प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 13 Apr 2022
  • 0 min read
  • Switch Date:  
छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने किया ‘आईना-ए-छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडेय की पुस्तक ‘आईना-ए-छत्तीसगढ़’ का विमोचन किया।

प्रमुख बिंदु

  • वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडेय ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘आईना-ए-छत्तीसगढ़’ नाम से उनका कॉलम नियमित रूप से प्रकाशित होता रहा है, जिनमें से चुनिंदा कॉलमों को अब पुस्तक के रूप में संकलित किया गया है। 
  • इन कॉलमों में छत्तीसगढ़ का इतिहास, संस्कृति, पुरातत्त्व, सामाजिक घटनाक्रमों सहित छत्तीसगढ़ की दिनोदिन बदलती राजनीति, नौकरशाही सहित समसामयिक मुद्दों का समावेश किया गया है। यह उनकी पाँचवी पुस्तक है।

उत्तर प्रदेश Switch to English

उत्तर प्रदेश विधानपरिषद चुनाव, 2022

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को उत्तर प्रदेश विधानपरिषद की 36 सीटों के लिये हुए चुनावों के नतीजे घोषित किये गए।

प्रमुख बिंदु

  • 36 सीटों के इन चुनावों में 33 सीटें भाजपा, 1 सीट जनसत्ता दल लोकतंत्रिक तथा 2 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों को प्राप्त हुई हैं।
  • उत्तर प्रदेश विधानपरिषद में प्रमुख राजनीतिक दलों की संख्या/स्थिति निम्न प्रकार है-
    • भारतीय जनता पार्टी- 66
    • समाजवादी पार्टी- 17
    • बसपा- 4
  • हाल ही में संपन्न हुए इन चुनावों का संबंध स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से है। गौरतलब है कि विधानपरिषद के कुल सदस्यों में से 1/3 सदस्यों का निर्वाचन स्थानीय निकायों, जैसे- नगरपालिका और ज़िला बोर्डों आदि द्वारा किया जाता है।

बिहार Switch to English

बाबा केवल धाम राजकीय मेला

चर्चा में क्यों?

हाल ही में समस्तीपुर के मोरवा प्रखंड अंतर्गत इंद्रवारा गाँव में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने तीन दिवसीय बाबा केवल धाम राजकीय मेले का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • बाबा केवल धाम राजकीय मेला निषाद समाज का राष्ट्रीय स्तर पर लगने वाला सबसे बड़ा धार्मिक मेला है।
  • यह मेला चैत्र मास के नवरात्र में सप्तमी तिथि से शुरू होकर दसवीं तक आयोजित किया जाता है।
  • 2010 में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने इस मेले को राजकीय मेला का दर्जा दिया था।
  • बाबा केवल धाम क्षेत्र नून नदी के बाढ़ से प्रभावित रहा है, जिसको ध्यान में रखते हुए नदी के बाएँ और दाएँ तट का सुदृढ़ीकरण तथा उच्चीकरण किया गया है।

मध्य प्रदेश Switch to English

मध्य प्रदेश पावर जेनेरेटिंग कंपनी के बिजनेस ट्रांसफार्मेशन का क्रियान्वयन करेगी ‘एक्सेंचर’

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को मध्य प्रदेश पावर जेनेरेटिंग कंपनी द्वारा बिजनेस ट्रांसफार्मेशन और डिजिटाइजेशन के लिये इंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) क्रियान्वयन के लिये एक्सेंचर (Accenture) का चयन किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • मध्य प्रदेश पावर जेनेरेटिंग कंपनी की ईआरपी परियोजना की शुरुआत गत दिवस एक समारोह में हुई। 
  • एक्सेंचर एक वैश्विक प्रबंधन परामर्श और पेशेवर सेवा फर्म है, जो रणनीति, परामर्श, डिजिटल, प्रौद्योगिकी और संचालन सेवाएँ प्रदान करती है। 
  • एक्सेंचर फॉर्च्युन ग्लोबल कंपनी है। विश्व की अग्रणी आईटी कंपनियों में से एक ‘एक्सेंचर’ को पावर जेनेरेशन सेक्टर में ईआरपी क्रियान्वयन का वृहद् अनुभव है।

मध्य प्रदेश Switch to English

चैंपियंस ऑफ चेंज अवार्ड

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य लोगों को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चैंपियंस ऑफ चेंज अवार्ड से सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • समारोह में सम्मानित होने वाली अन्य विभूतियों में पंडवानी लोकशैली की गायिका तीजन बाई, राज्यसभा सांसद सैयद जफर इस्लाम, पूर्व महापौर इंदौर मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, आविष्कारक बनवारी लाल चौकसे, पूर्व लोकसभा सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, भारतीय शास्त्रीय संगीतज्ञ कलापनि कोमकली, सेवा धर्म आश्रम उज्जैन के संस्थापक सुधीर भाई गोयल, संचालक दैनिक भास्कर कार्प लिमिटेड गिरीश अग्रवाल, भारतीय सिने अभिनेता पीयूष मिश्रा, उद्यमी मनन दीक्षित, भारतीय टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यंका त्रिपाठी, चेयरमैन दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड दिलीप सूर्यवंशी, ध्रुपद गुरु अभिजीत सुखदाणें, वक्ता एवं लेखक आर्या चावड़ा, चेयरमैन आर.साई. लॉजिस्टिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रोहित सिंह तोमर, प्रदेश की पहली महिला पर्वतारोही मेघा परमार, वरिष्ठ पत्रकार न्यूज एंकर (ए.बी.पी.) विकास भदौरिया, प्रेसीडेंट केंप प्रियंका द्विवेदी, प्रबंध संचालक नर्मदा हेल्थ ग्रुप डॉ. रेणु शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश जैन, फाउंडर येलो डिजी मयूर सेठी और कार्यपालिक सचिव ज्ञान गंगा ग्रुप रजनीत जैन आदि शामिल हैं।
  • चैंपियंस ऑफ चेंज पुरस्कार इंटरैक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकॉनमी (IFIE) संस्था, भारत सरकार द्वारा देश में चिह्नित कुल 115 आशावादी ज़िलों में गांधीवादी मूल्यों (स्वच्छता), सामुदायिक सेवा और सामाजिक विकास को अपने सकारात्मक प्रयासों से बढ़ावा देने वाले राजनेता, सामाजिक कार्यकर्त्ता, उद्यमियों को दिया जाता रहा है। 
  • इंटरैक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकॉनमी संस्था प्रतिवर्ष भारत में अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर चैंपियंस ऑफ चेंज पुरस्कार का आयोजन करता है। इस अवार्ड को आम तौर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल या भारत के एक प्रमुख व्यक्ति द्वारा प्रस्तुत किया जाता है। पुरस्कार विजेताओं का चयन न्यायपूर्ति केजी बालकृष्णन (भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और NHRC के पूर्व अध्यक्ष) की अध्यक्षता में शीर्ष संवैधानिक जूरी पैनल द्वारा किया जाता है।
  • इंटरैक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकॉनमी संस्था भारत सरकार से मान्यता प्राप्त (80G, 8A के अनुरूप), गैर-लाभकारी कंपनी है, जो महात्मा गांधी के मूल्यों को बढ़ावा दने वाले 115 आकांक्षात्मक ज़िलों सहित ग्रामीण भारत की महिलाओं और बच्चों के विकास और कल्याण के लिये समर्पित है। नंदन झा चैंपियंस ऑफ चेंज पुरस्कार के अध्यक्ष हैं। इसकी स्थापना 2011 में हुई थी।
  • चैंपियंस ऑफ चेंज मध्य प्रदेश पुरस्कार साहस, सामुदायिक सेवा और समावेशी सामाजिक विकास के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिये एक राज्य पुरस्कार है। यह पुरस्कार महिला स्वतंत्रता सेनानी रानी लक्ष्मीबाई के दृष्टिकोण से प्रेरणा लेकर शुरू किया गया है। पुरस्कार विजेताओं का चयन न्यायमूर्ति ज्ञान सुधा मिश्रा (सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश) की अध्यक्षता में संवैधानिक जूरी के सदस्यों द्वारा किया जाता है।

मध्य प्रदेश Switch to English

स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट को स्कॉच सिल्वर अवार्ड

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को देश में अपनी तरह के सबसे पहले एवं सबसे आधुनिक रेडियो फ्रीक्वैंसी स्मार्ट मीटर का विशाल प्रोजेक्ट संचालित करने वाली मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी को देश का प्रतिष्ठित स्कॉच सिल्वर अवार्ड प्राप्त हुआ है।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवार्ड के लिये देश की विभिन्न बिजली कंपनियाँ, राज्यों के ऊर्जा विभाग, बैंक, शासकीय सेवा उपलब्ध कराने वाली संस्थाएँ और तकनीकी संस्थाएँ आदि शामिल थीं। 
  • पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी ने श्रेष्ठ सेवाओं, योजना के कार्यों की स्कॉच टीम के साथ सर्वोत्तम प्रस्तुति, वोटिंग एवं अन्य मापदंडों को पूरा करते हुए सिल्वर अवार्ड हासिल किया है। 
  • गौरतलब है कि महू (इंदौर) शत प्रतिशत स्मार्ट मीटर वाला मध्य प्रदेश का पहला शहर है, वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, खरगोन आदि में अब तक पौने तीन लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
  • 2003 में स्थापित स्कॉच (SKOCH) अवार्ड, उन लोगों, परियोजनाओं और संस्थानों को दिया जाता है, जो भारत को एक बेहतर राष्ट्र बनाने के लिये अतिरिक्त प्रयास करते हैं।

हरियाणा Switch to English

PMFBY की शिकायतों के निवारण हेतु ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल का शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे.पी. दलाल ने राज्य के किसानों की सुविधा के लिये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शिकायतों के निवारण हेतु ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’पोर्टल का शुभारंभ किया है।

प्रमुख बिंदु

  • इस पोर्टल के माध्यम से किसान कहीं से भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
  • कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे.पी. दलाल ने बताया कि शिकायत दर्ज करने के उपरांत उन्हें एक टिकट नंबर दिया जाएगा, जिससे वे अपनी शिकायत की नवीनतम स्थिति भी जान सकेंगे।
  • गौरतलब है कि हरियाणा देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है, जिनमें बीमा कंपनियों ने कुल प्रीमियम (जिसमें किसान का हिस्सा राज्य एवं केंद्र सरकार की सब्सिडी शामिल है,) से अधिक क्लेम का भुगतान किया है।
  • संबंधित विभाग डाटा एकत्रित करने की दिशा में अग्रसर है और इसी कड़ी में किसानों की शिकायतों के निपटान के लिये ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल में ग्रीवेंश निपटान के मॉड्यूल को शुरू किया गया है।
  • कृषि मंत्री ने बताया कि भविष्य में भी ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर किसानों की सुविधाओं के लिये अन्य मॉड्यूल/कॉलम जोड़ने का काम होगा और अन्य मंचों के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसान को त्वरित लाभ मिल सके।
  • उल्लेखनीय है कि राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना वर्ष 2016 से लागू की जा रही है।
  • इस योजना के अंतर्गत खरीफ में मक्का, कपास, धान व बाजरा तथा रबी में गेहूँ, जौ, चना, सरसों व सूरजमुखी फसलों को बीमित किया जा रहा है।

हरियाणा Switch to English

‘अखंड भारत संदेश यात्रा’

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ‘सीएम हाउस’ से ‘अखंड भारत संदेश यात्रा, 2022’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रमुख बिंदु

  • इंडियन मीडिया सेंटर द्वारा आरंभ की गई इस यात्रा में हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली व अंडमान निकोबार की 131 बेटियाँ शामिल हैं।
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ योजना के तहत इस ‘अखंड भारत संदेश यात्रा’ में शामिल बेटियों में राष्ट्रभक्ति के प्रति जोश का संचार करते हुए कहा कि यह यात्रा समाज में एकता का संदेश देने में कामयाब होगी।
  • मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल बेटियों के लिये 5 लाख रुपए का सहयोग देने की घोषणा की।

झारखंड Switch to English

त्रिकूट पर्वत

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर ज़िला स्थित त्रिकूट पर्वत रोप-वे हादसे को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने बैठक में त्रिकूट पर्वत रोप-वे हादसे की जाँच हेतु उच्चस्तरीय जाँच समिति गठित करने तथा गठित समिति में रोप-वे से संबंधित विशेषज्ञों को भी शामिल किये जाने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।
  • गौरतलब है कि 10 अप्रैल को त्रिकूट पर्वत रोप-वे टूटने से रोप-वे में 59 पर्यटकों के फँसने से एक गंभीर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई तथा अभी तक 4 पर्यटकों की मृत्यु हो गई।
  • उल्लेखनीय है कि त्रिकूट पर्वत का हिंदुओं के लिये अत्यधिक धार्मिक महत्त्व है, क्योंकि त्रिकूट पर्वत के एक तरफ बाबा वैद्यनाथ तो दूसरी तरफ बाबा बासुकीनाथ का मंदिर है।
  • इस पर्वत के तीन शिखर हैं, जिन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश के मुकुट के तौर पर जाना जाता है, इसलिये ही त्रिकूट पर्वत के नाम से इसकी प्रसिद्धि है, साथ ही यहाँ स्थित दो छोटे पर्वत शिखर गणेश और कार्तिक के नाम से जाने जाते हैं।

 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow