प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

छत्तीसगढ स्टेट पी.सी.एस.

  • 16 Aug 2023
  • 1 min read
  • Switch Date:  
छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को दी अनेक महत्त्वपूर्ण सौगात

चर्चा में क्यों?

15 अगस्त, 2023 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएँ करते हुए प्रदेशवासियों को अनेक महत्त्वपूर्र्ण सौगातें दीं। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के साहित्यिक वातावरण को और भी सुदृढ़ करने के लिये साहित्यकारों को तीन श्रेणियों में ‘छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी सम्मान’दिये जाने की घोषणा की। 
    • पहला - छत्तीसगढ़ी एवं अन्य बोली जैसे गोंडी, हल्बी, सरगुजिया, कुरुख आदि में लिखे गए साहित्य के लिये। 
    • दूसरा - हिन्दी में लिखे गए पद्य के लिये। 
    • तीसरा - हिन्दी में लिखे गए गद्य के लिये यह सम्मान दिया जाएगा। 
    • हर श्रेणी में सम्मानित साहित्यकारों को 5 लाख रुपए नगद एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये जाएंगे।  
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं एवं महिलाओं से छेड़छाड़, दुष्कर्म आदि के आरोपियों को शासकीय नौकरियों से प्रतिबंधित किया जाएगा। 
  • छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लंबी कूद, 100 मीटर दौड़ एवं कुश्ती के खेल में 18 से 40 वर्ष के आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जाएगा। यह प्रावधान इसी वर्ष से लागू किये जाएंगे। 
  • मछली पालन और लाख पालन को कृषि का दर्जा दिये जाने के सकारात्मक परिणामों को देखते हुये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में अब रेशम कीट पालन एवं मधुमक्खी पालन को भी कृषि का दर्जा देने की घोषणा की है। 
  • छत्तीसगढ़ प्रदेश में कुक्कुटपालन को प्रोत्साहित करने, नवीन रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित किये जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ‘छत्तीसगढ़ कुक्कुटपालन प्रोत्साहन योजना’प्रारंभ किये जाने की घोषणा की है। इस योजना के अंतर्गत कुक्कुट पालकों को सब्सिडी तथा वाणिज्यिक दर के स्थान पर अब रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। 
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के शासकीय शालाओं के 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी भी इंजीनियरिंग एवं मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर रूप से तैयारी कर सकें, इसके लिये देश के ख्याति प्राप्त कोचिंग संस्थाओं से ऑनलाइन कोचिंग नि:शुल्क कराने की व्यवस्था शीघ्र ही करने जा रहे हैं। इसके लिये सभी विकासखंड मुख्यालयों में ऑनलाइन कोचिंग कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी। 
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवनिर्मित ज़िला सारंगढ़-बिलाईगढ़ मुख्यालय में संचालित शासकीय लोचनप्रसाद पांडे महाविद्यालय सारंगढ, ज़िला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही मुख्यालय में संचालित डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय पेंड्रा, ज़िला शक्ति मुख्यालय में संचालित क्रांति कुमार भारतीय महाविद्यालय शक्ति एवं ज़िला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में संचालित शासकीय एल.सी.एस. महाविद्यालय अंबागढ़ चौकी को स्नातकोत्तर विद्यालय का दर्जा प्रदान करने की घोषणा की।  
  • मुख्यमंत्री ने नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने में आधुनिक प्रौद्योगिकी की भूमिका को देखते हुये अगले शिक्षा सत्र से स्कूली बच्चों के पाठ्यक्रम में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकी की जानकारी पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा की।  
  • मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को घर से कॉलेज और कॉलेज से घर आने-जाने के लिये बस के माध्यम से नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की। 
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अगले शिक्षा सत्र से राज्य के जिन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ी भाषा बोली जाती है, वहाँ छत्तीसगढ़ी भाषा एवं आदिवासी क्षेत्रों में वहाँ की स्थानीय बोली को कक्षा एक से कक्षा पाँचवीं तक पाठ्यक्रम में एक विषय के रूप में सम्मिलित किया जाएगा। 
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहरी स्वच्छता दीदियों के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुये उनके मानदेय में भी 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की। स्वच्छता दीदियों के उत्कृष्ट कार्यो के कारण ही प्रदेश ने लगातार तीन बार देश का स्वच्छतम राज्य होने का गौरव हासिल किया है। 
  • मुख्यमंत्री ने शहरी आजीविका के क्षेत्र में कार्यरत सामुदायिक संगठकों के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुये उनके मानदेय में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है।   
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मेहनतकश निर्माण श्रमिकों के लिये ‘मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना’प्रारंभ करने की घोषणा की। निर्माण कार्य करने वाले ऐसे मज़दूर जिनकी आयु 60 वर्ष पूरी हो चुकी हो तथा जो 10 साल तक पंजीकृत रहे हैं, उन्हें जीवनपर्यंत हर महीने 1500 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी। 
  • मुख्यमंत्री ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में कार्यरत संविदा प्रशिक्षण अधिकारियों के एकमुश्त संविदा वेतन को 25,780 रुपए से बढ़ाकर प्रतिमाह 32,740 रुपए करने तथा मेहमान प्रवक्ताओं के प्रतिमाह अधिकतम भुगतान की सीमा को 13,000 रुपए से बढ़ाकर 15,000 रुपए प्रतिमाह करने की घोषणा की है। 
  • मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा सुविधाओं में अपना महत्त्वपूर्र्ण योगदान देने वाले अंशकालीन सफाई कर्मी भाई-बहनों को एवं मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम से जुड़े रसोइयों के मानदेय में 500 रुपए प्रतिमाह वृद्धि किये जाने की घोषणा की है।


छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्यो के लिये तीन गौठानों को किया पुरस्कृत

चर्चा में क्यों?

15 अगस्त, 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में राज्य में ‘सुराजी गाँव योजना’ के तहत संचालित किये जा रहे तीन गौठानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिये पुरस्कृत किया। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री ने इस मौके पर गौठान प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।   
  • पुरस्कृत गौठान प्रबंधन समितियों में राजनांदगाँव ज़िले के ग्राम अमलीडीह, दुर्ग ज़िले के ग्राम चंदखुरी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ ज़िले के ग्राम हिर्री गौठान प्रबंधन समितियाँ शामिल हैं।  
  • गौरतलब है कि सुराजी गाँव योजनांतर्गत गाँव में बनाए गए गौठानों में पुशओं के डे-केयर के साथ-साथ गौठानों में स्व-सहायता समूहों के द्वारा वर्मी कंपोस्ट निर्माण, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, सब्जी उत्पादन सहित विभिन्न प्रकार की आर्थिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।  
  • इन गौठानों का संचालन प्रबंधन, गौठान समिति एवं ग्राम पंचायत के माध्यम से किया जा रहा है।

  


छत्तीसगढ़ Switch to English

स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह 2023 : मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिये किया पुरस्कृत

चर्चा में क्यों? 

15 अगस्त, 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पुलिस विभाग के 07 अधिकारियों को पुलिस वीरता पदक, 11 अधिकारियों को भारतीय पुलिस पदक, 02 अधिकारियों को गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक और एक को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को पुलिस वीरता पदक, सराहनीय सेवा के लिये भारतीय पुलिस पदक, गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक, गुरु घासीदास पुरस्कार, राज्यपाल पुरस्कार, रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार, मुख्यमंत्री पुरस्कार वीर नारायण सिंह पुरस्कार और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार के लिये चयनित अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किया। 
  • मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के जिन अधिकारियों को पुलिस वीरता पदक प्रदान किया उनमें रक्षित निरीक्षक वैभव मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, निरीक्षक अश्वनी सिन्हा, निरीक्षक यशवंत श्याम, सहायक उपनिरीक्षक उसारू राम कोर्राम, निरीक्षक उत्तम कुमार और सहायक प्लाटून कमांडर शहीद कृष्णपाल सिंह कुशवाहा का नाम शामिल है। 
  • समारोह में पुलिस महानिरीक्षक गुप्त वार्ता अजय कुमार यादव, पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक झाडु राम ठाकुर, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार साहू, निरीक्षक कमलेश्वर सिंह, कंपनी कमांडर अर्जुन सिंह ठाकुर, प्लाटून कमांडर हरिहर प्रसाद गर्ग, प्लाटून कमांडर संजय कुमार दुबे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदर लाल पट्टीलिंगम को भारतीय पुलिस पदक से नवाज़ा गया। 
  • इसी प्रकार गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक नायक नगरसेना शशिभूषण सोनी और कन्हैयालाल साहू को प्रदान किया गया।  
  • गुरु घासीदास पुरस्कार प्रधान आरक्षक सुरेश बंजारे, राज्यपाल पुरस्कार प्रधान आरक्षक श्रीमती अंजू सिंह, मुख्यमंत्री पुरस्कार प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख, रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार उप निरीक्षक श्रीमती सरिता तिवारी, वीर नारायण सिंह पुरस्कार निरीक्षक सुरेंद्र कुमार चतुर्वेदी और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार उप निरीक्षक श्रीमती नीता राजपूत को दिया गया।

 


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow