प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 11 Nov 2023
  • 1 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

अयोध्या में कैबिनेट बैठक: धर्म व संस्कृति को बढ़ावा देने वाले प्रस्तावों पर लगी मुहर

चर्चा में क्यों?

9 नवंबर, 2023 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में अयोध्या में हुई कैबिनेट की बैठक में धर्म व संस्कृति को बढ़ावा देने वाले कई प्रस्तावों को मंज़ूरी दी गई है। 

प्रमुख बिंदु  

  • कैबिनेट की बैठक में ‘अयोध्याजी तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद’, ‘माँ पटेश्वरी देवीपाटन विकास परिषद’ और मुज़फ्फरनगर में ‘शुकतीर्थ विकास परिषद’ के गठन को मंज़ूरी दी गई है। 
  • कैबिनेट की बैठक में निम्नलिखित अन्य प्रस्तावों को मंज़ूरी मिली- 
    • अयोध्या के माझा जमथरा गाँव में 25 एकड़ भूमि पर भारतीय मंदिर वास्तुकला संग्रहालय की स्थापना के प्रस्ताव पर सहमति दी गई है। 
    • अयोध्या शोध संस्थान को अंतर्राष्ट्रीय रामायण वैदिक शोध संस्थान के रूप मे विस्तारित करके स्थापित करने के प्रस्ताव को मंज़ूर कर लिया गया। 
    • अयोध्या में प्रतिवर्ष होने वाले मकर संक्रांति व बसंत पंचमी मेले, बुलंदशहर के अनूपशहर के कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले और हाथरस के लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के प्रांतीयकरण को मंज़ूरी दी गई है। इन मेलों की व्यवस्था में होने वाला खर्च सरकार वहन करेगी। 
    • उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के गठन एवं बनारस में देव दीपावली आयोजन का प्रांतीयकरण करने के प्रस्ताव को भी मंज़ूरी दी गई है। 
    • प्रदेश मे महिला स्वयंसेवी समूहों को उनके ही ब्लॉक मे प्लांट लगाने के संबंध मे प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई है। 
    • ड्रोन पॉलिसी को मंज़ूरी दी गई है।
    • राज्य स्तर पर नियमावली लागू करने के संबंध में प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई है। 
    • शीतकालीन सत्र 28 नवंबर से बुलाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई है। 

 


मध्य प्रदेश Switch to English

विद्यार्थियों की अनूठी पहल: महाकाल लोक की 200 मूर्तियों को चित्रों में उकेरकर बनाएंगे वर्ल्ड रिकॉर्ड

चर्चा में क्यों?

9 नवंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल लोक में बनी 200 मूर्तियों के चित्र बनाकर फागुनी ललित कला केंद्र के 15 विद्यार्थी वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं, जिसकी शुरूआत इस्कॉन मंदिर में लाईव पेंटिंग परफार्मेंस के माध्यम से की गई।  

प्रमुख बिंदु 

  • यहाँ इन विद्यार्थियों ने महाकाल लोक में मुख्य द्वार में बनी गणपतिजी की प्रतिमा का सर्वप्रथम चित्र बनाया, इसके बाद भगवान विष्णु के दशावतार को चित्रों के माध्यम से उकेरा।  
  • फागुनी ललित कला केंद्र के 15 विद्यार्थियों ने इस्कॉन मंदिर में लाईव पेंटिंग परफार्मेंस के माध्यम से भगवान विष्णु के दशावतार को जीवंत कर दिया। यहाँ इन विद्यार्थियों ने भगवान विष्णु द्वारा धरती पर अवतार लेने वाले श्रीराम, कृष्ण, वामन सहित सभी अवतारों को चित्रकला के माध्यम से उकेरा।  
  • विद्यार्थियों में ऋचा डोडिया, अंशु वाडिया, भावार्थ चौधरी, आर्या जाट, राजू पुष्पद, गीता आनंद, कनक अलवानी, आर्यन जगदाले, मुकुल आर्य, प्रनेंद्र राठौर, हर्षल पचोरी, हर्षिका धाकड़, शीतल मेवाड़ा ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। 

 


हरियाणा Switch to English

मुख्यमंत्री ने हथिनी कुंड बैराज पर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का किया शुभारंभ

चर्चा में क्यों?

8 नवंबर, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा यमुनानगर ज़िले में यमुना नदी पर स्थित हथिनी कुंड बैराज पर वॉटर राईडिंग व यमुना में बोटिंग की शुरुआत की गई है। 

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के नाते हरियाणा में बहुत से क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों को बढ़ाया जा सकता है। पर्यटन के नाते कलेसर से कालका तक पहाड़ी के नीचे-नीचे बहुत सी संभावना है, जैसे कि पैदल ट्रैकिंग, साइकिल ट्रैकिंग व मोटरसाइकिल इत्यादि के माध्यम से विभिन्न स्थानों जैसे आदि बद्री, लोहगढ़, त्रिलोकपुर देवी का मंदिर का भ्रमण कर सकते हैं। 
  • हरियाणा में भी पर्यटन के नाते लोगों का रुझान बढ़ाने के लिये हथिनी कुंड बैराज पर पार्क भी बनाया जा रहा है। इस पार्क का नाम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है।  
  • गौरतलब है कि गुरुग्राम और नूहं ज़िलों के क्षेत्र में करीब 10 हजार एकड़ मे जंगल सफारी प्रोजेक्ट बनाया जाएगा। इसकी शीघ्र शुरुआत की जाएगी। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि ताजे वाला हैड पहले छोटा था। उसके बाद हथिनी कुंड बैराज बनाया गया, परंतु पानी की अधिकता के कारण कलेसर में 50 मीटर ऊँचा डैम बनाया जाएगा। इस डैम से हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। 
  • यह प्रोजेक्ट 4 प्रदेशों का मिलन बिंदु हैं। यहाँ पर पर्यटन की संभावना होगी और चारों प्रदेशों में पानी की जरूरत को पूरा किया जा सकता है। इसके माध्यम से बिजली भी बना सकते हैं। इसका लाभ राजस्थान, दिल्ली को भी मिल सकेगा।


हरियाणा Switch to English

फरीदाबाद में 9वां भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का होगा आयोजन

चर्चा में क्यों?

8 नवंबर, 2023 को हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि बढाने के लिये 17 से 20 जनवरी, 2024 तक को क्षेत्रीय जैव-प्रौद्योगिकी केंद्र फरीदाबाद में 9वां भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।  

प्रमुख बिंदु 

  • अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में देशभर के विभिन्न स्कूलों एवं कालेजों के लगभग 12 हज़ार विद्यार्थी भाग लेंगे।  
  • अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे अंतर्राष्ट्रीय शोध एवं उन्नति पर विस्तार से चर्चा होगी। 
  • अमृतकाल के दौरान नव भारत में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अभिनवता के क्षेत्र में नवीनतम विकास विज्ञान गतिविधियों को दर्शाया जाएगा।  
  • लगातार चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर व्याख्यान के अलावा प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें हरियाणा के कक्षा 8 से 11वीं के हर ज़िले से 35 विद्यार्थी विज्ञान पर अपने मॉडल प्रदर्शित करेंगे।

 


झारखंड Switch to English

जमशेदपुर के एक्सएलआरआई में होगा पीओएमएस इंडिया चैप्टर कॉन्फ्रेंस-2023 का आयोजन

चर्चा में क्यों?

9 नवंबर, 2023 को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम ज़िले के जमशेदपुर में स्थित शैक्षणिक संस्थान एक्सएलआरआई के डायरेक्टर फादर एस जॉर्ज ने बताया कि एक्सएलआरआई में चार से छह दिसंबर तक पीओएमएस इंडिया चैप्टर कॉन्फ्रेंस-2023 का आयोजन किया जाएगा। 

प्रमुख बिंदु  

  • इस तीन दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में भारत के अलावा यूएसए, यूके, चाईना, कोलंबिया व कनाडा के करीब 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।  
  • इस कॉन्फ्रेंस में देश के लगभग सभी आईआईटी, आईआईएम, आईएसबी के साथ ही सभी बिजनेस स्कूल के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं, जो सतत विकास के लिये भविष्य में होने वाली परिकल्पना की थीम पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।  
  • इस दौरान करीब 160 पेपर प्रस्तुत किये जाएंगे। इस क्षेत्र में विद्वानों और उद्योग विशेषज्ञों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के साथ ही इनोवेशन के माध्यम वैश्विक स्तर पर कैसे बड़े सकारात्मक बदलाव किये जा सकते हैं, इस पर मुख्य रूप से मंथन होगा। 
  • एक्सएलआरआई के डायरेक्टर फादर एस जॉर्ज ने कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ना सिर्फ सप्लाई चैन मैनेजमेंट बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी काफी महत्त्वपूर्ण है। सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिये यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर एक मंच के रूप में कार्य करता है, जिसमें शिक्षाविद, शोधकर्ता और व्यवसायी उत्पादन और संचालन में अंतर्दृष्टि और रणनीतियों का आदान-प्रदान करते हैं।  
  • इस बार कार्बन तटस्थता प्राप्त करने, सप्लाई चेन मैनेजमेंट में ईएसजी को बढ़ाने, सप्लाई चेन मैनेजमेंट में होने वाली क्राइसिस से निबटने के उपाय के साथ ही एडवांस टेक्नोलॉजी के माध्यम से विभिन्न समस्याओं के समाधान से निबटने के तरीके पर भी चर्चा की जाएगी। 


उत्तराखंड Switch to English

प्रदेश की पहली योग नीति का प्रस्ताव तैयार

चर्चा में क्यों?

9 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड के आयुष सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदेश की पहली योग नीति का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जल्द ही सरकार इस नीति को मंज़ूर दे सकती है। 

प्रमुख बिंदु 

  • इस नीति के तहत प्रदेश में योग, आध्यात्मिक और नेचुरोपैथी सेंटर स्थापित करने के लिये सरकार वित्तीय प्रोत्साहन देगी।
  • पर्यटन नीति के अनुसार बी और सी श्रेणी में चयनित पर्वतीय क्षेत्रों में योग और आध्यात्मिक सुविधाओं में निवेश करने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रावधान किया जा रहा है। इसके अलावा आयुष नीति के तहत पांच प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी।
  • इस नीति को लागू करने के लिये आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग नोडल होगा। निवेश प्रस्ताव को सिंगल विंडो सिस्टम से मंज़ूरी दी जाएगी। 
  • प्रदेश सरकार उत्तराखंड को अंतर्राष्ट्रीय योग हब बनाने के लिये प्रयासरत है। इसलिये हर साल पर्यटन विभाग की ओर से ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित किया जाता है। 
  • विदित हो कि अभी तक प्रदेश में योग की बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिये कोई नीति नहीं थी।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2