प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 13 Aug 2021
  • 0 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

हेमवती नंदन बहुगुणा

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के योजना भवन परिसर में चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव की श्रृंखला में पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा का अनावरण किया।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही बहुगुणा के व्यक्तित्व और कार्यों पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन तथा ‘हेमवती नंदन बहुगुणा’नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर बहुगुणा के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
  • बहुगुणा जी का जन्म 25 अप्रैल, 1919 को वर्तमान उत्तराखंड के पौड़ी ज़िले के बुघाणी गाँव में हुआ था, लेकिन उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान इलाहाबाद (वर्तमान प्रयागराज) में युवाओं को नेतृत्व प्रदान किया तथा बाद में नैनी के आसपास औद्योगिक विकास में मदद की।
  • वर्ष 1952 में हेमवती नंदन बहुगुणा सर्वप्रथम विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए। पुन: वर्ष 1957 से 1969 तक और 1974 से 1977 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे।
  • बहुगुणा दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पहली बार 8 नवंबर, 1973 से 4 मार्च, 1974 तक तथा दूसरी बार 5 मार्च, 1974 से 29 नवंबर, 1975 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

राजस्थान Switch to English

‘गृहमंत्री अन्वेषण उत्कृष्टता पदक’ 2021

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को राजस्थान के उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार सहित प्रदेश के 9 पुलिसकर्मियों को वर्ष 2021 के लिये ‘गृहमंत्री अन्वेषण उत्कृष्टता पद’ प्रदान किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • इस पदक की स्थापना वर्ष 2018 में की गई थी, जिसका उद्देश्य अपराधों की जाँच में उच्च प्रोपेशनल मानकों को प्रोत्साहित करना तथा उत्कृष्ट अन्वेषण करने वाले जाँच अधिकारियों की मेहनत को पहचान देना है।
  • उल्लेखनीय है कि ‘गृहमंत्री अन्वेषण उत्कृष्टता पदक’ प्राप्त करने वाले अनंत कुमार राजस्थान में इंडियन मुजाहिदीन की आतंकी गतिविधियों से जुड़े 12 आतंकियों की जाँच के केस में राजस्थान एटीएस के तत्कालीन जाँच अधिकारी रहे थे। दिल्ली एटीएस की सूचना पर राजस्थान एटीएस ने 28 मार्च, 2014 को एफआईआर दर्ज करके इन आतंकियों की जाँच शुरू की थी।
  • अनंत कुमार और उनकी टीम ने उच्च प्रोफेशनल मानकों को ध्यान में रखते हुए उत्कृष्ट अन्वेषण किया तथा उन 12 आतंकियों को पकड़ने में कामयाबी पायी। इस मामले में उन 12 आतंकियों को आजीवन कारावास और जुर्माने की सज़ा हुई थी।
  • अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के साथ डिप्टी एसपी सुरेश शर्मा, इंस्पेक्टर अनिल डोरिया, इंस्पेक्टर दिनेश लखावत, इंस्पेक्टर दरज्या राम, इंस्पेक्टर अशोक आंजना, डीसीपी धर्मेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर अरुण कुमार, हेड कॉन्स्टेबल भवानी सिंह को भी गृहमंत्री अन्वेषण उत्कृष्टता पदक 2021 प्रदान किया गया।

मध्य प्रदेश Switch to English

ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिंटो हॉल, भोपाल में ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के विरुद्ध गोल किया था, जिसके फलस्वरूप भारतीय टीम पहले क्वार्टर फाइनल और बाद में सेमीफाइनल में पहुँच सकी।
  • मध्य प्रदेश शासन की ओर से विवेक सागर को डीएसपी का पद तथा एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। 
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी सप्ताह टोक्यो ओलंपिक में गई भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से 31-31 लाख रुपए देने की घोषणा की थी। मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के पहले रियो ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
  • इस अवसर पर भारतीय हॉकी टीम के प्रशिक्षक अशोक कुमार, सहायक कोच शिवेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया। 
  • गौरतलब है कि होशंगाबाद ज़िले के ग्राम शिवनगर चांदौन निवासी विवेक सागर ने वर्ष 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, चैंपियन ट्राफी, यूथ ओलंपिक, न्यूज़ीलैंड टेस्ट सीरीज़, एशियन गेम्स तथा वर्ष 2019 में अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट, ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज़ और फाइनल सीरीज़ भुवनेश्वर जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
  • एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफिल्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर 62 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। विवेक सागर को वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश शासन ने ‘एकलव्य अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया था।

मध्य प्रदेश Switch to English

गो-भैंस वंशीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के दुसरे चरण में उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिये मध्य प्रदेश को देश में सर्वाधिक 63 करोड़ 43 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

प्रमुख बिंदु

  • देश के 14 राज्यों के लिये स्वीकृत राशि में से मध्य प्रदेश को सर्वाधिक राशि राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 50 हज़ार गो-भैंस वंशीय मादा पशुओं में लक्ष्य के विरुद्ध 17 लाख 55 हज़ार कृत्रिम गर्भाधान के कारण मिली है। 
  • उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम का द्वितीय चरण 1 अगस्त, 2020 से 31 जुलाई, 2021 तक प्रदेश के सभी ज़िलों में संपन्न हुआ। इसमें 500 गाँवों में 50 हज़ार गो-भैंस वंशीय पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान का लक्ष्य था।
  • इस कार्यक्रम में राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम (NAIP-III) का तृतीय चरण प्रदेश के सभी ज़िलों में 1 अगस्त, 2021 से प्रारंभ होकर 31 मई, 2022 तक चलेगा, जो गाँव कार्यक्रम के प्रथम एवं द्वितीय चरण में वंचित रहे गए थे, उन्हें तृतीय चरण में कवर किया जाएगा।
  • योजना का प्रथम चरण 15 सितंबर, 2019 से 31 मई, 2020 तक और द्वितीय चरण 1 अगस्त, 2020 से 31 जुलाई, 2021 तक क्रियान्वित किया गया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में 8 लाख 10 हज़ार और द्वितीय चरण में 17 लाख 55 हज़ार कृत्रिम गर्भाधान 31 जुलाई, 2021 तक संपन्न हुए।
  • तृतीय चरण में प्रदेश के सभी ज़िलों में 17 लाख 24 हज़ार पशुओं में (51.70 लाख) कृत्रिम गर्भाधान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मध्य प्रदेश Switch to English

राष्ट्रीय युवा पुरस्कार

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा पुरस्कार कार्यक्रम में रायसेन के शुभम चौहान और जबलपुर के हिमांशु कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस पुरस्कार में एक पदक, प्रमाण-पत्र और एक लाख रुपए की नकद राशि दी गई। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार वर्ष 2017-18 के लिये कुल 14 पुरस्कार और वर्ष 2018-19 के लिये 8 पुरस्कार दिये गए। 
  • जबलपुर के हिमांशु कुमार गुप्ता को वर्ष 2017-18 के लिये समुदाय के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं हेतु यह पुरस्कार से मिला है। इन्होंने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी परियोजनाओं, दृष्टिबाधित लोगों के लिये पुस्तकों की वाइस रिकार्डिंग और इनसेक्ट प्रोसेसिंग के माध्यम से फूलों की रिसाइकिलिंग पर काम करने में उल्लेखनीय कार्य किया है।
  • इनको न्यू इंडिया कॉन्क्लेव में ग्राम मित्र सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है। 
  • रायसेन के शुभम चौहान को वर्ष 2018-19 के लिये समुदाय के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिये सम्मानित किया गया है। इन्होंने स्वच्छता अभियान, मतदान जागरूकता कार्यक्रम, पौधारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीण क्षेत्रों को खुले में शौच से मुक्त कराना, युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, महिला सशक्तीकरण आदि आयोजनों में नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। 
  • इन पुरस्कारों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय विकास और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिये प्रेरित करना और समुदायों के प्रति ज़िम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

हरियाणा Switch to English

मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएँ

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में ब्लॉकस्तर पर स्थापित 40 नई मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • राज्य सरकार के ‘हर खेत स्वस्थ खेत’ के तहत मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएँ स्थापित की गई हैं।
  • इसका उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य के आधार पर फसल की बुवाई करने हेतु जानकारी उपलब्ध कराना है।
  • पहले चरण में इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से इस वर्ष 25 लाख एकड़ भूमि का मृदा परीक्षण किया जाएगा, जबकि अगले तीन साल में हरियाणा की पूरी 75 लाख एकड़ कृषि भूमि का मिट्टी परीक्षण किया जाएगा।
  • गौरतलब है कि इस वित्तीय वर्ष के दौरान पंचकूला और करनाल स्थित दो मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं को राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला (एनएबीएल) के राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड से मान्यता प्राप्त करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके साथ ही हरियाणा भारत का पहला राज्य होगा, जिसके पास भूमि परीक्षण प्रयोगशालाओं की एनएबीएल मान्यता होगी।

झारखंड Switch to English

“बीसी सखी” पहल

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) ने भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) के साथ बैंकिंग संवाददाता के माध्यम से डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने हेतु ‘बीसी सखी पहल’ का ऑनलाइन शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • सिडबी डिजिटल बैंकिंग सहायता कार्यक्रम के ऑनलाइन लॉन्च कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव एन.एन. सिन्हा ने भाग लिया।
  • सखी मंडल की 4,620 महिलाएँ वर्तमान में लगभग 3,137 पंचायतों को बीसी सखियों के रूप में घर-घर बैंकिंग सेवाएँ प्रदान कर रही हैं। लॉकडाउन के समय देश की इन बीसी सखियों ने लगभग 6,000 करोड़ रुपए का लेन-देन किया और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को सुलभ बनाया।
  • सिडबी द्वारा बीसी सखियों के माध्यम से डिजिटल बैंकिंग की पहल को एक नया आयाम मिलेगा और जल्द ही सखी मंडल की दीदी बैंकिंग सखी हर पंचायत में संवाददाता के रूप में घर-घर सुविधा प्रदान कर सकेगी।
  • सखी मंडल की बहनों को बीसी सखी के रूप में बैंकिंग सेवा प्रदान करने के लिये ग्रामीण विकास विभाग के तहत जेएसएलपीएस की पहल को सिडबी के माध्यम से तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। 
  • सिडबी बीसी सखी पहल के लिये डिजिटल प्रशिक्षण सामग्री, एमआईएस डैशबोर्ड और क्षमता निर्माण में अपनी सेवाएँ प्रदान करेगा।

छत्तीसगढ़ Switch to English

छत्तीसगढ़ मिलेट मिशन

चर्चा में क्यों?

हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के वनांचल में उगाई जाने वाली कोदो-कुटकी और रागी फसल को प्रोत्साहन देने के लिये मिलेट मिशन की शुरुआत की गई है।

प्रमुख बिंदु

  • इस मिशन से वनांचल में लोगों के पोषण स्तर पर वृद्धि होगी। वहीं इन फसलों के वैल्यु एडिशन से रोज़गार भी मिलेगा तथा किसानों की आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी। 
  • मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर कोदो-कुटकी के लिये जहाँ समर्थन मूल्य घोषित किया गया है, वहीं ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ में इन फसलों को शामिल कर इनके लिये इनपुट सब्सिडी देने का भी प्रावधान किया गया है। 
  • लघु धान्य फसलों में पाए जाने वाले भरपूर पोषक तत्त्वों को ध्यान में रखते हुए उत्तर बस्तर (कांकेर) ज़िले में ज़िला प्रशासन और कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा ज़िले के किसानों को मिलेट मिशन के तहत उन्नत खेती के लिये जानकारी दी जा रही है। 
  • कोदो-कुटकी के उत्पादन और संग्रहण के लिये किसान विकास समिति का गठन किया गया है, जिसमें 300 परिवार जुड़े हैं। 
  • लघु धान्य फसलों के वैल्यु एडिशन के लिये कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर और दुर्गुकोंदल विकासखंड के ग्राम गोटुलमुंडा में प्रसंस्करण इकाई लगाई गई है। इन दोनों इकाईयों में एक-एक महिला समूहों द्वारा प्रसंस्करण का कार्य किया जा रहा है। 
  • संग्रहण एवं प्रसंस्करण कार्य में लगी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को 850 से अधिक मानव दिवस का रोज़गार उपलब्ध कराया गया है। ज़िला प्रशासन की पहल पर लघु धान्य फसलों का उत्पादन करने वाले किसानों और महिला समूहों को इस प्रसंस्करण केंद्र से जोड़ा गया है। 
  • इस केंद्र में तैयार किये गए उत्पाद आंगनबाड़ियों के माध्यम से कुपोषित, रक्ताल्पता से ग्रसित व गर्भवती माताओं तथा कुपोषित बच्चों को कोदो चावल खिचड़ी के रूप में एवं रागी को हलवा के रूप में प्रदान किया जा रहा है।
  • उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने कोदो-कुटकी का समर्थन मूल्य न केवल 3 हज़ार रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया है, बल्कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना का विस्तार करते हुए अब कोदो-कुटकी की फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 9 हज़ार रुपए और धान के बदले कोदो-कुटकी की फसल लेने वाले किसानों को 10 हज़ार रुपए प्रति एकड़ इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया है।

छत्तीसगढ़ Switch to English

उत्कृष्ट विवेचना हेतु मेडल

चर्चा में क्यों?

12 अगस्त, 2021 को भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस के तीन अधिकारियों को उत्कृष्ट विवेचना हेतु मेडल प्रदान करने की घोषणा की गई है।

प्रमुख बिंदु

  • केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष-2021 के लिये छत्तीसगढ़ पुलिस के बेमेतरा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक राजीव शर्मा, राजनांदगांव में पदस्थ उपनिरीक्षक इंदिरा वैष्णव और बस्तर में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक इंदु शर्मा को अलग-अलग प्रकरणों में उत्कृष्ट विवेचना करने पर पुरस्कृत किया जाएगा। 
  • उप पुलिस अधीक्षक राजीव शर्मा ने मार्च 2020 में, उपनिरीक्षक इंदिरा वैष्णव ने जून 2019 में तथा सहायक उपनिरीक्षक इंदु शर्मा ने अक्तूबर 2020 में हुए बलात्कार की जांच में उच्च पेशेवर मानक को ध्यान में रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।
  • उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रति वर्ष उत्कृष्ट विवेचना करने वाले पुलिस अधिकारियों को मेडल प्रदान किया जाता है। 
  • उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय की ओर से उत्कृष्ट विवेचना हेतु इन पुलिस अधिकारियों की अनुशंसा केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई थी।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow