प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 16 Jun 2023
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश में खुलेगा पहला हेरिटेज पार्क व रेल कोच रेस्टोरेंट

चर्चा में क्यों 

14 जून, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश का पहला रेल हेरिटेज पार्क और रेल कोच रेस्टोरेंट आगरा में खुलने वाला है।  

प्रमुख बिंदु 

  • राज्य में आगरा कैंट स्टेशन रोड स्थित पार्क और रेस्टोरेंट में आगरा के लोगों को रेलवे के हेरिटेज की जानकारी के साथ-साथ स्वादिष्ट भोजन भी मिलेगा। जुलाई माह में शुरू होने जा रहे पार्क और रेस्टोरेंट का काम तेजी से चल रहा है।  
  • आगरा कैंट रेलवे स्टेशन रोड ईदगाह बस स्टैंड जाने वाले चौराहे पर रेलवे की खाली ज़मीन पर उत्तर-मध्य रेलवे और उत्तर प्रदेश का पहला रेल कोच रेस्टोरेंट और हेरिटेज पार्क आकार लेने लगा है।  
  • विदित है कि बीते वर्ष रेलवे ने दो हज़ार वर्ग मीटर ज़मीन पर रेल कोच रेस्टोरेंट बनाने का फैसला किया था। रेस्टोरेंट के साथ हेरिटेज पार्क बनाने का फैसला बाद में लिया गया। रेल कोच रेस्टोरेंट के लिये रेल पटरी बिछाकर उस पर एक ट्रेन कोच खड़ा किया गया है।  
  • कोच को डिजायन करने वाले चेतन अग्रवाल ने बताया कि ट्रेन कोच को हेरिटेज व महाराजा ट्रेन जैसा लुक दिया जा रहा है। इसमें एंटिक लाइट लगाई जा रही हैं। इसमें हेरिटेज और मेरेक्कन टाइल लगाई जा रही हैं। कोच रेस्टोरेंट का प्लेटफॉर्म रेड स्टोन से बनाया जा रहा है। 
  • रेल कोच रेस्टोरेंट में करीब 72 लोगों के एकसाथ बैठने की व्यवस्था होगी। इसमें 36 लोग कोच के अंदर, तो 36 लोग बाहर प्लेटफॉर्म पर बैठकर लजीज व्यंजन का आनंद ले सकेंगे।  
  • इसके अलावा हेरिटेज पार्क में करीब 10 दुकानें होंगी। यहाँ पर भी खाने-पीने का सामान मिल सकेगा। हेरिटेज पार्क में सबसे पहले कोच रेस्टोरेंट शुरू होगा। एक टूरिस्ट गाइड कियोस्क भी होगा। टूरिस्ट को ट्रेनों के बारे में जानकारी और ऑनलाइन बुकिंग की भी सुविधा होगी। बच्चों के लिये पार्क भी बनेगा।  
  • आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे ने ज़मीन को पाँच साल की लीज पर दिया है। इससे रेलवे को 80 लाख का राजस्व मिलेगा।  
  • हेरिटेज पार्क बनाने और कोच रेस्टोरेंट चलाने का टेंडर हिल्टन ग्रुप ने लिया है। रेलवे और हिल्टन ग्रुप के बीच पाँच साल तक हेरिटेज पार्क के रखरखाव और रेल कोच रेस्टोरेंट संचालित करने का करार हुआ है।
  • पीआरओ ने बताया कि रेल हेरिटेज पार्क में कोच रेस्टोरेंट के साथ रेल म्यूजियम भी बनाया जाएगा। इसमें रेलवे के पुराने सिग्नल और बॉक्स टिकट व अन्य सामानों को रखा जाएगा। इसमें विजिटर्स को रेलवे के इतिहास की जानकारी मिलेगी।

राजस्थान Switch to English

प्रदेश में लोक कला विकास बोर्ड का होगा गठन

चर्चा में क्यों

14 जून, 2023 को राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की लोक कला से जुड़ी विभिन्न जातियों एवं वर्गों के उत्थान के लिये लोक कला विकास बोर्ड का गठन किये जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। 

प्रमुख बिंदु

  • इस बोर्ड में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के अलावा 7 गैर-सरकारी सदस्य होंगे। बोर्ड सचिव एवं कार्यकारी स्टाफ अलग से होगा। बोर्ड के गठन की कार्यवाही के लिये नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। 
  • बोर्ड गठन का उद्देश्य लोक कला एवं कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलवाना, रोजगार से जोड़ना, लोक कला संस्थाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना, कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना, कलाओं का प्रचार-प्रसार, संस्थाओं का पर्यवेक्षण करना शामिल है।
  • इनके अलावा बोर्ड द्वारा सांस्कृतिक आदान-प्रदान सुनिश्चित करना, लोक कलाओं के संबंध में प्रकाशन, समीक्षा करना, लोक कला मेलों, प्रदर्शनी, व्याख्यानमाला, गोष्ठियों, समारोह का आयोजन करना तथा लोक कलाकारों का संरक्षण एवं संवर्द्धन करना है।

मध्य प्रदेश Switch to English

निवाड़ी बना प्रदेश का दूसरा हर घर जल ज़िला

चर्चा में क्यों 

14 जून, 2023 को मध्य प्रदेश का निवाड़ी ज़िला प्रदेश का दूसरा हर-घर जल ज़िला बन गया है। ज़िले के सभी 253 ग्राम के शत-प्रतिशत 55 हजार 645 घर में नल से जल पहुँचाया जा चुका है।

प्रमुख बिंदु 

  • उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के बुरहानपुर ज़िले को प्रदेश के साथ देश के पहले हर घर जल ज़िला होने का गौरव प्राप्त है। 
  • प्रदेश में अब तक 50 प्रतिशत से अधिक (60 लाख 7 हजार से अधिक) घरों में नल से जल पहुँचाया जा चुका है। साथ ही जल की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग भी की जा रही है। 
  • निवाड़ी ज़िले में तीन समूह नल-जल योजनाओं से सभी ग्रामीण घरों में नल जल की व्यवस्था की गई है। निवाड़ी समूह नल-जल योजना से 30 ग्राम, निवाड़ी-पृथ्वीपुर-1 समूह नल-जल योजना से 143 ग्राम और निवाड़ी-पृथ्वीपुर-2 समूह नल-जल योजना से 80 ग्राम के शत-प्रतिशत घरों में नल से जल सुविधा प्रदाय की गई है।


हरियाणा Switch to English

प्रदेश के सभी गाँवों में बनाए जाएंगे आपदा मित्र

चर्चा में क्यों

13 जून, 2023 को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित सभी राज्यों के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्रियों की बैठक के बाद बताया कि प्रदेश के सभी गांवों में आपदा मित्र बनाए जाएंगे जो आपदा के समय वॉलंटियर के तौर पर कार्य करेंगे और जल्द ही इनका रजिस्ट्रेशन करने के लिये पोर्टल आरंभ किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु 

  • विदित है कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का प्रभार भी है।
  • उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड द्वारा ज़िला से लेकर ग्राम स्तर तक कमेटियाँ बनाई जाएंगी।
  • विदित है कि इस वर्ष बाढ़ और सूखे जैसी संभावित आपदा के समय राहत देने के लिये 1,100 करोड़ रुपए मंजूर किये गए हैं, जबकि पिछले वर्षों में क्रमश: 500 करोड़ और 300 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष का प्रावधान किया गया था। 
  • राज्य में जिन क्षेत्रों में बारिश के कारण पानी भरता है, उसकी निकासी तथा नहरों आदि में पानी डालने के लिये भी योजना बनाई जा रही है ताकि न तो फसलों को नुकसान हो और न ही अन्य जान-माल का नुकसान हो। 
  • उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा संभावित आपदा से पूर्व मोबाइल आदि के माध्यम से मैसेज भेजकर सचेत किया जा रहा है। इस वर्ष भी प्रदेश के लोगों को भारी बारिश, तेज आंधी आदि से संबंधित मैसेज एडवांस में भेजे गए हैं। 
  • केंद्र सरकार द्वारा बैठक में जानकारी दी गई कि आसमानी बिजली गिरने से होने वाली आगजनी का पूर्वानुमान लगाने वाली तकनीक का ईजाद कर लिया गया है, हरियाणा सरकार भी प्रदेश में जल्द ही इस तकनीक को लागू करने जा रही है जिससे लोगों को जान-माल की हानि से बचाया जा सकेगा।
  • बैठक में हरियाणा सरकार की ओर से गृहमंत्री से अनुरोध किया गया है कि हिसार में  नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स (NDRF) की एक बटालियन स्थापित की जाए ताकि किसी आपदा के समय तुरंत सहायता पहुँच सके। 
  • विदित है कि राज्य सरकार ने आईआरबी के 260 जवानों को नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स की ट्रेनिंग भी दी है।
  • उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि हरियाणा में चंडीगढ़, पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश के लिये सयुंक्त रूप से कमांड-सेंटर बनाया जाना चाहिये ताकि कांगड़ा-सेस्मिक बेल्ट में आने वाले भूकंप का पूर्वानुमान लगाया जा सके।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow