प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

स्टेट पी.सी.एस.

  • 10 Aug 2023
  • 1 min read
  • Switch Date:  
उत्तर प्रदेश Switch to English

गढ़वा घाट पर बनेगा बनारस का पहला रिवर फ्रंट

चर्चा में क्यों?

9 अगस्त, 2023 को उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग के उप निदेशक आर.के. रावत ने बताया कि बड़े महानगरों की तर्ज़ पर प्रदेश के बनारस में भी रिवर फ्रंट बनाने की योजना है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे बनारस में पर्यटन के अध्याय में एक और कड़ी जुड़ेगी।  

प्रमुख बिंदु 

  • बनारस में हाइवे से सटे गंगा किनारे गढ़वा घाट पर रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। नमो घाट की तरह इस घाट को भी सजाया सँवारा जाएगा और इसे पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। यह रिवर फ्रंट पर्यटन को और ऊँचाइयों पर ले जाएगा। 
  • इस योजना का प्रस्ताव पर्यटन विभाग ने शासन को भेज दिया है। करीब नौ करोड़ रुपए की लागत से गढ़वा घाट को रिवर फ्रंट का रूप दिया जाएगा। 
  • विदित है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद से पर्यटकों का आकर्षण वाराणसी की ओर बढ़ा है। घाटों से अविरल निर्मल गंगा को निहारने और नौका विहार से लेकर शहर के अन्य पर्यटन स्थलों से रूबरू होने वाले पर्यटकों की संख्या में दिनों-दिन इजाफा हो रहा है। ऐसे में पर्यटन विभाग इस शहर को पर्यटन के लिहाज से और विकसित कर रहा है।  
  • गढ़वा घाट में फूड कोर्ट, किड्स ज़ोन, पार्किंग, आकर्षक टेबल व कुर्सियाँ, हरियाली के तहत ग्रीन गार्डेन, शेड, सेल्फी पॉइंट आदि सभी सुविधाएँ यहाँ पर्यटकों को मिलेंगी। 
  • अधिकारियों के अनुसार शहर के एक छोर पर स्थित गढ़वा घाट आकर्षण का केंद्र होगा। यहाँ हर किसी की पहुँच सुलभ और आसान होगी। शहर के अंदरूनी रास्ते और गंगा के रास्ते भी पर्यटक यहाँ आसानी से आ सकेंगे। हाइवे से सटे होने के कारण लोगों को यहाँ आने में सुविधा होगी।

 


बिहार Switch to English

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के लिये बिहार के छह शिक्षक नामित

चर्चा में क्यों?

9 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के लिये बिहार की तरफ से छह शिक्षक नामित/चयनित किये गए हैं।  

प्रमुख बिंदु 

  • राज्य के नामित इन शिक्षकों में कैमूर ज़िला के रामगढ़ स्थित आदर्श बालिका प्लस टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक अनिल कुमार सिंह, कटिहार ज़िले के मधेपुरा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक अर्जुन कुमार साहा, सीतामढ़ी ज़िले के बनगंवा बाज़ार स्थित मध्य विद्यालय मधुबन के प्रधान शिक्षक द्विजेंद्र कुमार शामिल हैं। 
  • इनके अलावा राज्य के किशनगंज ज़िला स्थित सिंघिया प्लस टू उच्च विद्यालय की शिक्षक कुमारी गुड्डी, मधुबनी ज़िले के कलुआही स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय मलमल की शिक्षक संगीता कुमारी और वैशाली ज़िले में हाज़ीपुर स्थित मध्य विद्यालय हरिहरपुर के प्रधानाध्यापक उमेश कुमार यादव शामिल हैं। 
  • जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिये पूरे देश से 152 शिक्षकों को विभिन्न राज्यों से नामित किया गया हैं। इनमें से राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये संभवत: 42 शिक्षकों का चयन किया जाना है।  
  • राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के लिये बिहार के छह नामित शिक्षकों ने चार सदस्यीय नेशनल ज्यूरी के सवालों के उत्तर दिये। ज्यूरी सदस्यों ने नामित शिक्षकों को अपने सारगर्भित सवालों की कसौटी पर खरा पाया। 
  • बिहार के शिक्षकों ने शिक्षा की बेहतरी के लिये अपने इनोवेटिव आइडिया से ज्यूरी को प्रभावित भी किया। शिक्षकों ने अपने-अपने प्रेजेंटेशन भी दिये।


राजस्थान Switch to English

बांसवाड़ा के गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में बनेगा इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर

चर्चा में क्यों?

8 अगस्त, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के बांसवाड़ा ज़िले के गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर की स्थापना करने हेतु 6.89 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को स्वीकृति दी। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री के इस निर्णय से आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं में इनोवेशन स्किल बढ़ाने के लिये प्रोत्साहित करने हेतु इस इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर की स्थापना होगी। साथ ही, जनजाति क्षेत्र के युवाओं को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में बढ़ावा मिल सकेगा। 
  • यह इनक्यूबेशन सेंटर उद्यमियों के लिये अत्याधुनिक बुनियादी ढाँचे के साथ इनक्यूबेशन स्थान, प्रयोगशाला, सभागार, टिंकरिंग लैब, एआर/वीआर सेटअप प्रदान करेगा।  
  • इस इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर का प्राथमिक उद्देश्य विद्यार्थियों को मेंटर्स के साथ बातचीत के माध्यम से सीखे गए वैज्ञानिक सिद्धांतों और प्रौद्योगिकियों का उपयोग कर वास्तविक जीवन की समस्याओं को हल करने के लिये प्रोत्साहित करना और सुविधा प्रदान करना है।  
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की गई थी।

हरियाणा Switch to English

उपमुख्यमंत्री ने सिरसा में 6 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बने अपशिष्ट उपचार संयंत्र का किया उद्घाटन

चर्चा में क्यों?

6 अगस्त, 2023 को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने राज्य के सिरसा ज़िले के इंडस्ट्रियल एरिया में 6 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बने अपशिष्ट उपचार संयंत्र (सीईटीपी) का उद्घाटन किया।  

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक क्षेत्र में जल अपशिष्ट उपचार संयंत्र बनाए जाएंगे, इसी लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए सिरसा से शुरुआत की गई है।  
  • ज़िला सिरसा के इस इंडस्ट्रियल एरिया  में 171 प्लॉट है, जिनमें करीब 115 यूनिट काम कर रही हैं, उनके लिये यह बहुत फायदेमंद सिद्ध होगा। 
  • विदित है कि सिरसा इंडस्ट्रियल एरिया की बहुत लंबे समय से सीईटीपी प्लांट लगवाने की मांग थी कि इंडस्ट्रियल वेस्ट को ट्रीट किया जाए। इस वेस्ट के कारण पहले पानी का 350 से 400 बीओडी का लेवल जाता था, जो अब कम होकर 10 हो गया है। इस पानी का प्रयोग किसान भी अपनी खेती में कर सकते हैं।  
  • सीईटीपी लगने से जहाँ पर्यावरण संरक्षण में सहयोग मिलेगा, वहीं गंदगी व बदबू से भी छुटकारा मिलेगा। ट्रीटमेंट के बाद इस पानी का उपयोग सिंचाई व इंडस्ट्री की ग्रीन बेल्ट में होगा। इस प्रकार के प्लांट बनने से उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। 


झारखंड Switch to English

नेशनल गतका प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ियों ने जीते 11 मेडल

चर्चा में क्यों?

4 अगस्त-6 अगस्त, 2023 तक असम के गुवाहाटी के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में नेशनल गतका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के पलामू ज़िले के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक अपने नाम करते हुए ज़िले का नाम रोशन किया। 

प्रमुख बिंदु  

  • इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड से कुल 110 गतका खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें सबसे कम पलामू से और सबसे अधिक धनबाद से खिलाड़ियों ने भाग लिया।  
  • धनबाद से 72 तो पलामू से 13 खिलाड़ी झारखंड टीम का हिस्सा बने, वहीं बोकारो से 25 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।  
  • पलामू की अनामिका मेहता ने अंडर 11 आयु वर्ग में खेलते हुए सिंगल सोटी इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतकर स्वर्णिम शुरुआत की, जो टीम इवेंट में भी बरकरार रही। अनामिका ने झारखंड को कुल दो स्वर्ण पदक दिलाए।
  • साथ ही, काजल कुमारी ने भी अंडर 17 में फैरी सोटी इवेंट खेलते हुए झारखंड के लिये गोल्ड मेडल जीता।  
  • इनके अलावा ऋतिक राज तिवारी ने अंडर 11 खेलते हुए फैरी सोटी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अग्रिया प्रियदर्शनी ने भी टीम फैरी सोटी में गोल्ड मेडल जीता। 
  • रिशु राज दांगी, शुभम सिंह और आर्यन पांडेय ने अंडर 11 में टीम फैरी सोटी में सिल्वर मेडल जीता, तो वहीं सात्विक पांडे ने अंडर 17 में सिंगल डेमो करते हुए ब्राउंज मेडल जीता। साथ ही, रोशन कुमार ने भी अंडर 25 में टीम में ब्राउंज मेडल जीता। 
  • पलामू गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित बर्मन ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के 29 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।  
  • इनमें से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पाँच खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित 37वें नेशनल गेम के लिये किया जाएगा।  
  • विदित है कि गतका खेल देश के पारंपरिक खेलों में से एक है, फिलहाल यह नए नियम और स्वरूप के साथ देश में खेली जाने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिता का हिस्सा बन रहा है।


छत्तीसगढ़ Switch to English

मुख्यमंत्री ने कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की 15 गुफाओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

चर्चा में क्यों?

9 अगस्त, 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के बस्तर ज़िले में विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की 15 गुफाओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • विदित है कि कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जैव विविधता व प्राकृतिक धरोहर का अनोखा खजाना है, जो जैव विविधता, स्थानीय आदिवादी संस्कृति के साथ-साथ लाइमस्टोन की गुफाओं के लिये देश-विदेश में जाना जाता है। 
  • कांगेर घाटी में पाई जाने वाली लाइमस्टोन की गुफाएँ राष्ट्रीय उद्यान को अप्रतिम बनाती हैं। इसी अनुक्रम में राष्ट्रीय उद्यान द्वारा स्थानीय जियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ, मैदानी अमला और स्थानीय समुदाय की सहायता से अब तक कुल 15 गुफाओं की खोज की गई है। 
  • इसी कड़ी में पर्यटकों को राष्ट्रीय उद्यान में स्थित इन 15 गुफाओं की सुंदरता और विशेषताओं के बारे में बताने हेतु यह कॉफी टेबल बुक तैयार की गई है। 
  • राष्ट्रीय उद्यान निदेशक धम्मशील गणवीर ने बताया कि इस कॉफी टेबल बुक के माध्यम से देश-विदेश में राष्ट्रीय उद्यान के प्रचार-प्रसार एवं राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित करने में सहायता मिलेंगी।


उत्तराखंड Switch to English

प्रदेश में अब वेलनेस, योग और पंचकर्म सेंटरों का पंजीकरण अनिवार्य

चर्चा में क्यों?

8 अगस्त, 2023 को उत्तराखंड के आयुष सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदेश में संचालित वेलनेस, योग और पंचकर्म सेंटरों के लिये अब पंजीकरण अनिवार्य होगा। इसके लिये पहली बार आयुष विभाग ने नियमावली तैयार की है, जिसमें सेंटरों के संचालन के लिये मानक तय किये गए हैं। 

प्रमुख बिंदु 

  • इसमें पहले एक साल के लिये पंजीकरण नि:शुल्क होगा। इसके बाद पंजीकरण नवीनीकरण के लिये 200 रुपए का शुल्क लिया जाएगा।  
  • विदित है कि प्रदेश के ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून समेत अन्य ज़िलों में निजी आयुष वेलनेस, योग और पंचकर्म केंद्र चल रहे हैं, लेकिन अभी तक इन सेंटरों का आयुर्वेद विभाग के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। साथ ही सेंटर बिना मानकों के चल रहे हैं। 
  • इसे देखते हुए पहली बार वेलनेस, योग और पंचकर्म केंद्रों के लिये नियमावली का ड्राफ्ट तैयार किया गया। शासन ने प्रस्ताव मंज़ूरी के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजा है। जल्द ही मुख्यमंत्री का अनुमोदन मिलते ही नियमावली को लागू किया जाएगा। 
  • नियमावली में वेलनेस, योग और पंचकर्म सेंटरों की सुविधाओं के आधार पर रेटिंग की जाएगी। 
  • इसमें बेहतर सुविधाएँ देने और मानकों पर खरा उतरने वाले सेंटरों को फाइव स्टार रेटिंग मिलेगी। इसके बाद फोर व थ्री स्टार रेटिंग होगी। आयुष नीति में गुणवत्तायुक्त सेवाएँ देने वाले थ्री स्टार से ऊपर की रेटिंग वाले सेंटरों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया जाएगा। 
  • आयुर्वेद विभाग के माध्यम से वर्तमान में 300 से अधिक वेलनेस, योग और पंचकर्म सेंटर संचालित किये जा रहे हैं, लेकिन योग और वेलनेस चिकित्सा के नाम पर चल रहे निजी सेंटरों का रिकॉर्ड विभाग के पास नहीं है।  
  • विभाग का अनुमान है कि ऋषिकेश शहर में ही 100 से अधिक निजी योग केंद्र चल रहे हैं। 
  • उत्तराखंड को आयुष वेलनेस का हब बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि वेलनेस और योग के लिये राज्य में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिले।


 Switch to English
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2