प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

उत्तराखंड स्टेट पी.सी.एस.

  • 16 Oct 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तराखंड Switch to English

‘ऐपण महोत्सव’ का हुआ शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

15 अक्तूबर, 2023 को हरिद्वार बाईपास स्थित उत्तराखंड संस्कृति साहित्य कला परिषद के सभागार में लोक संस्कृति ऐपण कला को बढ़ावा देने के लिये उत्तराखंड की संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की ओर से ‘ऐपण महोत्सव’ का शुभारंभ किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • महोत्सव के शुभारंभ पर वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से 15 अक्तूबर से 12 नवंबर को दीपावली तक ऐपण महोत्सव मनाने का आह्वान किया और कहा कि सामूहिक प्रयास से ऐपण कला को वैश्विक पटल पर पहचान मिलेगी।
  • वीडियो संदेश में सीएम ने कहा कि ऐपण कला लोक संस्कृति की विधा है। परिवार की सुख-समृद्धि के लिये घर की दीवारों और देहरियों पर ऐपण बनाया जाता है।
  • राज्य सरकार का प्रयास है कि इस कला को देश-दुनिया तक पहुँचाया जाए। इसके लिये सामूहिक प्रयास से ऐपण को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने आह्वान किया कि दीपावली तक ऐपण हर घर का हिस्सा बने। इसके लिये लोग अपने घरों पर ऐपण बनाकर परिवार के साथ सेल्फी को सोशल मीडिया पर अपलोड करें।
  • संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने कहा कि दीपावली तक पूरे प्रदेश में ऐपण महोत्सव मनाया जाएगा। उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिये युवा पीढ़ी भी अपनी गढ़वाल, कुमाऊँनी, जौनसारी बोली को बोले। युवाओं को ऐपण कला से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

 

 


उत्तराखंड Switch to English

37वें राष्ट्रीय खेल में उत्तराखंड से 18 खेलों में 140 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग

चर्चा में क्यों?

15 अक्तूबर, 2023 को उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन ने गोवा में 26 अक्तूबर से शुरू हो रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के प्रतिभागी खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी। उत्तराखंड से 18 खेलों में 140 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

प्रमुख बिंदु

  • विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार के मुताबिक ओलंपिक एसोसिएशन, राष्ट्रीय खेलों के लिये खिलाड़ियों का चयन कर इसकी सूची तैयार करती है। जो व्यवस्था अन्य प्रदेशों में है, ठीक वही व्यवस्था उत्तराखंड में है।
  • गोवा में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड से कयाकिंग और कैनोइंग में 13, साइकिलिंग में एक, तैराकी में छह, वुशु में चार, भारोत्तोलन में दो, जूडो में छह, ताइक्वांडो में सात, मिनी गोल्फ में 20, योगा में 10, शूटिंग में तीन, फुटबॉल में 12, बॉक्सिंग में 10, पेनकैकसिल्ट में सात,सेपकटकरा छह, एथलेटिक्स में 14, बैडमिंटन में 11, तीरंदाज़ी में छह, गोल्फ में दो खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। वहीं 47 कोच व स्टाफ भी गोवा जाएगा।


उत्तराखंड Switch to English

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुमाऊँ यात्रा में बना एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

चर्चा में क्यों?

15 अक्तूबर, 2023 को संस्कृति विभाग की निदेशक बीना भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के कुमाऊँ दौरे के दौरान एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है। उत्तराखंड संस्कृति विभाग को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन का प्रोविजनल प्रमाणपत्र भी मिल चुका है।

प्रमुख बिंदु

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुमाऊँ दौरे पर कुमाऊँ के छोलिया और झोड़ा लोक नृत्य के ढोल दमाऊँ लोक वाद्यों के साथ की गई प्रस्तुति को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में जगह मिली है।
  • उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में समुद्र सतह से 5338 फीट (1627 मीटर) की ऊँचाई पर 12 अक्तूबर को संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस अनोखे आयोजन में प्रदेश के तीन हज़ार लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा व लोकगीतों के साथ हिस्सा लिया था।
  • पिथौरागढ़ के सुदूरवर्ती अंचलों से छोलिया एवं झोड़ा नृत्य दल के इन कलाकारों की प्रस्तुति से विश्व का ध्यान राज्य की ऐतिहासिक और समृद्धशाली लोक सांस्कृतिक विरासत की ओर गया है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के दौरान छोलिया एवं झोड़ा नृत्य दलों के लोक कलाकार अपने पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सुसज्जित होकर प्रतिभाग करने पहुँचे थे। इस आयोजन के दौरान पारंपरिक लोक वाद्यों, जैसे- तुन, रणसिंघा लिये कलाकार आकर्षक लग रहे थे।

  


उत्तराखंड Switch to English

मुख्यमंत्री ने हेक्सावेयर टेक्नोलॉजी के कार्यालय का किया शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

15 अक्तूबर, 2023 को दून बिज़नेस पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेक्सावेयर टेक्नोलॉजी के स्थानीय कार्यालय का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में टेक्नोलॉजी के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेक्सावेयर टेक्नोलॉजी का यह कार्यालय आईटी सेवाओं के विस्तार में मील का पत्थर साबित होगा।
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश तेज़ी से प्रगति कर रहा है। यह क्षेत्र सशक्तिकरण का माध्यम बन रहा है और लोगों को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है। नया भारत, टेक्नोलॉजी का न सिर्फ कंज्यूमर है, बल्कि टेक्नोलॉजी के विकास में और उसके क्रियान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
  • 2जी, 3जी, 4जी के समय भारत टेक्नोलॉजी के लिये दूसरे देशों पर निर्भर रहा, लेकिन 5जी के साथ ही भारत ने नया इतिहास रच दिया है। 5जी के साथ भारत पहली बार टेलीकॉम टेक्नोलॉजी में ग्लोबल स्टैंडर्ड तय कर रहा है। भारत में डिजिटलाइजेशन तेज़ी से हो रहा है।
  • डिजिटल भारत देश के विकास के विस्तृत विज़न का एक महत्त्वपूर्ण अंग है। इस विज़न का लक्ष्य है- उस टेक्नोलॉजी को आम लोगों तक पहुँचाना, जो लोगों के लिये काम करे, लोगों के साथ जुड़कर काम करे।
  • उन्होंने कहा कि आज छोटे व्यापारी, छोटे उद्यमी, कारीगर, सबको डिजिटल भारत ने एक मंच प्रदान किया है, एक बाज़ार उपलब्ध कराया है। बाज़र में, मंडियों में रेहड़ी-पटरी में कार्य कर रहे लोग, सब यूपीआई का इस्तेमाल कर रहे हैं।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow