानीय निकायों को अतिक्रमणकारियों को पहले सूचना देनी होगी।

प्रमुख बिंदु 

  • सारण जहरीली त्रासदी को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच सदन में यह विधेयक पारित हो गया। विधेयक के अनुसार, निकाय अधिकारी नोटिस जारी करने के 24 घंटे बाद अस्थायी अतिक्रमण और 15 दिन की नोटिस अवधि के बाद ही स्थायी अतिक्रमण हटा सकते हैं।
  • उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य सरकार झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने के लिये एक पुनर्वास नीति लेकर आ रही है। प्रारंभिक सर्वेक्षण के अनुसार, सरकार उन 48,000 प्रभावित झुग्गी-झोपड़ियों के पुनर्वास की तैयारी कर रही है, जिनके घर पटना में हाल के अभियानों के दौरान ध्वस्त कर दिये गए थे।
  • इसके साथ ही विधानसभा ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग विधेयक, 2022 भी पारित कर दिया है।   

राजस्थान Switch to English

खोले के हनुमान जी मंदिर ‘रोप-वे’ का लाइसेंस जारी

चर्चा में क्यों?

14 दिसंबर, 2022 को जयपुर ज़िला प्रशासन द्वारा खोले के हनुमान जी मंदिर परिसर में प्रदेश के पहले स्वचालित ‘रोप-वे’निर्माण के लिये फर्म को रोप-वे अधिनियम के तहत लाइसेंस जारी किया गया।

प्रमुख बिंदु 

  • लाइसेंस जारी होने से 85 मीटर ऊँचाई वाले प्रदेश के पहले स्वचालित रोप-वे के निर्माण कार्यों में तेजी आएगी तथा जल्द ही अन्नपूर्णा माता मंदिर से खोले के हनुमान मंदिर की पहाड़ी पर स्थित वैष्णों माता मंदिर तक पैसेंजर रोप-वे की सौगात यात्रियों को मिल सकेगी।
  • उल्लेखनीय है कि जयपुर कलक्टर की पहल पर शहर के खोले के हनुमान जी मंदिर परिसर में प्रदेश का पहला स्वचालित और जयपुर का सबसे बड़ा पेसेंजर रोप-वे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
  • रोप-वे का नाम अन्नपूर्णा माता रोप-वे होगा जो कि प्रदेश का पाँचवां और जयपुर ज़िले का सामोद हनुमानजी रोप-वे के बाद दूसरा रोप-वे होगा।
  • अन्नपूर्णा माता मंदिर से खोले के हनुमान मंदिर की पहाड़ी पर स्थित वैष्णोमाता मंदिर तक 436 मीटर लंबा रोप-वे बनाया जा रहा है जो कि जयपुर का सबसे बड़ा रोप वे होगा।
  • रोप-वे निर्माण के लिये फर्म और जयपुर ज़िला प्रशासन के बीच करार हुआ है जिसके बाद फर्म को रोप-वे अधिनियम के तहत लाइसेंस जारी किया जाएगा।
  • पाँच टावरों पर संचालित किये जाने वाले रोपवे की ऊँचाई 85 मीटर होगी। 24 ट्रॉली वाले इस रोप वे की क्षमता 800 यात्री प्रति घंटा होगी। कलेक्टर ने निर्माता फर्म को 2 साल में रोप-वे निर्माण के निर्देश दिये हैं।
  • कलक्टर ने कहा कि निर्माण के दौरान और संचालन के शुरू होने के बाद भी ज़िला प्रशासन द्वारा रोप वे के सुरक्षा मापदंडों की नियमित रूप से जाँच की जाएगी। रोप-वे के निर्माण में जयपुर की विरासत, शिल्पकला और वैभव की छटा देखने को मिलेगी।
  • कलक्टर ने कहा कि रोप-वे निर्माण करने वाली फर्म को 0 से 5 आयुवर्ग वाले बच्चों और 70 साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों के साथ साथ दिव्यांगों को रोपवे के जरिये नि:शुल्क सफर करवाने के लिये निर्देशित किया गया है। रोप-वे की एक तरफ का सफर करीब साढ़े 4 मिनट में पूरा होगा इस दौरान यात्रियों को जयपुर का विहंगम दृश्य दिखाने के लिये ट्रॉली को बीच सफर में दो बार रोका जाएगा। 

मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश में महाकालेश्वर से 5G नेटवर्क की शुरुआत

चर्चा में क्यों?

14 दिसंबर, 2022 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में महाकालेश्वर और महाकाल लोक परिसर से राज्य में पहले 5G नेटवर्क की शुरुआत की।

प्रमुख बिंदु

  • रिलायंस जिओ द्वारा महाकालेश्वर और नवनिर्मित महाकाल लोक परिसर में इस 5G सेवा की शुरुआत की गई है।
  • मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नेटवर्क और डिजिटल सुलभता के चलते राज्य अब तेजी से विकास करेगा और 5G सेवाओं की शुरुआत से राज्य के विकास को भी गति मिलेगी।
  • रिलायंस जिओ द्वारा महाकालेश्वर और नवनिर्मित महाकाल लोक परिसर में शुरू की गई 5G सेवा पूर्णत: मुफ्त है और आम जनता और वहाँ जाने वाले सभी पर्यटकों के लिये फ्री उपलब्ध रहेगी।

हरियाणा Switch to English

हिसार का एयरपोर्ट अभी अंतर्राष्ट्रीय नहीं

चर्चा में क्यों?

15 दिसंबर, 2022 को संसद में हिसार से भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह के सवाल पर केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री वीके सिंह ने जवाब दिया कि हिसार से फिलहाल अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा अभी अंतर्राष्ट्रीय नहीं बनेगा।

प्रमुख बिंदु 

  • केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चंडीगढ़ रूट 14 जनवरी, 2021 को शुरू किया गया था। इसके बाद हिसार से देहरादून के लिये 2 फरवरी, 2021 को रूट शुरू किया गया। थ्री सीटर एयरलाइन भी शुरू की गई थी।
  • मंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाना एयर ट्रैफिक, एयरलाइन की डिमांड, एयर स्पेशल एग्रीमेंट, ग्राउंड लैंडिंग फैसिलिटी, रनवे की लंबाई, इमीग्रेशन, हेल्थ एंड एनीमल सर्विस पर निर्भर करता है। हवाई अड्डे में फिलहाल ऐसी संभावना नहीं है।
  • वहीं हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि यहाँ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा ही बनेगा। इसी सोच के साथ इनका निर्माण किया जा रहा है। धीरे-धीरे उन सभी मानकों को पूरा किया जा रहा है, जो एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के लिये जरूरी होते हैं। संसद में जो जवाब दिया गया है, वह अभी के आँकड़ों के आधार पर दिया गया है।
  • हिसार एयरपोर्ट के लिये 7200 एकड़ ज़मीन सिविल एविएशन को ट्रांसफर की जा चुकी है।  अनुमानित खर्च बढ़कर 245.15 करोड़ रुपए हो गया है। दूसरे चरण की डेडलाइन बढ़ाकर 31 मार्च, 2023 कर दी गई, पहले अक्टूबर 2022 थी। रनवे की लंबाई 10 हजार फीट करने, नाइट लैंडिंग फैसिलिटी, हैंगर बनाने, चहारदीवारी का निर्माण चल रहा है।

झारखंड Switch to English

कॉमन सर्विस सेंटर खोलने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय बना राँची यूनिवर्सिटी

चर्चा में क्यों?

14 दिसंबर, 2022 को राँची विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की सुविधा के लिये कॉमन सर्विस सेंटर (सीसएसी) खोलने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय बन गया। कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में केंद्रीय एजेंसी सीएससी एसपीवी के साथ एमओयू किया गया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस एमओयू के तहत आईआईटी बांबे, आईबीएम व आईडीईईडी राजस्थान के सहयोग से कई स्किल्स सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और एडवांस डिप्लोमा कोर्स 300 से 3300 रुपए में व नि:शुल्क किया जा सकेगा।
  • एमओयू के बाद विश्वविद्यालय में तीन कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का उदघाटन भी किया गया। ये कॉमन सर्विस सेंटर विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित मोरहाबादी के डाटा सेंटर परिसर और बेसिक साइंस परिसर में खोले गए हैं।
  • कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि एक माह के अंदर राँची विश्वविद्यालय से संबद्ध 91 अंगीभूत, संबद्ध, अल्पसंख्यक, नर्सिंग और बीएड आदि कॉलेज व संस्थान में भी सेंटर खोले जाएंगे।
  • सेंटर के खुलने से विद्यार्थियों को नामांकन और परीक्षा फॉर्म आदि के लिये साइबर कैफे नहीं दौड़ना होगा। इसी सेंटर से वे न्यूनतम खर्च में कैंपस में ही फॉर्म भर सकेंगे।
  • कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को शीघ्र ही ऑनलाइन एडमिट कार्ड, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, मार्क्स शीट, माइग्रेशन आदि घर बैठे मिल जाएंगे। वे अपना रिजल्ट भी देख सकेंगे। शीघ्र ही डिजिलॉकर की सुविधा भी मिलने लगेगी।

झारखंड Switch to English

झारखंड पर्यटन फोटोग्राफी वीडियोग्राफी प्रतियोगिता

चर्चा में क्यों?

15 दिसंबर, 2022 को झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा झारखंड पर्यटन फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। यह प्रतियोगिता 15 जनवरी, 2023 तक चलेगी।

प्रमुख बिंदु 

  • इस प्रतियोगिता में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिये फोटोग्राफी के तहत धार्मिक पर्यटन स्थल, पर्व-त्योहार, पारंपरिक मेले, प्राचीन स्थल और स्मारक, नृत्यकला, दर्शनीय सौंदर्य और परिदृश्य को शामिल किया गया है।
  • वीडियोग्राफी श्रेणी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब के लिये भी इन विषयों को शामिल किया गया है। रील और शॉर्ट वीडियो के लिये प्रतिभागी इन्हीं विषयों पर अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे।
  • इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 75 हज़ार रुपए एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हज़ार रुपए पुरस्कार स्वरुप दिये जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी में 20 हज़ार रुपए के समेकित पुरस्कार भी शामिल हैं। विजेताओं का चयन उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर व्यूज व लाइक के आधार पर किया जाएगा।
  • फोटो और वीडियो का मानदंड एचडी फोटोग्राफ व जेपीजी फॉर्मेट है जो न्यूनतम 10 एमबी से अधिकतम 50 एमबी तक होना चाहिये। वीडियो कम से कम एक मिनट से अधिकतम दो मिनट 30 सेकेंड का होना चाहिये। रील या शॉर्ट वीडियो की अवधि 30 सेकेंड की होगी। प्रतिभागी एक या अधिकतम चार फोटोग्राफ अपलोड कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने रेलवे ओवर ब्रिज का किया लोकार्पण

चर्चा में क्यों? 

15 दिसंबर, 2022 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान महासमुंद ज़िले में महासमुंद-तुमगाँव रोड के रेलवे ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया।

प्रमुख बिंदु 

  • बहुप्रतीक्षित तुमगाँव ओवरब्रिज के बन जाने से शहर-वासियों को लगातार लगने वाले ट्रेफिक जाम व आने जाने में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा।
  • ज़िले की जनता खासकर तुमगाँव और महासमुंद की ओर से रोज आने-जाने वाली जनता को सरल, सुगम मार्ग मिलेगा। वर्तमान में रेलवे फाटक बंद होने के कारण जाम की स्थित बन जाती थी। रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से उन्हें इससे निजात मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
  • गौरतलब है कि तुमगाँव रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से महासमुंद की लगभग 35 हज़ार से ज्यादा की आबादी को सुविधा मिलेगी।
  • ओवरब्रिज की कुल लंबाई 616 मीटर एवं चौड़ाई 15 मीटर है। रेलवे क्रॉसिंग से महासमुंद की ओर 294 मीटर एवं तुमगाँव की ओर 248 मीटर एवं रेलवे क्रॉसिंग की लंबाई 74 मीटर है।
  • इसके अलावा महासमुंद ज़िले में मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान पटेवा और तुमगाँव  में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने, तुमगाँव में तहसील की स्थापना करने सहित कई अन्य घोषणाएँ भी की।    

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2